बिलासपुर में दर्दनाक सड़क हादसा: बाइक फिसलने के बाद हाईवा ने कुचला, रिटायर्ड कर्मचारी की मौत

बिलासपुर जिले में सोमवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में रिटायर्ड कर्मचारी की मौत हो गई। रतनपुर थाना क्षेत्र के रानीगांव चौक के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर बाइक फिसलने के बाद वे सड़क पर गिर गए और पीछे से आ रहे हाईवा की चपेट में आ गए। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर ही उनकी जान चली गई।

मृतक की पहचान लखराम निवासी रामसनेही दिनकर के रूप में हुई है, जो इंजीनियरिंग कॉलेज से सेवानिवृत्त कर्मचारी थे। सेवानिवृत्ति के बाद वे परिवार के साथ कोनी स्थित अपने घर में रह रहे थे। खेती-किसानी और पारिवारिक कार्यों के कारण उनका लखराम आना-जाना लगा रहता था।

बताया जा रहा है कि सोमवार को भी वे किसी निजी काम से लखराम गए हुए थे। शाम को बाइक से कोनी लौटते समय रानीगांव चौक के पास उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित होकर फिसल गई। संतुलन बिगड़ने से वे सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार हाईवा ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में हाईवा का पहिया उनके सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना मिलने पर रतनपुर पुलिस तत्काल घटनास्थल पहुंची और शव की पहचान कर परिजनों को हादसे की जानकारी दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में मर्ग कायम कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चिंता जताई है।

Scroll to Top