आयुष्मान योजना में गड़बड़ी पर रायपुर का मित्तल हॉस्पिटल 3 महीने के लिए सस्पेंड, ₹90 हजार लौटाने के आदेश

आयुष्मान भारत योजना के नियमों के उल्लंघन के मामले में रायपुर स्थित मित्तल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेस पर बड़ी कार्रवाई की गई है। राज्य नोडल एजेंसी ने अस्पताल को तीन महीने के लिए आयुष्मान योजना से निलंबित कर दिया है। साथ ही मरीज के परिजनों से सर्जरी के नाम पर ली गई ₹90 हजार की राशि वापस करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

जानकारी के अनुसार, मरीज अल्बर्ट एक्का के परिजनों ने शिकायत की थी कि आयुष्मान कार्ड होने के बावजूद अस्पताल ने इलाज के लिए अतिरिक्त पैसे वसूले। शिकायत मिलने के बाद रायपुर संभाग के संयुक्त संचालक, स्वास्थ्य सेवाओं द्वारा मामले की जांच कराई गई।

जांच में सामने आया कि अस्पताल ने दवाइयों के नाम पर ₹15,226 और सर्जरी के लिए ₹90 हजार अतिरिक्त वसूले थे। जांच के बाद अस्पताल ने दवाइयों के लिए ली गई ₹15,226 की राशि चेक के माध्यम से वापस कर दी, लेकिन सर्जरी के लिए ली गई ₹90 हजार की राशि अब तक लौटाई नहीं गई।

इसी आधार पर राज्य नोडल एजेंसी ने अस्पताल को आयुष्मान भारत योजना से तीन महीने के लिए निलंबित कर दिया। इस अवधि के दौरान अस्पताल योजना के तहत नए मरीजों को भर्ती नहीं कर सकेगा। हालांकि, पहले से भर्ती मरीजों का इलाज पूरा कर उन्हें डिस्चार्ज किया जा सकेगा।

एजेंसी ने अस्पताल को निर्देश दिए हैं कि आयुष्मान योजना से संबंधित सभी प्रचार सामग्री अस्पताल परिसर से हटाई जाए। साथ ही भविष्य में इस प्रकार की अनियमितता दोबारा पाए जाने पर और कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।

Scroll to Top