Raipur

रायपुर में साइबर जागरूकता अभियान, 1200 विद्यार्थियों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति किया जागरूक

छत्तीसगढ़ पुलिस के साइबर जागृति अभियान के तहत रायपुर कमिश्नरेट सेंट्रल जोन के विभिन्न थाना क्षेत्रों में स्कूल, कॉलेज और शैक्षणिक संस्थानों में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों के माध्यम से करीब 1200 विद्यार्थियों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार, साइबर हाइजीन और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव की जानकारी दी गई। अभियान के दौरान सिविल लाइन थाना क्षेत्र के सालेम इंग्लिश मीडियम स्कूल, तेलीबांधा थाना क्षेत्र के जे.आर. नायडू उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रविग्राम, देवेंद्र नगर के बालाजी स्कूल, कालीबाड़ी स्थित शासकीय पोस्ट मैट्रिक गर्ल्स हॉस्टल, मौदहापारा स्थित शासकीय फिजियोथेरेपी कॉलेज और गंज थाना क्षेत्र के विवेक कॉन्वेंट हायर सेकेंडरी स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में APK फाइल से होने वाले साइबर फ्रॉड को लेकर विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई। पुलिस ने बताया कि सरकारी योजना, नौकरी, KYC, शुभकामना संदेश या निमंत्रण के नाम पर WhatsApp के जरिए संदिग्ध फाइल भेजी जा सकती है। किसी भी फाइल को खोलने या इंस्टॉल करने से पहले उसका पूरा नाम और extension जांचने की सलाह दी गई। पुलिस ने लोगों को अनजान APK फाइल इंस्टॉल नहीं करने और परिचित व्यक्ति के WhatsApp नंबर से आई संदिग्ध फाइल को भी बिना पुष्टि किए नहीं खोलने की समझाइश दी, क्योंकि साइबर अपराधी किसी के compromised account का इस्तेमाल भी कर सकते हैं। इसके अलावा Digital Arrest Scam को लेकर भी विद्यार्थियों को जागरूक किया गया। पुलिस, CBI, ED या NCB अधिकारी बनकर वीडियो कॉल के जरिए डराने और पैसे ट्रांसफर कराने वाले ठगों से सावधान रहने की सलाह दी गई। ऐसे मामलों में कॉल काटकर संबंधित विभाग से स्वतंत्र रूप से सत्यापन करने को कहा गया। कार्यक्रम में OTP और UPI PIN साझा नहीं करने, संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करने, WhatsApp Two-Step Verification सक्रिय रखने, सोशल मीडिया Privacy Settings का ध्यान रखने तथा Gaming Apps में Age Rating और Parental Controls का इस्तेमाल करने जैसे जरूरी साइबर सुरक्षा उपाय बताए गए। अभियान का मुख्य संदेश रहा: STOP, THINK, ACT यानी किसी भी डिजिटल गतिविधि में जल्दबाजी न करें, पहले रुकें, सोचें और जांच करने के बाद ही कार्रवाई करें।

रायपुर में साइबर जागरूकता अभियान, 1200 विद्यार्थियों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति किया जागरूक Read Post »

Chhattisghar, Crime, Cyber Crime, GOVERNMENT, Police, Raipur

ब्लू वाटर खदान में युवक के डूबने का LIVE VIDEO, दोस्तों से लगी थी तैरकर पार जाने की शर्त; 20 घंटे से रेस्क्यू जारी

राजधानी रायपुर के ब्लू वाटर खदान में 24 वर्षीय युवक के डूबने का लाइव वीडियो सामने आया है। बताया जा रहा है कि मौदहापारा निवासी आदिल खान बुधवार को अपने तीन दोस्तों के साथ ब्लू वाटर खदान घूमने पहुंचा था। इसी दौरान दोस्तों के बीच खदान के एक छोर से दूसरे छोर तक तैरकर पहुंचने की शर्त लग गई। शर्त के बाद आदिल और उसका एक दोस्त पानी में उतर गए। दोस्त तैरकर बाहर निकल आया, लेकिन आदिल गहरे पानी में पहुंचने के बाद डूब गया। घटना के बाद से उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है और करीब 20 घंटे से SDRF की टीम रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है। घटना का सामने आया वीडियो बेहद चिंताजनक है, जिसमें आदिल पानी में डूबता हुआ दिखाई दे रहा है। दोस्तों ने उसे डूबते देख तुरंत पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही माना पुलिस मौके पर पहुंची और SDRF की टीम से संपर्क किया गया। हालांकि, घटना के समय अंधेरा हो चुका था और खदान में पानी की गहराई काफी अधिक होने के कारण रात में सर्च ऑपरेशन शुरू नहीं किया जा सका। गुरुवार सुबह SDRF की टीम ने दोबारा युवक की तलाश शुरू की, लेकिन गहराई ज्यादा होने के कारण अभी तक सफलता नहीं मिली है। 9 साल में 9 लोगों की मौत नकटी गांव के पास स्थित ब्लू वाटर खदान में डूबने की यह पहली घटना नहीं है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार 2017 से अब तक यहां 9 लोगों की डूबने से मौत हो चुकी है। आदिल का शव मिलने के बाद यह आंकड़ा 10 तक पहुंच सकता है। 31 अक्टूबर 2025 को टाटीबंध स्थित छत्तीसगढ़ पब्लिक स्कूल के 9 छात्र स्कूल से निकलकर यहां पहुंचे थे। नहाने के दौरान जयेश साहू और मृदुल गहरे पानी में डूब गए थे। दोनों के शव अलग-अलग दिनों में बरामद किए गए थे। इससे पहले 2017 में 17 वर्षीय सुनैना, मई 2019 में 17 वर्षीय मोहन बाघ, मार्च 2023 में दो युवकों और जून 2023 में नदीम, फैजल और शहबाज की डूबने से मौत की घटनाएं सामने आई थीं। सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल बारिश के मौसम में खदान में पानी भरने के बाद यह जगह तालाब जैसी दिखाई देने लगती है। इसी वजह से लोग यहां घूमने और नहाने पहुंचते हैं। लगातार हो रहे हादसों के बावजूद खदान के खतरनाक हिस्सों में पर्याप्त बैरिकेडिंग, घेराबंदी और चेतावनी बोर्ड जैसे सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल उठते रहे हैं।

ब्लू वाटर खदान में युवक के डूबने का LIVE VIDEO, दोस्तों से लगी थी तैरकर पार जाने की शर्त; 20 घंटे से रेस्क्यू जारी Read Post »

Accident, Raipur

उरला के स्कूल में साइबर जागरूकता कार्यक्रम, 300 छात्रों को ऑनलाइन ठगी से बचाव के बताए तरीके

छत्तीसगढ़ पुलिस के साइबर जागृति अभियान के तहत रायपुर कमिश्नरेट के नॉर्थ जोन अंतर्गत थाना उरला क्षेत्र में साइबर जागरूकता और “संवाद से समाधान” कार्यक्रम आयोजित किया गया। रायपुर पब्लिक स्कूल, गाजीनगर में हुए इस कार्यक्रम में करीब 300 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को बढ़ते साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी के नए तरीकों की जानकारी देते हुए उनसे बचने के व्यावहारिक उपाय बताए। कार्यक्रम में साइबर सुरक्षा के साथ-साथ यातायात नियमों और नए आपराधिक कानूनों को लेकर भी जागरूक किया गया। छात्रों को समझाया गया कि किसी भी संदिग्ध लिंक या मैसेज पर क्लिक न करें। अनजान APK फाइल को डाउनलोड या इंस्टॉल करने से बचें। इसके अलावा OTP, PIN, CVV और पासवर्ड जैसी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी गई। पुलिस ने विद्यार्थियों को फर्जी KYC, बैंक अधिकारी बनकर ठगी, ऑनलाइन निवेश के नाम पर धोखाधड़ी और सोशल मीडिया फ्रॉड जैसे साइबर अपराधों से भी सतर्क रहने की जानकारी दी। कार्यक्रम के “संवाद से समाधान” हिस्से के तहत बच्चों से गुड टच-बैड टच और व्यक्तिगत सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर बातचीत की गई। विद्यार्थियों को अपनी किसी भी परेशानी को छिपाने के बजाय माता-पिता, भरोसेमंद लोगों या पुलिस के साथ साझा करने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस ने विद्यार्थियों से अपने परिवार और परिचितों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की अपील की। साइबर ठगी का शिकार होने पर लोगों को बिना देरी किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई, ताकि समय रहते ठगी की रकम को रोकने के प्रयास किए जा सकें। कार्यक्रम का आयोजन पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला (IPS) के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले (IPS) के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम में पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन श्रीमती दीपमाला कश्यप और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन श्री आदित्य पांडे के पर्यवेक्षण में पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को जागरूक किया।

उरला के स्कूल में साइबर जागरूकता कार्यक्रम, 300 छात्रों को ऑनलाइन ठगी से बचाव के बताए तरीके Read Post »

Awareness, Cyber Crime, GOVERNMENT, Police, Raipur

साइबर ठगी से बचाव के लिए रायपुर में पुलिस की अहम बैठक, व्यापारिक और सामाजिक संगठनों से जागरूकता अभियान में जुड़ने की अपील

रायपुर कमिश्नरेट पुलिस द्वारा बढ़ते साइबर अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे “साइबर जागृति अभियान” के तहत शहर के विभिन्न व्यापारिक, औद्योगिक, सामाजिक और परिवहन संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। छत्तीसगढ़ पुलिस का यह प्रदेशव्यापी अभियान 15 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 तक चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य लोगों को साइबर ठगी के नए तरीकों की जानकारी देने के साथ-साथ ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव और घटना होने पर तुरंत उठाए जाने वाले कदमों के प्रति जागरूक करना है। रायपुर के सिविल लाइन स्थित सी/04 भवन के सभाकक्ष में आयोजित बैठक की अध्यक्षता पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने की। उन्होंने उपस्थित संगठनों के पदाधिकारियों को मौजूदा समय में सामने आ रहे साइबर अपराधों और ठगी के तरीकों के बारे में जानकारी दी। बैठक में डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन निवेश के नाम पर ठगी, फर्जी कस्टमर केयर, ओटीपी और बैंकिंग फ्रॉड, फर्जी लिंक, सोशल मीडिया के जरिए धोखाधड़ी, यूपीआई फ्रॉड तथा पुलिस या सरकारी अधिकारी बनकर की जाने वाली ठगी जैसे मामलों पर विशेष रूप से चर्चा की गई। पुलिस कमिश्नर ने लोगों से अपील की कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, यूपीआई पिन, बैंक खाते की जानकारी, एटीएम या डेबिट कार्ड की डिटेल, पासवर्ड और अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। इसके साथ ही अनजान लिंक पर क्लिक करने और सोशल मीडिया पर निजी जानकारी सार्वजनिक करने से भी बचने की सलाह दी गई। उन्होंने व्यापारिक और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों से अपने संस्थानों, कर्मचारियों, सदस्यों और आम नागरिकों तक साइबर सुरक्षा से जुड़ी जरूरी जानकारी पहुंचाने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की। संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी अभियान में सक्रिय भागीदारी का भरोसा दिलाया। बैठक में कैट एवं रायपुर ऑटो डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अमर परवानी, चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष सतीश थोरानी, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष दिनेश देवांगन, सर्राफा एसोसिएशन के अध्यक्ष हरम भगतानी, जवाहर बाजार व्यापारी संघ के अध्यक्ष सुभाष बजाज, क्रेडाई के अध्यक्ष मृणाल गोलछा, पंडरी कपड़ा मार्केट व्यवसायी संघ के अध्यक्ष सरल मोदी, उरला इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के प्रतिनिधि तरल मोदी और अश्विन गर्ग, बस ओनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल पुसदकर तथा आईएमए के अध्यक्ष कुलदीप सोलंकी सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में पुलिस उपायुक्त (यातायात एवं प्रोटोकॉल) डॉ. अर्चना झा, सहायक पुलिस आयुक्त श्रीमती स्नेहिल साहू, श्री सतीश ठाकुर सहित अन्य पुलिस अधिकारी भी उपस्थित रहे। कमिश्नरेट पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे खुद साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहें और अपने परिवार, दोस्तों, सहकर्मियों तथा परिचितों को भी जागरूक करें। पुलिस के मुताबिक, साइबर ठगी से बचने के लिए सतर्कता और जागरूकता सबसे बड़ा सुरक्षा कवच है।

साइबर ठगी से बचाव के लिए रायपुर में पुलिस की अहम बैठक, व्यापारिक और सामाजिक संगठनों से जागरूकता अभियान में जुड़ने की अपील Read Post »

GOVERNMENT, Raipur, State, Top News

छत्तीसगढ़ आएंगे उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, 2 सितंबर को रायपुर AIIMS के दीक्षांत समारोह में होंगे शामिल

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन 2 सितंबर को छत्तीसगढ़ के दौरे पर रायपुर पहुंचेंगे। वे रायपुर स्थित AIIMS के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। उनके दौरे को लेकर प्रदेश के मुख्य सचिव विकासशील ने बुधवार को मंत्रालय में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उपराष्ट्रपति के दौरे की सभी व्यवस्थाएं निर्धारित प्रोटोकॉल और मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम के अनुसार पूरी की जाएं। एयरपोर्ट से AIIMS तक आने-जाने के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक मैनेजमेंट और एंट्री-एग्जिट प्लान को व्यवस्थित रखने पर विशेष जोर दिया गया। रायपुर कलेक्टर को एयरपोर्ट पर स्वागत, रिसेप्शन लाइन और AIIMS में रिसेप्शन से जुड़ी प्रोटोकॉल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा एयरपोर्ट और कार्यक्रम स्थल पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती करने को भी कहा गया है। मेडिकल इमरजेंसी की भी रहेगी व्यवस्था उपराष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए गृह विभाग को सुरक्षा से जुड़ी आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए। वहीं ठहरने की व्यवस्था, बिजली और प्रकाश व्यवस्था के साथ मेडिकल सुविधाएं और किसी भी आपात स्थिति के लिए तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध रखने को कहा गया है। मुख्य सचिव ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए कार्यक्रम स्थल की सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। वंदे मातरम् और राष्ट्रगान से होगी शुरुआत AIIMS के दीक्षांत समारोह में बैठने की व्यवस्था भारत सरकार के प्रोटोकॉल और निर्धारित डायस प्लान के अनुसार की जाएगी। कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम् और राष्ट्रगान के साथ होगी। बैठक में गृह-जेल विभाग की प्रमुख सचिव निहारिका बारिक, सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव अविनाश चंपावत, मुख्यमंत्री के सचिव मुकेश कुमार बंसल, रायपुर कमिश्नर श्याम धावड़े, कलेक्टर, रायपुर IG और AIIMS के अधिकारियों सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

छत्तीसगढ़ आएंगे उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, 2 सितंबर को रायपुर AIIMS के दीक्षांत समारोह में होंगे शामिल Read Post »

Raipur

नाबालिग से 3 साल तक दुष्कर्म का आरोप, दो बार गर्भवती हुई; नवजात को बेचने के मामले में 6 गिरफ्तार

रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में नाबालिग से लंबे समय तक दुष्कर्म और नवजात को बेचने के आरोप का गंभीर मामला सामने आया है। 16 वर्षीय पीड़िता ने अपने पिता पर करीब तीन साल तक उसका यौन शोषण करने का आरोप लगाया है। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी पिता, बुआ समेत कुल 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, पीड़िता ने शिकायत में बताया कि साल 2023 में अमलीडीह इलाके में एक रिश्तेदार के घर उसके पिता ने कथित तौर पर उसे जबरन शराब पिलाई, मारपीट की और दुष्कर्म किया। आरोप है कि घटना किसी को बताने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई। पीड़िता के अनुसार, इसके बाद भी उसका शोषण जारी रहा और वह गर्भवती हो गई। आरोप है कि जब उसने इसकी जानकारी अपनी बुआ को दी तो बुआ ने भी पिता का साथ दिया और मारपीट करने के बाद उसे जबरन गर्भपात की दवा खिलाई। दूसरी बार गर्भवती होने पर फर्जी दस्तावेज का आरोप पुलिस के अनुसार, साल 2025 में पीड़िता दोबारा गर्भवती हुई। इसके बाद उसे डॉक्टर वर्षा मंडल और उसकी परिचित गीता राय के पास ले जाया गया। आरोप है कि उसकी वास्तविक उम्र छिपाने के लिए फर्जी आधार कार्ड तैयार कराया गया और उसे बालिग दिखाया गया। इसके बाद उसे शादीशुदा बताकर डंगनिया स्थित वासुदेव अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में बच्चे का जन्म, बेचने का आरोप पुलिस के मुताबिक, अस्पताल में पीड़िता ने एक बेटे को जन्म दिया। प्रसव के बाद आरोपियों पर नवजात को किसी अन्य व्यक्ति को बेचने का आरोप लगा है। पुलिस अब नवजात से जुड़े पूरे मामले और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। पीड़िता की शिकायत के आधार पर न्यू राजेंद्र नगर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट, जेजे एक्ट और बीएनएस की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पिता, बुआ और अन्य आरोपियों समेत कुल 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में रोहित राय, साहेब मंडल, योगिता राय उर्फ गीता, बरखा वर्मा उर्फ वर्षा मंडल समेत कुल छह आरोपी शामिल हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।

नाबालिग से 3 साल तक दुष्कर्म का आरोप, दो बार गर्भवती हुई; नवजात को बेचने के मामले में 6 गिरफ्तार Read Post »

Crime, Raipur

कार चढ़ाकर हत्या के मामले में फरार आरोपी भरत मंगनानी ने किया कोर्ट में सरेंडर

रायपुर के आमानाका थाना क्षेत्र में कार चढ़ाकर युवक की हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी भरत मंगनानी ने पुलिस की लगातार कार्रवाई के बीच न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस के मुताबिक, 14 अगस्त 2026 को परमजीत रणगण्ही की हत्या की रिपोर्ट आमानाका थाने में दर्ज कराई गई थी। बताया गया कि परमजीत की शादी शिखा साहू से तय होने की बातचीत चल रही थी। घटना वाले दिन शिखा अपने दोस्त भरत मंगनानी के साथ सफेद रंग की फॉक्सवैगन कार से टाटीबंध पहुंची थी। गुरुद्वारा के पास शिखा और परमजीत की मुलाकात हुई। इसी दौरान भरत मंगनानी और परमजीत के बीच विवाद हो गया। शिकायत के अनुसार, विवाद के बाद भरत ने कथित तौर पर परमजीत को जान से मारने की नीयत से तेज रफ्तार कार उसके ऊपर चढ़ा दी। हादसे में परमजीत गंभीर रूप से घायल हो गया और काफी खून बहने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपी कार लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 264/2026 दर्ज करते हुए BNS की धारा 103 के तहत जांच शुरू की। आरोपी की तलाश में उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही थी और तकनीकी माध्यमों से भी उसकी लोकेशन तलाश की जा रही थी। पुलिस की लगातार कार्रवाई और बढ़ते दबाव के बीच भरत मंगनानी ने 18 अगस्त 2026 को न्यायालय परिसर पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। इसके बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से पुलिस रिमांड मंजूर की गई है। फिलहाल आरोपी से घटना को लेकर पूछताछ जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

कार चढ़ाकर हत्या के मामले में फरार आरोपी भरत मंगनानी ने किया कोर्ट में सरेंडर Read Post »

Crime, Raipur

बिरगांव नगर निगम के 40 वार्डों का आरक्षण जारी, जानिए किस वार्ड में कौन सा वर्ग

बिरगांव। आगामी नगरीय निकाय चुनाव को लेकर बिरगांव नगर निगम के वार्डों का आरक्षण सामने आ गया है। नगर निगम में कुल 40 वार्ड हैं और आरक्षण सूची जारी होने के बाद स्थानीय राजनीति में हलचल तेज हो गई है। आरक्षण के बाद अब संभावित पार्षद प्रत्याशी अपने-अपने वार्डों में चुनावी समीकरण के अनुसार रणनीति बनाने में जुटेंगे। आरक्षण सूची के अनुसार बिरगांव नगर निगम में OBC वर्ग के लिए 13 वार्ड निर्धारित किए गए हैं। इनमें सामान्य OBC और OBC महिला दोनों श्रेणियां शामिल हैं। वहीं SC, ST, सामान्य महिला और अनारक्षित वर्ग के लिए भी अलग-अलग वार्ड निर्धारित किए गए हैं। OBC के लिए आरक्षित वार्ड OBC वर्ग के लिए वार्ड 5, 14, 23, 25, 28, 29, 31, 32 और 33 आरक्षित हैं। वहीं वार्ड 7, 20, 21 और 30 OBC महिला के लिए आरक्षित किए गए हैं। SC और ST वर्ग का आरक्षण SC वर्ग के लिए वार्ड 2, 15 और 22 आरक्षित हैं, जबकि वार्ड 9 और 26 SC महिला के लिए आरक्षित किए गए हैं। ST वर्ग के लिए वार्ड 4 और ST महिला के लिए वार्ड 11 आरक्षित है। सामान्य महिला और अनारक्षित वार्ड सामान्य महिला वर्ग के लिए वार्ड 3, 10, 12, 16, 17, 34 और 37 आरक्षित किए गए हैं। वहीं वार्ड 6, 8, 13, 18, 19, 24, 27, 35, 36, 38, 39 और 40 अनारक्षित श्रेणी में रखे गए हैं। वार्डवार आरक्षण सूची वार्ड 1. सामान्य 2. ⁠sc 3. ⁠सामान्य महिला 4. ⁠ST 5. ⁠OBC 6. ⁠अनारक्षित 7. ⁠OBC mahila 8. ⁠अनारक्षित 9. ⁠SC महिला 10. ⁠सामान्य महिला 11. ⁠ST महिला 12. ⁠सामान्य महिला 13. ⁠अनारक्षित 14. ⁠OBC 15. ⁠SC 16. ⁠सामान्य महिला 17. ⁠सामान्य महिला 18. ⁠अनारक्षित 19. ⁠अनारक्षित 20. ⁠OBC महिला 21. ⁠OBC महिला 22. ⁠SC 23. ⁠OBC 24. ⁠अनारक्षित 25. ⁠obc 26. ⁠SC महिला 27. ⁠अनारक्षित 28. ⁠obc 29. ⁠obc 30. ⁠ओबीसी महिला 31. ⁠obc 32. ⁠obc 33. ⁠obc 34. ⁠सामान्य महिला 35. ⁠अनारक्षित 36. ⁠अनारक्षित 37. सामान्यमहिला 38. ⁠39,40 अनारक्षित आरक्षण सूची सामने आने के बाद बिरगांव नगर निगम चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने की संभावना है। कई संभावित प्रत्याशियों के लिए आरक्षण राहत लेकर आया है, तो कुछ दावेदारों को अब दूसरे वार्ड या नए समीकरण पर विचार करना पड़ सकता है। आने वाले दिनों में राजनीतिक दलों की ओर से प्रत्याशियों को लेकर मंथन और दावेदारों की सक्रियता बढ़ने की उम्मीद है। नोट: वार्ड आरक्षण की अंतिम स्थिति के लिए संबंधित निर्वाचन/प्रशासनिक विभाग की आधिकारिक अधिसूचना को आधार माना जाना चाहिए।

बिरगांव नगर निगम के 40 वार्डों का आरक्षण जारी, जानिए किस वार्ड में कौन सा वर्ग Read Post »

Birgaon, Chhattisgarh, Raipur

छत्तीसगढ़ में अगले 48 घंटे भारी बारिश का अलर्ट, उत्तर-मध्य हिस्सों में तेज बारिश के आसार

रायपुर, 14 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने जा रहा है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर अति भारी बारिश हो सकती है, जबकि एक-दो जगहों पर बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम का यह असर अगले करीब तीन दिनों तक बना रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिम बंगाल के तटीय क्षेत्र और उससे लगे बांग्लादेश के ऊपर बना निम्न दबाव का क्षेत्र अब डिप्रेशन में बदल गया है। यह सिस्टम पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है और अगले 24 घंटे में गंगीय पश्चिम बंगाल तथा झारखंड की ओर बढ़ने की संभावना है। इसी मौसम प्रणाली के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी। 2 से 4 डिग्री तक गिर सकता है तापमान बारिश के साथ प्रदेश के तापमान में भी गिरावट देखने को मिल सकती है। अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में करीब 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक कमी आने का अनुमान है। इसके बाद तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना कम है। पिछले 24 घंटे में दुर्ग सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पेंड्रा रोड में सबसे कम न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस रहा। रायपुर में बादल और गरज-चमक के साथ बारिश राजधानी रायपुर में 14 अगस्त को पूरे दिन बादल छाए रहने की संभावना है। इस दौरान कुछ जगहों पर बारिश के साथ गरज-चमक और बौछारें पड़ सकती हैं। रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। क्या होता है शियर जोन? शियर जोन वायुमंडल का वह क्षेत्र है जहां अलग-अलग ऊंचाई पर हवाओं की दिशा या गति में अंतर होता है। नीचे चल रही हवा की दिशा और ऊंचाई पर मौजूद हवा की दिशा या रफ्तार अलग हो सकती है। इस अंतर के कारण वातावरण में अस्थिरता बढ़ती है, जिससे बादल बनने और बारिश की गतिविधियों में तेजी आ सकती है। छत्तीसगढ़ में अब तक सामान्य से 9% कम बारिश प्रदेश में 1 जून से 13 अगस्त तक कुल 668.8 मिमी बारिश दर्ज की गई है। इस अवधि में सामान्य बारिश का आंकड़ा 734.4 मिमी है। यानी अब तक प्रदेश में सामान्य से 65.6 मिमी कम बारिश हुई है। हालांकि कुल मिलाकर बारिश सामान्य श्रेणी में बनी हुई है। नारायणपुर में सबसे ज्यादा बारिश जिलेवार आंकड़ों में नारायणपुर सबसे आगे है। यहां अब तक 1043.9 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य से 34 प्रतिशत अधिक है। इसके अलावा सारंगढ़-बिलाईगढ़ में 948.2 मिमी, बीजापुर में 870.6 मिमी, जांजगीर में 857.3 मिमी और महासमुंद में 835.6 मिमी बारिश दर्ज हुई है। सारंगढ़-बिलाईगढ़ में सामान्य से 59% ज्यादा बारिश सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में सामान्य 598.2 मिमी के मुकाबले अब तक 948.2 मिमी बारिश हुई है। यानी यहां सामान्य से 59 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई है। इसके बाद नारायणपुर में 34%, मुंगेली में 32%, बलौदाबाजार में 28%, महासमुंद में 26% और जांजगीर में 24% अधिक बारिश हुई है। सरगुजा में बारिश की सबसे ज्यादा कमी वहीं सरगुजा में सामान्य के मुकाबले बारिश की सबसे बड़ी कमी दर्ज की गई है। यहां सामान्य 773.2 मिमी के मुकाबले सिर्फ 379.6 मिमी बारिश हुई है, यानी 51 प्रतिशत कम। जशपुर में 45%, बेमेतरा में 40%, कांकेर में 35%, सूरजपुर में 22% तथा बस्तर और कबीरधाम में 21-21% बारिश कम हुई है। रायपुर में सामान्य से 13% ज्यादा बारिश राजधानी रायपुर में 13 अगस्त तक 727.8 मिमी बारिश दर्ज की गई है। सामान्य आंकड़ा 641.9 मिमी है। इस तरह रायपुर में अब तक 85.9 मिमी यानी 13 प्रतिशत ज्यादा बारिश हुई है। प्रदेश के 33 जिलों में 20 जिले सामान्य बारिश की स्थिति में हैं, जबकि 6 जिलों में सामान्य से अधिक और 7 जिलों में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है।

छत्तीसगढ़ में अगले 48 घंटे भारी बारिश का अलर्ट, उत्तर-मध्य हिस्सों में तेज बारिश के आसार Read Post »

Raipur, State, Top News, weather

रायपुर कमिश्नरेट में स्मार्ट पुलिसिंग की नई पहल, 21 थानों में शुरू हुआ e-मालखाना 2.0

रायपुर, 13 अगस्त 2026। रायपुर कमिश्नरेट ने पुलिसिंग को तकनीक से जोड़ते हुए मालखाना प्रबंधन में एक बड़ा डिजिटल बदलाव किया है। कमिश्नरेट के सभी 21 थानों में अब e-मालखाना 2.0 व्यवस्था लागू हो गई है। गुरुवार को एक साथ 10 नए थानों में इस प्रणाली की शुरुआत की गई, जिसके बाद 100 प्रतिशत थाने डिजिटल मालखाना प्रणाली से जुड़ गए हैं। पुलिस आयुक्त संजीव शुक्ला के मार्गदर्शन और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित कांबले के निर्देशन में शुरू की गई इस व्यवस्था को रायपुर पश्चिम पुलिस उपायुक्त रॉबिंसन गुड़िया ने विकसित किया है। इसका उद्देश्य मालखाने में रखी जब्त संपत्तियों और केस प्रॉपर्टी के रिकॉर्ड को व्यवस्थित, सुरक्षित और पारदर्शी बनाना है। पश्चिम जोन के विभिन्न थानों में e-मालखाना 2.0 का शुभारंभ किया गया। थाना टिकरापारा और न्यू राजेंद्र नगर में पुलिस आयुक्त संजीव शुक्ला ने प्रणाली का उद्घाटन किया। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित कांबले, पुलिस उपायुक्त पश्चिम रॉबिंसन गुड़िया, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त पश्चिम राहुल देव शर्मा सहित संबंधित अधिकारी और थाना प्रभारी मौजूद रहे। थाना खमतराई में e-मालखाना 2.0 की शुरुआत अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित कांबले ने की। इस अवसर पर पुलिस उपायुक्त उत्तर दीपमाला कश्यप, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त उत्तर आदित्य पाण्डेय और पुलिस स्टाफ उपस्थित रहा। बारकोड से होगी केस प्रॉपर्टी की डिजिटल ट्रैकिंग e-मालखाना 2.0 की प्रमुख विशेषता बारकोड आधारित डिजिटल ट्रैकिंग सिस्टम है। मालखाने में जमा होने वाली प्रत्येक जब्त वस्तु और केस प्रॉपर्टी को एक यूनिक बारकोड दिया जाएगा। बारकोड स्कैन करने पर संबंधित प्रकरण, जब्ती का विवरण, जमा करने की तारीख और वस्तु की वर्तमान स्थिति जैसी जानकारी तुरंत देखी जा सकेगी। इस व्यवस्था से मालखाने में रखी सामग्री को ढूंढने, उसकी निगरानी करने और रिकॉर्ड को अपडेट रखने में आसानी होगी। साथ ही मैनुअल रिकॉर्ड पर निर्भरता कम होने से व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ने की उम्मीद है। पुलिस विभाग के अनुसार, डिजिटल तकनीक के इस्तेमाल से मालखाना प्रबंधन अधिक तेज, व्यवस्थित और सुरक्षित बनाया जा सकेगा। यह पहल रायपुर कमिश्नरेट में स्मार्ट पुलिसिंग और डिजिटल प्रशासन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। इन 10 थानों में शुरू हुआ नया e-मालखाना 13 अगस्त को टिकरापारा, न्यू राजेंद्र नगर, मुजगहन, पुरानी बस्ती, डीडी नगर, आमानाका, आजाद चौक, सरस्वती नगर और खमतराई समेत पश्चिम जोन के 10 थानों में e-मालखाना 2.0 की शुरुआत की गई।

रायपुर कमिश्नरेट में स्मार्ट पुलिसिंग की नई पहल, 21 थानों में शुरू हुआ e-मालखाना 2.0 Read Post »

GOVERNMENT, Police, Raipur, State, Top News
Scroll to Top