दुर्ग-रायपुर हाईवे पर दर्दनाक हादसा: ट्रैक्टर से टकराई स्कूटी, 2 बच्चों समेत 4 की मौत

छत्तीसगढ़ के दुर्ग-रायपुर नेशनल हाईवे-53 पर गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में 2 बच्चों सहित 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक 8 वर्षीय बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा कुम्हारी थाना क्षेत्र में उस समय हुआ जब तेज रफ्तार स्कूटी सड़क किनारे खड़े ऑक्सीजन सिलेंडरों से लदे ट्रैक्टर के पिछले हिस्से से जा टकराई।

जानकारी के अनुसार, स्कूटी (CG 07 DE 5847) पर कुल पांच लोग सवार थे और सभी रायपुर के बसंत विहार स्थित अपने रिश्तेदार के घर जा रहे थे। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि स्कूटी चला रही अमृता निर्मलकर (28), लक्ष्मी निर्मलकर (26), 7 वर्षीय यासना और 4 वर्षीय डाली की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं 8 वर्षीय भावेश गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए एम्स रायपुर में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने हादसे में शामिल ट्रैक्टर (CG 07 NA 0930) को जब्त कर लिया है और चालक भोला यादव को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए सुपेला स्थित मॉर्च्युरी भेजा गया है। मामले की जांच जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि दुर्घटना के समय हाईवे से कुछ नेताओं का काफिला गुजर रहा था, जिसके चलते पुलिस प्रोटोकॉल ड्यूटी में व्यस्त थी और राहत कार्य में देर हुई। हालांकि, इस मामले में पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि या बयान जारी नहीं किया गया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

Scroll to Top