भिलाई में एकतरफा प्यार का खौफनाक अंत: फार्मेसी छात्रा की गला दबाकर हत्या, फिर चाकू से किए 10 वार

छत्तीसगढ़ के भिलाई में एकतरफा प्रेम के चलते 19 वर्षीय फार्मेसी छात्रा की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी ने पहले छात्रा का गला दबाया और फिर चाकू से कई वार कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद पुलिस ने आरोपी को रायपुर से गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान बलौदाबाजार निवासी पिंटू साहू के रूप में हुई है, जबकि मृतका खुशी साहू बेमेतरा की रहने वाली थी और भिलाई में किराए के कमरे में रहकर फार्मेसी की पढ़ाई कर रही थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से छात्रा को अलग-अलग मोबाइल नंबरों से फोन कर परेशान कर रहा था। छात्रा द्वारा उसका नंबर ब्लॉक किए जाने के बाद वह नाराज हो गया।

बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन आरोपी पहले छात्रा की सहेली से संपर्क करने की कोशिश की और फिर सीधे उसके किराए के कमरे पर पहुंच गया। उस समय छात्रा की रूममेट बाथरूम में थी और वह कमरे में अकेली थी।

पुलिस जांच के मुताबिक, कमरे में दोनों के बीच विवाद हुआ। इसके बाद आरोपी ने पहले छात्रा का गला दबाया और फिर चाकू से पीठ, हाथ और पेट पर करीब 10 वार किए। गंभीर चोटों और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई। हमले के दौरान आरोपी के हाथ में भी चोट आई, जिसके बाद वह घटनास्थल से फरार होकर रायपुर पहुंच गया।

घटना का पता तब चला जब रूममेट बाथरूम से बाहर आई और छात्रा को खून से लथपथ हालत में देखा। इसके बाद मकान मालिक और स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस को सूचना दी गई। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने छात्रा को मृत घोषित कर दिया।

जांच में यह भी सामने आया है कि छात्रा ने कुछ दिन पहले अपने भाई को बताया था कि एक युवक लगातार अलग-अलग नंबरों से फोन कर उसे परेशान कर रहा है। आरोपी ने कथित तौर पर छात्रा के भाई और उस कैफे संचालक को भी धमकी दी थी, जहां वह पार्ट-टाइम काम करती थी। पुलिस के अनुसार आरोपी छात्रा पर शादी का दबाव बना रहा था।

पुलिस ने बताया कि हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू आरोपी ने ऑनलाइन मंगवाया था। आरोपी को रायपुर से गिरफ्तार कर लिया गया है और घटनास्थल पर ले जाकर सीन रिक्रिएट कराया गया। मामले की विस्तृत जांच जारी है और पुलिस हत्या की पूरी साजिश तथा घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है।

Scroll to Top