रक्षाबंधन से पहले बिलासपुर में खाद्य विभाग ने मिठाई दुकानों के खिलाफ जांच अभियान तेज कर दिया है। मंगलवार को सिरगिट्टी के नगपुरा स्थित श्रीराम स्वीट्स में जांच के दौरान मिठाई बनाने वाली जगह पर भारी गंदगी मिली। इसी अस्वच्छ माहौल में बर्फी तैयार की जा रही थी।
जिले में खाद्य सुरक्षा को लेकर ‘खाबो-बने रहिबो’ अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत मिठाई दुकानों और खाद्य सामग्री बनाने वाली जगहों की जांच की जा रही है। नियमों में खामी मिलने पर विभाग कार्रवाई कर रहा है।
श्रीराम स्वीट्स पर कार्रवाई
जांच के दौरान खाद्य विभाग की टीम ने दुकान से पेड़े का सैंपल लिया और उसे जांच के लिए लैब भेजा। दुकान में करीब 15 किलो बर्फी मिली, जिसे अधिकारियों ने मौके पर ही नष्ट करा दिया।
अस्वच्छता मिलने के बाद विभाग ने दुकान का खाद्य लाइसेंस निलंबित कर दिया और श्रीराम स्वीट्स को बंद करा दिया। लैब रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
दो दुकानों से घी के सैंपल
अभियान के दौरान खाद्य विभाग ने दो अन्य दुकानों से घी के सैंपल भी लिए हैं। इन नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट के आधार पर संबंधित दुकानों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
इससे पहले सोमवार को व्यापार विहार और शनिचरी बाजार में भी खाद्य विभाग की टीम ने जांच की थी। व्यापार विहार स्थित पवन ट्रेडर्स में बरफी के पैकेट पर जरूरी जानकारी दर्ज नहीं थी। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर विभाग ने करीब 102 किलो बरफी के 23 कार्टून जब्त किए और उसका सैंपल भी जांच के लिए लैब भेजा।

