बिलासपुर में सरकारी जमीन पर बने दो मंजिला मकान पर चला बुलडोजर, 3 नोटिस के बाद निगम की कार्रवाई

बिलासपुर में सरकारी जमीन पर किए गए कथित अवैध कब्जे के खिलाफ नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई की है। अरपा पार बंधवापारा स्थित सतबहिनया मंदिर के पास सरकारी जमीन पर बने दो मंजिला मकान को नगर निगम की टीम ने बुलडोजर चलाकर ढहा दिया।

नगर निगम के अनुसार, मकान मालिक रंजीत कश्यप को निर्माण से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए तीन बार नोटिस जारी किया गया था। तय समय के भीतर आवश्यक दस्तावेज पेश नहीं किए गए और नोटिस का संतोषजनक जवाब भी नहीं मिला। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया पूरी कर निगम ने निर्माण हटाने की कार्रवाई की।

जोन कमिश्नर रंजना अग्रवाल के मुताबिक, सतबहिनया मंदिर बंधवापारा क्षेत्र में सरकारी जमीन पर दो मंजिला मकान का निर्माण किया गया था। निगम की ओर से लगातार नोटिस देकर जमीन और निर्माण से जुड़े दस्तावेज मांगे गए, लेकिन दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए।

नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे के निर्देश पर जोन क्रमांक-8 और अतिक्रमण शाखा की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। टीम ने बुलडोजर की मदद से दो मंजिला निर्माण को पूरी तरह ढहा दिया और जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराया।

नगर निगम अधिकारियों ने कहा कि सरकारी जमीन या निगम की संपत्ति पर अवैध कब्जा और बिना अनुमति निर्माण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शहर में ऐसे मामलों की जांच कर नियमों के अनुसार कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

निगम ने अधिकारियों को सरकारी जमीन पर होने वाले अवैध निर्माण और अतिक्रमण की निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, जांच के दौरान सामने आने वाले अन्य मामलों में भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Scroll to Top