बिलासपुर में रविवार को मारपीट की दो अलग-अलग घटनाओं ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। पहली घटना तोरवा थाना क्षेत्र के गुरुनानक चौक की है, जहां ऑटो में सवार एक युवक का पीछा कर बीच सड़क लाठी-डंडों से हमला किया गया। वहीं दूसरी घटना सरकंडा थाना क्षेत्र में सामने आई, जहां शराब दुकान के पास एक युवक की पिटाई का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

तोरवा थाना क्षेत्र के गुरुनानक चौक पर कुछ युवक बाइक से पहुंचे और ऑटो सवार युवक का पीछा करने लगे। युवक जैसे ही ऑटो से उतरा, हमलावरों ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया और बीच सड़क लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव का प्रयास भी किया।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद तोरवा पुलिस जांच में जुट गई है। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर हमलावरों की पहचान कर रही है। फिलहाल मारपीट की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि शिकायत और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
दूसरी घटना सरकंडा थाना क्षेत्र के चिंगराजपारा स्थित शराब दुकान के पास हुई, जहां कुछ युवकों ने एक व्यक्ति के साथ मारपीट की। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने तकनीकी जांच और पूछताछ के आधार पर विकास यादव (21), मानव ध्रुव (19), राहुल गोंड़ (23) और ज्ञान सिंह गोंड़ (30) को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी बिलासपुर के अलग-अलग इलाकों के निवासी हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार चारों आरोपियों के खिलाफ पहले से भी मारपीट के मामले दर्ज हैं। सभी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। मामले की जांच जारी है।

