दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) के बिलासपुर रेल मंडल में भाटापारा और हथबंध स्टेशनों के बीच तीसरी लाइन सेक्शन पर ऑटो सिग्नलिंग कमीशनिंग का कार्य किया जाएगा। इस वजह से 18 और 19 जुलाई को कई मेमू और पैसेंजर ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा। रेलवे ने इस अवधि में कुल 8 ट्रेनों को रद्द करने का निर्णय लिया है।
रेलवे प्रशासन के अनुसार, रेल नेटवर्क को अधिक सुरक्षित और आधुनिक बनाने के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर विकास कार्य तेज गति से किए जा रहे हैं। इसी क्रम में ऑटो सिग्नलिंग प्रणाली स्थापित की जा रही है, जिसके चलते कुछ ट्रेनों का परिचालन अस्थायी रूप से प्रभावित होगा।

लोकल मेमू और पैसेंजर ट्रेनों के रद्द होने से रोजाना इन ट्रेनों से यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों, छात्रों और नौकरीपेशा लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।
रद्द रहने वाली ट्रेनें
- 19 जुलाई: 68728 रायपुर–बिलासपुर मेमू पैसेंजर
- 19 जुलाई: 68734 बिलासपुर–गेवरा रोड मेमू पैसेंजर
- 19 जुलाई: 68733 गेवरा रोड–बिलासपुर मेमू पैसेंजर
- 18 और 19 जुलाई: 68719 बिलासपुर–रायपुर मेमू पैसेंजर
- 18 और 19 जुलाई: 58203 कोरबा–रायपुर पैसेंजर
- 18 और 19 जुलाई: 58204 रायपुर–कोरबा पैसेंजर
- 18 जुलाई: 68746 रायपुर–गेवरा रोड मेमू पैसेंजर
- 19 जुलाई: 68745 गेवरा रोड–रायपुर मेमू पैसेंजर
इन ट्रेनों का आंशिक संचालन रहेगा
- 18 और 19 जुलाई: 68861 गोंदिया–झारसुगुड़ा मेमू पैसेंजर अब बिलासपुर स्टेशन से रवाना होगी। गोंदिया से बिलासपुर के बीच यह ट्रेन रद्द रहेगी।
- 18 और 19 जुलाई: 68862 झारसुगुड़ा–गोंदिया मेमू पैसेंजर बिलासपुर स्टेशन पर ही समाप्त होगी। बिलासपुर से गोंदिया के बीच इसका संचालन नहीं होगा।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की पुष्टि कर लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।



