बेंगलुरु: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से एक खौफनाक हत्याकांड सामने आया है। यहां एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर उसके शव के टुकड़े एक सूटकेस में भर दिए। हत्या के बाद आरोपी ने खुद अपने ससुरालवालों को फोन कर इस वारदात की जानकारी दी।

पति ने खुद ससुरालवालों को दी हत्या की सूचना
इस हत्याकांड का आरोपी महाराष्ट्र निवासी राकेश बताया जा रहा है, जो बेंगलुरु के हुलीमावु इलाके में अपनी पत्नी गौरी अनिल सम्बेकर (32) के साथ रह रहा था। पुलिस के अनुसार, गौरी ने मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन किया था और इस समय बेरोजगार थीं, जबकि राकेश एक निजी कंपनी में कार्यरत था और वर्क फ्रॉम होम कर रहा था।
पुलिस को मिली सूचना, जांच जारी
हत्या की जानकारी मिलने के बाद हुलीमावु पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस उपायुक्त (DCP) सारा फातिमा भी मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गईं। अधिकारियों के मुताबिक, मकान मालिक ने शाम करीब 5:30 बजे पुलिस नियंत्रण कक्ष को सूचना दी थी।
अक्सर होते थे झगड़े, वारदात के दिन बढ़ा विवाद
दंपती के बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे। बताया जा रहा है कि गौरी कई बार राकेश पर हाथ भी उठा चुकी थी। लगातार हो रहे विवाद से राकेश के अंदर गुस्सा भरता जा रहा था। घटना वाले दिन भी दोनों के बीच तीखी बहस हुई, जो देखते ही देखते हिंसक हो गई।
गला रेतकर की हत्या, शव को सूटकेस में छिपाया
झगड़े के दौरान राकेश ने गुस्से में आकर पहले गौरी के पेट में चाकू घोंपा और फिर उसका गला रेतकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने शव के टुकड़े कर एक बड़े ट्रैवल सूटकेस में ठूंस दिया और बाथरूम में छोड़कर फरार हो गया।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
हत्या के बाद आरोपी फरार है, और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस विभिन्न एंगल से जांच कर रही है और आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है।
