August 2026

छत्तीसगढ़ आएंगे उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, 2 सितंबर को रायपुर AIIMS के दीक्षांत समारोह में होंगे शामिल

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन 2 सितंबर को छत्तीसगढ़ के दौरे पर रायपुर पहुंचेंगे। वे रायपुर स्थित AIIMS के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। उनके दौरे को लेकर प्रदेश के मुख्य सचिव विकासशील ने बुधवार को मंत्रालय में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उपराष्ट्रपति के दौरे की सभी व्यवस्थाएं निर्धारित प्रोटोकॉल और मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम के अनुसार पूरी की जाएं। एयरपोर्ट से AIIMS तक आने-जाने के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक मैनेजमेंट और एंट्री-एग्जिट प्लान को व्यवस्थित रखने पर विशेष जोर दिया गया। रायपुर कलेक्टर को एयरपोर्ट पर स्वागत, रिसेप्शन लाइन और AIIMS में रिसेप्शन से जुड़ी प्रोटोकॉल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा एयरपोर्ट और कार्यक्रम स्थल पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती करने को भी कहा गया है। मेडिकल इमरजेंसी की भी रहेगी व्यवस्था उपराष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए गृह विभाग को सुरक्षा से जुड़ी आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए। वहीं ठहरने की व्यवस्था, बिजली और प्रकाश व्यवस्था के साथ मेडिकल सुविधाएं और किसी भी आपात स्थिति के लिए तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध रखने को कहा गया है। मुख्य सचिव ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए कार्यक्रम स्थल की सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। वंदे मातरम् और राष्ट्रगान से होगी शुरुआत AIIMS के दीक्षांत समारोह में बैठने की व्यवस्था भारत सरकार के प्रोटोकॉल और निर्धारित डायस प्लान के अनुसार की जाएगी। कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम् और राष्ट्रगान के साथ होगी। बैठक में गृह-जेल विभाग की प्रमुख सचिव निहारिका बारिक, सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव अविनाश चंपावत, मुख्यमंत्री के सचिव मुकेश कुमार बंसल, रायपुर कमिश्नर श्याम धावड़े, कलेक्टर, रायपुर IG और AIIMS के अधिकारियों सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

छत्तीसगढ़ आएंगे उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, 2 सितंबर को रायपुर AIIMS के दीक्षांत समारोह में होंगे शामिल Read Post »

Raipur

नाबालिग से 3 साल तक दुष्कर्म का आरोप, दो बार गर्भवती हुई; नवजात को बेचने के मामले में 6 गिरफ्तार

रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में नाबालिग से लंबे समय तक दुष्कर्म और नवजात को बेचने के आरोप का गंभीर मामला सामने आया है। 16 वर्षीय पीड़िता ने अपने पिता पर करीब तीन साल तक उसका यौन शोषण करने का आरोप लगाया है। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी पिता, बुआ समेत कुल 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, पीड़िता ने शिकायत में बताया कि साल 2023 में अमलीडीह इलाके में एक रिश्तेदार के घर उसके पिता ने कथित तौर पर उसे जबरन शराब पिलाई, मारपीट की और दुष्कर्म किया। आरोप है कि घटना किसी को बताने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई। पीड़िता के अनुसार, इसके बाद भी उसका शोषण जारी रहा और वह गर्भवती हो गई। आरोप है कि जब उसने इसकी जानकारी अपनी बुआ को दी तो बुआ ने भी पिता का साथ दिया और मारपीट करने के बाद उसे जबरन गर्भपात की दवा खिलाई। दूसरी बार गर्भवती होने पर फर्जी दस्तावेज का आरोप पुलिस के अनुसार, साल 2025 में पीड़िता दोबारा गर्भवती हुई। इसके बाद उसे डॉक्टर वर्षा मंडल और उसकी परिचित गीता राय के पास ले जाया गया। आरोप है कि उसकी वास्तविक उम्र छिपाने के लिए फर्जी आधार कार्ड तैयार कराया गया और उसे बालिग दिखाया गया। इसके बाद उसे शादीशुदा बताकर डंगनिया स्थित वासुदेव अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में बच्चे का जन्म, बेचने का आरोप पुलिस के मुताबिक, अस्पताल में पीड़िता ने एक बेटे को जन्म दिया। प्रसव के बाद आरोपियों पर नवजात को किसी अन्य व्यक्ति को बेचने का आरोप लगा है। पुलिस अब नवजात से जुड़े पूरे मामले और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। पीड़िता की शिकायत के आधार पर न्यू राजेंद्र नगर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट, जेजे एक्ट और बीएनएस की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पिता, बुआ और अन्य आरोपियों समेत कुल 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में रोहित राय, साहेब मंडल, योगिता राय उर्फ गीता, बरखा वर्मा उर्फ वर्षा मंडल समेत कुल छह आरोपी शामिल हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।

नाबालिग से 3 साल तक दुष्कर्म का आरोप, दो बार गर्भवती हुई; नवजात को बेचने के मामले में 6 गिरफ्तार Read Post »

Crime, Raipur

गंदगी के बीच बन रही थी बर्फी, बिलासपुर में श्रीराम स्वीट्स बंद; 15 किलो मिठाई नष्ट

रक्षाबंधन से पहले बिलासपुर में खाद्य विभाग ने मिठाई दुकानों के खिलाफ जांच अभियान तेज कर दिया है। मंगलवार को सिरगिट्टी के नगपुरा स्थित श्रीराम स्वीट्स में जांच के दौरान मिठाई बनाने वाली जगह पर भारी गंदगी मिली। इसी अस्वच्छ माहौल में बर्फी तैयार की जा रही थी। जिले में खाद्य सुरक्षा को लेकर ‘खाबो-बने रहिबो’ अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत मिठाई दुकानों और खाद्य सामग्री बनाने वाली जगहों की जांच की जा रही है। नियमों में खामी मिलने पर विभाग कार्रवाई कर रहा है। श्रीराम स्वीट्स पर कार्रवाई जांच के दौरान खाद्य विभाग की टीम ने दुकान से पेड़े का सैंपल लिया और उसे जांच के लिए लैब भेजा। दुकान में करीब 15 किलो बर्फी मिली, जिसे अधिकारियों ने मौके पर ही नष्ट करा दिया। अस्वच्छता मिलने के बाद विभाग ने दुकान का खाद्य लाइसेंस निलंबित कर दिया और श्रीराम स्वीट्स को बंद करा दिया। लैब रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। दो दुकानों से घी के सैंपल अभियान के दौरान खाद्य विभाग ने दो अन्य दुकानों से घी के सैंपल भी लिए हैं। इन नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट के आधार पर संबंधित दुकानों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इससे पहले सोमवार को व्यापार विहार और शनिचरी बाजार में भी खाद्य विभाग की टीम ने जांच की थी। व्यापार विहार स्थित पवन ट्रेडर्स में बरफी के पैकेट पर जरूरी जानकारी दर्ज नहीं थी। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर विभाग ने करीब 102 किलो बरफी के 23 कार्टून जब्त किए और उसका सैंपल भी जांच के लिए लैब भेजा।

गंदगी के बीच बन रही थी बर्फी, बिलासपुर में श्रीराम स्वीट्स बंद; 15 किलो मिठाई नष्ट Read Post »

Bilaspur, GOVERNMENT, Health

कार चढ़ाकर हत्या के मामले में फरार आरोपी भरत मंगनानी ने किया कोर्ट में सरेंडर

रायपुर के आमानाका थाना क्षेत्र में कार चढ़ाकर युवक की हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी भरत मंगनानी ने पुलिस की लगातार कार्रवाई के बीच न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस के मुताबिक, 14 अगस्त 2026 को परमजीत रणगण्ही की हत्या की रिपोर्ट आमानाका थाने में दर्ज कराई गई थी। बताया गया कि परमजीत की शादी शिखा साहू से तय होने की बातचीत चल रही थी। घटना वाले दिन शिखा अपने दोस्त भरत मंगनानी के साथ सफेद रंग की फॉक्सवैगन कार से टाटीबंध पहुंची थी। गुरुद्वारा के पास शिखा और परमजीत की मुलाकात हुई। इसी दौरान भरत मंगनानी और परमजीत के बीच विवाद हो गया। शिकायत के अनुसार, विवाद के बाद भरत ने कथित तौर पर परमजीत को जान से मारने की नीयत से तेज रफ्तार कार उसके ऊपर चढ़ा दी। हादसे में परमजीत गंभीर रूप से घायल हो गया और काफी खून बहने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपी कार लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 264/2026 दर्ज करते हुए BNS की धारा 103 के तहत जांच शुरू की। आरोपी की तलाश में उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही थी और तकनीकी माध्यमों से भी उसकी लोकेशन तलाश की जा रही थी। पुलिस की लगातार कार्रवाई और बढ़ते दबाव के बीच भरत मंगनानी ने 18 अगस्त 2026 को न्यायालय परिसर पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। इसके बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से पुलिस रिमांड मंजूर की गई है। फिलहाल आरोपी से घटना को लेकर पूछताछ जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

कार चढ़ाकर हत्या के मामले में फरार आरोपी भरत मंगनानी ने किया कोर्ट में सरेंडर Read Post »

Crime, Raipur

बिरगांव नगर निगम के 40 वार्डों का आरक्षण जारी, जानिए किस वार्ड में कौन सा वर्ग

बिरगांव। आगामी नगरीय निकाय चुनाव को लेकर बिरगांव नगर निगम के वार्डों का आरक्षण सामने आ गया है। नगर निगम में कुल 40 वार्ड हैं और आरक्षण सूची जारी होने के बाद स्थानीय राजनीति में हलचल तेज हो गई है। आरक्षण के बाद अब संभावित पार्षद प्रत्याशी अपने-अपने वार्डों में चुनावी समीकरण के अनुसार रणनीति बनाने में जुटेंगे। आरक्षण सूची के अनुसार बिरगांव नगर निगम में OBC वर्ग के लिए 13 वार्ड निर्धारित किए गए हैं। इनमें सामान्य OBC और OBC महिला दोनों श्रेणियां शामिल हैं। वहीं SC, ST, सामान्य महिला और अनारक्षित वर्ग के लिए भी अलग-अलग वार्ड निर्धारित किए गए हैं। OBC के लिए आरक्षित वार्ड OBC वर्ग के लिए वार्ड 5, 14, 23, 25, 28, 29, 31, 32 और 33 आरक्षित हैं। वहीं वार्ड 7, 20, 21 और 30 OBC महिला के लिए आरक्षित किए गए हैं। SC और ST वर्ग का आरक्षण SC वर्ग के लिए वार्ड 2, 15 और 22 आरक्षित हैं, जबकि वार्ड 9 और 26 SC महिला के लिए आरक्षित किए गए हैं। ST वर्ग के लिए वार्ड 4 और ST महिला के लिए वार्ड 11 आरक्षित है। सामान्य महिला और अनारक्षित वार्ड सामान्य महिला वर्ग के लिए वार्ड 3, 10, 12, 16, 17, 34 और 37 आरक्षित किए गए हैं। वहीं वार्ड 6, 8, 13, 18, 19, 24, 27, 35, 36, 38, 39 और 40 अनारक्षित श्रेणी में रखे गए हैं। वार्डवार आरक्षण सूची वार्ड 1. सामान्य 2. ⁠sc 3. ⁠सामान्य महिला 4. ⁠ST 5. ⁠OBC 6. ⁠अनारक्षित 7. ⁠OBC mahila 8. ⁠अनारक्षित 9. ⁠SC महिला 10. ⁠सामान्य महिला 11. ⁠ST महिला 12. ⁠सामान्य महिला 13. ⁠अनारक्षित 14. ⁠OBC 15. ⁠SC 16. ⁠सामान्य महिला 17. ⁠सामान्य महिला 18. ⁠अनारक्षित 19. ⁠अनारक्षित 20. ⁠OBC महिला 21. ⁠OBC महिला 22. ⁠SC 23. ⁠OBC 24. ⁠अनारक्षित 25. ⁠obc 26. ⁠SC महिला 27. ⁠अनारक्षित 28. ⁠obc 29. ⁠obc 30. ⁠ओबीसी महिला 31. ⁠obc 32. ⁠obc 33. ⁠obc 34. ⁠सामान्य महिला 35. ⁠अनारक्षित 36. ⁠अनारक्षित 37. सामान्यमहिला 38. ⁠39,40 अनारक्षित आरक्षण सूची सामने आने के बाद बिरगांव नगर निगम चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने की संभावना है। कई संभावित प्रत्याशियों के लिए आरक्षण राहत लेकर आया है, तो कुछ दावेदारों को अब दूसरे वार्ड या नए समीकरण पर विचार करना पड़ सकता है। आने वाले दिनों में राजनीतिक दलों की ओर से प्रत्याशियों को लेकर मंथन और दावेदारों की सक्रियता बढ़ने की उम्मीद है। नोट: वार्ड आरक्षण की अंतिम स्थिति के लिए संबंधित निर्वाचन/प्रशासनिक विभाग की आधिकारिक अधिसूचना को आधार माना जाना चाहिए।

बिरगांव नगर निगम के 40 वार्डों का आरक्षण जारी, जानिए किस वार्ड में कौन सा वर्ग Read Post »

Birgaon, Chhattisgarh, Raipur

छत्तीसगढ़ में अगले 48 घंटे भारी बारिश का अलर्ट, उत्तर-मध्य हिस्सों में तेज बारिश के आसार

रायपुर, 14 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने जा रहा है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर अति भारी बारिश हो सकती है, जबकि एक-दो जगहों पर बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम का यह असर अगले करीब तीन दिनों तक बना रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिम बंगाल के तटीय क्षेत्र और उससे लगे बांग्लादेश के ऊपर बना निम्न दबाव का क्षेत्र अब डिप्रेशन में बदल गया है। यह सिस्टम पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है और अगले 24 घंटे में गंगीय पश्चिम बंगाल तथा झारखंड की ओर बढ़ने की संभावना है। इसी मौसम प्रणाली के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी। 2 से 4 डिग्री तक गिर सकता है तापमान बारिश के साथ प्रदेश के तापमान में भी गिरावट देखने को मिल सकती है। अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में करीब 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक कमी आने का अनुमान है। इसके बाद तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना कम है। पिछले 24 घंटे में दुर्ग सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पेंड्रा रोड में सबसे कम न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस रहा। रायपुर में बादल और गरज-चमक के साथ बारिश राजधानी रायपुर में 14 अगस्त को पूरे दिन बादल छाए रहने की संभावना है। इस दौरान कुछ जगहों पर बारिश के साथ गरज-चमक और बौछारें पड़ सकती हैं। रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। क्या होता है शियर जोन? शियर जोन वायुमंडल का वह क्षेत्र है जहां अलग-अलग ऊंचाई पर हवाओं की दिशा या गति में अंतर होता है। नीचे चल रही हवा की दिशा और ऊंचाई पर मौजूद हवा की दिशा या रफ्तार अलग हो सकती है। इस अंतर के कारण वातावरण में अस्थिरता बढ़ती है, जिससे बादल बनने और बारिश की गतिविधियों में तेजी आ सकती है। छत्तीसगढ़ में अब तक सामान्य से 9% कम बारिश प्रदेश में 1 जून से 13 अगस्त तक कुल 668.8 मिमी बारिश दर्ज की गई है। इस अवधि में सामान्य बारिश का आंकड़ा 734.4 मिमी है। यानी अब तक प्रदेश में सामान्य से 65.6 मिमी कम बारिश हुई है। हालांकि कुल मिलाकर बारिश सामान्य श्रेणी में बनी हुई है। नारायणपुर में सबसे ज्यादा बारिश जिलेवार आंकड़ों में नारायणपुर सबसे आगे है। यहां अब तक 1043.9 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य से 34 प्रतिशत अधिक है। इसके अलावा सारंगढ़-बिलाईगढ़ में 948.2 मिमी, बीजापुर में 870.6 मिमी, जांजगीर में 857.3 मिमी और महासमुंद में 835.6 मिमी बारिश दर्ज हुई है। सारंगढ़-बिलाईगढ़ में सामान्य से 59% ज्यादा बारिश सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में सामान्य 598.2 मिमी के मुकाबले अब तक 948.2 मिमी बारिश हुई है। यानी यहां सामान्य से 59 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई है। इसके बाद नारायणपुर में 34%, मुंगेली में 32%, बलौदाबाजार में 28%, महासमुंद में 26% और जांजगीर में 24% अधिक बारिश हुई है। सरगुजा में बारिश की सबसे ज्यादा कमी वहीं सरगुजा में सामान्य के मुकाबले बारिश की सबसे बड़ी कमी दर्ज की गई है। यहां सामान्य 773.2 मिमी के मुकाबले सिर्फ 379.6 मिमी बारिश हुई है, यानी 51 प्रतिशत कम। जशपुर में 45%, बेमेतरा में 40%, कांकेर में 35%, सूरजपुर में 22% तथा बस्तर और कबीरधाम में 21-21% बारिश कम हुई है। रायपुर में सामान्य से 13% ज्यादा बारिश राजधानी रायपुर में 13 अगस्त तक 727.8 मिमी बारिश दर्ज की गई है। सामान्य आंकड़ा 641.9 मिमी है। इस तरह रायपुर में अब तक 85.9 मिमी यानी 13 प्रतिशत ज्यादा बारिश हुई है। प्रदेश के 33 जिलों में 20 जिले सामान्य बारिश की स्थिति में हैं, जबकि 6 जिलों में सामान्य से अधिक और 7 जिलों में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है।

छत्तीसगढ़ में अगले 48 घंटे भारी बारिश का अलर्ट, उत्तर-मध्य हिस्सों में तेज बारिश के आसार Read Post »

Raipur, State, Top News, weather

रायपुर कमिश्नरेट में स्मार्ट पुलिसिंग की नई पहल, 21 थानों में शुरू हुआ e-मालखाना 2.0

रायपुर, 13 अगस्त 2026। रायपुर कमिश्नरेट ने पुलिसिंग को तकनीक से जोड़ते हुए मालखाना प्रबंधन में एक बड़ा डिजिटल बदलाव किया है। कमिश्नरेट के सभी 21 थानों में अब e-मालखाना 2.0 व्यवस्था लागू हो गई है। गुरुवार को एक साथ 10 नए थानों में इस प्रणाली की शुरुआत की गई, जिसके बाद 100 प्रतिशत थाने डिजिटल मालखाना प्रणाली से जुड़ गए हैं। पुलिस आयुक्त संजीव शुक्ला के मार्गदर्शन और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित कांबले के निर्देशन में शुरू की गई इस व्यवस्था को रायपुर पश्चिम पुलिस उपायुक्त रॉबिंसन गुड़िया ने विकसित किया है। इसका उद्देश्य मालखाने में रखी जब्त संपत्तियों और केस प्रॉपर्टी के रिकॉर्ड को व्यवस्थित, सुरक्षित और पारदर्शी बनाना है। पश्चिम जोन के विभिन्न थानों में e-मालखाना 2.0 का शुभारंभ किया गया। थाना टिकरापारा और न्यू राजेंद्र नगर में पुलिस आयुक्त संजीव शुक्ला ने प्रणाली का उद्घाटन किया। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित कांबले, पुलिस उपायुक्त पश्चिम रॉबिंसन गुड़िया, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त पश्चिम राहुल देव शर्मा सहित संबंधित अधिकारी और थाना प्रभारी मौजूद रहे। थाना खमतराई में e-मालखाना 2.0 की शुरुआत अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित कांबले ने की। इस अवसर पर पुलिस उपायुक्त उत्तर दीपमाला कश्यप, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त उत्तर आदित्य पाण्डेय और पुलिस स्टाफ उपस्थित रहा। बारकोड से होगी केस प्रॉपर्टी की डिजिटल ट्रैकिंग e-मालखाना 2.0 की प्रमुख विशेषता बारकोड आधारित डिजिटल ट्रैकिंग सिस्टम है। मालखाने में जमा होने वाली प्रत्येक जब्त वस्तु और केस प्रॉपर्टी को एक यूनिक बारकोड दिया जाएगा। बारकोड स्कैन करने पर संबंधित प्रकरण, जब्ती का विवरण, जमा करने की तारीख और वस्तु की वर्तमान स्थिति जैसी जानकारी तुरंत देखी जा सकेगी। इस व्यवस्था से मालखाने में रखी सामग्री को ढूंढने, उसकी निगरानी करने और रिकॉर्ड को अपडेट रखने में आसानी होगी। साथ ही मैनुअल रिकॉर्ड पर निर्भरता कम होने से व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ने की उम्मीद है। पुलिस विभाग के अनुसार, डिजिटल तकनीक के इस्तेमाल से मालखाना प्रबंधन अधिक तेज, व्यवस्थित और सुरक्षित बनाया जा सकेगा। यह पहल रायपुर कमिश्नरेट में स्मार्ट पुलिसिंग और डिजिटल प्रशासन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। इन 10 थानों में शुरू हुआ नया e-मालखाना 13 अगस्त को टिकरापारा, न्यू राजेंद्र नगर, मुजगहन, पुरानी बस्ती, डीडी नगर, आमानाका, आजाद चौक, सरस्वती नगर और खमतराई समेत पश्चिम जोन के 10 थानों में e-मालखाना 2.0 की शुरुआत की गई।

रायपुर कमिश्नरेट में स्मार्ट पुलिसिंग की नई पहल, 21 थानों में शुरू हुआ e-मालखाना 2.0 Read Post »

GOVERNMENT, Police, Raipur, State, Top News

विश्व आदिवासी दिवस पर कांग्रेस का सरकार के खिलाफ मोर्चा, 15 जिलों में आज प्रेस कॉन्फ्रेंस

विश्व आदिवासी दिवस को लेकर छत्तीसगढ़ में सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस ने भाजपा और राज्य सरकार पर आदिवासी समाज की उपेक्षा और विश्व आदिवासी दिवस का सम्मान नहीं करने का आरोप लगाया है। कांग्रेस आज यानी 11 अगस्त को प्रदेश के 15 जिलों में एक साथ जिला स्तरीय प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगी। इन पत्रकारवार्ताओं में कांग्रेस नेता आदिवासी समाज से जुड़े मुद्दों को उठाते हुए सरकार पर निशाना साधेंगे। कांग्रेस प्रदेश कमेटी ने सभी जिला और शहर कांग्रेस अध्यक्षों को प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। सरगुजा, सूरजपुर, बलरामपुर, जशपुर, कोरबा, बस्तर, बीजापुर, कांकेर, कोंडागांव, दंतेवाड़ा, सुकमा समेत 15 जिलों में अलग-अलग नेताओं को जिम्मेदारी दी गई है। कांग्रेस का आरोप है कि 9 अगस्त को विश्व आदिवासी दिवस के मौके पर भाजपा और सरकार की ओर से आदिवासी समाज को बधाई तक नहीं दी गई। इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस अब जिला स्तर पर सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराने की तैयारी में है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज भी भाजपा पर आदिवासी संस्कृति और पहचान को कमजोर करने का आरोप लगा चुके हैं। कांग्रेस ने संबंधित जिला अध्यक्षों को प्रेस कॉन्फ्रेंस की रिपोर्ट प्रदेश कांग्रेस कमेटी को भेजने के निर्देश दिए हैं।

विश्व आदिवासी दिवस पर कांग्रेस का सरकार के खिलाफ मोर्चा, 15 जिलों में आज प्रेस कॉन्फ्रेंस Read Post »

Raipur, State, Top News

रायपुर के पंडरी-उरला थाने में E-Malkhana शुरू, अब डिजिटल होगा जब्त सामान का रिकॉर्ड

रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने पुलिसिंग को तकनीक आधारित और ज्यादा पारदर्शी बनाने की दिशा में एक और कदम उठाया है। उत्तर जोन के थाना पंडरी और थाना उरला में ई-मालखाना प्रणाली की शुरुआत की गई है। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त रायपुर अमित तुकाराम कांबले IPS ने दोनों थानों में ई-मालखाना प्रणाली का शुभारंभ किया। यह पहल पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देशन में की गई है। ई-मालखाना प्रणाली के तहत अपराधों और अन्य मामलों में जब्त किए गए माल-मशरूका का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा। जब्त सामान की एंट्री, सुरक्षित रख-रखाव, आवक-जावक, संबंधित केस से लिंकिंग और न्यायालयीन प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी डिजिटल रूप से दर्ज होगी। इस व्यवस्था से किसी भी केस में जब्त सामान की स्थिति और उससे जुड़ी जानकारी आसानी से और तेजी से हासिल की जा सकेगी। साथ ही मानवीय त्रुटियों की संभावना कम होने के साथ मालखाना प्रबंधन में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ेगी। पुलिस के मुताबिक, ई-मालखाना से जब्त संपत्ति की चेन ऑफ कस्टडी भी मजबूत होगी। इससे जब्त सामान को कोर्ट में पेश करने और उसके निस्तारण की प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित बनाया जा सकेगा। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा चरणबद्ध तरीके से अन्य थानों में भी ई-मालखाना प्रणाली लागू की जा रही है। पंडरी और उरला थानों में इसकी शुरुआत इसी योजना का हिस्सा है।

रायपुर के पंडरी-उरला थाने में E-Malkhana शुरू, अब डिजिटल होगा जब्त सामान का रिकॉर्ड Read Post »

Birgaon, GOVERNMENT, Police, Raipur, urla

रायगढ़ रेलवे स्टेशन के बाहर कपल का खुलेआम रोमांस, VIDEO वायरल; RPF ऑफिस के सामने किया Kiss

रायगढ़ रेलवे स्टेशन के बाहर एक कपल के खुलेआम रोमांस करने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दोनों युवक-युवती एक-दूसरे को गले लगाकर काफी देर तक किस करते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि घटना सोमवार की है, जब स्टेशन के बाहर यात्रियों की काफी भीड़ मौजूद थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कपल लंबे समय तक स्टेशन के बाहर इसी तरह साथ रहा। आसपास से गुजर रहे यात्रियों की नजर भी दोनों पर पड़ी। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने उनका वीडियो रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। RPF कार्यालय के सामने हुई घटना वीडियो में जिस स्थान पर कपल नजर आ रहा है, उसके ठीक सामने रेलवे सुरक्षा बल यानी RPF का कार्यालय भी मौजूद है। वीडियो सामने आने के बाद इसकी जानकारी RPF तक पहुंची। RPF थाना प्रभारी कुलदीप कुमार के अनुसार, वीडियो में नजर आ रहे दोनों लोग शराब के नशे में थे। उन्होंने बताया कि जब दोनों सार्वजनिक स्थान पर इस तरह की हरकत कर रहे थे, उसी समय RPF को सूचना दी जाती तो कार्रवाई की जा सकती थी। फिलहाल नहीं दर्ज हुआ केस RPF के मुताबिक, दोनों कुछ समय बाद मौके से चले गए। मामले में फिलहाल कोई केस दर्ज नहीं किया गया है। हालांकि, रेलवे स्टेशन जैसे सार्वजनिक और भीड़भाड़ वाले स्थान पर कपल के खुलेआम रोमांस का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।

रायगढ़ रेलवे स्टेशन के बाहर कपल का खुलेआम रोमांस, VIDEO वायरल; RPF ऑफिस के सामने किया Kiss Read Post »

Raigarh
Scroll to Top