रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की खमतराई थाना पुलिस ने जानलेवा हमले के एक मामले में करीब तीन महीने से फरार चल रहे आरोपी आयुष ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर सन्यासीपारा तालाब के पास से पकड़कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, यह मामला 18 मई 2026 का है, जब खमतराई थाना क्षेत्र की आरव्हीएच कॉलोनी स्थित बालाजी चौक के पास पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक विवाद हुआ था। इस घटना में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में शिकायत दर्ज कराई थी।
पहले पक्ष की शिकायत के अनुसार, पीयूष ठाकुर और दक्ष बेहरा के बीच विवाद चल रहा था। इसी दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे जीवन बघेल और अनिकेत डोंगरे पर आयुष ठाकुर ने कथित रूप से चाकू से हमला कर दिया, जिससे जीवन बघेल के सीने और दोनों हाथों में गंभीर चोटें आईं। इस मामले में खमतराई थाने में हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया।
वहीं दूसरे पक्ष की शिकायत में आरोप लगाया गया कि जीवन बघेल, मुकेश डोंगरे और अनिकेत डोंगरे ने पुरानी रंजिश के चलते पीयूष ठाकुर पर धारदार हथियार से हमला कर उसके सिर, माथे और पीठ पर चोट पहुंचाई। इस मामले में भी हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत अलग प्रकरण दर्ज किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने दोनों मामलों में शामिल अन्य आरोपियों पीयूष ठाकुर, जीवन बघेल और मुकेश डोंगरे को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। हालांकि आयुष ठाकुर घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था।
पुलिस ने उसकी तलाश के लिए लगातार प्रयास किए और तकनीकी इनपुट के आधार पर उसके सन्यासीपारा तालाब के पास छिपे होने की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी आयुष ठाकुर (20 वर्ष), निवासी धनलक्ष्मी नगर, भनपुरी, थाना खमतराई, के खिलाफ पहले से भी हत्या के प्रयास, मारपीट, आर्म्स एक्ट और प्रतिबंधात्मक धाराओं समेत कुल छह आपराधिक मामले दर्ज हैं।