Crime

अफेयर के शक में युवक ने की वकील की हत्या, आंखों में मिर्च झोंक पत्थर से कुचला सिर

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक युवक की कथित तौर पर प्रेम संबंधों के शक में हत्या कर दी गई। आरोपी ने पहले युवक की आंखों में मिर्च पाउडर फेंका और फिर पत्थर से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। इलाज के लिए ले जाते समय उसकी मौत हो गई। घटना कोटा थाना क्षेत्र की है। मृतक की पहचान निखिल गोस्वामी (27) के रूप में हुई है। वह जिम संचालन के साथ-साथ एक बार में बाउंसर का काम भी करता था। पुलिस जांच में सामने आया है कि निखिल कानून की पढ़ाई कर चुका था और एक आपराधिक मामले में आरोपी भोला मानिकपुरी का पक्ष भी देख रहा था। जानकारी के अनुसार, इसी दौरान निखिल की पहचान भोला की पत्नी से हुई थी। आरोपी को संदेह था कि दोनों के बीच संबंध हैं। पुलिस के मुताबिक, इसी शक के चलते उसने वारदात की योजना बनाई। बताया जा रहा है कि गुरुवार रात निखिल अपने एक दोस्त के साथ बाहर निकला था। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे आरोपी ने उसकी आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया। इसके बाद पत्थर से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल निखिल को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उसकी हालत गंभीर होने पर बिलासपुर रेफर किया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे आपसी विवाद और संबंधों को लेकर संदेह की बात सामने आई है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

अफेयर के शक में युवक ने की वकील की हत्या, आंखों में मिर्च झोंक पत्थर से कुचला सिर Read Post »

Bilaspur, Crime

रायपुर में नशीली सिरप की तस्करी पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 249 शीशियों के साथ आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी क्रम में गुढ़ियारी थाना पुलिस ने प्रतिबंधित नशीली सिरप की तस्करी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से बड़ी मात्रा में कोडीन युक्त सिरप और एक मोबाइल फोन जब्त किया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर के निर्देशन में नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि झाबक पेट्रोल पंप के पास एक व्यक्ति प्रतिबंधित नशीली सिरप बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना मिलने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर गुढ़ियारी थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मुखबिर के बताए हुलिए के आधार पर संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम अनिल कुमार साहू (33 वर्ष), निवासी मंगलवाड़ा, चरौदा, जिला दुर्ग बताया। तलाशी के दौरान आरोपी के बैग से 249 शीशियां कोडीन युक्त प्रतिबंधित नशीली सिरप बरामद हुईं। जब पुलिस ने सिरप रखने और बिक्री से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे तो आरोपी कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से प्रतिबंधित सिरप और एक मोबाइल फोन सहित लगभग 1.40 लाख रुपये मूल्य की सामग्री जब्त कर ली। आरोपी के खिलाफ गुढ़ियारी थाना में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(सी) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

रायपुर में नशीली सिरप की तस्करी पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 249 शीशियों के साथ आरोपी गिरफ्तार Read Post »

Crime, Raipur, State, Top News

बेटी के साथ क्रूरता का वीडियो वायरल, आरोपी पिता गिरफ्तार कर भेजा गया जेल

एक मासूम बच्ची के साथ कथित तौर पर की गई क्रूरता का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना का वीडियो एक व्हाट्सएप ग्रुप पर सामने आया, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने वीडियो में दिखाई दे रहे व्यक्ति की पहचान मोनू उर्फ योगेन्द्र सिंह के रूप में की। साथ ही यह भी पुष्टि हुई कि वीडियो में नजर आ रही बच्ची उसकी बेटी है। वीडियो में दिखाई गई घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने इसे महत्वपूर्ण साक्ष्य माना और आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की विस्तृत जांच जारी है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। घटना के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और सोशल मीडिया पर लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। लोगों ने मासूम बच्ची के साथ हुई कथित बर्बरता की निंदा करते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

बेटी के साथ क्रूरता का वीडियो वायरल, आरोपी पिता गिरफ्तार कर भेजा गया जेल Read Post »

Crime, Top News

रायपुर जिला न्यायालय में खूनी हमला, सगे भाई ने भाई पर किया चाकू से वार

रायपुर। राजधानी रायपुर के जिला न्यायालय परिसर में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक ने अपने ही सगे भाई पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में घायल युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया, जिसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, दोनों भाई किसी मामले में पेशी के लिए जिला न्यायालय पहुंचे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और एक भाई ने दूसरे पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। घटना के बाद न्यायालय परिसर में मौजूद लोगों के बीच दहशत फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं घायल युवक का अस्पताल में उपचार जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

रायपुर जिला न्यायालय में खूनी हमला, सगे भाई ने भाई पर किया चाकू से वार Read Post »

Crime, GOVERNMENT, Raipur, State

भिलाई स्टील प्लांट से 1 करोड़ का लोहा चोरी, फ्लाई ऐश के नीचे छिपाकर बाहर निकालते थे स्क्रैप

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले स्थित भिलाई स्टील प्लांट (BSP) से करीब 250 टन लोहे की चोरी का मामला सामने आया है। जब्त किए गए लोहे की कीमत लगभग 1 करोड़ रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने हथखोज और अकलोरडीह इलाके के एक कबाड़ गोदाम में छापेमारी कर भारी मात्रा में संदिग्ध लोहा बरामद किया है। जानकारी के मुताबिक, प्लांट से निकलने वाले ट्रकों में ऊपर फ्लाई ऐश डाली जाती थी, जबकि उसके नीचे बड़ी मात्रा में लोहे की प्लेटें और स्क्रैप छिपाकर बाहर ले जाया जाता था। इस पूरे खेल की भनक लंबे समय तक किसी को नहीं लगी। भिलाई-3 थाना पुलिस को पिछले कुछ समय से लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि BSP से लोहे की चोरी कर बाहरी गोदामों में डंप किया जा रहा है। इसके बाद पुलिस ने संदिग्ध ट्रकों पर नजर रखना शुरू किया। 27 मई को पुलिस टीम ने कुछ हाईवा वाहनों का पीछा करते हुए हथखोज स्थित एक गोदाम तक पहुंचकर दबिश दी। छावनी CSP प्रशांत कुमार पैकरा और भिलाई-3 थाना पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों से जब्त लोहे के दस्तावेज मांगे, लेकिन कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इसके बाद पुलिस ने पूरे गोदाम और यार्ड की जांच की। जांच के दौरान गोदाम से करीब 250 टन से ज्यादा संदिग्ध लोहा बरामद हुआ। पुलिस को आशंका है कि यह सामग्री BSP की SMS-3 यूनिट से चोरी कर लाई गई थी। दो हाईवा वाहनों की जांच में भी ऊपर फ्लाई ऐश और नीचे भारी मात्रा में लोहा मिला। पुलिस के मुताबिक, जिस गोदाम में यह लोहा मिला है उसका संचालन मोहम्मद कलीम द्वारा किया जा रहा था। वहीं ट्रांसपोर्टर संजय सिंह की भूमिका की भी जांच की जा रही है। दोनों से पूछताछ की तैयारी चल रही है। घटना के बाद भिलाई स्टील प्लांट प्रबंधन ने भी मामले की आंतरिक जांच के लिए एक समिति गठित की है। पुलिस ने बरामद लोहे को बीएनएसएस की धारा 106 के तहत जब्त कर गोदाम को सील कर दिया है। भिलाई नगर CSP सत्य प्रकाश तिवारी ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि अकलोरडीह स्थित एके ट्रेडर्स यार्ड में BSP से चोरी किया गया लोहा जमा किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की और मौके से भारी मात्रा में लोहा बरामद किया। भिलाई स्टील प्लांट देश की सबसे बड़ी SAIL इकाइयों में शामिल है और इसकी सुरक्षा CISF के जिम्मे है। प्लांट परिसर में सैकड़ों CCTV कैमरे और करीब 700 जवान तैनात रहते हैं। ऐसे में इतने बड़े स्तर पर हुई चोरी को लेकर अंदरूनी मिलीभगत की आशंका भी जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस और BSP प्रबंधन पूरे नेटवर्क की जांच में जुटे हुए हैं।

भिलाई स्टील प्लांट से 1 करोड़ का लोहा चोरी, फ्लाई ऐश के नीचे छिपाकर बाहर निकालते थे स्क्रैप Read Post »

Bhilai / Durg, Crime

पिथौरा शराब दुकान में बड़ा खुलासा, शराब में पानी मिलाते 4 कर्मचारी गिरफ्तार

पिथौरा। महासमुंद जिले के पिथौरा स्थित कंपोजिट मदिरा दुकान में शराब में पानी मिलाने का बड़ा मामला सामने आया है। आबकारी विभाग की टीम ने औचक निरीक्षण के दौरान चार कर्मचारियों को शराब की बोतलों में पानी मिलाते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। जानकारी के अनुसार, आबकारी विभाग की टीम 25 मई को निरीक्षण के लिए अचानक अंग्रेजी शराब दुकान पहुंची थी। जांच के दौरान अधिकारियों ने देखा कि प्लेसमेंट कर्मचारी मैकडॉवेल नंबर 1 शराब के पाव का सील खोलकर उसमें पानी मिला रहे थे। मौके पर मौजूद टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए चारों कर्मचारियों को पकड़ लिया। विभाग ने मिलावट की गई शराब की बोतलें भी जब्त कर ली हैं। आबकारी विभाग ने आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 38(क) के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

पिथौरा शराब दुकान में बड़ा खुलासा, शराब में पानी मिलाते 4 कर्मचारी गिरफ्तार Read Post »

Crime, MAHASAMUND

रायपुर में शादी के 2 महीने बाद दुल्हन फरार, जेवर और नकदी लेकर भागने का आरोप

रायपुर। राजधानी रायपुर के डीडी नगर थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। शादी के महज दो महीने बाद नवविवाहिता घर से गायब हो गई। पति ने आरोप लगाया है कि उसकी पत्नी सोने-चांदी के गहने और 50 हजार रुपए नकद लेकर फरार हो गई है। जानकारी के अनुसार युवक और युवती करीब 6 महीने से रिश्ते में थे। इसके बाद दोनों ने 20 मार्च को प्रेम विवाह किया था। परिवार को उम्मीद थी कि दोनों खुशी-खुशी अपना जीवन बिताएंगे, लेकिन शादी के कुछ ही समय बाद मामला विवाद में बदल गया। पति गगन साहू का कहना है कि उसकी पत्नी अचानक घर से लापता हो गई। घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण और नकदी भी गायब मिले। युवक ने आशंका जताई है कि उसकी पत्नी अपने पुराने प्रेमी के साथ चली गई है। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने डीडी नगर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और महिला की तलाश की जा रही है।

रायपुर में शादी के 2 महीने बाद दुल्हन फरार, जेवर और नकदी लेकर भागने का आरोप Read Post »

Crime, Raipur

बिलासपुर में ढाबे पर कॉलेज छात्रों की बेरहमी से पिटाई, CCTV में कैद हुई गुंडागर्दी

छत्तीसगढ़ के Bilaspur में देर रात ढाबे पर खाना खाने पहुंचे कॉलेज छात्रों पर बदमाशों ने लाठी-डंडों, पाइप और पत्थरों से हमला कर दिया। मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। पूरी घटना ढाबे में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना सकरी थाना क्षेत्र स्थित नेशनल हाईवे के भवानी ढाबा की है। जानकारी के मुताबिक तारबाहर चौक निवासी हर्ष पटेल अपने दोस्तों आदित्य साहू और आदित्य मुदलियार के साथ सोमवार रात खाना खाने ढाबे पहुंचे थे। रात करीब 2 बजे जब तीनों खाना खाकर बाहर निकल रहे थे, तभी वहां मौजूद सुमीत यादव ने घूरकर देखने की बात को लेकर विवाद शुरू कर दिया। आरोप है कि पहले गाली-गलौज हुई और विरोध करने पर सुमीत यादव ने अपने साथियों को बुला लिया। इसके बाद 6 से 7 युवकों ने मिलकर छात्रों पर हमला कर दिया। बदमाशों ने लाठी, लोहे के पाइप और पत्थरों से छात्रों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। इस हमले में तीनों छात्र घायल हो गए। घटना की सूचना मिलने के बाद सकरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। पुलिस ने घेराबंदी कर मुख्य आरोपी सुमीत यादव को ओवरब्रिज के पास से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से लोहे का चाकू भी बरामद हुआ, जिसके बाद उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत भी मामला दर्ज किया गया। बाद में आरोपी को कोर्ट में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को थाने लाए जाने के बाद उमेश शर्मा और निशान गुप्ता नाम के दो युवक भी पहुंचे और पुलिस पर कार्रवाई रोकने का दबाव बनाने लगे। वहीं ढाबा संचालक राजकुमार पमनानी पर भी पुलिस कार्रवाई में बाधा डालने का आरोप लगा है। तीनों को हिरासत में लेकर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। घटना का CCTV वीडियो अब पुलिस के कब्जे में है। वीडियो में बदमाश युवकों की गुंडागर्दी साफ दिखाई दे रही है। पुलिस फरार अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

बिलासपुर में ढाबे पर कॉलेज छात्रों की बेरहमी से पिटाई, CCTV में कैद हुई गुंडागर्दी Read Post »

Bilaspur, Crime

बिलासपुर में नवजात बच्ची को तालाब में फेंका, डूबने से मौत; हत्या का मामला दर्ज

छत्तीसगढ़ के Bilaspur जिले में इंसानियत को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। बेलगहना चौकी क्षेत्र के लमरीडबरी गांव में एक नवजात बच्ची को जन्म के बाद जिंदा तालाब में फेंक दिए जाने का खुलासा हुआ है। पानी में डूबने से बच्ची की मौत हो गई। मामले में पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, घटना मार्च महीने की है। 29 मार्च की दोपहर गांव की निवासी बृजबाई ने कोटवार निर्मलदास मानिकपुरी को सूचना दी थी कि रामसागर तालाब में एक नवजात का शव तैरता दिखाई दे रहा है। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे कोटवार ने तालाब के दक्षिण हिस्से में बच्ची का शव औंधे मुंह पानी में तैरता हुआ देखा। शव को बाहर निकालने पर अनुमान लगाया गया कि बच्ची की उम्र एक से दो दिन के बीच थी। इसके बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। पोस्टमार्टम और एफएसएल रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि बच्ची की मौत सामान्य नहीं थी। जांच में पता चला कि नवजात को जिंदा तालाब में फेंका गया था, जिसके कारण पानी में डूबने और दम घुटने से उसकी जान गई। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि लोक-लाज या पहचान छिपाने के उद्देश्य से किसी ने इस वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मार्च के अंतिम सप्ताह में आसपास के गांवों या स्वास्थ्य केंद्रों में किस महिला ने बच्ची को जन्म दिया था। जानकारी जुटाने के लिए मितानिनों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और कोटवारों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है।

बिलासपुर में नवजात बच्ची को तालाब में फेंका, डूबने से मौत; हत्या का मामला दर्ज Read Post »

Bilaspur, Crime

रायपुर में नशा करने से रोकने पर परिवार पर चाकू से हमला, पति-पत्नी और बेटा घायल

राजधानी Raipur के पारस नगर इलाके में देर रात एक मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। घर के सामने नशा करने से रोकने पर आरोपियों ने एक ही परिवार के तीन लोगों पर चाकू से हमला कर दिया। घटना में पति-पत्नी और उनका बेटा घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक, आरोपी साहिल खान और उसके पिता इस्माइल इलाके में नशा कर रहे थे। स्थानीय निवासी अरुण साहू ने इसका विरोध किया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने चाकू निकालकर हमला कर दिया। हमले में अरुण साहू, उनकी पत्नी रजनी साहू और बेटे अनुज साहू घायल हो गए। बताया जा रहा है कि अरुण साहू और उनके बेटे अनुज की हालत गंभीर बनी हुई है। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही गंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए एडीसीपी सेंट्रल और एसीपी कोतवाली समेत वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी साहिल खान और उसके पिता इस्माइल को हिरासत में ले लिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

रायपुर में नशा करने से रोकने पर परिवार पर चाकू से हमला, पति-पत्नी और बेटा घायल Read Post »

Crime, Raipur
Scroll to Top