Top News

कोरबा मेडिकल कॉलेज परिसर में कबाड़ गाड़ियों में लगी आग, छह वाहन जलकर नष्ट

छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल परिसर में सोमवार को अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। अस्पताल के पीछे लंबे समय से खड़ी पुरानी और अनुपयोगी गाड़ियों में आग भड़क उठी, जिससे कुछ ही देर में आसपास का इलाका धुएं से भर गया। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते छह वाहन पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए। मिली जानकारी के अनुसार अस्पताल परिसर के पीछे कई पुरानी गाड़ियां कबाड़ के रूप में खड़ी थीं। अचानक इन्हीं वाहनों में आग लग गई और आग की लपटें तेजी से फैलने लगीं। धुएं और आग की लपटों को देखकर आसपास मौजूद लोग घबरा गए और मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। दमकल की टीम पहुंचने में हुई देरी घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पहले खुद ही आग बुझाने की कोशिश की और साथ ही दमकल विभाग को सूचना दी। बताया जा रहा है कि दमकल की टीम को मौके पर पहुंचने में कुछ समय लग गया, जिसके कारण आग ने कई वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। जब तक दमकल की गाड़ियां पहुंचीं, तब तक छह वाहन पूरी तरह जल चुके थे। पास में है डॉक्टरों और स्टाफ की कॉलोनी जिस स्थान पर आग लगी, उसके पास ही डॉक्टरों और अस्पताल कर्मचारियों की आवासीय कॉलोनी स्थित है। आग लगने की खबर से कॉलोनी में रहने वाले लोगों में भी डर का माहौल बन गया। हालांकि दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पा लिया और उसे आगे फैलने से रोक दिया। पहले भी उठते रहे हैं सुरक्षा के सवाल स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पताल परिसर में लंबे समय से पुरानी गाड़ियां और अन्य कबाड़ पड़ा हुआ था, जिसे हटाने की मांग कई बार उठाई जा चुकी है। लोगों का यह भी कहना है कि जिस जगह पर यह गाड़ियां खड़ी थीं, वहां अक्सर असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता था। बताया जा रहा है कि पास में संचालित ओएसटी सेंटर में आने वाले कुछ नशे के आदी युवक भी कई बार इन गाड़ियों के आसपास बैठते देखे जाते थे। आग लगने के कारणों की जांच जारी फिलहाल आग लगने के सही कारणों का पता नहीं चल पाया है। आशंका जताई जा रही है कि किसी असामाजिक तत्व की हरकत से आग लगी हो सकती है। घटना के बाद अस्पताल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था और कबाड़ वाहनों को हटाने को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।

कोरबा मेडिकल कॉलेज परिसर में कबाड़ गाड़ियों में लगी आग, छह वाहन जलकर नष्ट Read Post »

Accident, Chhattisgarh, korba, State, Top News

छत्तीसगढ़ में बढ़ने लगी गर्मी, राजनांदगांव में 39 डिग्री तापमान दर्ज

छत्तीसगढ़ में मार्च की शुरुआत के साथ ही गर्मी का असर तेज होने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक अधिक दर्ज किया जा रहा है। आने वाले चार दिनों तक तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है और गर्मी सामान्य से ज्यादा बनी रह सकती है। प्रदेश में फिलहाल मौसम पूरी तरह शुष्क बना हुआ है और कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई है। सोमवार को राज्य में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में रिकॉर्ड किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 16.2 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बिहार से मराठवाड़ा तक एक द्रोणिका यानी ट्रफ सक्रिय है, जो झारखंड, छत्तीसगढ़ और विदर्भ के ऊपर से गुजर रही है। हालांकि इस सिस्टम का प्रदेश के मौसम पर फिलहाल कोई खास प्रभाव नहीं दिख रहा है, जिसके कारण मौसम सूखा बना हुआ है। रायपुर में दो दिन तक मौसम रहेगा शुष्क राजधानी रायपुर में 10 मार्च को हल्की धुंध देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक यहां अधिकतम तापमान करीब 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए भी प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई है। फिलहाल राज्य के किसी भी हिस्से के लिए मौसम से जुड़ी कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। फिलहाल कोई सक्रिय सिस्टम नहीं मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में इस समय कोई मजबूत सिनोप्टिक सिस्टम सक्रिय नहीं है। इसी वजह से अगले दो दिनों तक पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा और बारिश की संभावना भी कम है। फरवरी में भी ठंड कम रही रायपुर में जनवरी की तरह फरवरी महीने में भी अधिकतर समय आसमान साफ रहता है और हवाएं सामान्य रहती हैं। हालांकि उत्तर भारत से आने वाले वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण कभी-कभी मौसम में बदलाव देखने को मिलता है। फरवरी के अंतिम दिनों में प्रदेश के कुछ इलाकों में बादल छाने, गरज-चमक और हल्की बारिश की स्थिति भी बनी थी। इस दौरान कई जगह तेज हवाएं, आंधी और ओलावृष्टि जैसी स्थिति भी बन सकती है। सर्दियों का असर खत्म होते ही न्यूनतम तापमान धीरे-धीरे बढ़ने लगता है। रायपुर में रिकॉर्ड ठंड और बारिश रायपुर में फरवरी महीने में सबसे अधिक ठंड 9 फरवरी 1893 को दर्ज की गई थी, जब तापमान गिरकर 5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। वहीं सबसे गर्म दिन 28 फरवरी 2009 को दर्ज किया गया, जब तापमान 38 डिग्री तक पहुंच गया था। इतिहास में फरवरी महीने में कई बार असामान्य बारिश भी दर्ज की गई है। 4 फरवरी 1917 को 24 घंटे के भीतर 57.4 मिलीमीटर बारिश हुई थी, जबकि 1901 में पूरे फरवरी महीने में कुल 118.9 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई थी। Chhattisgarh Temperature Data Chart Location / Parameter Temperature / Data Details Highest Temperature 39°C Rajnandgaon recorded the highest maximum temperature in the state Lowest Temperature 16.2°C Ambikapur recorded the lowest minimum temperature Temperature Deviation +2°C to +4°C Day temperature across districts above normal Expected Condition Next 4 days Temperature likely to remain above normal Weather Condition Dry No rainfall recorded in the state Raipur Maximum Temp (Forecast) 38°C Expected daytime temperature Raipur Minimum Temp (Forecast) 23°C Expected night temperature Weather System Trough Line From Bihar to Marathwada via Jharkhand, Chhattisgarh and Vidarbha Rain Forecast None No weather warning issued

छत्तीसगढ़ में बढ़ने लगी गर्मी, राजनांदगांव में 39 डिग्री तापमान दर्ज Read Post »

Chhattisgarh, Chhattisghar, State, Top News, weather

रायपुर में ड्रिंक एंड ड्राइव चेकिंग के दौरान भाजपा नेता गिरफ्तार, पुलिस से बदसलूकी और आरक्षक की कॉलर पकड़ी

राजधानी रायपुर में ड्रिंक एंड ड्राइव के खिलाफ चलाए जा रहे पुलिस अभियान के दौरान एक भाजपा नेता द्वारा हंगामा करने का मामला सामने आया है। नशे की हालत में गाड़ी चला रहे आरोपी ने पुलिसकर्मियों से बदसलूकी की और ड्यूटी पर तैनात आरक्षक की कॉलर पकड़कर धक्का-मुक्की भी की। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी का नाम विकास शुक्ला है, जो खुद को भाजपा का मंडल अध्यक्ष बताकर पुलिसकर्मियों को धमका रहा था। यह मामला तेलीबांधा थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। ड्रिंक एंड ड्राइव चेकिंग के दौरान हुआ विवाद पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 8 मार्च की रात तेलीबांधा थाना पुलिस द्वारा ड्रिंक एंड ड्राइव के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक कार (CG-07-DD-6532) को जांच के लिए रोका गया। कार चला रहे व्यक्ति की जब जांच की गई तो वह शराब के नशे में पाया गया। पुलिस द्वारा कार्रवाई की बात कहने पर वह भड़क गया और मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों से बहस करने लगा। TI को दी धमकी, आरक्षक से की धक्का-मुक्की बताया जा रहा है कि आरोपी ने खुद को भाजपा का मंडल अध्यक्ष बताते हुए ट्रैफिक टीआई को वर्दी उतरवा देने की धमकी दी। इसके अलावा उसने पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज की। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने एक आरक्षक की कॉलर पकड़ ली और धक्का-मुक्की करते हुए उसकी वर्दी भी फाड़ दी। मौके पर मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव कर स्थिति को नियंत्रित किया। कई धाराओं में दर्ज हुआ मामला घटना के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया और बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, पुलिसकर्मियों से मारपीट और अभद्र व्यवहार समेत कई धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। ड्रिंक एंड ड्राइव के खिलाफ पुलिस की सख्ती पुलिस अधिकारियों का कहना है कि राजधानी में ड्रिंक एंड ड्राइव के मामलों पर लगातार सख्ती बरती जा रही है। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी, चाहे वह कोई भी हो। फिलहाल पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

रायपुर में ड्रिंक एंड ड्राइव चेकिंग के दौरान भाजपा नेता गिरफ्तार, पुलिस से बदसलूकी और आरक्षक की कॉलर पकड़ी Read Post »

Chhattisgarh, Crime, Raipur, Top News

रायपुर में नहर से मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, जांच में जुटी पुलिस

राजधानी रायपुर के विधानसभा थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मांडर भट्टी के पास नहर में एक व्यक्ति की लाश तैरती हुई देखी गई, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही विधानसभा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने नहर से शव को बाहर निकलवाकर मामले की जांच शुरू कर दी है। करीब 45 वर्ष बताई जा रही मृतक की उम्र पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र लगभग 45 वर्ष के आसपास बताई जा रही है। फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो पाई है। शव के पास कोई भी ऐसा दस्तावेज नहीं मिला है जिससे उसकी पहचान की जा सके। पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया शव पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही मृतक की पहचान के लिए आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट भी खंगाली जा रही है। मामले की जांच के लिए एफएसएल टीम भी मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस इस मामले में सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

रायपुर में नहर से मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, जांच में जुटी पुलिस Read Post »

Chhattisgarh, Crime, Raipur, Top News

गैस सिलेंडर की कीमत बढ़ने पर रायपुर में कांग्रेस का प्रदर्शन, घड़ी चौक पर किया विरोध

रसोई गैस की कीमतों में हाल ही में हुई बढ़ोतरी के विरोध में सोमवार को रायपुर में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। राजधानी के घड़ी चौक पर आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में कई कांग्रेसी नेता हाथों में गैस सिलेंडर लेकर सड़क पर उतरे और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि गैस सिलेंडर की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से आम लोगों पर महंगाई का बोझ बढ़ता जा रहा है। पार्टी के अनुसार घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 60 रुपए और व्यावसायिक सिलेंडर में 110 रुपए प्रति सिलेंडर की वृद्धि की गई है, जिससे आम उपभोक्ताओं और छोटे कारोबारियों पर अतिरिक्त आर्थिक दबाव पड़ रहा है। तेल कंपनियों के कार्यालयों के घेराव की चेतावनी कांग्रेस ने इस मूल्य वृद्धि के विरोध में सरकारी तेल कंपनियों के कार्यालयों का घेराव करने का भी ऐलान किया है। पार्टी नेताओं ने कहा कि अगर सरकार जल्द ही यह फैसला वापस नहीं लेती है तो पूरे प्रदेश में चरणबद्ध तरीके से आंदोलन तेज किया जाएगा। बड़ी संख्या में शामिल हुए पार्टी नेता और कार्यकर्ता प्रदर्शन के लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से पार्टी के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को घड़ी चौक पहुंचने का आह्वान किया गया था। इसके बाद प्रदेश और शहर स्तर के कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए। कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य, वरिष्ठ नेता, सांसद और पूर्व सांसद, विधायक और पूर्व विधायक, पार्षद और पूर्व पार्षद, नेता प्रतिपक्ष तथा पूर्व नेता प्रतिपक्ष सहित पार्टी के कई पदाधिकारी मौजूद रहे। विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि भी हुए शामिल इस प्रदर्शन में महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवादल, किसान कांग्रेस, अल्पसंख्यक विभाग, विधि विभाग, अनुसूचित जाति-जनजाति विभाग, पिछड़ा वर्ग विभाग और झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ समेत कई संगठनों के पदाधिकारी भी शामिल हुए। इसके अलावा मंडल अध्यक्ष, बूथ अध्यक्ष, सेक्टर और जोन अध्यक्ष समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता घड़ी चौक पर एकत्रित हुए। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी वापस नहीं ली गई तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

गैस सिलेंडर की कीमत बढ़ने पर रायपुर में कांग्रेस का प्रदर्शन, घड़ी चौक पर किया विरोध Read Post »

Chhattisgarh, Political, Raipur, Top News

बच्चों से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता बढ़ाने की पहल, हर थाने में बाल कल्याण अधिकारी की जानकारी होगी प्रदर्शित

छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने बच्चों से संबंधित मामलों के निपटारे में पुलिस की प्रक्रिया को अधिक संवेदनशील और पारदर्शी बनाने के लिए महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। आयोग ने राज्य के सभी थानों में बाल कल्याण पुलिस अधिकारी, विशेष किशोर पुलिस इकाई के प्रभारी और बच्चों की आपातकालीन हेल्पलाइन 1098 की जानकारी अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करने की अनुशंसा की है। इस संबंध में रायपुर पुलिस कमिश्नर सहित प्रदेश के सभी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों और पुलिस अधीक्षकों को निर्देश भेजे गए हैं। आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा ने बताया कि आयोग में लंबित मामलों की समीक्षा के दौरान यह पाया गया कि कई थानों में बाल कल्याण पुलिस अधिकारी की जानकारी स्पष्ट रूप से उपलब्ध नहीं होती। कई बार तो स्वयं पुलिसकर्मियों को भी यह जानकारी नहीं रहती। उन्होंने बताया कि थाना प्रभारियों के स्थानांतरण के बाद कई बार नए बाल कल्याण अधिकारी की जानकारी लंबे समय तक अपडेट नहीं हो पाती। इसके अलावा कुछ मामलों में जिला स्तर पर गठित विशेष किशोर पुलिस इकाई की जानकारी भी थानों में स्पष्ट नहीं रहती। बच्चों से जुड़े मामलों में नहीं हो पाता उचित व्यवहार आयोग के अनुसार इन कमियों के कारण बच्चों से जुड़े मामलों की जांच के दौरान कई बार बाल-सुलभ प्रक्रिया का पालन नहीं हो पाता। इसी को ध्यान में रखते हुए थानों में स्पष्ट और स्थायी डिस्प्ले व्यवस्था लागू करने की अनुशंसा की गई है, ताकि पुलिसकर्मी और आम नागरिक दोनों को आवश्यक जानकारी आसानी से मिल सके। कानून में भी है स्पष्ट प्रावधान आयोग ने अपनी अनुशंसा में किशोर न्याय (बालकों की देखरेख और संरक्षण) अधिनियम 2015 का उल्लेख करते हुए बताया कि इस कानून के तहत हर थाने में बाल कल्याण पुलिस अधिकारी और विशेष किशोर पुलिस इकाई का गठन अनिवार्य है। साथ ही बच्चों से जुड़े कानूनों के बारे में जनजागरूकता फैलाना भी संबंधित संस्थाओं की जिम्मेदारी है। इस तरह बनाया जाएगा डिस्प्ले बोर्ड आयोग के निर्देश के अनुसार प्रत्येक थाने में प्रमुख दीवार के साथ दो अन्य स्थानों पर आयताकार डिस्प्ले बोर्ड तैयार किया जाएगा। इसके लिए दीवार पर काले रंग से पुताई की जाएगी और बॉर्डर स्लेट की तरह बनाई जाएगी ताकि यह बच्चों के लिए भी सहज और आकर्षक दिखाई दे। बोर्ड के अंदर सफेद रंग से जिले की विशेष किशोर पुलिस इकाई के प्रभारी का पदनाम, थाने के बाल कल्याण पुलिस अधिकारी का पदनाम और बच्चों की हेल्पलाइन नंबर 1098 लिखा जाएगा। संबंधित अधिकारियों के नाम चॉक से लिखे जाएंगे, ताकि उनके स्थानांतरण होने पर आसानी से बदला जा सके। 31 मार्च तक पूरी करनी होगी व्यवस्था आयोग ने सभी जिलों को निर्देश दिया है कि यह व्यवस्था 31 मार्च 2026 तक हर हाल में लागू कर दी जाए। साथ ही डिस्प्ले बोर्ड की तस्वीरों के साथ पालन प्रतिवेदन आयोग को भेजने को भी कहा गया है।

बच्चों से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता बढ़ाने की पहल, हर थाने में बाल कल्याण अधिकारी की जानकारी होगी प्रदर्शित Read Post »

Chhattisgarh, Crime, Political, Raipur, Top News

NDPS मामलों में सख्त फैसला, तीन आरोपियों को 10-10 साल की सजा

नशीले पदार्थों की तस्करी से जुड़े दो अलग-अलग मामलों में अदालत ने सख्त रुख अपनाते हुए तीन आरोपियों को 10-10 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। रायपुर और गरियाबंद में दर्ज इन मामलों में आरोपियों को एनडीपीएस एक्ट के तहत दोषी पाया गया। टिकरापारा क्षेत्र से 320 नशीली टैबलेट के साथ पकड़ा गया आरोपी पहला मामला रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र का है। 23 दिसंबर 2023 को पुलिस को सूचना मिली थी कि बोरियाखुर्द शमशान घाट के पास एक युवक प्रतिबंधित नशीली दवाओं के साथ मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शेख अजहर उर्फ विक्की को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से पीले रंग के कैरी बैग में रखी स्पास ट्रैनकैन प्लस की 40 पत्तियां बरामद की गईं। प्रत्येक पत्ती में 8-8 टैबलेट थीं, इस तरह कुल 320 टैबलेट जब्त की गईं। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौलने पर इनका कुल वजन 163.2 ग्राम पाया गया। मामले की सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष की ओर से 15 गवाहों के बयान पेश किए गए। सभी साक्ष्यों के आधार पर अदालत ने आरोपी को दोषी मानते हुए 10 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई। मैनपुर में 22.4 किलो गांजे के साथ दो आरोपी गिरफ्तार दूसरा मामला गरियाबंद जिले के मैनपुर थाना क्षेत्र से जुड़ा है। 2 जून 2021 को पुलिस को सूचना मिली थी कि एनएच-130सी पर स्थित मां अंबे पेट्रोल पंप के पास दो व्यक्ति बैग में अवैध गांजा लेकर खड़े हैं। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और त्रिनाथ मेहर तथा इंद्रभूषण मेहर को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान दोनों के बैग से प्लास्टिक में पैक गांजा बरामद हुआ। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से वजन करने पर त्रिनाथ मेहर के पास से 11 किलो 300 ग्राम और इंद्रभूषण मेहर के पास से 11 किलो 100 ग्राम गांजा मिला। इस तरह कुल 22 किलो 400 ग्राम गांजा जब्त किया गया। पुलिस ने जब्त गांजे का सैंपल तैयार कर जांच के लिए एफएसएल रायपुर भेजा और मामले में चालान पेश किया। सुनवाई के बाद एनडीपीएस एक्ट कोर्ट के विशेष न्यायाधीश पंकज कुमार सिन्हा ने दोनों आरोपियों को दोषी ठहराते हुए 10-10 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई।

NDPS मामलों में सख्त फैसला, तीन आरोपियों को 10-10 साल की सजा Read Post »

Bhilai / Durg, Chhattisgarh, Crime, Raipur, Top News

गंज थाना क्षेत्र में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध शराब और चाकू के साथ तीन गिरफ्तार

रायपुर के गंज थाना क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। अलग-अलग स्थानों पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने अवैध चाकू और अवैध शराब के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं सार्वजनिक स्थान पर नशा कर उत्पात मचाने वाले तीन युवकों के खिलाफ भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। पुलिस के अनुसार चूनाभट्ठी और तेलघानी नाका इलाके में अवैध हथियार और शराब के कारोबार की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद गंज थाना पुलिस ने इलाके में विशेष अभियान चलाया और कार्रवाई करते हुए दो लोगों को अवैध चाकू के साथ पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राज नायडू (28) निवासी नर्मदा पारा और नरोत्तम दास मानिकपुरी (22) निवासी रेलवे स्टेशन के पास गंज के रूप में हुई है। दोनों के पास से अवैध चाकू बरामद किए गए हैं। पुलिस ने उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज किया है। इसके अलावा पुलिस ने चूनाभट्ठी क्षेत्र में दबिश देकर कमलेश मुदलियार (27) को गिरफ्तार किया है। उसके पास से व्यावसायिक मात्रा में अवैध शराब बरामद हुई है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। वहीं चूनाभट्ठी इलाके में नशा कर हंगामा कर रहे तीन युवकों को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है। इनकी पहचान भावेश सेन, विशाल पंडा और अश्वनी बघेल के रूप में हुई है। तीनों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

गंज थाना क्षेत्र में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध शराब और चाकू के साथ तीन गिरफ्तार Read Post »

Chhattisgarh, Crime, Raipur, Top News

रायपुर में महिला सुरक्षा के लिए ‘पिंक पेट्रोलिंग यूनिट’ शुरू, दो शिफ्ट में करेगी गश्त

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रायपुर पुलिस ने महिलाओं की सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए एक नई पहल शुरू की है। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के नेतृत्व में शहर में “पिंक पेट्रोल यूनिट” की शुरुआत की गई। अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर अमित कांबले ने इस विशेष टीम को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस पहल के तहत रायपुर पुलिस ने तीन पिंक पेट्रोलिंग टीमों का गठन किया है। इन टीमों में कुल 27 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शामिल हैं, जो कॉल ट्रैकिंग और नियमित पेट्रोलिंग के माध्यम से महिलाओं को त्वरित सहायता प्रदान करेंगे। पिंक पेट्रोलिंग टीम दो शिफ्ट में कार्य करेगी। पहली शिफ्ट सुबह 6 बजे से दोपहर 2 बजे तक और दूसरी शिफ्ट दोपहर 2 बजे से रात 10 बजे तक रहेगी। ये टीमें शहर के संवेदनशील इलाकों में नियमित और सरप्राइज पेट्रोलिंग करेंगी। इस दौरान पुलिस टीम महिलाओं को सुरक्षा से जुड़े कानूनों और हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी देगी। खासतौर पर कॉलेज जाने वाली छात्राओं, कामकाजी महिलाओं और हॉस्टल या पीजी में रहने वाली महिलाओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। किसी भी स्थिति में मौके पर ही सहायता और काउंसलिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। महिलाओं की सुरक्षा के लिए रायपुर पुलिस ने एक व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर 94792-10932 भी जारी किया है। पुलिस ने महिलाओं से अपील की है कि यदि उन्हें किसी प्रकार की छेड़छाड़, स्टॉकिंग, उत्पीड़न या किसी अन्य आपात स्थिति का सामना करना पड़े, तो वे तुरंत इस हेल्पलाइन नंबर या नजदीकी पुलिस से संपर्क करें। रायपुर पुलिस का कहना है कि इस पहल से शहर में महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा सकेगा। महिला सुरक्षा और सम्मान को लेकर पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इस कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त डॉ. अर्चना झा, डीसीपी सेंट्रल तारकेश्वर पटेल, सहायक पुलिस आयुक्त रुचि वर्मा और निलेश द्विवेदी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

रायपुर में महिला सुरक्षा के लिए ‘पिंक पेट्रोलिंग यूनिट’ शुरू, दो शिफ्ट में करेगी गश्त Read Post »

Chhattisgarh, Crime, Political, Raipur, Top News

रायपुर में नशे के खिलाफ सख्ती: 60 दिनों में 102 तस्कर गिरफ्तार, तीन की संपत्ति कुर्क करने की तैयारी

राजधानी रायपुर में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने सख्त अभियान शुरू कर दिया है। पुलिस कमिश्नरेट व्यवस्था लागू होने के बाद गांजा, अफीम, ड्रग्स और नशीली दवाओं की तस्करी करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार पिछले 60 दिनों में रायपुर में 102 से अधिक तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। इस दौरान करीब 2.10 करोड़ रुपये कीमत के मादक पदार्थ जब्त किए गए हैं। इसके साथ ही पुलिस अब इन तस्करों की संपत्तियों की जांच भी कर रही है। तीन बड़े तस्करों की संपत्ति की जानकारी जुटाई जा रही है, जिन्हें तस्कर और विदेशी मुद्रा हेरफेरकर्ता संपत्ति जब्ती अधिनियम (SAFEMA) के तहत कुर्क किया जाएगा। पुलिस कमिश्नर ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि ऐसे तस्करों की सूची तैयार की जाए, जिन्होंने नशे के अवैध कारोबार से संपत्ति अर्जित की है। इन मामलों में सफेमा के तहत कार्रवाई कर उनकी संपत्तियां जब्त की जाएंगी। पिछले वर्ष भी रायपुर में चार तस्करों की करीब ढाई करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क की गई थी। इस वर्ष एक दर्जन से अधिक तस्करों के खिलाफ इसी तरह की कार्रवाई की तैयारी चल रही है। तीन हिस्ट्रीशीटरों की संपत्ति पर नजर कोतवाली थाना क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटर रवि साहू, मुकेश गुप्ता उर्फ बनिया और ईरानी डेरा क्षेत्र से जुड़े तस्करों की संपत्तियों की जांच की जा रही है। इन आरोपियों के खिलाफ विभिन्न थानों में 30 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं और वे कई बार जेल भी जा चुके हैं। पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार से कमाए गए पैसों से इन लोगों ने राज्य के अलग-अलग इलाकों में संपत्तियां खरीदी हैं। इनमें से कई संपत्तियां रिश्तेदारों के नाम पर होने की भी जानकारी मिली है। पूरी जानकारी एकत्र करने के बाद मामला मुंबई स्थित अदालत में सफेमा के तहत कार्रवाई के लिए भेजा जाएगा। पुलिस के मुताबिक रवि साहू के पास करीब 4 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति होने की जानकारी सामने आई है, जबकि मुकेश गुप्ता की संपत्ति लगभग 1.25 करोड़ रुपये आंकी गई है। राज्य में भी बढ़ी कार्रवाई प्रदेश में पिछले साल 16 तस्करों की करीब 14 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति कुर्क की गई थी। इनमें सबसे ज्यादा कार्रवाई बिलासपुर में हुई, जहां करीब 6 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की गई। इसके अलावा रायपुर के खरोरा क्षेत्र में तस्कर राकेश वर्मा और उसके साथियों की 1.05 करोड़ रुपये मूल्य की 13 संपत्तियों को सफेमा के तहत कुर्क किया गया था। वहीं गांजा तस्कर सुशंकर सरकार की करीब 70 लाख रुपये की संपत्ति भी जब्त की गई। एक अन्य तस्कर की 50 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति भी कुर्क की गई थी। पिछले साल 445 तस्कर गिरफ्तार रायपुर में पिछले वर्ष चलाए गए अभियान के दौरान 445 तस्करों को गिरफ्तार किया गया था और उनसे 2.81 करोड़ रुपये का मादक पदार्थ बरामद किया गया। वर्ष 2024 में 413 तस्करों से 5.08 करोड़ रुपये और 2023 में 303 तस्करों से 1.76 करोड़ रुपये कीमत के नशीले पदार्थ जब्त किए गए थे। पिट एनडीपीएस के तहत भी कार्रवाई राज्य में नशे के कारोबार पर रोक लगाने के लिए पिट एनडीपीएस एक्ट के तहत भी कार्रवाई तेज की गई है। पिछले साल इस कानून के तहत 101 मामलों में कार्रवाई करते हुए आरोपियों को एक साल के लिए जेल भेजा गया। वर्ष 2024 में 41 तस्करों के खिलाफ यह कार्रवाई की गई थी। डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने कहा कि प्रदेश में नशे के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। सभी रेंज आईजी को निर्देश दिए गए हैं कि सफेमा के तहत कार्रवाई बढ़ाई जाए और तस्करों की संपत्तियों को कुर्क कर उनके अवैध कारोबार पर रोक लगाई जाए।

रायपुर में नशे के खिलाफ सख्ती: 60 दिनों में 102 तस्कर गिरफ्तार, तीन की संपत्ति कुर्क करने की तैयारी Read Post »

Chhattisgarh, Political, Raipur, Top News
Scroll to Top