बिलासपुर: टीवी खरीदने जा रहे दो दोस्तों को हाईवा ने मारी टक्कर, एक की मौत, दूसरा गंभीर

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा पचपेड़ी थाना क्षेत्र के बिनौरी मोड़ के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार हाईवा ने स्कूटी को टक्कर मार दी।

जानकारी के मुताबिक, लोहर्सी निवासी 50 वर्षीय बरन भानु अपने मित्र बंशी श्रीवास के साथ स्कूटी से मल्हार जा रहे थे। परिवार में शादी होने के कारण दोनों दहेज में देने के लिए टीवी खरीदने बाजार निकले थे। इसी दौरान सामने से आ रही हाईवा ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत डायल-112 और पुलिस को सूचना दी। पुलिस और राहगीरों की मदद से दोनों घायलों को पहले मस्तूरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बिलासपुर के सिम्स अस्पताल रेफर किया गया।

इलाज के दौरान शुक्रवार सुबह बरन भानु ने दम तोड़ दिया, जबकि बंशी श्रीवास का इलाज सिम्स अस्पताल में जारी है। उनकी हालत फिलहाल गंभीर बताई जा रही है।

हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। जिस घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब मातम का माहौल है।

दुर्घटना के बाद हाईवा चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पचपेड़ी पुलिस ने हाईवा को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Scroll to Top