देर रात फार्म हाउस में बर्थडे पार्टी की आड़ में हुड़दंग, पुलिस रेड में 22 युवक-युवतियां पकड़े गए

राजधानी के विधानसभा थाना क्षेत्र में स्थित एक फार्म हाउस में देर रात तक चल रही अवैध पार्टी पर पुलिस ने छापा मारकर 22 लोगों को पकड़ा है। इनमें 15 युवक और 7 युवतियां शामिल हैं। मौके पर बिना अनुमति शराब परोसी जा रही थी और तेज आवाज में साउंड सिस्टम चलाया जा रहा था, जिससे आसपास के लोग परेशान थे।

पुलिस को बुधवार-गुरुवार की दरम्यानी रात सूचना मिली कि पिरदा स्थित जेडी फार्म हाउस में रात 3 बजे तक बर्थडे पार्टी के नाम पर हंगामा किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और छापा मारा।

पुलिस के अनुसार, पार्टी में शामिल युवक-युवतियां नशे में थे और समझाइश के बावजूद हंगामा करते रहे। इसके बाद पुलिस ने सभी को हिरासत में लेकर पार्टी बंद कराई। मौके से 15 युवक और 7 युवतियों को पकड़ा गया, जिनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।

फार्म हाउस संचालक भी गिरफ्तार

देर रात तक पार्टी कराने और अवैध रूप से शराब परोसने के आरोप में जेडी फार्म हाउस के संचालक अमन दुलानी को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ भी प्रतिबंधात्मक धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

आउटर इलाके में बढ़ रहा अवैध धंधा

पुलिस का कहना है कि शहर के आउटर क्षेत्रों में स्थित कई फार्म हाउस अवैध गतिविधियों का अड्डा बनते जा रहे हैं। यहां संगठित रूप से जुआ, शराब पार्टी और हुक्का पार्टी का आयोजन किया जाता है। इससे पहले भी पुलिस गवली स्थित एक फार्म हाउस में छापा मार चुकी है, जहां जुआ संचालित किया जा रहा था।

रिंग रोड-3 और पिरदा इलाके में किराए की जमीन पर कई कबाड़ी, सट्टा और पेट्रोल-डीजल माफिया सक्रिय हैं। पुलिस लगातार इन गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है और आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Scroll to Top