बिलासपुर में गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे लगे लोहे के बैरिकेड से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बैरिकेड का करीब 7 फीट लंबा लोहे का पाइप बाइक सवार युवक के पेट में घुसकर आरपार निकल गया। हादसे में बाइक पर सवार उसके दो अन्य साथी भी घायल हो गए। तीनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह हादसा सकरी थाना क्षेत्र में सकरी और पेंडारी के बीच मुख्य सड़क पर हुआ। जानकारी के अनुसार, जारहागांव निवासी प्रियांशु ज्ञानिक अपने दोस्तों अब्राहम और वरदान के साथ देर रात बाइक से बिलासपुर से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे लोहे के बैरिकेड से जा टकराई।
हादसे में प्रियांशु सबसे गंभीर रूप से घायल हुआ। बैरिकेड का लोहे का पाइप उसके पेट में घुस गया और शरीर के आरपार निकल गया। वहीं, बाइक के पीछे बैठे दोनों युवक भी गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया। राहगीरों ने पुलिस और डायल-112 को सूचना दी। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को संभाला गया। मौके पर पहुंची डायल-112 टीम ने दो घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जबकि गंभीर रूप से घायल प्रियांशु को एंबुलेंस से इलाज के लिए भेजा गया।
अस्पताल में तीनों का इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार प्रियांशु की हालत गंभीर बनी हुई है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह बाइक की तेज रफ्तार मानी जा रही है। घटना की जानकारी मिलने पर तखतपुर एसडीएम नितिन तिवारी ने तहसीलदार को अस्पताल भेजकर पूरे मामले की जानकारी ली। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।