कांकेर में दिनदहाड़े खेतों में घूमते दिखे दो भालू, तारसगांव में दहशत; महिला पर हमले के बाद बढ़ी चिंता

छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के चारामा वन परिक्षेत्र अंतर्गत तारसगांव के पास दिन के उजाले में दो भालुओं के खेतों में घूमते देखे जाने से ग्रामीणों में डर का माहौल बन गया है। यह क्षेत्र गांव से सटा हुआ और घनी आबादी वाला इलाका है, जिससे किसी बड़ी घटना की आशंका जताई जा रही है। भालुओं का वीडियो सोशल मीडिया पर भी सामने आया है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, जंगल से सटे गांवों में अब भालू और तेंदुए जैसे जंगली जानवरों की आवाजाही आम होती जा रही है। भोजन और पानी की तलाश में ये जानवर रिहायशी इलाकों की ओर बढ़ रहे हैं, जिससे ग्रामीणों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं।

महिला पर भालुओं के हमले से मचा था हड़कंप

कुछ दिन पहले चारामा के तेलगुड़ा गांव में दो भालुओं ने एक महिला पर हमला कर दिया था। बताया गया कि महिला सुबह घर के बाहर झाड़ू लगा रही थी, तभी अचानक भालुओं ने हमला कर दिया। इस हमले में महिला के सिर, कमर और पीठ पर गंभीर चोटें आईं। फिलहाल महिला चारामा अस्पताल में इलाजरत है।

वन विभाग ने जारी की चेतावनी

लगातार सामने आ रही घटनाओं को देखते हुए वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग ने निर्देश जारी करते हुए कहा है कि लोग शाम 6 बजे के बाद घर से बाहर न निकलें और अपने पालतू जानवरों की सुरक्षा का भी विशेष ध्यान रखें। साथ ही वन विभाग से प्रभावित क्षेत्रों में ठोस और स्थायी कदम उठाने की मांग की जा रही है।

Scroll to Top