कार चढ़ाकर हत्या के मामले में फरार आरोपी भरत मंगनानी ने किया कोर्ट में सरेंडर

रायपुर के आमानाका थाना क्षेत्र में कार चढ़ाकर युवक की हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी भरत मंगनानी ने पुलिस की लगातार कार्रवाई के बीच न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

पुलिस के मुताबिक, 14 अगस्त 2026 को परमजीत रणगण्ही की हत्या की रिपोर्ट आमानाका थाने में दर्ज कराई गई थी। बताया गया कि परमजीत की शादी शिखा साहू से तय होने की बातचीत चल रही थी। घटना वाले दिन शिखा अपने दोस्त भरत मंगनानी के साथ सफेद रंग की फॉक्सवैगन कार से टाटीबंध पहुंची थी।

गुरुद्वारा के पास शिखा और परमजीत की मुलाकात हुई। इसी दौरान भरत मंगनानी और परमजीत के बीच विवाद हो गया। शिकायत के अनुसार, विवाद के बाद भरत ने कथित तौर पर परमजीत को जान से मारने की नीयत से तेज रफ्तार कार उसके ऊपर चढ़ा दी।

हादसे में परमजीत गंभीर रूप से घायल हो गया और काफी खून बहने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपी कार लेकर मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 264/2026 दर्ज करते हुए BNS की धारा 103 के तहत जांच शुरू की। आरोपी की तलाश में उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही थी और तकनीकी माध्यमों से भी उसकी लोकेशन तलाश की जा रही थी।

पुलिस की लगातार कार्रवाई और बढ़ते दबाव के बीच भरत मंगनानी ने 18 अगस्त 2026 को न्यायालय परिसर पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। इसके बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से पुलिस रिमांड मंजूर की गई है। फिलहाल आरोपी से घटना को लेकर पूछताछ जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Scroll to Top