Crime

भिलाई स्टील प्लांट से 1 करोड़ का लोहा चोरी, फ्लाई ऐश के नीचे छिपाकर बाहर निकालते थे स्क्रैप

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले स्थित भिलाई स्टील प्लांट (BSP) से करीब 250 टन लोहे की चोरी का मामला सामने आया है। जब्त किए गए लोहे की कीमत लगभग 1 करोड़ रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने हथखोज और अकलोरडीह इलाके के एक कबाड़ गोदाम में छापेमारी कर भारी मात्रा में संदिग्ध लोहा बरामद किया है। जानकारी के मुताबिक, प्लांट से निकलने वाले ट्रकों में ऊपर फ्लाई ऐश डाली जाती थी, जबकि उसके नीचे बड़ी मात्रा में लोहे की प्लेटें और स्क्रैप छिपाकर बाहर ले जाया जाता था। इस पूरे खेल की भनक लंबे समय तक किसी को नहीं लगी। भिलाई-3 थाना पुलिस को पिछले कुछ समय से लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि BSP से लोहे की चोरी कर बाहरी गोदामों में डंप किया जा रहा है। इसके बाद पुलिस ने संदिग्ध ट्रकों पर नजर रखना शुरू किया। 27 मई को पुलिस टीम ने कुछ हाईवा वाहनों का पीछा करते हुए हथखोज स्थित एक गोदाम तक पहुंचकर दबिश दी। छावनी CSP प्रशांत कुमार पैकरा और भिलाई-3 थाना पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों से जब्त लोहे के दस्तावेज मांगे, लेकिन कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इसके बाद पुलिस ने पूरे गोदाम और यार्ड की जांच की। जांच के दौरान गोदाम से करीब 250 टन से ज्यादा संदिग्ध लोहा बरामद हुआ। पुलिस को आशंका है कि यह सामग्री BSP की SMS-3 यूनिट से चोरी कर लाई गई थी। दो हाईवा वाहनों की जांच में भी ऊपर फ्लाई ऐश और नीचे भारी मात्रा में लोहा मिला। पुलिस के मुताबिक, जिस गोदाम में यह लोहा मिला है उसका संचालन मोहम्मद कलीम द्वारा किया जा रहा था। वहीं ट्रांसपोर्टर संजय सिंह की भूमिका की भी जांच की जा रही है। दोनों से पूछताछ की तैयारी चल रही है। घटना के बाद भिलाई स्टील प्लांट प्रबंधन ने भी मामले की आंतरिक जांच के लिए एक समिति गठित की है। पुलिस ने बरामद लोहे को बीएनएसएस की धारा 106 के तहत जब्त कर गोदाम को सील कर दिया है। भिलाई नगर CSP सत्य प्रकाश तिवारी ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि अकलोरडीह स्थित एके ट्रेडर्स यार्ड में BSP से चोरी किया गया लोहा जमा किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की और मौके से भारी मात्रा में लोहा बरामद किया। भिलाई स्टील प्लांट देश की सबसे बड़ी SAIL इकाइयों में शामिल है और इसकी सुरक्षा CISF के जिम्मे है। प्लांट परिसर में सैकड़ों CCTV कैमरे और करीब 700 जवान तैनात रहते हैं। ऐसे में इतने बड़े स्तर पर हुई चोरी को लेकर अंदरूनी मिलीभगत की आशंका भी जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस और BSP प्रबंधन पूरे नेटवर्क की जांच में जुटे हुए हैं।

भिलाई स्टील प्लांट से 1 करोड़ का लोहा चोरी, फ्लाई ऐश के नीचे छिपाकर बाहर निकालते थे स्क्रैप Read Post »

Bhilai / Durg, Crime

पिथौरा शराब दुकान में बड़ा खुलासा, शराब में पानी मिलाते 4 कर्मचारी गिरफ्तार

पिथौरा। महासमुंद जिले के पिथौरा स्थित कंपोजिट मदिरा दुकान में शराब में पानी मिलाने का बड़ा मामला सामने आया है। आबकारी विभाग की टीम ने औचक निरीक्षण के दौरान चार कर्मचारियों को शराब की बोतलों में पानी मिलाते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। जानकारी के अनुसार, आबकारी विभाग की टीम 25 मई को निरीक्षण के लिए अचानक अंग्रेजी शराब दुकान पहुंची थी। जांच के दौरान अधिकारियों ने देखा कि प्लेसमेंट कर्मचारी मैकडॉवेल नंबर 1 शराब के पाव का सील खोलकर उसमें पानी मिला रहे थे। मौके पर मौजूद टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए चारों कर्मचारियों को पकड़ लिया। विभाग ने मिलावट की गई शराब की बोतलें भी जब्त कर ली हैं। आबकारी विभाग ने आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 38(क) के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

पिथौरा शराब दुकान में बड़ा खुलासा, शराब में पानी मिलाते 4 कर्मचारी गिरफ्तार Read Post »

Crime, MAHASAMUND

रायपुर में शादी के 2 महीने बाद दुल्हन फरार, जेवर और नकदी लेकर भागने का आरोप

रायपुर। राजधानी रायपुर के डीडी नगर थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। शादी के महज दो महीने बाद नवविवाहिता घर से गायब हो गई। पति ने आरोप लगाया है कि उसकी पत्नी सोने-चांदी के गहने और 50 हजार रुपए नकद लेकर फरार हो गई है। जानकारी के अनुसार युवक और युवती करीब 6 महीने से रिश्ते में थे। इसके बाद दोनों ने 20 मार्च को प्रेम विवाह किया था। परिवार को उम्मीद थी कि दोनों खुशी-खुशी अपना जीवन बिताएंगे, लेकिन शादी के कुछ ही समय बाद मामला विवाद में बदल गया। पति गगन साहू का कहना है कि उसकी पत्नी अचानक घर से लापता हो गई। घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण और नकदी भी गायब मिले। युवक ने आशंका जताई है कि उसकी पत्नी अपने पुराने प्रेमी के साथ चली गई है। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने डीडी नगर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और महिला की तलाश की जा रही है।

रायपुर में शादी के 2 महीने बाद दुल्हन फरार, जेवर और नकदी लेकर भागने का आरोप Read Post »

Crime, Raipur

बिलासपुर में ढाबे पर कॉलेज छात्रों की बेरहमी से पिटाई, CCTV में कैद हुई गुंडागर्दी

छत्तीसगढ़ के Bilaspur में देर रात ढाबे पर खाना खाने पहुंचे कॉलेज छात्रों पर बदमाशों ने लाठी-डंडों, पाइप और पत्थरों से हमला कर दिया। मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। पूरी घटना ढाबे में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना सकरी थाना क्षेत्र स्थित नेशनल हाईवे के भवानी ढाबा की है। जानकारी के मुताबिक तारबाहर चौक निवासी हर्ष पटेल अपने दोस्तों आदित्य साहू और आदित्य मुदलियार के साथ सोमवार रात खाना खाने ढाबे पहुंचे थे। रात करीब 2 बजे जब तीनों खाना खाकर बाहर निकल रहे थे, तभी वहां मौजूद सुमीत यादव ने घूरकर देखने की बात को लेकर विवाद शुरू कर दिया। आरोप है कि पहले गाली-गलौज हुई और विरोध करने पर सुमीत यादव ने अपने साथियों को बुला लिया। इसके बाद 6 से 7 युवकों ने मिलकर छात्रों पर हमला कर दिया। बदमाशों ने लाठी, लोहे के पाइप और पत्थरों से छात्रों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। इस हमले में तीनों छात्र घायल हो गए। घटना की सूचना मिलने के बाद सकरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। पुलिस ने घेराबंदी कर मुख्य आरोपी सुमीत यादव को ओवरब्रिज के पास से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से लोहे का चाकू भी बरामद हुआ, जिसके बाद उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत भी मामला दर्ज किया गया। बाद में आरोपी को कोर्ट में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को थाने लाए जाने के बाद उमेश शर्मा और निशान गुप्ता नाम के दो युवक भी पहुंचे और पुलिस पर कार्रवाई रोकने का दबाव बनाने लगे। वहीं ढाबा संचालक राजकुमार पमनानी पर भी पुलिस कार्रवाई में बाधा डालने का आरोप लगा है। तीनों को हिरासत में लेकर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। घटना का CCTV वीडियो अब पुलिस के कब्जे में है। वीडियो में बदमाश युवकों की गुंडागर्दी साफ दिखाई दे रही है। पुलिस फरार अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

बिलासपुर में ढाबे पर कॉलेज छात्रों की बेरहमी से पिटाई, CCTV में कैद हुई गुंडागर्दी Read Post »

Bilaspur, Crime

बिलासपुर में नवजात बच्ची को तालाब में फेंका, डूबने से मौत; हत्या का मामला दर्ज

छत्तीसगढ़ के Bilaspur जिले में इंसानियत को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। बेलगहना चौकी क्षेत्र के लमरीडबरी गांव में एक नवजात बच्ची को जन्म के बाद जिंदा तालाब में फेंक दिए जाने का खुलासा हुआ है। पानी में डूबने से बच्ची की मौत हो गई। मामले में पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, घटना मार्च महीने की है। 29 मार्च की दोपहर गांव की निवासी बृजबाई ने कोटवार निर्मलदास मानिकपुरी को सूचना दी थी कि रामसागर तालाब में एक नवजात का शव तैरता दिखाई दे रहा है। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे कोटवार ने तालाब के दक्षिण हिस्से में बच्ची का शव औंधे मुंह पानी में तैरता हुआ देखा। शव को बाहर निकालने पर अनुमान लगाया गया कि बच्ची की उम्र एक से दो दिन के बीच थी। इसके बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। पोस्टमार्टम और एफएसएल रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि बच्ची की मौत सामान्य नहीं थी। जांच में पता चला कि नवजात को जिंदा तालाब में फेंका गया था, जिसके कारण पानी में डूबने और दम घुटने से उसकी जान गई। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि लोक-लाज या पहचान छिपाने के उद्देश्य से किसी ने इस वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मार्च के अंतिम सप्ताह में आसपास के गांवों या स्वास्थ्य केंद्रों में किस महिला ने बच्ची को जन्म दिया था। जानकारी जुटाने के लिए मितानिनों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और कोटवारों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है।

बिलासपुर में नवजात बच्ची को तालाब में फेंका, डूबने से मौत; हत्या का मामला दर्ज Read Post »

Bilaspur, Crime

रायपुर में नशा करने से रोकने पर परिवार पर चाकू से हमला, पति-पत्नी और बेटा घायल

राजधानी Raipur के पारस नगर इलाके में देर रात एक मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। घर के सामने नशा करने से रोकने पर आरोपियों ने एक ही परिवार के तीन लोगों पर चाकू से हमला कर दिया। घटना में पति-पत्नी और उनका बेटा घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक, आरोपी साहिल खान और उसके पिता इस्माइल इलाके में नशा कर रहे थे। स्थानीय निवासी अरुण साहू ने इसका विरोध किया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने चाकू निकालकर हमला कर दिया। हमले में अरुण साहू, उनकी पत्नी रजनी साहू और बेटे अनुज साहू घायल हो गए। बताया जा रहा है कि अरुण साहू और उनके बेटे अनुज की हालत गंभीर बनी हुई है। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही गंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए एडीसीपी सेंट्रल और एसीपी कोतवाली समेत वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी साहिल खान और उसके पिता इस्माइल को हिरासत में ले लिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

रायपुर में नशा करने से रोकने पर परिवार पर चाकू से हमला, पति-पत्नी और बेटा घायल Read Post »

Crime, Raipur

रायपुर में बेटे ने की रिटायर्ड रेलवे कर्मचारी की हत्या, शराब पार्टी के दौरान हुआ था विवाद

रायपुर के तिल्दा थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। यहां एक बेटे ने अपने ही पिता की लकड़ी से हमला कर हत्या कर दी। मृतक की पहचान 70 वर्षीय संतु कोठारी के रूप में हुई है, जो रेलवे से रिटायर्ड कर्मचारी थे। जानकारी के मुताबिक, संतु कोठारी अपने घर में कुछ दोस्तों के साथ शराब पार्टी कर रहे थे। इसी दौरान उनका बेटा वीरेंद्र कोठारी वहां पहुंचा और पिता को शराब पीते देख नाराज हो गया। दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो धीरे-धीरे हिंसक विवाद में बदल गई। गुस्से में बेटे ने घर में रखी लकड़ी से पिता पर कई बार हमला कर दिया। हमले में संतु कोठारी को गंभीर चोटें आईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी बेटे ने पूरी रात शव को घर में ही रखा। सुबह वार्ड पार्षद को मामले की जानकारी मिली, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और आरोपी वीरेंद्र कोठारी को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि पिता-पुत्र के बीच शराब की आदत को लेकर पहले भी विवाद होता रहता था।

रायपुर में बेटे ने की रिटायर्ड रेलवे कर्मचारी की हत्या, शराब पार्टी के दौरान हुआ था विवाद Read Post »

Crime, Raipur

बिलासपुर में 10 साल की बच्ची से रेप:बाइक में घूमाने के बहाने वारदात, रात भर ढूंढते रहे रिश्तेदार, जंगल में पकड़ाया आरोपी

बिलासपुर के बेलगहना क्षेत्र में 10 साल की बच्ची के साथ गलत काम का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, आरोपी युवक रंजीत यादव बच्ची को बाइक में घुमाने के बहाने अपने साथ ले गया। इसके बाद वह उसे सुनसान जगह पर ले गया, जहां उसने वारदात को अंजाम दिया। इधर बच्ची के अचानक गायब होने से परिवार वाले परेशान हो गए। परिजन और रिश्तेदार पूरी रात बच्ची को अलग-अलग जगहों पर तलाशते रहे, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। अगली सुबह आरोपी बच्ची को उसके घर के पास छोड़कर फरार हो गया। घर पहुंचने के बाद बच्ची ने डरी हुई हालत में परिवार वालों को पूरी घटना बताई। इसके बाद परिजन तुरंत पुलिस के पास पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस को देखते ही आरोपी जंगल की तरफ भाग गया। इसके बाद पुलिस ने ड्रोन की मदद से जंगल में सर्चिंग की और आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

बिलासपुर में 10 साल की बच्ची से रेप:बाइक में घूमाने के बहाने वारदात, रात भर ढूंढते रहे रिश्तेदार, जंगल में पकड़ाया आरोपी Read Post »

Bilaspur, Crime

रायपुर में पुरानी दुश्मनी के चलते घर के बाहर किया धमाका, परिवार को मिली जान से मारने की धमकी

रायपुर के कबीर नगर थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर एक परिवार के घर के बाहर देर रात धमाका किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पूरे इलाके में डर और तनाव का माहौल बन गया। आरोप है कि कुछ लोग आधी रात घर पहुंचे और बम जैसे पटाखे फेंककर परिवार को धमकाया। पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना में सोनू पटेल, आकाश पासवान, एक युवती और तीन अन्य लोगों के शामिल होने की बात कही जा रही है। कबीर नगर निवासी रिंकु तिवारी ने पुलिस को बताया कि 24 मई 2026 की रात करीब 1 बजे आरोपी उनके घर पहुंचे। आरोपियों ने घर के बाहर विस्फोटक जैसी वस्तु फेंकी, जिससे जोरदार आवाज हुई और आसपास के लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए। शिकायत के मुताबिक आरोपियों ने चाकू दिखाकर परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी। हालांकि घर का गेट बंद होने के कारण वे अंदर प्रवेश नहीं कर सके। कुछ देर तक हंगामा करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद कबीर नगर पुलिस ने बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

रायपुर में पुरानी दुश्मनी के चलते घर के बाहर किया धमाका, परिवार को मिली जान से मारने की धमकी Read Post »

Crime, Raipur

इंदौर हनीट्रैप-2 में छत्तीसगढ़ के DIG का नाम आने से हड़कंप, 100 से ज्यादा आपत्तिजनक वीडियो बरामद

मध्य प्रदेश के इंदौर में सामने आए हनीट्रैप-2 केस ने एक बार फिर देशभर में सनसनी फैला दी है। इस मामले की जांच अब मध्य प्रदेश से निकलकर छत्तीसगढ़, गुजरात और दिल्ली तक पहुंच चुकी है। जांच एजेंसियों के मुताबिक, आरोपियों के पास से नेताओं, अफसरों और कारोबारियों से जुड़े 100 से अधिक आपत्तिजनक वीडियो बरामद हुए हैं। इंदौर क्राइम ब्रांच का दावा है कि इन वीडियो में कई प्रभावशाली राजनीतिक चेहरे, बड़े कारोबारी और छत्तीसगढ़ पुलिस के DIG स्तर के अधिकारी भी शामिल हो सकते हैं। मामले में गिरफ्तार श्वेता विजय जैन, रेशू चौधरी और अलका दीक्षित से लगातार पूछताछ की जा रही है, जिसमें कई चौंकाने वाले खुलासे सामने आए हैं। पुलिस के अनुसार, रेशू चौधरी के मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल डिवाइस से बड़ी संख्या में संवेदनशील वीडियो और डेटा मिले हैं। जांच एजेंसियों का कहना है कि इन वीडियो का इस्तेमाल कर रसूखदार लोगों को ब्लैकमेल किया जाता था और उनसे करोड़ों रुपए की वसूली की जाती थी। कुछ वीडियो को बेचने की तैयारी किए जाने की आशंका भी जताई जा रही है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि पूरा नेटवर्क बेहद योजनाबद्ध तरीके से संचालित किया जा रहा था। भोपाल से श्वेता विजय जैन पूरे नेटवर्क को संचालित करती थी, जबकि रेशू चौधरी कथित तौर पर लोगों को संपर्क में लाकर जाल में फंसाने का काम करती थी। जांच के दायरे में मध्य प्रदेश के कुछ नेता, मालवा-निमाड़ क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, एक पूर्व अधिकारी, छत्तीसगढ़ पुलिस के DIG रैंक के अफसर, दिल्ली के वरिष्ठ नेता और गुजरात के एक उद्योगपति के नाम सामने आने की चर्चा है। पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि दिल्ली के एक बड़े नेता से करीब 4 करोड़ रुपए की उगाही की साजिश रची गई थी। इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब इंदौर के कारोबारी हितेंद्र उर्फ चिंटू ठाकुर ने शिकायत दर्ज कराई। आरोप है कि 28 अप्रैल को सुपर कॉरिडोर इलाके में अलका दीक्षित और उसके साथियों ने उनके साथ मारपीट की और कथित वीडियो वायरल करने की धमकी दी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए जयदीप, लाखन चौधरी, पत्रकार जितेंद्र पुरोहित और हेड कॉन्स्टेबल विनोद शर्मा समेत कई लोगों को गिरफ्तार किया है। अब जांच एजेंसियां इस बात की भी पड़ताल कर रही हैं कि क्या इस पूरे नेटवर्क को किसी राजनीतिक या प्रशासनिक संरक्षण का समर्थन प्राप्त था। इधर, इंदौर हनीट्रैप कांड में छत्तीसगढ़ पुलिस के DIG स्तर के अधिकारी का नाम सामने आने की चर्चाओं के बाद पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है। विभाग के भीतर इस अधिकारी की पहचान को लेकर लगातार अटकलें लगाई जा रही हैं।

इंदौर हनीट्रैप-2 में छत्तीसगढ़ के DIG का नाम आने से हड़कंप, 100 से ज्यादा आपत्तिजनक वीडियो बरामद Read Post »

Crime, Political
Scroll to Top