छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में घरेलू विवाद के चलते एक चौंकाने वाला मामला सामने आया। ग्राम पतरापाली निवासी 20 वर्षीय नेहा महतो ने अप्रैल 2024 में अपनी छोटी बहन रंजिता कुमारी की हत्या कर दी थी। अब रायगढ़ सत्र न्यायालय ने उसे उम्रकैद की सजा सुनाई है।
खाना बनाने को लेकर हुआ झगड़ा
कोतरा रोड थाना क्षेत्र में रहने वाली नेहा और रंजिता अक्सर घरेलू काम को लेकर विवाद करती थीं। 24 अप्रैल की रात नेहा ने रंजिता से लौकी छीलने और खाना बनाने को कहा, लेकिन उसने मना कर दिया। गुस्से में नेहा ने खलबट्टे से रंजिता के सिर पर कई बार वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

अपराध छिपाने की कोशिश
हत्या के बाद नेहा ने शव को कंबल से ढक दिया और कमरे की लाइट बंद कर दी। मां के ड्यूटी पर जाने के बाद वह रातभर वहीं बैठी रही। अगले दिन जब पिता ने रंजिता को उठाने की कोशिश की, तो उसकी मौत का पता चला।
जांच में खुला राज
पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। शक होने पर नेहा से कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।
कोर्ट का फैसला
सत्र न्यायाधीश जितेंद्र कुमार जैन की अदालत ने सभी पक्षों को सुनने के बाद नेहा कुमारी महतो को भारतीय दंड संहिता की धारा 302 और 201 के तहत दोषी ठहराया और उम्रकैद की सजा सुनाई।



