बिलाईगढ़ पुलिस ने अलग-अलग मामलों में घर से लापता हुई दो नाबालिग बालिकाओं को जम्मू-कश्मीर से बरामद कर उनके परिजनों के सुपुर्द किया है। पुलिस ने दोनों मामलों में बालिकाओं को बहला-फुसलाकर ले जाने और उनके साथ दुष्कर्म के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

पुलिस के मुताबिक, पहला मामला 20 जनवरी 2026 का है। नाबालिग की मां ने बिलाईगढ़ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी बेटी घर से बिना बताए कहीं चली गई है और आशंका है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है।
दूसरे मामले में 23 मार्च 2026 को एक नाबालिग के पिता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी रात में घर से बिना बताए लापता हो गई है और किसी व्यक्ति द्वारा उसे बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका है। दोनों मामलों में अलग-अलग अपराध दर्ज कर पुलिस ने तलाश शुरू की।
जांच के दौरान तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर की सूचना से पुलिस को दोनों बालिकाओं के जम्मू-कश्मीर में होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस अधीक्षक सारंगढ़ के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर दोनों को बरामद करने के लिए रवाना किया गया।
पुलिस टीम ने पहली नाबालिग को जम्मू जिले के नागमणि क्षेत्र से आरोपी रोशन बंजारे के कब्जे से बरामद किया। वहीं दूसरी नाबालिग को जम्मू-कश्मीर के बड़गांव जिले के ओमपुरा क्षेत्र से आरोपी शिवा पटेल के कब्जे से बरामद किया गया।

बिलाईगढ़ लाकर पूछताछ के दौरान दोनों बालिकाओं ने आरोपियों द्वारा बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने और मंदिर में शादी करने के बाद दुष्कर्म किए जाने की जानकारी पुलिस को दी।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। बरामद दोनों नाबालिग बालिकाओं को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
आरोपी
- रोशन बंजारे, उम्र 21 वर्ष, ग्राम पचरी, थाना बिलाईगढ़
- शिवा पटेल, उम्र 26 वर्ष, ग्राम तेंदुमुड़ी, थाना बिलाईगढ़

