छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के बिश्रामपुर क्षेत्र में मां-बेटे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। कालीघाट के पास कक्षा 12वीं के छात्र का शव मिलने के बाद पुलिस जब उसके घर पहुंची, तो वहां उसकी मां मृत अवस्था में मिलीं। एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है। मामले में हत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।
जानकारी के अनुसार, बिश्रामपुर के कॉन्वेंट स्कूल में कक्षा 12वीं में पढ़ने वाले छात्र सुजल बरेठ का शव कालीघाट के पास मिला था। पुलिस ने शव की पहचान होने के बाद छात्र के ममता कॉलोनी स्थित घर पहुंचकर जांच शुरू की। घर में उसकी मां रजनी बरेठ से संपर्क नहीं हो पाने और परिस्थितियां संदिग्ध लगने पर दरवाजे का ताला तोड़ा गया। अंदर उनकी लाश मिली।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज कर दी है। घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को बुलाया गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दोनों शवों पर चोट के निशान मिलने की बात सामने आई है। ऐसे में पुलिस हत्या समेत विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
रजनी बरेठ ग्राम बेलटिकरी में शासकीय शिक्षिका के पद पर कार्यरत थीं। बताया गया है कि वह तलाकशुदा थीं और अपने इकलौते बेटे सुजल के साथ रहती थीं।
जांच के दौरान पुलिस ने महिला का मोबाइल फोन भी जब्त किया है। वहीं, मृतिका के पूर्व पति से पूछताछ किए जाने की जानकारी सामने आई है। इसके अलावा, घटनास्थल से दूर स्कूटी मिलने की बात भी मामले को कई सवालों से जोड़ रही है। पुलिस उपलब्ध साक्ष्यों, मोबाइल की जांच और अन्य तथ्यों के आधार पर घटनाक्रम का पता लगाने में जुटी है।
मां-बेटे की मौत किन परिस्थितियों में हुई? क्या दोनों घटनाओं के बीच कोई संबंध है? और घटनास्थल से दूर मिली स्कूटी इस मामले में क्या अहम सुराग दे सकती है? फिलहाल इन सवालों के जवाब सामने आना बाकी है।
बाइट: योगेश देवांगन, एडिशनल एसपी, सूरजपुर
पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों तथा घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।