May 2026

नौतपा के बीच छत्तीसगढ़ में बदला मौसम, रायपुर में धूलभरी आंधी का अलर्ट

छत्तीसगढ़ में नौतपा के दौरान मौसम ने अचानक करवट ले ली है। शुक्रवार सुबह अंबिकापुर और सूरजपुर में तेज बारिश हुई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक प्रदेश के कई जिलों में आंधी, बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई है। राजधानी रायपुर में आज धूलभरी आंधी चलने की चेतावनी जारी की गई है। कुछ इलाकों में ओले गिरने की भी संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक कई जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। प्रदेश में तापमान अब भी काफी ऊंचा बना हुआ है। पिछले 24 घंटों में तापमान में कोई बड़ा बदलाव दर्ज नहीं किया गया। दुर्ग 45.5 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा। वहीं अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान 25.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। गुरुवार को रायगढ़ और सुकमा में तेज आंधी और बारिश के चलते कई जगह पेड़ गिर गए। वहीं बालोद में लगातार चमगादड़ों की मौत के बाद प्रशासन ने पेड़ों पर पानी का छिड़काव कराया। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर झारखंड और आसपास के इलाकों में ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश से आंध्र प्रदेश तक एक ट्रफ लाइन बनी हुई है। इन सिस्टम्स की वजह से बंगाल की खाड़ी से नमी वाली हवाएं छत्तीसगढ़ पहुंच रही हैं, जिससे मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। विशेषज्ञों के मुताबिक जब गर्म हवा और नमी वाली हवाएं आपस में टकराती हैं, तो वातावरण अस्थिर हो जाता है। इसी कारण तेज आंधी, बिजली चमकने और बारिश जैसी स्थितियां बनती हैं। रायपुर में आज आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रह सकता है। शहर का अधिकतम तापमान 44 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। तेज गर्मी का असर इंसानों के साथ पालतू जानवरों पर भी पड़ रहा है। डॉक्टरों ने सलाह दी है कि डॉग्स और कैट्स को दोपहर की तेज धूप से बचाएं, पर्याप्त पानी दें और सुबह या शाम के समय ही बाहर घुमाने ले जाएं।

नौतपा के बीच छत्तीसगढ़ में बदला मौसम, रायपुर में धूलभरी आंधी का अलर्ट Read Post »

Ambikapur, Raipur, Sarguja, weather

इबोला संक्रमण को लेकर छत्तीसगढ़ में अलर्ट, रायपुर एयरपोर्ट पर बढ़ाई गई निगरानी

वैश्विक स्तर पर इबोला वायरस को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। राजधानी रायपुर स्थित स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर यात्रियों की स्क्रीनिंग शुरू कर दी गई है। एयरपोर्ट पर विशेष जांच काउंटर बनाए गए हैं, जहां देश-विदेश से आने वाले यात्रियों की स्वास्थ्य जांच के साथ उनकी ट्रैवल हिस्ट्री भी खंगाली जा रही है। स्वास्थ्य विभाग ने एयरपोर्ट प्रशासन और मेडिकल टीम को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। यात्रियों की थर्मल स्कैनिंग, स्वास्थ्य परीक्षण और संदिग्ध लक्षणों की निगरानी अनिवार्य कर दी गई है। किसी यात्री में इबोला जैसे लक्षण मिलने पर तुरंत आइसोलेशन और इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। इसके लिए एक नोडल अधिकारी की नियुक्ति भी की गई है। अफ्रीकी देशों, विशेष रूप से कांगो और युगांडा में इबोला संक्रमण के मामलों में बढ़ोतरी के बाद विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने चिंता जाहिर की है। इसके बाद भारत सहित कई देशों ने अपने एयरपोर्ट और सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी तेज कर दी है। फिलहाल देश में इबोला संक्रमण का कोई मामला सामने नहीं आया है, लेकिन एहतियात के तौर पर केंद्र और राज्य सरकारें अलर्ट मोड में हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने हाल ही में कहा था कि भारत में अभी इबोला का कोई पुष्ट मामला नहीं है, लेकिन एयरपोर्ट, बंदरगाहों और सीमावर्ती इलाकों में स्क्रीनिंग बढ़ा दी गई है। साथ ही ICMR और अन्य स्वास्थ्य एजेंसियों को सर्विलांस, टेस्टिंग और आपात तैयारी बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

इबोला संक्रमण को लेकर छत्तीसगढ़ में अलर्ट, रायपुर एयरपोर्ट पर बढ़ाई गई निगरानी Read Post »

Health, Raipur, State, Top News

साय सरकार पर कांग्रेस का बड़ा हमला, दीपक बैज बोले- लोकतंत्र को दबाने में लगी BJP सरकार

छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने साय सरकार पर लोकतंत्र को कमजोर करने और विपक्षी नेताओं को परेशान करने का आरोप लगाया है। गुरुवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार अपने ढाई साल के कार्यकाल में ही दमनकारी रवैया अपनाने लगी है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं और कानून व्यवस्था लगातार बिगड़ती जा रही है। दीपक बैज ने आरोप लगाया कि नगरीय निकाय और पंचायत उपचुनाव में सरकारी मशीनरी का गलत इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सूरजपुर जिले के शिवनंदनपुर नगर पंचायत चुनाव के दौरान कांग्रेस नेताओं को निशाना बनाया गया। बैज के मुताबिक, कांग्रेस के चुनाव संचालक और जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री नरेंद्र जैन पर आर्म्स एक्ट के तहत झूठा मामला दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि इस कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने धरना प्रदर्शन किया और बाद में आमरण अनशन शुरू किया। बैज ने कहा कि करीब 30 घंटे बाद प्रशासन और सरकार को झुकना पड़ा और कांग्रेस की मांगें माननी पड़ीं। इस आंदोलन में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव भी शामिल हुए। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा चुनावी हार के डर से सत्ता का दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि जहां भी लोकतंत्र को दबाने की कोशिश होगी, कांग्रेस मजबूती से विरोध करेगी। दीपक बैज ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि रायपुर, बिलासपुर, जशपुर, कवर्धा समेत कई जिलों में हत्या, गोलीबारी और चाकूबाजी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। राजधानी रायपुर में गैंगवार और बमबाजी जैसी घटनाएं बढ़ रही हैं, लेकिन सरकार अपराध पर नियंत्रण करने के बजाय विपक्ष को दबाने में लगी हुई है। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस नेता राजेंद्र तिवारी, विकास उपाध्याय, सीमा वर्मा, धनंजय सिंह ठाकुर, सुरेंद्र वर्मा समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

साय सरकार पर कांग्रेस का बड़ा हमला, दीपक बैज बोले- लोकतंत्र को दबाने में लगी BJP सरकार Read Post »

Political

भिलाई स्टील प्लांट से 1 करोड़ का लोहा चोरी, फ्लाई ऐश के नीचे छिपाकर बाहर निकालते थे स्क्रैप

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले स्थित भिलाई स्टील प्लांट (BSP) से करीब 250 टन लोहे की चोरी का मामला सामने आया है। जब्त किए गए लोहे की कीमत लगभग 1 करोड़ रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने हथखोज और अकलोरडीह इलाके के एक कबाड़ गोदाम में छापेमारी कर भारी मात्रा में संदिग्ध लोहा बरामद किया है। जानकारी के मुताबिक, प्लांट से निकलने वाले ट्रकों में ऊपर फ्लाई ऐश डाली जाती थी, जबकि उसके नीचे बड़ी मात्रा में लोहे की प्लेटें और स्क्रैप छिपाकर बाहर ले जाया जाता था। इस पूरे खेल की भनक लंबे समय तक किसी को नहीं लगी। भिलाई-3 थाना पुलिस को पिछले कुछ समय से लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि BSP से लोहे की चोरी कर बाहरी गोदामों में डंप किया जा रहा है। इसके बाद पुलिस ने संदिग्ध ट्रकों पर नजर रखना शुरू किया। 27 मई को पुलिस टीम ने कुछ हाईवा वाहनों का पीछा करते हुए हथखोज स्थित एक गोदाम तक पहुंचकर दबिश दी। छावनी CSP प्रशांत कुमार पैकरा और भिलाई-3 थाना पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों से जब्त लोहे के दस्तावेज मांगे, लेकिन कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इसके बाद पुलिस ने पूरे गोदाम और यार्ड की जांच की। जांच के दौरान गोदाम से करीब 250 टन से ज्यादा संदिग्ध लोहा बरामद हुआ। पुलिस को आशंका है कि यह सामग्री BSP की SMS-3 यूनिट से चोरी कर लाई गई थी। दो हाईवा वाहनों की जांच में भी ऊपर फ्लाई ऐश और नीचे भारी मात्रा में लोहा मिला। पुलिस के मुताबिक, जिस गोदाम में यह लोहा मिला है उसका संचालन मोहम्मद कलीम द्वारा किया जा रहा था। वहीं ट्रांसपोर्टर संजय सिंह की भूमिका की भी जांच की जा रही है। दोनों से पूछताछ की तैयारी चल रही है। घटना के बाद भिलाई स्टील प्लांट प्रबंधन ने भी मामले की आंतरिक जांच के लिए एक समिति गठित की है। पुलिस ने बरामद लोहे को बीएनएसएस की धारा 106 के तहत जब्त कर गोदाम को सील कर दिया है। भिलाई नगर CSP सत्य प्रकाश तिवारी ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि अकलोरडीह स्थित एके ट्रेडर्स यार्ड में BSP से चोरी किया गया लोहा जमा किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की और मौके से भारी मात्रा में लोहा बरामद किया। भिलाई स्टील प्लांट देश की सबसे बड़ी SAIL इकाइयों में शामिल है और इसकी सुरक्षा CISF के जिम्मे है। प्लांट परिसर में सैकड़ों CCTV कैमरे और करीब 700 जवान तैनात रहते हैं। ऐसे में इतने बड़े स्तर पर हुई चोरी को लेकर अंदरूनी मिलीभगत की आशंका भी जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस और BSP प्रबंधन पूरे नेटवर्क की जांच में जुटे हुए हैं।

भिलाई स्टील प्लांट से 1 करोड़ का लोहा चोरी, फ्लाई ऐश के नीचे छिपाकर बाहर निकालते थे स्क्रैप Read Post »

Bhilai / Durg, Crime

भूपेश बघेल का तंज- धीरेंद्र शास्त्री से पेट्रोल-डीजल सस्ता कराने की पर्ची निकलवाएं

छत्तीसगढ़ में कांग्रेस नेताओं और धर्म संतों के बीच बयानबाजी तेज हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री और जगद्गुरु रामभद्राचार्य को लेकर बड़ा बयान दिया है। बिलासपुर दौरे के दौरान भूपेश बघेल ने केंद्रीय मंत्री किरेन रिजीजू का जिक्र करते हुए कहा कि वे गौमांस खाते हैं, फिर भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें मंत्रिमंडल में जगह दी है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या रामभद्राचार्य इसे सही मानते हैं। भूपेश बघेल ने धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पर तंज कसते हुए कहा कि अगर पर्ची निकालकर लोगों की समस्याएं बताई जाती हैं, तो पेट्रोल-डीजल के दाम कम कराने की भी पर्ची निकलवानी चाहिए। इससे पहले नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने भी रामभद्राचार्य को भाजपा का प्रचारक बताते हुए कहा था कि वे उन्हें जगद्गुरु नहीं मानते। वहीं कोरबा सांसद ज्योत्सना महंत ने कहा कि धर्म की आड़ में राजनीति नहीं होनी चाहिए और जनता की सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है। इन बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए जगद्गुरु रामभद्राचार्य ने चिरमिरी में आयोजित रामकथा के दौरान कहा कि संत समाज और अखाड़ों ने उन्हें जगद्गुरु की मान्यता दी है। उन्होंने कहा कि कोई भी उनके जगद्गुरुत्व को चुनौती देगा तो वह उसे स्वीकार नहीं करेंगे। रामभद्राचार्य ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन्हें भगवान राम से प्रेम करने वालों से परेशानी है, उन्हें यह सब अच्छा नहीं लग रहा। उन्होंने यह भी कहा कि जो राम से प्रेम करेगा, उसे उनका आशीर्वाद मिलेगा।

भूपेश बघेल का तंज- धीरेंद्र शास्त्री से पेट्रोल-डीजल सस्ता कराने की पर्ची निकलवाएं Read Post »

Political, Religion

बस्तर में आवारा कुत्तों का आतंक, रोज 25 लोग हो रहे डॉग बाइट का शिकार

बस्तर। जिले में बढ़ती गर्मी के साथ आवारा कुत्तों का आतंक भी तेजी से बढ़ रहा है। गली-मोहल्लों में झुंड बनाकर घूम रहे कुत्ते राहगीरों पर हमला कर रहे हैं, जिससे लोगों में डर का माहौल बना हुआ है। महारानी अस्पताल और मेडिकल कॉलेज में रोजाना 20 से 25 डॉग बाइट के मरीज पहुंच रहे हैं। डॉक्टरों के मुताबिक गर्मी के मौसम में जानवरों का व्यवहार अधिक आक्रामक हो जाता है। शरीर से पसीना बाहर नहीं निकल पाने की वजह से वे चिड़चिड़े हो जाते हैं और लोगों पर हमला कर देते हैं। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि पालतू जानवरों को समय-समय पर वैक्सीन लग जाती है, लेकिन सड़कों पर घूमने वाले आवारा कुत्ते ज्यादा खतरा पैदा कर रहे हैं। शहर के 48 वार्डों में खासकर रात के समय लोगों में डर का माहौल है। बच्चे और बुजुर्ग सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि कुत्ते के काटने पर तुरंत घाव को साबुन और पानी से साफ करें और बिना देरी किए एंटी रेबीज इंजेक्शन लगवाएं।

बस्तर में आवारा कुत्तों का आतंक, रोज 25 लोग हो रहे डॉग बाइट का शिकार Read Post »

BASTAR, State, Top News

पिथौरा शराब दुकान में बड़ा खुलासा, शराब में पानी मिलाते 4 कर्मचारी गिरफ्तार

पिथौरा। महासमुंद जिले के पिथौरा स्थित कंपोजिट मदिरा दुकान में शराब में पानी मिलाने का बड़ा मामला सामने आया है। आबकारी विभाग की टीम ने औचक निरीक्षण के दौरान चार कर्मचारियों को शराब की बोतलों में पानी मिलाते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। जानकारी के अनुसार, आबकारी विभाग की टीम 25 मई को निरीक्षण के लिए अचानक अंग्रेजी शराब दुकान पहुंची थी। जांच के दौरान अधिकारियों ने देखा कि प्लेसमेंट कर्मचारी मैकडॉवेल नंबर 1 शराब के पाव का सील खोलकर उसमें पानी मिला रहे थे। मौके पर मौजूद टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए चारों कर्मचारियों को पकड़ लिया। विभाग ने मिलावट की गई शराब की बोतलें भी जब्त कर ली हैं। आबकारी विभाग ने आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 38(क) के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

पिथौरा शराब दुकान में बड़ा खुलासा, शराब में पानी मिलाते 4 कर्मचारी गिरफ्तार Read Post »

Crime, MAHASAMUND

धमतरी में ऑटो चालक की संदिग्ध मौत, बंद फल दुकान में मिला शव

धमतरी। शहर के अंबेडकर चौक इलाके में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक बंद फल दुकान के अंदर ऑटो चालक का शव संदिग्ध हालत में मिला। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। मृतक की पहचान मकेश्वर वार्ड निवासी शेख जमील खान के रूप में हुई है, जो पेशे से ऑटो चालक था। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। शुरुआती जांच में मामला संदिग्ध नजर आ रहा है, हालांकि मौत के सही कारणों का खुलासा अभी नहीं हो पाया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

धमतरी में ऑटो चालक की संदिग्ध मौत, बंद फल दुकान में मिला शव Read Post »

dhamtari

रायपुर में शादी के 2 महीने बाद दुल्हन फरार, जेवर और नकदी लेकर भागने का आरोप

रायपुर। राजधानी रायपुर के डीडी नगर थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। शादी के महज दो महीने बाद नवविवाहिता घर से गायब हो गई। पति ने आरोप लगाया है कि उसकी पत्नी सोने-चांदी के गहने और 50 हजार रुपए नकद लेकर फरार हो गई है। जानकारी के अनुसार युवक और युवती करीब 6 महीने से रिश्ते में थे। इसके बाद दोनों ने 20 मार्च को प्रेम विवाह किया था। परिवार को उम्मीद थी कि दोनों खुशी-खुशी अपना जीवन बिताएंगे, लेकिन शादी के कुछ ही समय बाद मामला विवाद में बदल गया। पति गगन साहू का कहना है कि उसकी पत्नी अचानक घर से लापता हो गई। घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण और नकदी भी गायब मिले। युवक ने आशंका जताई है कि उसकी पत्नी अपने पुराने प्रेमी के साथ चली गई है। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने डीडी नगर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और महिला की तलाश की जा रही है।

रायपुर में शादी के 2 महीने बाद दुल्हन फरार, जेवर और नकदी लेकर भागने का आरोप Read Post »

Crime, Raipur

रायगढ़ में बकरीद की तैयारियां पूरी, 1.5 लाख तक के बकरों की खरीदारी

छत्तीसगढ़ के Raigarh में ईद-उल-अजहा (बकरीद) को लेकर मुस्लिम समाज में उत्साह का माहौल है। कुर्बानी के इस पर्व के लिए लोगों ने कई दिनों पहले से ही बकरों की खरीदारी शुरू कर दी थी। इस बार शहर में 20 हजार से लेकर डेढ़ लाख रुपए तक कीमत वाले बकरे आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, पंजाब, ओडिशा और आसपास के जिलों से खास नस्ल के बकरे मंगाए गए हैं। बीड़पारा निवासी शानू खान ने बताया कि उन्होंने करीब छह महीने पहले पंजाब से बीटल नस्ल का बकरा मंगवाया था। इसके अलावा एक और बीटल नस्ल का बकरा भी खरीदा गया है। उन्होंने बताया कि बकरों की गर्मी से सुरक्षा के लिए कूलर की व्यवस्था की गई है और उनके खान-पान का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। बकरों को हरा चारा, चना और पौष्टिक आहार दिया जा रहा है ताकि वे स्वस्थ रहें। वहीं बीड़पारा के फैज अहमद ने बताया कि वे ओडिशा से बड़े नस्ल के बकरे लेकर आए हैं। इनमें दो बकरों की कीमत लगभग 55 से 60 हजार रुपए बताई जा रही है। शहर में कई लोगों ने एक लाख से अधिक कीमत वाले बकरे भी खरीदे हैं। बकरीद के नजदीक आते ही बाजारों में खरीदारी का दौर लगातार जारी है। बड़ी संख्या में लोग कुर्बानी के लिए बकरे खरीद रहे हैं। ईद-उल-अजहा का त्योहार गुरुवार को मनाया जाएगा। इस अवसर पर शहर की विभिन्न मस्जिदों और ईदगाहों में सुबह नमाज अदा की जाएगी। घड़ी चौक स्थित ईदगाह में सुबह 8 बजे नमाज होगी, जबकि चांदमारी शाही ईदगाह, जामा मस्जिद, नूरी मस्जिद और अन्य मस्जिदों में भी अलग-अलग समय पर नमाज अदा की जाएगी।

रायगढ़ में बकरीद की तैयारियां पूरी, 1.5 लाख तक के बकरों की खरीदारी Read Post »

Raigarh, Top News
Scroll to Top