Top News

छत्तीसगढ़ में 5 दिन तेज आंधी-बारिश का अलर्ट, बस्तर से जल्द होगी मानसून की एंट्री

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में अगले पांच दिनों तक गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। साथ ही दक्षिण छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में अगले चार से पांच दिनों के भीतर दक्षिण-पश्चिम मानसून के पहुंचने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार कुछ स्थानों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं तथा बिजली गिरने की भी आशंका है। पिछले 24 घंटों के दौरान दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मुंगेली में सबसे अधिक वर्षा दर्ज की गई, जहां 50 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। वहीं, कबीरधाम (कवर्धा) में 10 मिमी बारिश हुई। बारिश के प्रभाव से उत्तर छत्तीसगढ़ के अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की कमी आई है। दूसरी ओर रायपुर और दुर्ग संभाग सहित मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में तापमान में 1 से 2 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। राजधानी रायपुर में सुबह से ही बादलों का डेरा बना हुआ है। मौसम विभाग का अनुमान है कि शहर में दिन के दौरान गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इसके अलावा धूलभरी आंधी चलने की भी संभावना है। रायपुर का अधिकतम तापमान करीब 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

छत्तीसगढ़ में 5 दिन तेज आंधी-बारिश का अलर्ट, बस्तर से जल्द होगी मानसून की एंट्री Read Post »

Raipur, State, Top News, weather

रायपुर में 4 साल के मासूम की हत्या: मां के प्रेमी ने तकिए से दबाकर ली जान, 7 महीने बाद गिरफ्तार

रायपुर में चार साल के एक मासूम बच्चे की हत्या के मामले में पुलिस ने सात महीने बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि बच्चे की मां के प्रेमी ने रिश्ते में बाधा बनने पर उसकी जान ले ली। घटना आमानाका थाना क्षेत्र की है। पुलिस के अनुसार, आरोपी जयदीप सिंह का बच्चे की मां के साथ प्रेम संबंध था। महिला अपने पति से अलग रह रही थी और आरोपी का उसके घर आना-जाना था। जांच में सामने आया कि आरोपी बच्चे को अपने संबंधों में रुकावट मानता था। 1 नवंबर 2025 को चार वर्षीय मयंक मिश्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की सूचना मिली थी। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जांच में मामला संदिग्ध मौत का माना गया, लेकिन पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि बच्चे की मौत दम घुटने से हुई थी। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि घटना के समय आरोपी और बच्चे की मां दोनों घर में मौजूद थे। आरोप है कि किसी बात को लेकर नाराज होकर आरोपी ने बच्चे का मुंह और नाक तकिए से दबा दिया, जिससे उसकी सांस रुक गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया और ट्रक चालक होने के कारण लगातार अलग-अलग राज्यों में घूमता रहा। पुलिस ने उसकी तलाश के लिए विशेष टीम गठित की और तकनीकी साक्ष्यों के साथ मुखबिरों की मदद से उसकी गतिविधियों पर नजर रखी। लगातार प्रयासों के बाद 10 जून 2026 को पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान उसने अपराध स्वीकार कर लिया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने टाटीबंध निवासी 27 वर्षीय जयदीप सिंह को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

रायपुर में 4 साल के मासूम की हत्या: मां के प्रेमी ने तकिए से दबाकर ली जान, 7 महीने बाद गिरफ्तार Read Post »

Crime, Raipur, State, Top News

साय कैबिनेट की अहम बैठक आज, नई ट्रांसफर नीति और CM हेल्पलाइन 1076 पर हो सकता है बड़ा फैसला

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में आज कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जा रही है। नवा रायपुर स्थित मंत्रालय में होने वाली इस बैठक में प्रशासनिक, किसान हित और जनसुविधाओं से जुड़े कई अहम प्रस्तावों पर चर्चा की जाएगी। बैठक का सबसे प्रमुख मुद्दा नई स्थानांतरण नीति माना जा रहा है। लंबे समय से अधिकारियों और कर्मचारियों के तबादलों पर लगी रोक को हटाने की मांग उठ रही थी। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि सरकार नई ट्रांसफर नीति को मंजूरी देकर प्रदेश में तबादलों की प्रक्रिया शुरू कर सकती है। किसानों से जुड़े विषय भी बैठक के एजेंडे में शामिल हैं। आगामी खरीफ विपणन वर्ष के लिए समर्थन मूल्य पर धान खरीदी, कस्टम मिलिंग नीति और किसानों को खाद एवं बीज की उपलब्धता की समीक्षा की जाएगी। इसके अलावा कृषि क्षेत्र से संबंधित कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर भी निर्णय लिए जा सकते हैं। राज्य सरकार आज से मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 सेवा की शुरुआत भी करने जा रही है। इस सुविधा के माध्यम से नागरिक टोल-फ्री नंबर 1076 पर कॉल कर अपनी शिकायतें और समस्याएं दर्ज करा सकेंगे। इसके अलावा वेब पोर्टल, मोबाइल एप और व्हाट्सएप के जरिए भी शिकायत दर्ज करने की सुविधा उपलब्ध होगी। सरकार का मानना है कि इस नई व्यवस्था से आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। कैबिनेट बैठक में हाल ही में संपन्न हुए सुशासन तिहार के दौरान प्राप्त शिकायतों और सुझावों पर भी चर्चा होने की संभावना है। इसके अलावा कर्मचारियों, किसानों और उद्योग जगत से जुड़े विभिन्न विभागीय प्रस्तावों पर भी विचार किया जाएगा। ऐसे में आज की कैबिनेट बैठक को राज्य सरकार की आगामी प्रशासनिक और विकास संबंधी नीतियों के लिए काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

साय कैबिनेट की अहम बैठक आज, नई ट्रांसफर नीति और CM हेल्पलाइन 1076 पर हो सकता है बड़ा फैसला Read Post »

Raipur, State, Top News

PTRSU में परीक्षा शुल्क में भारी बढ़ोतरी, ABVP ने जताया विरोध, आंदोलन की दी चेतावनी

रायपुर स्थित पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय (PTRSU) द्वारा परीक्षा और अन्य शैक्षणिक शुल्कों में की गई बढ़ोतरी को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने कड़ा विरोध दर्ज कराया है। संगठन का आरोप है कि विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालते हुए फीस में एकमुश्त बड़ी वृद्धि कर दी है। ABVP के अनुसार, सेमेस्टर परीक्षा शुल्क को ₹1075 से बढ़ाकर ₹1580 कर दिया गया है, जबकि वार्षिक परीक्षा शुल्क ₹1085 से बढ़कर ₹1580 हो गया है। परिषद का कहना है कि यह लगभग 46 प्रतिशत की बढ़ोतरी है, जिसका सीधा असर आर्थिक रूप से कमजोर, ग्रामीण और मध्यमवर्गीय छात्रों पर पड़ेगा। इसके अलावा विश्वविद्यालय ने मार्कशीट और सिलेबस वेरिफिकेशन के लिए ₹5000 शुल्क निर्धारित किया है। विद्यार्थी परिषद का कहना है कि नौकरी, उच्च शिक्षा में प्रवेश या अन्य शैक्षणिक प्रक्रियाओं के लिए दस्तावेज सत्यापन कराने वाले छात्रों और पूर्व छात्रों के लिए यह राशि काफी अधिक है। ABVP के रायपुर महानगर मंत्री सुजल गुप्ता ने कहा कि एक ओर शिक्षा को सुलभ और किफायती बनाने की बात की जाती है, वहीं दूसरी ओर लगातार फीस बढ़ाकर छात्रों पर आर्थिक दबाव डाला जा रहा है। उन्होंने विश्वविद्यालय के हर वर्ष 5 प्रतिशत शुल्क वृद्धि के प्रस्ताव पर भी आपत्ति जताई। संगठन ने विश्वविद्यालय प्रशासन से परीक्षा शुल्क में की गई बढ़ोतरी वापस लेने, वार्षिक 5 प्रतिशत फीस वृद्धि के निर्णय को रद्द करने और वेरिफिकेशन शुल्क में कमी करने की मांग की है। ABVP ने चेतावनी दी है कि यदि छात्रों की मांगों पर विचार नहीं किया गया तो व्यापक छात्र आंदोलन शुरू किया जाएगा।

PTRSU में परीक्षा शुल्क में भारी बढ़ोतरी, ABVP ने जताया विरोध, आंदोलन की दी चेतावनी Read Post »

Education, Raipur, State, Top News

टीआई चंद्रकांत साहू मामले की जांच के लिए तीन डीएसपी की कमेटी गठित

धमतरी। पुलिस और एक युवक के बीच हुए विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामले की जांच के लिए पुलिस विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। धमतरी एसपी सूरज सिंह परिहार ने पूरे मामले की जांच के लिए तीन डीएसपी की कमेटी गठित की है। मामला 5 जून की रात अर्जुनी थाना क्षेत्र के मुजगहन के पास का बताया जा रहा है, जहां टीआई चंद्रकांत साहू और उनके स्टाफ का एक युवक से विवाद हुआ था। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठे। जांच के लिए गठित कमेटी में डीएसपी मोनिका मरावी को टीम लीडर बनाया गया है, जबकि डीएसपी भानु प्रताप चंद्राकर और डीएसपी यशकरण ध्रुव भी शामिल हैं। यह टीम सभी पक्षों के बयान दर्ज कर तथ्यों के आधार पर रिपोर्ट तैयार करेगी। पुलिस का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

टीआई चंद्रकांत साहू मामले की जांच के लिए तीन डीएसपी की कमेटी गठित Read Post »

GOVERNMENT, State, Top News

हार्ट अटैक से युवा लोक कलाकार का निधन, कला जगत में शोक की लहर

बालोद। जिले के युवा लोक कलाकार राजू उर्फ प्रेम साहू का अचानक हार्ट अटैक आने से निधन हो गया। उनकी असामयिक मौत से कला जगत और उनके शुभचिंतकों में शोक की लहर है। जानकारी के अनुसार, प्रेम साहू मूल रूप से सिकोसा क्षेत्र के ग्राम कोड़ेवा के निवासी थे। शुक्रवार को वे किसी निजी काम से कांकेर गए थे। वापस लौटते समय गुरुर में अचानक उनके सीने में तेज दर्द उठा और वे बेहोश होकर गिर पड़े। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुरुर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रेम साहू ‘रंग मया परिवार लोक संस्कृति रिकॉर्ड डांस’ के माध्यम से छत्तीसगढ़ी लोककला और संस्कृति के प्रचार-प्रसार में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे। उनके निधन से क्षेत्र के कलाकारों और सांस्कृतिक जगत को बड़ी क्षति पहुंची है।

हार्ट अटैक से युवा लोक कलाकार का निधन, कला जगत में शोक की लहर Read Post »

Accident, Top News

79वीं सीनियर नेशनल स्विमिंग चैंपियनशिप के लिए छत्तीसगढ़ टीम घोषित, स्टेट लेवल टाइम ट्रायल में 12 तैराक चयनित

छत्तीसगढ़ स्विमिंग एसोसिएशन द्वारा मंगलवार को रायपुर स्थित इंटरनेशनल स्विमिंग पूल में सीनियर पुरुष एवं महिला वर्ग की स्टेट लेवल स्विमिंग टाइम ट्रायल प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों और संबद्ध इकाइयों के प्रतिभाशाली तैराकों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। टाइम ट्रायल के दौरान खिलाड़ियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन चयन समिति द्वारा किया गया, जिसके आधार पर आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए छत्तीसगढ़ टीम का चयन किया गया। एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. मनीष शुक्ला ने बताया कि ट्रायल के बाद 16 से 21 जून 2026 तक अहमदाबाद, गुजरात में आयोजित होने वाली 79वीं सीनियर नेशनल स्विमिंग चैंपियनशिप के लिए राज्य की पुरुष एवं महिला टीम की घोषणा कर दी गई है। चयन प्रक्रिया चयन समिति के सदस्य हेमंत सिंह परिहार, अशोक सक्सेना, नरसिंह पारिकर, डॉ. मनीष शुक्ला, गोपी सुभाष संतोष और कुमार पाल की उपस्थिति में संपन्न हुई। एसोसिएशन के पदाधिकारियों और चयन समिति के सदस्यों ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके बेहतर प्रदर्शन की कामना की।

79वीं सीनियर नेशनल स्विमिंग चैंपियनशिप के लिए छत्तीसगढ़ टीम घोषित, स्टेट लेवल टाइम ट्रायल में 12 तैराक चयनित Read Post »

national, Sports, State, Top News

16 जून से खुलेंगे स्कूल, निजी संस्थानों को अब तक नहीं मिली पाठ्यपुस्तकें; शिक्षा सचिव से शेड्यूल जारी करने की मांग

गर्मी की छुट्टियों के बाद प्रदेशभर के स्कूल 16 जून से दोबारा शुरू होने जा रहे हैं, लेकिन निजी स्कूलों में पाठ्यपुस्तकों की उपलब्धता को लेकर चिंता बनी हुई है। इस मुद्दे को लेकर छत्तीसगढ़ प्राइवेट स्कूल मैनेजमेंट एसोसिएशन ने स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव को पत्र भेजकर जल्द किताबें उपलब्ध कराने की मांग की है। एसोसिएशन के अनुसार, पाठ्यपुस्तक निगम द्वारा सरकारी स्कूलों में पुस्तकों की आपूर्ति शुरू कर दी गई है, जबकि निजी स्कूलों के लिए अब तक वितरण संबंधी कोई स्पष्ट कार्यक्रम जारी नहीं किया गया है। ऐसे में नए शैक्षणिक सत्र के आरंभ से पहले छात्रों तक किताबें पहुंचाना कठिन हो सकता है। संघ का कहना है कि यदि समय रहते वितरण प्रक्रिया शुरू नहीं हुई तो विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो सकती है। साथ ही स्कूल खुलने से पहले सभी छात्रों तक पुस्तकें पहुंचाना भी एक बड़ी चुनौती साबित होगा। एसोसिएशन ने शिक्षा सचिव से आग्रह किया है कि निजी स्कूलों के लिए जल्द से जल्द पुस्तक वितरण का शेड्यूल जारी किया जाए और आवश्यक पाठ्यपुस्तकों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि 16 जून से शुरू होने वाले नए सत्र में छात्रों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

16 जून से खुलेंगे स्कूल, निजी संस्थानों को अब तक नहीं मिली पाठ्यपुस्तकें; शिक्षा सचिव से शेड्यूल जारी करने की मांग Read Post »

GOVERNMENT, State, Top News

UP में गांजा तस्करों की तलाश में गई रायपुर पुलिस पर हमला, ग्रामीणों ने चोर समझकर की पिटाई

उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में गांजा तस्करी के आरोपियों की तलाश में पहुंची रायपुर पुलिस की टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। सादे कपड़ों में कार्रवाई कर रही टीम को ग्रामीणों ने चोर समझ लिया और मारपीट शुरू कर दी। घटना में एक पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि अन्य जवानों ने किसी तरह खुद को सुरक्षित बचाया। जानकारी के अनुसार रायपुर के गंज थाना क्षेत्र की पुलिस टीम गांजा तस्करी के एक मामले में आरोपियों की तलाश करते हुए कौशांबी जिले के ईचौली गांव पहुंची थी। टीम स्थानीय पुलिस की मदद से आकाश, शिवम और एक अन्य आरोपी की तलाश कर रही थी। बताया जा रहा है कि पुलिस ने पहले एक आरोपी आकाश को हिरासत में ले लिया था। इसके बाद जब टीम दूसरे आरोपी शिवम को पकड़ने उसके घर पहुंची, तो उसने खुद को बचाने के लिए जोर-जोर से “चोर-चोर” चिल्लाना शुरू कर दिया। आरोपी के शोर मचाते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में होने के कारण ग्रामीण उन्हें पहचान नहीं सके और उन्हें चोर समझ बैठे। देखते ही देखते भीड़ ने पुलिस टीम को घेर लिया और धक्का-मुक्की के साथ मारपीट शुरू कर दी। हमले में पुलिसकर्मी जगदेव प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर और हाथ में चोटें आई हैं। वहीं अन्य पुलिसकर्मी किसी तरह वहां से निकलकर सुरक्षित स्थान तक पहुंचने में सफल रहे। घटना की सूचना मिलने के बाद कोखराज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। घायल पुलिसकर्मी को तत्काल जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। कौशांबी की अपर पुलिस अधीक्षक अमिता सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि रायपुर पुलिस ने स्थानीय पुलिस की सहायता से एक आरोपी को पकड़ा था। हालांकि दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के दौरान स्थानीय पुलिस को पूरी जानकारी दिए बिना कार्रवाई किए जाने के कारण भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो गई। पुलिस ने मामले में अब तक पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। साथ ही हमले में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है। पूरे मामले की जांच जारी है।

UP में गांजा तस्करों की तलाश में गई रायपुर पुलिस पर हमला, ग्रामीणों ने चोर समझकर की पिटाई Read Post »

Accident, Crime, State, Top News, uttar pradesh

रायपुर में मृत घोषित युवक में दिखी हरकत, अंतिम संस्कार से पहले अस्पताल लौटाया गया, इलाज के दौरान मौत

रायपुर के एक निजी अस्पताल से जुड़ा एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। अस्पताल द्वारा मृत घोषित किए गए एक युवक के शरीर में अंतिम संस्कार से पहले हलचल दिखाई देने लगी। इसके बाद परिजन उसे दोबारा अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जानकारी के अनुसार, भिलाई के पुरानी भिलाई क्षेत्र स्थित देव बलोदा निवासी रामअवतार रात्रे 3 जून को अपने घर के बाथरूम में गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। परिजन उन्हें उपचार के लिए रायपुर के लोधी पारा चौक स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि जांच के बाद डॉक्टरों ने बताया कि रामअवतार की पसलियों में गंभीर चोट है और उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। कुछ समय तक इलाज चलने के बाद अस्पताल ने उन्हें मृत घोषित कर दिया और शव परिजनों को सौंप दिया। मौत की सूचना मिलने के बाद परिवार अंतिम संस्कार की तैयारी में जुट गया। घर पर अर्थी सजाई गई, रिश्तेदारों को सूचना दी गई और अन्य व्यवस्थाएं भी पूरी कर ली गईं। इसी दौरान जब शव को एम्बुलेंस से घर ले जाया जा रहा था, तब परिजनों ने युवक के शरीर में हरकत महसूस की। रिश्तेदारों का दावा है कि रामअवतार के हाथ-पैर हिलने लगे थे, जिससे सभी हैरान रह गए। इसके बाद अंतिम संस्कार की प्रक्रिया तत्काल रोक दी गई और युवक को तुरंत रायपुर के मेकाहारा अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे भर्ती कर उपचार शुरू किया गया। हालांकि, डॉक्टरों के प्रयासों के बावजूद उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद परिजनों ने निजी अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें युवक के शरीर में हलचल दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से साझा किया जा रहा है और लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। परिवार का कहना है कि यदि युवक के शरीर में हरकत हो रही थी, तो उसे मृत घोषित कैसे किया गया। परिजनों ने जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल अस्पताल प्रबंधन की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मरीज को मृत घोषित करने से पहले सभी आवश्यक चिकित्सीय प्रक्रियाओं और जांचों का पालन किया गया था या नहीं। मामले को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं और जांच की मांग तेज हो गई है।

रायपुर में मृत घोषित युवक में दिखी हरकत, अंतिम संस्कार से पहले अस्पताल लौटाया गया, इलाज के दौरान मौत Read Post »

Bhilai / Durg, Crime, State, Top News
Scroll to Top