Top News

बिलाईगढ़ पुलिस ने जम्मू-कश्मीर से 2 नाबालिग बालिकाओं को किया बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार

बिलाईगढ़ पुलिस ने अलग-अलग मामलों में घर से लापता हुई दो नाबालिग बालिकाओं को जम्मू-कश्मीर से बरामद कर उनके परिजनों के सुपुर्द किया है। पुलिस ने दोनों मामलों में बालिकाओं को बहला-फुसलाकर ले जाने और उनके साथ दुष्कर्म के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक, पहला मामला 20 जनवरी 2026 का है। नाबालिग की मां ने बिलाईगढ़ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी बेटी घर से बिना बताए कहीं चली गई है और आशंका है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। दूसरे मामले में 23 मार्च 2026 को एक नाबालिग के पिता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी रात में घर से बिना बताए लापता हो गई है और किसी व्यक्ति द्वारा उसे बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका है। दोनों मामलों में अलग-अलग अपराध दर्ज कर पुलिस ने तलाश शुरू की। जांच के दौरान तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर की सूचना से पुलिस को दोनों बालिकाओं के जम्मू-कश्मीर में होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस अधीक्षक सारंगढ़ के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर दोनों को बरामद करने के लिए रवाना किया गया। पुलिस टीम ने पहली नाबालिग को जम्मू जिले के नागमणि क्षेत्र से आरोपी रोशन बंजारे के कब्जे से बरामद किया। वहीं दूसरी नाबालिग को जम्मू-कश्मीर के बड़गांव जिले के ओमपुरा क्षेत्र से आरोपी शिवा पटेल के कब्जे से बरामद किया गया। बिलाईगढ़ लाकर पूछताछ के दौरान दोनों बालिकाओं ने आरोपियों द्वारा बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने और मंदिर में शादी करने के बाद दुष्कर्म किए जाने की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। बरामद दोनों नाबालिग बालिकाओं को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। आरोपी

बिलाईगढ़ पुलिस ने जम्मू-कश्मीर से 2 नाबालिग बालिकाओं को किया बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार Read Post »

Chhattisgarh, Crime, Police Action, State, Top News

साइबर ठगी से बचाव के लिए रायपुर में पुलिस की अहम बैठक, व्यापारिक और सामाजिक संगठनों से जागरूकता अभियान में जुड़ने की अपील

रायपुर कमिश्नरेट पुलिस द्वारा बढ़ते साइबर अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे “साइबर जागृति अभियान” के तहत शहर के विभिन्न व्यापारिक, औद्योगिक, सामाजिक और परिवहन संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। छत्तीसगढ़ पुलिस का यह प्रदेशव्यापी अभियान 15 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 तक चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य लोगों को साइबर ठगी के नए तरीकों की जानकारी देने के साथ-साथ ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव और घटना होने पर तुरंत उठाए जाने वाले कदमों के प्रति जागरूक करना है। रायपुर के सिविल लाइन स्थित सी/04 भवन के सभाकक्ष में आयोजित बैठक की अध्यक्षता पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने की। उन्होंने उपस्थित संगठनों के पदाधिकारियों को मौजूदा समय में सामने आ रहे साइबर अपराधों और ठगी के तरीकों के बारे में जानकारी दी। बैठक में डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन निवेश के नाम पर ठगी, फर्जी कस्टमर केयर, ओटीपी और बैंकिंग फ्रॉड, फर्जी लिंक, सोशल मीडिया के जरिए धोखाधड़ी, यूपीआई फ्रॉड तथा पुलिस या सरकारी अधिकारी बनकर की जाने वाली ठगी जैसे मामलों पर विशेष रूप से चर्चा की गई। पुलिस कमिश्नर ने लोगों से अपील की कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, यूपीआई पिन, बैंक खाते की जानकारी, एटीएम या डेबिट कार्ड की डिटेल, पासवर्ड और अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। इसके साथ ही अनजान लिंक पर क्लिक करने और सोशल मीडिया पर निजी जानकारी सार्वजनिक करने से भी बचने की सलाह दी गई। उन्होंने व्यापारिक और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों से अपने संस्थानों, कर्मचारियों, सदस्यों और आम नागरिकों तक साइबर सुरक्षा से जुड़ी जरूरी जानकारी पहुंचाने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की। संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी अभियान में सक्रिय भागीदारी का भरोसा दिलाया। बैठक में कैट एवं रायपुर ऑटो डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अमर परवानी, चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष सतीश थोरानी, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष दिनेश देवांगन, सर्राफा एसोसिएशन के अध्यक्ष हरम भगतानी, जवाहर बाजार व्यापारी संघ के अध्यक्ष सुभाष बजाज, क्रेडाई के अध्यक्ष मृणाल गोलछा, पंडरी कपड़ा मार्केट व्यवसायी संघ के अध्यक्ष सरल मोदी, उरला इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के प्रतिनिधि तरल मोदी और अश्विन गर्ग, बस ओनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल पुसदकर तथा आईएमए के अध्यक्ष कुलदीप सोलंकी सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में पुलिस उपायुक्त (यातायात एवं प्रोटोकॉल) डॉ. अर्चना झा, सहायक पुलिस आयुक्त श्रीमती स्नेहिल साहू, श्री सतीश ठाकुर सहित अन्य पुलिस अधिकारी भी उपस्थित रहे। कमिश्नरेट पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे खुद साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहें और अपने परिवार, दोस्तों, सहकर्मियों तथा परिचितों को भी जागरूक करें। पुलिस के मुताबिक, साइबर ठगी से बचने के लिए सतर्कता और जागरूकता सबसे बड़ा सुरक्षा कवच है।

साइबर ठगी से बचाव के लिए रायपुर में पुलिस की अहम बैठक, व्यापारिक और सामाजिक संगठनों से जागरूकता अभियान में जुड़ने की अपील Read Post »

GOVERNMENT, Raipur, State, Top News

बिलासपुर रेलवे जोन के पानी पर CAG की रिपोर्ट में सवाल, 16 जोन में सबसे ज्यादा कमी स्कोर

बिलासपुर जोन यानी दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) के कई स्टेशनों पर यात्रियों को मिलने वाले पेयजल की गुणवत्ता को लेकर CAG की रिपोर्ट में गंभीर कमियां सामने आई हैं। नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक ने देश के 16 रेलवे जोन के 512 चयनित स्टेशनों पर पेयजल और न्यूनतम यात्री सुविधाओं का आकलन किया। रिपोर्ट के मुताबिक, कई स्टेशनों के पानी के नमूनों में E. coli और Total Coliform बैक्टीरिया पाए गए। E. coli की मौजूदगी पानी के मल या सीवेज से दूषित होने का संकेत मानी जाती है। कुछ स्थानों पर पानी में क्लोरीन का स्तर भी निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं मिला। CAG ने पेयजल व्यवस्था में सामने आई कमियों के आधार पर रेलवे जोन का Deficiency Score तैयार किया। इस स्कोर में संख्या जितनी कम होती है, व्यवस्था उतनी बेहतर मानी जाती है। पेयजल से जुड़े मानकों में SECR का कमी स्कोर 93.35 रहा, जो 16 रेलवे जोन में सबसे ज्यादा है। इसके मुकाबले दक्षिण मध्य रेलवे का कमी स्कोर 17.53 रहा, जो सबसे कम था। इस आधार पर पेयजल व्यवस्था के मामले में दक्षिण मध्य रेलवे का प्रदर्शन बेहतर पाया गया। न्यूनतम यात्री सुविधाओं में भी SECR की स्थिति कमजोर CAG की जांच में पेयजल के अलावा यात्रियों के लिए उपलब्ध अन्य जरूरी सुविधाओं का भी आकलन किया गया। इनमें टॉयलेट, बैठने की व्यवस्था, प्लेटफॉर्म पर शेड और अन्य बुनियादी सुविधाएं शामिल थीं। रिपोर्ट के मुताबिक, SECR की सामान्य यात्री सुविधाओं में भी कई कमियां सामने आईं। हालांकि, दिव्यांग यात्रियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं के मामले में SECR का प्रदर्शन बेहतर रहा। इस श्रेणी में जोन ने देश में दूसरा स्थान हासिल किया और इसका Deficiency Score 20.97 रहा। 512 स्टेशनों पर हुआ आकलन CAG ने देश के 16 रेलवे जोन के 512 चयनित स्टेशनों पर यात्रियों को मिलने वाली पेयजल और न्यूनतम यात्री सुविधाओं की स्थिति की जांच की। तय मानकों और वास्तविक स्थिति के बीच अंतर के आधार पर अलग-अलग जोन का कमी स्कोर तैयार किया गया। रेलवे ने सुधार की योजना बताई CAG की रिपोर्ट सामने आने के बाद रेलवे की ओर से पेयजल व्यवस्था में सुधार की बात कही गई है। बिलासपुर जोन के स्टेशनों पर बेहतर पानी उपलब्ध कराने के लिए वाटर कूलर और Tank-to-Tap Water Filtration System लगाने की योजना पर काम किया जा रहा है। इसके साथ ही पानी की टंकियों की नियमित सफाई, रखरखाव और पानी की गुणवत्ता की समय-समय पर जांच करने की व्यवस्था मजबूत करने की बात कही गई है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यात्रियों को बेहतर और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक सुधार किए जाएंगे।

बिलासपुर रेलवे जोन के पानी पर CAG की रिपोर्ट में सवाल, 16 जोन में सबसे ज्यादा कमी स्कोर Read Post »

Bilaspur, Indian Railways, State, Top News

छत्तीसगढ़ में अगले 48 घंटे भारी बारिश का अलर्ट, उत्तर-मध्य हिस्सों में तेज बारिश के आसार

रायपुर, 14 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने जा रहा है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर अति भारी बारिश हो सकती है, जबकि एक-दो जगहों पर बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम का यह असर अगले करीब तीन दिनों तक बना रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिम बंगाल के तटीय क्षेत्र और उससे लगे बांग्लादेश के ऊपर बना निम्न दबाव का क्षेत्र अब डिप्रेशन में बदल गया है। यह सिस्टम पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है और अगले 24 घंटे में गंगीय पश्चिम बंगाल तथा झारखंड की ओर बढ़ने की संभावना है। इसी मौसम प्रणाली के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी। 2 से 4 डिग्री तक गिर सकता है तापमान बारिश के साथ प्रदेश के तापमान में भी गिरावट देखने को मिल सकती है। अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में करीब 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक कमी आने का अनुमान है। इसके बाद तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना कम है। पिछले 24 घंटे में दुर्ग सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पेंड्रा रोड में सबसे कम न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस रहा। रायपुर में बादल और गरज-चमक के साथ बारिश राजधानी रायपुर में 14 अगस्त को पूरे दिन बादल छाए रहने की संभावना है। इस दौरान कुछ जगहों पर बारिश के साथ गरज-चमक और बौछारें पड़ सकती हैं। रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। क्या होता है शियर जोन? शियर जोन वायुमंडल का वह क्षेत्र है जहां अलग-अलग ऊंचाई पर हवाओं की दिशा या गति में अंतर होता है। नीचे चल रही हवा की दिशा और ऊंचाई पर मौजूद हवा की दिशा या रफ्तार अलग हो सकती है। इस अंतर के कारण वातावरण में अस्थिरता बढ़ती है, जिससे बादल बनने और बारिश की गतिविधियों में तेजी आ सकती है। छत्तीसगढ़ में अब तक सामान्य से 9% कम बारिश प्रदेश में 1 जून से 13 अगस्त तक कुल 668.8 मिमी बारिश दर्ज की गई है। इस अवधि में सामान्य बारिश का आंकड़ा 734.4 मिमी है। यानी अब तक प्रदेश में सामान्य से 65.6 मिमी कम बारिश हुई है। हालांकि कुल मिलाकर बारिश सामान्य श्रेणी में बनी हुई है। नारायणपुर में सबसे ज्यादा बारिश जिलेवार आंकड़ों में नारायणपुर सबसे आगे है। यहां अब तक 1043.9 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य से 34 प्रतिशत अधिक है। इसके अलावा सारंगढ़-बिलाईगढ़ में 948.2 मिमी, बीजापुर में 870.6 मिमी, जांजगीर में 857.3 मिमी और महासमुंद में 835.6 मिमी बारिश दर्ज हुई है। सारंगढ़-बिलाईगढ़ में सामान्य से 59% ज्यादा बारिश सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में सामान्य 598.2 मिमी के मुकाबले अब तक 948.2 मिमी बारिश हुई है। यानी यहां सामान्य से 59 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई है। इसके बाद नारायणपुर में 34%, मुंगेली में 32%, बलौदाबाजार में 28%, महासमुंद में 26% और जांजगीर में 24% अधिक बारिश हुई है। सरगुजा में बारिश की सबसे ज्यादा कमी वहीं सरगुजा में सामान्य के मुकाबले बारिश की सबसे बड़ी कमी दर्ज की गई है। यहां सामान्य 773.2 मिमी के मुकाबले सिर्फ 379.6 मिमी बारिश हुई है, यानी 51 प्रतिशत कम। जशपुर में 45%, बेमेतरा में 40%, कांकेर में 35%, सूरजपुर में 22% तथा बस्तर और कबीरधाम में 21-21% बारिश कम हुई है। रायपुर में सामान्य से 13% ज्यादा बारिश राजधानी रायपुर में 13 अगस्त तक 727.8 मिमी बारिश दर्ज की गई है। सामान्य आंकड़ा 641.9 मिमी है। इस तरह रायपुर में अब तक 85.9 मिमी यानी 13 प्रतिशत ज्यादा बारिश हुई है। प्रदेश के 33 जिलों में 20 जिले सामान्य बारिश की स्थिति में हैं, जबकि 6 जिलों में सामान्य से अधिक और 7 जिलों में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है।

छत्तीसगढ़ में अगले 48 घंटे भारी बारिश का अलर्ट, उत्तर-मध्य हिस्सों में तेज बारिश के आसार Read Post »

Raipur, State, Top News, weather

रायपुर कमिश्नरेट में स्मार्ट पुलिसिंग की नई पहल, 21 थानों में शुरू हुआ e-मालखाना 2.0

रायपुर, 13 अगस्त 2026। रायपुर कमिश्नरेट ने पुलिसिंग को तकनीक से जोड़ते हुए मालखाना प्रबंधन में एक बड़ा डिजिटल बदलाव किया है। कमिश्नरेट के सभी 21 थानों में अब e-मालखाना 2.0 व्यवस्था लागू हो गई है। गुरुवार को एक साथ 10 नए थानों में इस प्रणाली की शुरुआत की गई, जिसके बाद 100 प्रतिशत थाने डिजिटल मालखाना प्रणाली से जुड़ गए हैं। पुलिस आयुक्त संजीव शुक्ला के मार्गदर्शन और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित कांबले के निर्देशन में शुरू की गई इस व्यवस्था को रायपुर पश्चिम पुलिस उपायुक्त रॉबिंसन गुड़िया ने विकसित किया है। इसका उद्देश्य मालखाने में रखी जब्त संपत्तियों और केस प्रॉपर्टी के रिकॉर्ड को व्यवस्थित, सुरक्षित और पारदर्शी बनाना है। पश्चिम जोन के विभिन्न थानों में e-मालखाना 2.0 का शुभारंभ किया गया। थाना टिकरापारा और न्यू राजेंद्र नगर में पुलिस आयुक्त संजीव शुक्ला ने प्रणाली का उद्घाटन किया। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित कांबले, पुलिस उपायुक्त पश्चिम रॉबिंसन गुड़िया, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त पश्चिम राहुल देव शर्मा सहित संबंधित अधिकारी और थाना प्रभारी मौजूद रहे। थाना खमतराई में e-मालखाना 2.0 की शुरुआत अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित कांबले ने की। इस अवसर पर पुलिस उपायुक्त उत्तर दीपमाला कश्यप, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त उत्तर आदित्य पाण्डेय और पुलिस स्टाफ उपस्थित रहा। बारकोड से होगी केस प्रॉपर्टी की डिजिटल ट्रैकिंग e-मालखाना 2.0 की प्रमुख विशेषता बारकोड आधारित डिजिटल ट्रैकिंग सिस्टम है। मालखाने में जमा होने वाली प्रत्येक जब्त वस्तु और केस प्रॉपर्टी को एक यूनिक बारकोड दिया जाएगा। बारकोड स्कैन करने पर संबंधित प्रकरण, जब्ती का विवरण, जमा करने की तारीख और वस्तु की वर्तमान स्थिति जैसी जानकारी तुरंत देखी जा सकेगी। इस व्यवस्था से मालखाने में रखी सामग्री को ढूंढने, उसकी निगरानी करने और रिकॉर्ड को अपडेट रखने में आसानी होगी। साथ ही मैनुअल रिकॉर्ड पर निर्भरता कम होने से व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ने की उम्मीद है। पुलिस विभाग के अनुसार, डिजिटल तकनीक के इस्तेमाल से मालखाना प्रबंधन अधिक तेज, व्यवस्थित और सुरक्षित बनाया जा सकेगा। यह पहल रायपुर कमिश्नरेट में स्मार्ट पुलिसिंग और डिजिटल प्रशासन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। इन 10 थानों में शुरू हुआ नया e-मालखाना 13 अगस्त को टिकरापारा, न्यू राजेंद्र नगर, मुजगहन, पुरानी बस्ती, डीडी नगर, आमानाका, आजाद चौक, सरस्वती नगर और खमतराई समेत पश्चिम जोन के 10 थानों में e-मालखाना 2.0 की शुरुआत की गई।

रायपुर कमिश्नरेट में स्मार्ट पुलिसिंग की नई पहल, 21 थानों में शुरू हुआ e-मालखाना 2.0 Read Post »

GOVERNMENT, Police, Raipur, State, Top News

विश्व आदिवासी दिवस पर कांग्रेस का सरकार के खिलाफ मोर्चा, 15 जिलों में आज प्रेस कॉन्फ्रेंस

विश्व आदिवासी दिवस को लेकर छत्तीसगढ़ में सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस ने भाजपा और राज्य सरकार पर आदिवासी समाज की उपेक्षा और विश्व आदिवासी दिवस का सम्मान नहीं करने का आरोप लगाया है। कांग्रेस आज यानी 11 अगस्त को प्रदेश के 15 जिलों में एक साथ जिला स्तरीय प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगी। इन पत्रकारवार्ताओं में कांग्रेस नेता आदिवासी समाज से जुड़े मुद्दों को उठाते हुए सरकार पर निशाना साधेंगे। कांग्रेस प्रदेश कमेटी ने सभी जिला और शहर कांग्रेस अध्यक्षों को प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। सरगुजा, सूरजपुर, बलरामपुर, जशपुर, कोरबा, बस्तर, बीजापुर, कांकेर, कोंडागांव, दंतेवाड़ा, सुकमा समेत 15 जिलों में अलग-अलग नेताओं को जिम्मेदारी दी गई है। कांग्रेस का आरोप है कि 9 अगस्त को विश्व आदिवासी दिवस के मौके पर भाजपा और सरकार की ओर से आदिवासी समाज को बधाई तक नहीं दी गई। इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस अब जिला स्तर पर सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराने की तैयारी में है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज भी भाजपा पर आदिवासी संस्कृति और पहचान को कमजोर करने का आरोप लगा चुके हैं। कांग्रेस ने संबंधित जिला अध्यक्षों को प्रेस कॉन्फ्रेंस की रिपोर्ट प्रदेश कांग्रेस कमेटी को भेजने के निर्देश दिए हैं।

विश्व आदिवासी दिवस पर कांग्रेस का सरकार के खिलाफ मोर्चा, 15 जिलों में आज प्रेस कॉन्फ्रेंस Read Post »

Raipur, State, Top News

रायपुर में ऑटो-ई रिक्शा का QR कोड बना सुरक्षा का सहारा, एक महीने में 50 हजार बार स्कैन

रायपुर। शहर में ऑटो और ई-रिक्शा से सफर करने वाले यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को बेहतर बनाने के लिए रायपुर यातायात पुलिस की QR कोड व्यवस्था के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। पुलिस के मुताबिक पिछले करीब एक महीने में यात्रियों ने लगभग 50 हजार बार ऑटो और ई-रिक्शा में लगे QR कोड को स्कैन किया है। रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के मार्गदर्शन में शुरू की गई इस पहल के तहत अब तक 14 हजार से अधिक ऑटो और ई-रिक्शा का पंजीयन कर उनमें QR कोड लगाए जा चुके हैं। QR कोड स्कैन करने पर यात्रियों को संबंधित वाहन और चालक की आवश्यक जानकारी मिल जाती है, जिससे सफर को अधिक सुरक्षित और पारदर्शी बनाने में मदद मिल रही है। भूला सामान वापस दिलाने में भी मदद यात्रा के दौरान अगर कोई यात्री अपना सामान ऑटो या ई-रिक्शा में भूल जाता है, तो QR कोड के जरिए वाहन की जानकारी प्राप्त कर चालक से संपर्क करना आसान हो जाता है। पुलिस का कहना है कि इससे कई यात्रियों को उनका सामान जल्द वापस दिलाने में सहायता मिली है। QR कोड व्यवस्था लागू होने के बाद ITMS कंट्रोल रूम और यातायात थानों में वाहनों में सामान छूटने से जुड़ी शिकायतों में भी उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है। इससे पुलिस को शिकायतों पर तेजी से कार्रवाई करने में मदद मिल रही है। सफर से पहले QR कोड स्कैन करने की अपील यातायात पुलिस ने शहरवासियों से अपील की है कि ऑटो या ई-रिक्शा में बैठने से पहले वाहन में लगे QR कोड को जरूर स्कैन करें। पुलिस के अनुसार यह व्यवस्था यात्रियों की सुरक्षा बढ़ाने के साथ-साथ किसी आकस्मिक स्थिति, सामान छूटने या शिकायत की स्थिति में त्वरित सहायता पाने का प्रभावी माध्यम है। यातायात पुलिस ने कहा कि सुरक्षित, पारदर्शी और स्मार्ट यातायात व्यवस्था के लिए ऐसी जनहितकारी पहलों को लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है।

रायपुर में ऑटो-ई रिक्शा का QR कोड बना सुरक्षा का सहारा, एक महीने में 50 हजार बार स्कैन Read Post »

GOVERNMENT, Raipur, State, Top News

रायपुर के अजोरा क्लब पर गंभीर आरोप, रात 2 बजे तक संचालन और वेप-हुक्का परोसने के दावे; जांच की मांग

रायपुर में अजोरा क्लब की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठने लगे हैं। आरोप लगाया जा रहा है कि क्लब निर्धारित समय सीमा के बाद भी देर रात तक संचालित होता है। साथ ही क्लब के अंदर कथित रूप से वेप और हुक्का उपलब्ध कराए जाने का वीडियो होने का दावा किया जा रहा है। आरोपों के मुताबिक, क्लब रात 12 बजे की तय समय सीमा के बाद भी करीब रात 2 बजे तक खुला रहता है। वहीं, एक कथित वीडियो में क्लब के अंदर देर रात तक गतिविधियां और वेप-हुक्का इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आने का दावा किया जा रहा है। यदि वीडियो और लगाए गए आरोप जांच में सही पाए जाते हैं, तो यह नियमों के उल्लंघन का मामला बन सकता है। इसको लेकर सवाल उठ रहे हैं कि आखिर देर रात तक क्लब संचालन कैसे जारी रहा और नियमों का पालन क्यों नहीं कराया गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस और जिला प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। लोगों का कहना है कि क्लब के सीसीटीवी फुटेज, एंट्री रजिस्टर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच कर वास्तविक स्थिति सामने लाई जानी चाहिए। नागरिकों का कहना है कि यदि किसी प्रतिष्ठान द्वारा समय सीमा या अन्य नियमों का उल्लंघन किया गया है, तो उसके खिलाफ बिना किसी भेदभाव के कार्रवाई होनी चाहिए। उनका कहना है कि कानून सभी के लिए समान है और नियमों का पालन हर संस्थान को करना चाहिए। फिलहाल इस मामले में प्रशासनिक जांच या आधिकारिक कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है।

रायपुर के अजोरा क्लब पर गंभीर आरोप, रात 2 बजे तक संचालन और वेप-हुक्का परोसने के दावे; जांच की मांग Read Post »

Raipur, State, Top News

रायपुर WRS कॉलोनी मर्डर केस: चरित्र पर शक में प्रेमी ने की युवती की हत्या, 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र में युवती की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में युवती के प्रेमी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने चरित्र पर संदेह के चलते वारदात को अंजाम दिया। जानकारी के अनुसार, 4 अगस्त 2026 को डब्ल्यूआरएस कॉलोनी स्थित सोलापुरी माता मंदिर के पीछे पानी भरे खेत में एक युवती का शव मिला था। सूचना मिलने के बाद खमतराई थाना पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल के निरीक्षण में युवती के गले पर चोट और दबाव के निशान मिले, जिसके बाद पुलिस ने हत्या की आशंका जताते हुए जांच आगे बढ़ाई। मृतका की पहचान नंदिनी जाल उर्फ नंदिनी जैन (19 वर्ष), निवासी सिया रेसीडेंसी, एमएमआई अस्पताल के पीछे रायपुर के रूप में हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आया कि युवती की हत्या गला दबाकर की गई थी। पुलिस के अनुसार आरोपी ने पहले दुपट्टे से उसका मुंह बंद किया और फिर उसी दुपट्टे से गला दबाकर उसकी जान ले ली। इसके बाद हत्या को पक्का करने के लिए उसका सिर पानी भरे खेत में डुबो दिया। मामले में खमतराई थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 751/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। इंस्टाग्राम से शुरू हुआ था रिश्ता जांच के दौरान मृतका के परिजनों और परिचितों से पूछताछ की गई। इसी दौरान युवती के प्रेमी करण तांडी पर संदेह जताया गया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि करीब चार साल पहले इंस्टाग्राम के जरिए उसकी नंदिनी से पहचान हुई थी, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई। दोनों कुछ समय तक साथ भी रहे थे। बाद में युवती के अलग रहने से आरोपी उसके चरित्र पर शक करने लगा और दोनों के बीच विवाद होने लगा। मुलाकात के बहाने बुलाकर की हत्या पुलिस के मुताबिक 3 अगस्त की शाम आरोपी और युवती की मुलाकात डब्ल्यूआरएस कॉलोनी स्थित सोलापुरी माता मंदिर क्षेत्र में हुई। इसके बाद आरोपी उसे पास के खेत की ओर ले गया। वहां दोनों के बीच विवाद हुआ और गुस्से में आकर आरोपी ने युवती की हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी करण तांडी (23 वर्ष), निवासी त्रिमूर्ति नगर, देवेंद्र नगर, रायपुर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

रायपुर WRS कॉलोनी मर्डर केस: चरित्र पर शक में प्रेमी ने की युवती की हत्या, 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार Read Post »

Crime, Raipur, State, Top News

अगरबत्ती मशीन विवाद: ठगी के आरोपों पर भारत ग्रुप का जवाब, कहा- 200 में सिर्फ 22 ग्राहकों ने की शिकायत

रायपुर के फाफाडीह स्थित वॉलफोर्ट ओजोन से संचालित भारत ग्रुप पर अगरबत्ती निर्माण मशीन बेचने के नाम पर लोगों से धोखाधड़ी करने के आरोप लगे हैं। छत्तीसगढ़ के कई जिलों से पहुंचे लोगों ने कंपनी पर रोजगार और बायबैक गारंटी का झांसा देकर लाखों रुपये लेने का आरोप लगाया है। मामले की शिकायत जनदर्शन और रायपुर पुलिस कमिश्नरेट में भी की गई है, हालांकि अब तक एफआईआर दर्ज नहीं हुई है। इन आरोपों के बीच कंपनी ने अपना पक्ष रखते हुए सभी दावों को खारिज किया है। कंपनी का कहना है कि करीब 200 लोगों ने उनकी मशीन खरीदी है, लेकिन केवल 22 ग्राहकों ने ही शिकायत दर्ज कराई है। कंपनी के अनुसार मशीन पूरी तरह सही तरीके से काम कर रही है और भुगतान अनुबंध में तय नियमों के अनुसार ही किया जा रहा है। भनपुरी स्थित कंपनी के गोदाम में कर्मचारियों ने बताया कि यहां अगरबत्तियों की पैकेजिंग और परिवहन का काम होता है, जबकि उत्पादन अलग-अलग जिलों में मशीन खरीदने वाले लोग करते हैं। गोदाम में बड़ी मात्रा में तैयार अगरबत्तियां भी मौजूद थीं। वहां काम कर रही महिलाओं ने मजदूरी या कार्य व्यवस्था को लेकर किसी तरह की शिकायत नहीं बताई। कंपनी की सर्विस मैनेजर निकिता शाह ने कहा कि यदि कंपनी धोखाधड़ी कर रही होती तो कार्यालय और गोदाम बंद कर दिए जाते, जबकि कंपनी अब भी पहले की तरह संचालन कर रही है और ग्राहक लगातार माल जमा कर भुगतान भी ले रहे हैं। भुगतान में देरी के आरोप पर कंपनी का कहना है कि कई बार ग्राहक अच्छी गुणवत्ता वाली अगरबत्तियों के साथ खराब माल भी मिला देते हैं। ऐसे में गुणवत्ता जांच के बाद केवल सही उत्पाद का भुगतान किया जाता है। यह पूरी प्रक्रिया अनुबंध में पहले से स्पष्ट रूप से लिखी गई है। मशीन खराब होने की शिकायतों पर कंपनी ने कहा कि मशीन की गुणवत्ता में कोई कमी नहीं है। कंपनी के अनुसार यदि मशीन को नियमित और सही तरीके से चलाया जाए तो वह बेहतर प्रदर्शन करती है, लेकिन कई लोग इसे अनियमित रूप से उपयोग करते हैं, जिससे तकनीकी समस्याएं आ सकती हैं। हर दिन 2 हजार रुपये कमाई के दावे पर कंपनी ने स्पष्ट किया कि यह आय पूरी तरह उत्पादन पर निर्भर है। यदि कोई व्यक्ति प्रतिदिन लगभग आठ घंटे मशीन चलाकर निर्धारित गुणवत्ता का उत्पादन करता है तो इतनी कमाई संभव है। तकनीशियन समय पर नहीं भेजने के आरोप पर कंपनी ने कहा कि उसके पास छह तकनीकी कर्मचारी हैं, जो अलग-अलग जिलों में मशीनों की सर्विस करते हैं। किसी स्थान पर काम पूरा होने के बाद ही वे दूसरे स्थान पर पहुंच पाते हैं, इसलिए शिकायतों के समाधान में एक-दो दिन का समय लग सकता है। फिलहाल पीड़ितों ने प्रशासन और पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच तथा कार्रवाई की मांग की है। दूसरी ओर कंपनी का कहना है कि वह सभी अनुबंधित शर्तों का पालन कर रही है और उस पर लगाए गए आरोप तथ्यहीन हैं।

अगरबत्ती मशीन विवाद: ठगी के आरोपों पर भारत ग्रुप का जवाब, कहा- 200 में सिर्फ 22 ग्राहकों ने की शिकायत Read Post »

Raipur, State, Top News
Scroll to Top