राजधानी रायपुर के सरोना फ्लाईओवर पर मंगलवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। दुर्ग से रायपुर की ओर आ रहा 6 ट्रैक्टरों से लदा ट्रेलर फ्लाईओवर पर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के कारण दुर्ग-रायपुर मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया और वाहनों की लंबी कतार लग गई। हालांकि, इस दुर्घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
ट्रैफिक डीएसपी सतीश ठाकुर के अनुसार, घटना सुबह करीब 8 बजे हुई। सूचना मिलते ही ट्रैफिक पुलिस और संबंधित विभाग की टीम मौके पर पहुंची। क्रेन की सहायता से पलटे हुए ट्रेलर को हटाने का कार्य शुरू किया गया और करीब 40 मिनट की मशक्कत के बाद मार्ग को साफ कर यातायात दोबारा सुचारू कर दिया गया।

हादसे में ट्रेलर पर लदे कुछ ट्रैक्टरों को आंशिक नुकसान पहुंचा है, जबकि चालक पूरी तरह सुरक्षित है। प्रारंभिक जांच में ट्रेलर के अनियंत्रित होने को दुर्घटना की वजह माना जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
यातायात बाधित होने के दौरान ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर वाहन चालकों से वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करने की अपील की थी। पुलिस ने दुर्ग से रायपुर आने वाले हल्के वाहनों को सरोना फ्लाईओवर के बजाय एम्स-मोहबा बाजार मार्ग से शहर में प्रवेश करने की सलाह दी, ताकि जाम से बचा जा सके।
ट्रैफिक डीएसपी ने बताया कि फिलहाल फ्लाईओवर से ट्रेलर को हटाकर सड़क पूरी तरह खाली करा दी गई है और अब दुर्ग-रायपुर मार्ग पर यातायात सामान्य रूप से संचालित हो रहा है।



