रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के सेंट्रल जोन में चाकूबाजी और आपराधिक गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। प्रशिक्षु DSP अमित कोसमा के नेतृत्व में गोलबाजार, गंज और मौदहापारा थाना क्षेत्रों में सघन चेकिंग और विजिबल पुलिसिंग की गई। अभियान के दौरान 7 और 8 सितंबर 2026 को पुलिस ने आर्म्स एक्ट के 5 मामलों में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से अलग-अलग स्थानों से धारदार चाकू बरामद किए गए। सभी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत अपराध दर्ज किया गया। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में केंद्रीय जेल भेज दिया गया।

गंज थाना पुलिस ने नितेश सोनी और अशोक भाण्डेकर को गिरफ्तार किया। नितेश के कब्जे से तेलघानी नाका ओवरब्रिज के नीचे और अशोक के पास से नहरपारा क्षेत्र में स्टील का धारदार चाकू बरामद किया गया।

मौदहापारा थाना पुलिस ने धन्नू साहू, रविन्द्र साठे और मनोज यादव को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से मेकाहारा अस्पताल रोड और आसपास के इलाकों से लोहे के धारदार चाकू बरामद किए गए।
इसके अलावा थाना गोलबाजार में क्षेत्र के लिस्टेड गुंडा-बदमाशों की परेड भी कराई गई। पुलिस ने उनकी वर्तमान गतिविधियों और आचरण की जानकारी ली और अपराध से दूर रहने की सख्त समझाइश दी।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, सेंट्रल जोन में विजिबल पुलिसिंग, संदिग्धों की चेकिंग और आपराधिक तत्वों की धरपकड़ का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

