छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के नगरी ब्लॉक स्थित ग्राम महमल्ला में रविवार को एक तेंदुआ सूखे कुएं में गिर गया। बताया जा रहा है कि करीब डेढ़ से दो साल का यह तेंदुआ जंगल से शिकार की तलाश में रिहायशी क्षेत्र की ओर भटक आया था और इसी दौरान अनजाने में सूखे कुएं में जा गिरा।
कुएं से आ रही आवाज सुनकर ग्रामीणों ने अंदर देखा तो तेंदुआ फंसा मिला। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर नगरी वन विभाग की टीम आवश्यक उपकरणों के साथ घटनास्थल पहुंची और तेंदुए को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार नगरी और सिहावा क्षेत्र घने जंगलों से घिरे होने के कारण तेंदुए और भालू जैसे वन्यजीव अक्सर भोजन और शिकार की तलाश में गांवों के आसपास पहुंच जाते हैं। क्षेत्र में मवेशियों पर हमले की घटनाएं भी समय-समय पर सामने आती रहती हैं।
फिलहाल वन विभाग की टीम तेंदुए को बिना नुकसान पहुंचाए सुरक्षित निकालने में जुटी है। अधिकारियों ने लोगों से रेस्क्यू स्थल से दूर रहने और किसी भी वन्यजीव को देखकर घबराने के बजाय तुरंत वन विभाग को सूचना देने की अपील की है।