March 2026

बिलासपुर में हनी ट्रैप का मामला: बर्थडे पार्टी के बहाने बुलाकर युवक का वीडियो बनाया, 1 लाख की ब्लैकमेलिंग

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में हनी ट्रैप का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला पर आरोप है कि उसने अपने बेटे के जन्मदिन का बहाना बनाकर एक युवक को घर बुलाया और फिर उसका आपत्तिजनक वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। आरोपी महिला युवक से 1 लाख रुपये की मांग कर रही थी। यह पूरा मामला पचपेड़ी थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवक और आरोपी महिला एक-दूसरे को पहले से जानते थे और दोनों के गांव भी पास-पास हैं। बर्थडे पार्टी के बहाने घर बुलाया शिकायत के अनुसार, 1 फरवरी को महिला ने अपने बेटे के जन्मदिन का हवाला देकर युवक को घर बुलाया था। जब युवक वहां पहुंचा, तो घर में उसकी एक महिला मित्र भी मौजूद थी। बताया जा रहा है कि महिला ने दोनों को एक कमरे में भेज दिया। छिपकर बना लिया वीडियो युवक का आरोप है कि कमरे में रहते समय उसने अपनी महिला मित्र के साथ निजी संबंध बनाए। इसी दौरान आरोपी महिला ने छिपकर दोनों का वीडियो बना लिया। स्क्रीनशॉट भेजकर मांगे पैसे कुछ दिनों बाद महिला ने युवक को मोबाइल पर वीडियो का स्क्रीनशॉट भेजा और दावा किया कि उसके पास पूरा वीडियो है। इसके बाद उसने युवक से 1 लाख रुपये की मांग की और पैसे नहीं देने पर वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी। पुलिस में दर्ज हुई शिकायत लगातार ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर युवक ने सोमवार को पचपेड़ी थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 308(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। महिला मित्र की भूमिका भी संदेह के घेरे में पुलिस को शक है कि युवक के साथ मौजूद महिला की भी इस साजिश में भूमिका हो सकती है। हालांकि अभी तक इस बात की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी।

बिलासपुर में हनी ट्रैप का मामला: बर्थडे पार्टी के बहाने बुलाकर युवक का वीडियो बनाया, 1 लाख की ब्लैकमेलिंग Read Post »

Bilashpur, Chhattisgarh, Crime, State

मिडिल ईस्ट तनाव का असर: एलपीजी सिलेंडर महंगा, रायपुर में डिलीवरी में 5–6 दिन की देरी

मिडिल ईस्ट में बढ़ते युद्ध तनाव का असर अब आम लोगों की रसोई तक पहुंचने लगा है। तेल सप्लाई प्रभावित होने की आशंका के बीच भारत में एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी गई है। घरेलू गैस सिलेंडर पर 60 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर पर 114 रुपये की वृद्धि की गई है। कीमत बढ़ने के साथ ही गैस सिलेंडर की सप्लाई भी प्रभावित होती दिखाई दे रही है। होली की छुट्टियों और अचानक बढ़ी मांग के कारण रीफिलिंग व्यवस्था धीमी पड़ गई है। रायपुर सहित प्रदेश के कई इलाकों में गैस सिलेंडर की डिलीवरी अब 5 से 6 दिन की देरी से हो रही है। 24 घंटे की जगह कई दिन लग रहे नियमों के मुताबिक गैस कंपनियों का लक्ष्य बुकिंग के 24 घंटे के भीतर सिलेंडर की डिलीवरी करना होता है। लेकिन होली के बाद से यह व्यवस्था प्रभावित हो गई है। कई उपभोक्ताओं को बुकिंग के बाद 4 से 5 दिन तक इंतजार करना पड़ रहा है। सोशल मीडिया पर मैसेज से बढ़ी चिंता इस बीच सोशल मीडिया पर एलपीजी सप्लाई बाधित होने के संदेश तेजी से वायरल हो रहे हैं। इसके बाद गैस एजेंसियों में लोगों की पूछताछ बढ़ गई है और कई उपभोक्ता जल्द से जल्द बुकिंग कराने की कोशिश कर रहे हैं। एजेंसियों का दावा- स्टॉक पर्याप्त राजधानी रायपुर के एलपीजी एजेंसी संचालकों का कहना है कि शहर में गैस का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। हालांकि होली की छुट्टियों के कारण कई कर्मचारी वापस नहीं लौट पाए हैं, जिससे डिस्ट्रीब्यूशन में कुछ दिक्कत आ रही है। वहीं कंपनियों की ओर से घरेलू और कमर्शियल गैस की सप्लाई सीमित रखने के निर्देश भी दिए गए हैं। उपभोक्ताओं की परेशानी रायपुर के अमलीडीह निवासी एक उपभोक्ता के मुताबिक 5 मार्च को गैस खत्म हो गई थी और कई बार प्रयास के बाद शुक्रवार को बुकिंग हो सकी। लेकिन सिलेंडर की डिलीवरी सोमवार को हुई और उसी समय नया डीएसी नंबर जारी कर दिया गया, ताकि नई कीमत के हिसाब से डिलीवरी की जा सके। वहीं दलदल सिवनी और डीडी नगर क्षेत्र के कई उपभोक्ताओं का कहना है कि पहले बुकिंग के 24 घंटे के भीतर सिलेंडर मिल जाता था, लेकिन अब 3 से 5 दिन का इंतजार करना पड़ रहा है। 25 दिन बाद ही होगी अगली बुकिंग मिडिल ईस्ट में बिगड़े हालात को देखते हुए तेल कंपनियों ने एलपीजी सिलेंडर बुकिंग की समय सीमा भी बढ़ा दी है। अब एक सिलेंडर मिलने के बाद दूसरे सिलेंडर की बुकिंग 25 दिन बाद ही की जा सकेगी। पहले यह अवधि 21 दिन थी। इसके साथ ही कंपनियों ने यह भी साफ किया है कि जिन उपभोक्ताओं का ई-केवाईसी पूरा नहीं हुआ है, उन्हें गैस सिलेंडर की सप्लाई नहीं दी जाएगी। एचपीसीएल ने अफवाहों से बचने की अपील की इस बीच एचपीसीएल ने उपभोक्ताओं को एसएमएस भेजकर कहा है कि देश में ईंधन की कोई कमी नहीं है। सोशल मीडिया पर फैल रही सप्लाई संकट की खबरें भ्रामक हैं और लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है।

मिडिल ईस्ट तनाव का असर: एलपीजी सिलेंडर महंगा, रायपुर में डिलीवरी में 5–6 दिन की देरी Read Post »

Chhattisgarh, State, Top News

खाड़ी देशों से भारत लौटना हुआ महंगा

अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर अब खाड़ी देशों से भारत आने वाली फ्लाइट्स पर भी दिखाई देने लगा है। दुबई और अबूधाबी से भारत लौटने वाले यात्रियों को इस समय काफी महंगी टिकट खरीदनी पड़ रही है। यात्रियों के अनुसार दिल्ली और मुंबई के लिए फ्लाइट टिकट 70 हजार से लेकर लगभग 1.15 लाख रुपए तक में मिल रही है। सीमित फ्लाइट्स से बढ़ी परेशानी मौजूदा स्थिति में कई यात्रियों को मजबूरी में महंगे दामों पर टिकट लेकर भारत लौटना पड़ रहा है, जबकि कुछ लोग किराया कम होने का इंतजार कर रहे हैं। फिलहाल दुबई, अबूधाबी, कतर और जेद्दा से दिल्ली और मुंबई के लिए सीमित संख्या में ही डायरेक्ट फ्लाइट्स चल रही हैं। युद्ध जैसी स्थिति के कारण कई कनेक्टिंग फ्लाइट्स बंद कर दी गई हैं, जिससे सस्ती यात्रा का विकल्प भी खत्म हो गया है। सीटें कम, यात्रियों की संख्या ज्यादा नेशनल ट्रैवल्स एंड टूर्स एसोसिएशन के मुताबिक इन शहरों से भारत के लिए रोजाना केवल दो से तीन फ्लाइट्स को ही अनुमति दी जा रही है। यात्रियों की संख्या अधिक और सीटें कम होने के कारण किराया तेजी से बढ़ गया है। सामान्य दिनों में दुबई और अबूधाबी से भारत आने का किराया करीब 10 से 14 हजार रुपए होता है, जबकि सीजन में यह 15 से 20 हजार रुपए तक रहता है। फिलहाल यही किराया बढ़कर लगभग एक लाख रुपए तक पहुंच गया है। कई यात्रियों ने रद्द की यात्रा दुबई और अबूधाबी जाने वाली कई टिकटें भी रद्द की जा रही हैं। ट्रैवल्स कंपनी संचालक भरत देव के अनुसार बोर्ड परीक्षाओं के बाद दुबई घूमने की योजना बनाने वाले कई लोगों ने मौजूदा हालात को देखते हुए अपनी यात्रा रद्द कर दी है। मार्च के आखिरी सप्ताह और अप्रैल में जाने की योजना बनाने वाले लोग भी फिलहाल स्थिति स्पष्ट होने का इंतजार कर रहे हैं। दुबई में फंसे लोगों की हो रही मदद दुबई में रहने वाले रायपुर के श्रेयांश श्रीवास्तव ने बताया कि वहां फंसे भारतीयों की मदद के लिए सामाजिक संगठन आगे आ रहे हैं। लोगों को रहने और भोजन की व्यवस्था भी उपलब्ध कराई जा रही है। टिकटों के महंगे होने के कारण कई लोग समूह में टिकट बुक कर रहे हैं ताकि वे किसी तरह भारत वापस लौट सकें। डायरेक्ट फ्लाइट को मिल रही प्राथमिकता दुबई से लौटे भावेश झा के मुताबिक वहां की स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो रही है। हालांकि कनेक्टिंग फ्लाइट लेने पर उसके रद्द होने का खतरा बना रहता है। यही वजह है कि लोग ज्यादा किराया होने के बावजूद डायरेक्ट फ्लाइट से ही यात्रा करना बेहतर समझ रहे हैं। युद्ध के कारण क्यों बढ़ते हैं किराए विशेषज्ञों के अनुसार अंतरराष्ट्रीय तनाव या युद्ध की स्थिति में एयरलाइंस कंपनियां सुरक्षा कारणों से कई देशों के एयरस्पेस से बचते हुए लंबा रूट अपनाती हैं। इससे उड़ान का समय और ईंधन खर्च बढ़ जाता है, जिसके कारण टिकट की कीमतें भी अचानक बढ़ जाती हैं। अगले कुछ दिनों तक बनी रह सकती है स्थिति ट्रैवल्स एंड टूर एसोसिएशन की संरक्षक कीर्ति व्यास के अनुसार दुबई, अबूधाबी, जेद्दा और कतर जैसे शहरों के लिए फिलहाल नई बुकिंग सीमित है। अधिकतर लोग भारत लौटने के लिए ही टिकट ले रहे हैं। विकल्प कम होने के कारण किराया बढ़ गया है और आने वाले चार से पांच दिनों तक यही स्थिति बने रहने की संभावना है।

खाड़ी देशों से भारत लौटना हुआ महंगा Read Post »

International, Top News

रायपुर के भाठागांव में अवैध प्लाटिंग पर निगम की कार्रवाई, बुलडोजर से तोड़ी गई सड़कें

रायपुर के भाठागांव इलाके में अवैध प्लाटिंग करने वाले भू-माफियाओं के खिलाफ नगर निगम ने सख्त कार्रवाई की है। निगम आयुक्त विश्वदीप के निर्देश पर जोन कमिश्नर हितेंद्र यादव के नेतृत्व में टीम ने मौके पर पहुंचकर बुलडोजर चलाया और अवैध रूप से बनाई गई सड़कों को तोड़ दिया। नगर निगम के अनुसार जिस जगह पर कार्रवाई की गई है, वहां शंकरा विहार के नाम से अवैध प्लाटिंग की जा रही थी। इस मामले में भारत और कौशल नाम के लोगों का नाम सामने आया है। 5 एकड़ से ज्यादा जमीन पर अवैध प्लाटिंग निगम अधिकारियों को शंकरा विहार में पांच एकड़ से अधिक जमीन पर अवैध प्लाटिंग किए जाने की शिकायत मिली थी। शिकायत के बाद निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच के दौरान पाया गया कि बिना किसी वैधानिक अनुमति के जमीन को काटकर प्लॉट बनाए जा रहे थे और वहां मुरुम की सड़कें भी तैयार कर दी गई थीं। इसके बाद निगम की टीम ने बुलडोजर की मदद से इन सड़कों को तोड़ दिया। जिस जमीन पर यह कार्रवाई की गई है वह हल्का नंबर 105/60 के अंतर्गत आती है। इन खसरा नंबरों की जमीन पर हो रही थी प्लाटिंग निगम के अनुसार खसरा नंबर 940/1, 940/2, 940/4, 940/8, 940/9, 940/10, 941/1, 941/2, 941/3, 944/1 और 944/2 की जमीन पर अवैध प्लाटिंग की जा रही थी। यहां बिना किसी अनुमति के सड़कें और अन्य निर्माण कार्य किए जा रहे थे। एफआईआर दर्ज कराने की तैयारी नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में आगे की कार्रवाई के लिए तहसीलदार को पत्र लिखकर जमीन से जुड़ी अधिकृत जानकारी मांगी गई है। रिपोर्ट मिलने के बाद बिना अनुमति के प्लाटिंग और निर्माण करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। जोन क्रमांक 6 के जोन कमिश्नर हितेंद्र यादव ने बताया कि भाठागांव क्षेत्र में अवैध प्लाटिंग की शिकायत के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

रायपुर के भाठागांव में अवैध प्लाटिंग पर निगम की कार्रवाई, बुलडोजर से तोड़ी गई सड़कें Read Post »

Chhattisgarh, Raipur, State, Top News

कोरबा मेडिकल कॉलेज परिसर में कबाड़ गाड़ियों में लगी आग, छह वाहन जलकर नष्ट

छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल परिसर में सोमवार को अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। अस्पताल के पीछे लंबे समय से खड़ी पुरानी और अनुपयोगी गाड़ियों में आग भड़क उठी, जिससे कुछ ही देर में आसपास का इलाका धुएं से भर गया। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते छह वाहन पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए। मिली जानकारी के अनुसार अस्पताल परिसर के पीछे कई पुरानी गाड़ियां कबाड़ के रूप में खड़ी थीं। अचानक इन्हीं वाहनों में आग लग गई और आग की लपटें तेजी से फैलने लगीं। धुएं और आग की लपटों को देखकर आसपास मौजूद लोग घबरा गए और मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। दमकल की टीम पहुंचने में हुई देरी घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पहले खुद ही आग बुझाने की कोशिश की और साथ ही दमकल विभाग को सूचना दी। बताया जा रहा है कि दमकल की टीम को मौके पर पहुंचने में कुछ समय लग गया, जिसके कारण आग ने कई वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। जब तक दमकल की गाड़ियां पहुंचीं, तब तक छह वाहन पूरी तरह जल चुके थे। पास में है डॉक्टरों और स्टाफ की कॉलोनी जिस स्थान पर आग लगी, उसके पास ही डॉक्टरों और अस्पताल कर्मचारियों की आवासीय कॉलोनी स्थित है। आग लगने की खबर से कॉलोनी में रहने वाले लोगों में भी डर का माहौल बन गया। हालांकि दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पा लिया और उसे आगे फैलने से रोक दिया। पहले भी उठते रहे हैं सुरक्षा के सवाल स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पताल परिसर में लंबे समय से पुरानी गाड़ियां और अन्य कबाड़ पड़ा हुआ था, जिसे हटाने की मांग कई बार उठाई जा चुकी है। लोगों का यह भी कहना है कि जिस जगह पर यह गाड़ियां खड़ी थीं, वहां अक्सर असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता था। बताया जा रहा है कि पास में संचालित ओएसटी सेंटर में आने वाले कुछ नशे के आदी युवक भी कई बार इन गाड़ियों के आसपास बैठते देखे जाते थे। आग लगने के कारणों की जांच जारी फिलहाल आग लगने के सही कारणों का पता नहीं चल पाया है। आशंका जताई जा रही है कि किसी असामाजिक तत्व की हरकत से आग लगी हो सकती है। घटना के बाद अस्पताल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था और कबाड़ वाहनों को हटाने को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।

कोरबा मेडिकल कॉलेज परिसर में कबाड़ गाड़ियों में लगी आग, छह वाहन जलकर नष्ट Read Post »

Accident, Chhattisgarh, korba, State, Top News

छत्तीसगढ़ में बढ़ने लगी गर्मी, राजनांदगांव में 39 डिग्री तापमान दर्ज

छत्तीसगढ़ में मार्च की शुरुआत के साथ ही गर्मी का असर तेज होने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक अधिक दर्ज किया जा रहा है। आने वाले चार दिनों तक तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है और गर्मी सामान्य से ज्यादा बनी रह सकती है। प्रदेश में फिलहाल मौसम पूरी तरह शुष्क बना हुआ है और कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई है। सोमवार को राज्य में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में रिकॉर्ड किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 16.2 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बिहार से मराठवाड़ा तक एक द्रोणिका यानी ट्रफ सक्रिय है, जो झारखंड, छत्तीसगढ़ और विदर्भ के ऊपर से गुजर रही है। हालांकि इस सिस्टम का प्रदेश के मौसम पर फिलहाल कोई खास प्रभाव नहीं दिख रहा है, जिसके कारण मौसम सूखा बना हुआ है। रायपुर में दो दिन तक मौसम रहेगा शुष्क राजधानी रायपुर में 10 मार्च को हल्की धुंध देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक यहां अधिकतम तापमान करीब 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए भी प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई है। फिलहाल राज्य के किसी भी हिस्से के लिए मौसम से जुड़ी कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। फिलहाल कोई सक्रिय सिस्टम नहीं मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में इस समय कोई मजबूत सिनोप्टिक सिस्टम सक्रिय नहीं है। इसी वजह से अगले दो दिनों तक पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा और बारिश की संभावना भी कम है। फरवरी में भी ठंड कम रही रायपुर में जनवरी की तरह फरवरी महीने में भी अधिकतर समय आसमान साफ रहता है और हवाएं सामान्य रहती हैं। हालांकि उत्तर भारत से आने वाले वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण कभी-कभी मौसम में बदलाव देखने को मिलता है। फरवरी के अंतिम दिनों में प्रदेश के कुछ इलाकों में बादल छाने, गरज-चमक और हल्की बारिश की स्थिति भी बनी थी। इस दौरान कई जगह तेज हवाएं, आंधी और ओलावृष्टि जैसी स्थिति भी बन सकती है। सर्दियों का असर खत्म होते ही न्यूनतम तापमान धीरे-धीरे बढ़ने लगता है। रायपुर में रिकॉर्ड ठंड और बारिश रायपुर में फरवरी महीने में सबसे अधिक ठंड 9 फरवरी 1893 को दर्ज की गई थी, जब तापमान गिरकर 5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। वहीं सबसे गर्म दिन 28 फरवरी 2009 को दर्ज किया गया, जब तापमान 38 डिग्री तक पहुंच गया था। इतिहास में फरवरी महीने में कई बार असामान्य बारिश भी दर्ज की गई है। 4 फरवरी 1917 को 24 घंटे के भीतर 57.4 मिलीमीटर बारिश हुई थी, जबकि 1901 में पूरे फरवरी महीने में कुल 118.9 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई थी। Chhattisgarh Temperature Data Chart Location / Parameter Temperature / Data Details Highest Temperature 39°C Rajnandgaon recorded the highest maximum temperature in the state Lowest Temperature 16.2°C Ambikapur recorded the lowest minimum temperature Temperature Deviation +2°C to +4°C Day temperature across districts above normal Expected Condition Next 4 days Temperature likely to remain above normal Weather Condition Dry No rainfall recorded in the state Raipur Maximum Temp (Forecast) 38°C Expected daytime temperature Raipur Minimum Temp (Forecast) 23°C Expected night temperature Weather System Trough Line From Bihar to Marathwada via Jharkhand, Chhattisgarh and Vidarbha Rain Forecast None No weather warning issued

छत्तीसगढ़ में बढ़ने लगी गर्मी, राजनांदगांव में 39 डिग्री तापमान दर्ज Read Post »

Chhattisgarh, Chhattisghar, State, Top News, weather

बिलासपुर में रेलवे ट्रैक के पास अवैध महुआ शराब बनाने की तैयारी, नाले से 6 टन लहान बरामद

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में रेलवे ट्रैक के किनारे अवैध महुआ शराब बनाने का बड़ा मामला सामने आया है। पुलिस ने छापा मारकर नाले के पास गड्ढों में छिपाकर रखे करीब 6 टन महुआ लहान बरामद किए हैं। हालांकि कार्रवाई के दौरान शराब तैयार करने वाले आरोपी पुलिस के हाथ नहीं लगे। यह पूरा मामला कोनी थाना क्षेत्र के घुटकू इलाके का बताया जा रहा है। मुखबिर की सूचना पर पहुंची पुलिस पुलिस अधिकारियों के मुताबिक सोमवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि शहर से लगे घुटकू इलाके में रेलवे लाइन के पास बड़ी मात्रा में महुआ लहान छिपाकर रखा गया है और वहां कच्ची शराब बनाने की तैयारी चल रही है। सूचना मिलते ही सीएसपी गगन कुमार के निर्देशन में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और इलाके में सर्च अभियान चलाया। 300 डिब्बों में छिपाकर रखा गया था लहान तलाशी के दौरान रेलवे ट्रैक के किनारे नाले में गड्ढे बनाकर करीब 300 डिब्बों में महुआ लहान रखा हुआ मिला। जांच में सामने आया कि इन डिब्बों को झाड़ियों के बीच छिपाकर रखा गया था, ताकि लहान को सड़ाकर उससे कच्ची शराब बनाई जा सके। पुलिस ने सभी डिब्बों को बाहर निकालकर जांच की, जिसमें लगभग 6000 किलो महुआ लहान बरामद हुआ। बाद में पुलिस ने मौके पर ही इसे नष्ट कर दिया। आरोपियों की तलाश जारी कोनी थाना प्रभारी भावेश शेंडे की टीम ने आसपास के घरों और इलाके में तलाशी भी ली। साथ ही स्थानीय लोगों से पूछताछ की गई, लेकिन अब तक यह पता नहीं चल सका कि यह लहान किसने रखा था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और अवैध शराब बनाने वाले लोगों की तलाश जारी है।

बिलासपुर में रेलवे ट्रैक के पास अवैध महुआ शराब बनाने की तैयारी, नाले से 6 टन लहान बरामद Read Post »

Bilashpur, Chhattisgarh, Crime, State

रायपुर में ड्रिंक एंड ड्राइव चेकिंग के दौरान भाजपा नेता गिरफ्तार, पुलिस से बदसलूकी और आरक्षक की कॉलर पकड़ी

राजधानी रायपुर में ड्रिंक एंड ड्राइव के खिलाफ चलाए जा रहे पुलिस अभियान के दौरान एक भाजपा नेता द्वारा हंगामा करने का मामला सामने आया है। नशे की हालत में गाड़ी चला रहे आरोपी ने पुलिसकर्मियों से बदसलूकी की और ड्यूटी पर तैनात आरक्षक की कॉलर पकड़कर धक्का-मुक्की भी की। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी का नाम विकास शुक्ला है, जो खुद को भाजपा का मंडल अध्यक्ष बताकर पुलिसकर्मियों को धमका रहा था। यह मामला तेलीबांधा थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। ड्रिंक एंड ड्राइव चेकिंग के दौरान हुआ विवाद पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 8 मार्च की रात तेलीबांधा थाना पुलिस द्वारा ड्रिंक एंड ड्राइव के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक कार (CG-07-DD-6532) को जांच के लिए रोका गया। कार चला रहे व्यक्ति की जब जांच की गई तो वह शराब के नशे में पाया गया। पुलिस द्वारा कार्रवाई की बात कहने पर वह भड़क गया और मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों से बहस करने लगा। TI को दी धमकी, आरक्षक से की धक्का-मुक्की बताया जा रहा है कि आरोपी ने खुद को भाजपा का मंडल अध्यक्ष बताते हुए ट्रैफिक टीआई को वर्दी उतरवा देने की धमकी दी। इसके अलावा उसने पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज की। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने एक आरक्षक की कॉलर पकड़ ली और धक्का-मुक्की करते हुए उसकी वर्दी भी फाड़ दी। मौके पर मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव कर स्थिति को नियंत्रित किया। कई धाराओं में दर्ज हुआ मामला घटना के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया और बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, पुलिसकर्मियों से मारपीट और अभद्र व्यवहार समेत कई धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। ड्रिंक एंड ड्राइव के खिलाफ पुलिस की सख्ती पुलिस अधिकारियों का कहना है कि राजधानी में ड्रिंक एंड ड्राइव के मामलों पर लगातार सख्ती बरती जा रही है। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी, चाहे वह कोई भी हो। फिलहाल पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

रायपुर में ड्रिंक एंड ड्राइव चेकिंग के दौरान भाजपा नेता गिरफ्तार, पुलिस से बदसलूकी और आरक्षक की कॉलर पकड़ी Read Post »

Chhattisgarh, Crime, Raipur, Top News

रायपुर में नहर से मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, जांच में जुटी पुलिस

राजधानी रायपुर के विधानसभा थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मांडर भट्टी के पास नहर में एक व्यक्ति की लाश तैरती हुई देखी गई, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही विधानसभा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने नहर से शव को बाहर निकलवाकर मामले की जांच शुरू कर दी है। करीब 45 वर्ष बताई जा रही मृतक की उम्र पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र लगभग 45 वर्ष के आसपास बताई जा रही है। फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो पाई है। शव के पास कोई भी ऐसा दस्तावेज नहीं मिला है जिससे उसकी पहचान की जा सके। पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया शव पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही मृतक की पहचान के लिए आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट भी खंगाली जा रही है। मामले की जांच के लिए एफएसएल टीम भी मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस इस मामले में सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

रायपुर में नहर से मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, जांच में जुटी पुलिस Read Post »

Chhattisgarh, Crime, Raipur, Top News

गैस सिलेंडर की कीमत बढ़ने पर रायपुर में कांग्रेस का प्रदर्शन, घड़ी चौक पर किया विरोध

रसोई गैस की कीमतों में हाल ही में हुई बढ़ोतरी के विरोध में सोमवार को रायपुर में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। राजधानी के घड़ी चौक पर आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में कई कांग्रेसी नेता हाथों में गैस सिलेंडर लेकर सड़क पर उतरे और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि गैस सिलेंडर की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से आम लोगों पर महंगाई का बोझ बढ़ता जा रहा है। पार्टी के अनुसार घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 60 रुपए और व्यावसायिक सिलेंडर में 110 रुपए प्रति सिलेंडर की वृद्धि की गई है, जिससे आम उपभोक्ताओं और छोटे कारोबारियों पर अतिरिक्त आर्थिक दबाव पड़ रहा है। तेल कंपनियों के कार्यालयों के घेराव की चेतावनी कांग्रेस ने इस मूल्य वृद्धि के विरोध में सरकारी तेल कंपनियों के कार्यालयों का घेराव करने का भी ऐलान किया है। पार्टी नेताओं ने कहा कि अगर सरकार जल्द ही यह फैसला वापस नहीं लेती है तो पूरे प्रदेश में चरणबद्ध तरीके से आंदोलन तेज किया जाएगा। बड़ी संख्या में शामिल हुए पार्टी नेता और कार्यकर्ता प्रदर्शन के लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से पार्टी के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को घड़ी चौक पहुंचने का आह्वान किया गया था। इसके बाद प्रदेश और शहर स्तर के कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए। कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य, वरिष्ठ नेता, सांसद और पूर्व सांसद, विधायक और पूर्व विधायक, पार्षद और पूर्व पार्षद, नेता प्रतिपक्ष तथा पूर्व नेता प्रतिपक्ष सहित पार्टी के कई पदाधिकारी मौजूद रहे। विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि भी हुए शामिल इस प्रदर्शन में महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवादल, किसान कांग्रेस, अल्पसंख्यक विभाग, विधि विभाग, अनुसूचित जाति-जनजाति विभाग, पिछड़ा वर्ग विभाग और झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ समेत कई संगठनों के पदाधिकारी भी शामिल हुए। इसके अलावा मंडल अध्यक्ष, बूथ अध्यक्ष, सेक्टर और जोन अध्यक्ष समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता घड़ी चौक पर एकत्रित हुए। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी वापस नहीं ली गई तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

गैस सिलेंडर की कीमत बढ़ने पर रायपुर में कांग्रेस का प्रदर्शन, घड़ी चौक पर किया विरोध Read Post »

Chhattisgarh, Political, Raipur, Top News
Scroll to Top