रायपुर: मंदिर की प्राचीन बावड़ी में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

रायपुर जिले के धरसीवां थाना क्षेत्र में स्थित कुंबरगढ़ के प्राचीन चतुर्भुजी मंदिर परिसर में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। मंदिर की प्राचीन बावड़ी में डूबने से दो छोटे बच्चों की जान चली गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

पुलिस के अनुसार, मृत बच्चों की पहचान 7 वर्षीय साक्षी साहू और 4 वर्षीय श्रवण धीवर, निवासी ग्राम कुर्रा, धरसीवां के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, दोनों बच्चे अन्य बच्चों के साथ मंदिर परिसर के आसपास खेल रहे थे। इसी दौरान वे बावड़ी के किनारे पहुंच गए और अचानक संतुलन बिगड़ने से गहरे पानी में गिर पड़े।

जब काफी देर तक दोनों बच्चे दिखाई नहीं दिए, तो परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान दोनों को बावड़ी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

सूचना मिलने पर धरसीवां पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

घटना के बाद ग्रामीणों ने मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था की कमी पर नाराजगी जताई। उनका कहना है कि यह बावड़ी काफी गहरी है, लेकिन इसके चारों ओर न तो पर्याप्त घेराबंदी की गई है और न ही किसी प्रकार के चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले भी सुरक्षा उपायों की मांग की गई थी, लेकिन प्रशासन ने इस दिशा में प्रभावी कदम नहीं उठाए।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए बावड़ी के चारों ओर मजबूत सुरक्षा दीवार, लोहे की जाली और स्पष्ट चेतावनी संकेत लगाए जाएं, ताकि किसी अन्य परिवार को इस तरह की त्रासदी का सामना न करना पड़े।

Scroll to Top