रायपुर में एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत, बैटरी कारोबारी ने पत्नी और बच्चों को जहर देकर की आत्महत्या की आशंका

रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र स्थित संजय नगर में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि बैटरी कारोबारी सय्यद शाहिद उर्फ सज्जू (45) ने पहले अपनी पत्नी और तीन बच्चों को जहरीला पदार्थ खिलाया, फिर खुद फंदे पर लटककर आत्महत्या कर ली।

घटना की जानकारी शुक्रवार रात तब मिली, जब पड़ोसियों को घर से तेज दुर्गंध आने लगी। पूरे दिन घर का दरवाजा बंद रहने और किसी प्रकार की हलचल नहीं होने पर लोगों ने पुलिस को सूचना दी। टिकरापारा पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुई।

घर के भीतर का दृश्य बेहद दर्दनाक था। एक कमरे में शाहिद का शव फंदे से लटका मिला, जबकि उसकी पत्नी राबिया, बेटा इरशाद अली (19), बेटी शाहिदा (17) और इरशाबा बेगम (16) के शव जमीन पर पड़े थे। सभी के मुंह से झाग निकल रहा था, जिससे जहरीले पदार्थ के सेवन की आशंका और गहरी हो गई।

प्रारंभिक जांच के दौरान पुलिस और फोरेंसिक टीम को कमरे से खाने-पीने का सामान तथा कीटनाशक का एक डिब्बा भी मिला है। इसी आधार पर आशंका व्यक्त की जा रही है कि परिवार को पहले भोजन में जहर दिया गया और बाद में शाहिद ने आत्महत्या कर ली। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही सामने आएगा।

जानकारी के अनुसार, शाहिद पिछले करीब आठ महीने से संजय नगर में किराए के मकान में अपने परिवार के साथ रह रहा था। वह पुरानी बैटरियों की खरीद-बिक्री का व्यवसाय करता था, जबकि उसका बेटा एक निजी कंपनी में कार्यरत था। परिवार मूल रूप से बिहार का निवासी बताया जा रहा है।

पुलिस ने घटनास्थल से सभी जरूरी साक्ष्य एकत्र कर मकान को सील कर दिया है। मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए गए हैं। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है, ताकि इस सामूहिक मौत के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सके।

Scroll to Top