रायपुर। मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai से राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के तीन प्रशिक्षु अधिकारियों ने शिष्टाचार भेंट कर मार्गदर्शन प्राप्त किया। ये अधिकारी वर्तमान में निमोरा स्थित छत्तीसगढ़ प्रशासन अकादमी में प्रशिक्षण ले रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को उनकी उपलब्धि पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रशासनिक सेवा समाज और शासन के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी है। उन्होंने कहा कि एक प्रशासनिक अधिकारी के फैसलों का सीधा प्रभाव आम लोगों के जीवन पर पड़ता है, इसलिए हर निर्णय में जनहित और पारदर्शिता को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
उन्होंने प्रशिक्षु अधिकारियों को सलाह दी कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन संवेदनशीलता, निष्पक्षता और ईमानदारी के साथ करें। साथ ही लोगों के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझें और समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं।
प्रशिक्षु अधिकारियों ने मुख्यमंत्री के साथ बातचीत के दौरान अपने प्रशिक्षण अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विविधता, जनजातीय परंपराएं और यहां के लोगों का अपनापन उन्हें बेहद प्रभावित कर रहा है। अधिकारियों ने बताया कि प्रशासनिक सेवा के माध्यम से समाज के विकास में योगदान देना उनके लिए सम्मान और जिम्मेदारी दोनों है।
इस अवसर पर अधिकारियों ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की तैयारी, प्रशिक्षण के दौरान सामने आई चुनौतियों और प्रेरणादायक अनुभवों पर भी चर्चा की। मुख्यमंत्री ने अपने सार्वजनिक जीवन के अनुभव साझा करते हुए उन्हें निरंतर सीखने, जमीनी स्तर से जुड़े रहने और मानवीय दृष्टिकोण के साथ कार्य करने की प्रेरणा दी।
उल्लेखनीय है कि प्रशिक्षु IAS अधिकारी गोकुल आर. के., वी. यशवंत नायक और ईशांत जायसवाल को छत्तीसगढ़ कैडर आवंटित हुआ है। जिला प्रशिक्षण के लिए रवाना होने से पहले उन्होंने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया।