मध्य प्रदेश मौसम अपडेट: 1, 2, 3 अप्रैल को आंधी, बारिश और गरज के आसार

भोपाल: मौसम विभाग के अनुसार, 1 अप्रैल से मध्य प्रदेश के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। पिछले कुछ दिनों से प्रदेश के कई जिलों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जो आने वाले दिनों में होने वाले मौसमी परिवर्तन का संकेत दे रही है।

फिलहाल, प्रदेश में उत्तरी हवाओं का प्रभाव है, जिसके कारण तापमान लगातार नीचे जा रहा है। 1 अप्रैल से राज्य के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, अगले 48 घंटों में मध्य महाराष्ट्र और कोंकण क्षेत्र में एक चक्रवाती हवाओं का प्रभाव बन सकता है, जिसका असर मध्य प्रदेश के मौसम पर भी पड़ सकता है।

प्रदेश में तापमान का हाल

रविवार को नर्मदापुरम में प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 40 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि टीकमगढ़ में 38.7°C, खरगोन में 38.2°C, नरसिंहपुर में 38°C और मलाजखंड (बालाघाट) में 37.5°C तापमान रिकॉर्ड हुआ। वहीं, शहडोल के कल्याणपुर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 10.2°C देखा गया।

राजधानी भोपाल में शनिवार को अधिकतम तापमान 2 डिग्री गिरकर 34.5°C पर पहुंच गया, जबकि न्यूनतम तापमान में करीब 4 डिग्री की गिरावट दर्ज हुई और यह 16.8°C रहा। ग्वालियर संभाग के जिलों में सबसे ज्यादा 4.4 डिग्री तक तापमान में कमी आई है।

प्रमुख शहरों का तापमान

प्रदेश के बड़े शहरों में इंदौर और उज्जैन में सबसे ज्यादा 36.8°C तापमान दर्ज किया गया। इसके अलावा, भोपाल और जबलपुर में 35.8°C तथा ग्वालियर में 35.3°C अधिकतम तापमान रहा।

मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की सलाह दी है, क्योंकि अगले कुछ दिनों में आंधी, बारिश और गरज-चमक की संभावना है।

Scroll to Top