Chhattisgarh

गृह मंत्रालय और विधि मंत्रालय की अहम बैठक में शामिल हुए सांसद बृजमोहन अग्रवाल, संवैधानिक संशोधन विधेयकों पर रखे सुझाव

रायपुर/नई दिल्ली। रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने नई दिल्ली में आयोजित संयुक्त संसदीय समिति (JPC) की महत्वपूर्ण बैठक में भाग लिया। यह बैठक संविधान (130वां संशोधन) विधेयक, 2025, जम्मू-कश्मीर पुनर्गठन (संशोधन) विधेयक, 2025 तथा संघ राज्य क्षेत्र (संशोधन) विधेयक, 2025 के अध्ययन दौरे के तहत आयोजित की गई थी। सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने बताया कि बैठक के दौरान गृह मंत्रालय, विधि एवं न्याय मंत्रालय तथा दिल्ली सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विभिन्न विधेयकों के प्रावधानों और उनके प्रभावों पर विस्तृत चर्चा हुई। इस दौरान उन्होंने अपने सुझाव और विचार भी समिति के समक्ष रखे। बैठक में राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालयों (NLUs), बार एसोसिएशन, न्यायिक अकादमी, नीति अनुसंधान संस्थानों और नागरिक समाज के प्रतिनिधियों के साथ भी संवाद किया गया। विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों की राय और सुझावों को भी समिति ने गंभीरता से सुना। बैठक में समिति की अध्यक्ष सांसद अपराजिता सारंगी सहित सांसद अनुराग सिंह ठाकुर, बृजलाल, मनन कुमार मिश्रा, उज्ज्वल देवराव निकम, असदुद्दीन ओवैसी तथा अन्य सदस्य और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा विधायी प्रक्रियाओं को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से इस तरह की चर्चाएं महत्वपूर्ण हैं।

गृह मंत्रालय और विधि मंत्रालय की अहम बैठक में शामिल हुए सांसद बृजमोहन अग्रवाल, संवैधानिक संशोधन विधेयकों पर रखे सुझाव Read Post »

GOVERNMENT, Raipur

रायपुर एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टला: एयर इंडिया विमान से टकराया पक्षी, 2 घंटे प्रभावित रहीं उड़ानें

रायपुर एयरपोर्ट पर शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया, जब दिल्ली से रायपुर आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट लैंडिंग के दौरान पक्षी से टकरा गई। घटना के बाद विमान की सुरक्षा जांच की गई, जिसके चलते एयरपोर्ट संचालन कुछ समय के लिए प्रभावित रहा। एयरपोर्ट अथॉरिटी के अनुसार, विमान की सुरक्षित लैंडिंग के बाद सभी आवश्यक स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) पूरे किए गए। जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद विमान को उसके अगले गंतव्य के लिए रवाना किया गया। बर्ड हिट की घटना के कारण रायपुर एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाली कई फ्लाइटें लगभग दो घंटे की देरी से संचालित हुईं। यात्रियों को एयरपोर्ट पर इंतजार करना पड़ा, हालांकि सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए अधिकारियों ने सभी जरूरी जांच पूरी की। गौरतलब है कि दो महीने पहले भी रायपुर एयरपोर्ट पर एक बंदर रनवे पर पहुंच गया था। उस समय लखनऊ से आ रही इंडिगो फ्लाइट की लैंडिंग के दौरान स्थिति बनी थी, लेकिन समय रहते रनवे खाली कराकर बड़ा हादसा टाल दिया गया था। विशेषज्ञों के अनुसार, दुनिया भर में हर दिन औसतन 34 बर्ड हिट की घटनाएं दर्ज होती हैं। हालांकि अधिकांश मामलों में विमान को कोई बड़ा नुकसान नहीं पहुंचता, लेकिन सुरक्षा कारणों से हर घटना की गंभीरता से जांच की जाती है। एयरपोर्ट प्रशासन पक्षियों को रनवे से दूर रखने के लिए स्पीकर सिस्टम, लेजर गन और अन्य आधुनिक तकनीकों का उपयोग करता है ताकि विमान संचालन सुरक्षित बना रहे।

रायपुर एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टला: एयर इंडिया विमान से टकराया पक्षी, 2 घंटे प्रभावित रहीं उड़ानें Read Post »

Raipur

कोरिया में रेत कारोबार विवाद बना खूनी संघर्ष: भाजपा नेता समेत 3 की मौत, फॉर्च्यूनर में जिंदा जलाने का आरोप

छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में रेत कारोबार को लेकर चल रहे विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। सोनहत थाना क्षेत्र के नौगई गांव में भाजपा के पूर्व जनपद पंचायत अध्यक्ष भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह की कथित रूप से जिंदा जलाकर हत्या कर दी गई। इस हमले में कुल तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। जानकारी के अनुसार, रेत घाट के संचालन को लेकर दो पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। आरोप है कि देर रात कुछ लोगों ने लल्ला सिंह की फॉर्च्यूनर कार को आगे और पीछे हाईवा वाहन लगाकर रोक दिया। इसके बाद वाहन पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी गई। घटना के दौरान कार में भरत सिंह, नागेंद्र सिंह, विरेंद्र सिंह और अन्य लोग सवार थे। भरत सिंह आग की चपेट में आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि अन्य लोग किसी तरह वाहन से बाहर निकलने में सफल रहे। आरोप है कि बाहर निकलने के बाद उन पर धारदार हथियारों और लाठियों से हमला किया गया। हमले में विरेंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उनके गले पर फरसे से वार किया गया था। इलाज के दौरान अंबिकापुर के एक निजी अस्पताल में उनकी मौत हो गई। वहीं 80 प्रतिशत तक झुलसे नागेंद्र सिंह ने रायपुर ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। घटना में मयंक सिंह और योगेंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों का उपचार जारी है। पुलिस ने मामले में 7 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। अक्षत त्रिपाठी, विशाल त्रिपाठी, सत्यप्रकाश त्रिपाठी और मनोज त्रिपाठी समेत 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने घटना को गंभीर बताते हुए कहा है कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं मृतक के परिजनों ने मामले की सीबीआई जांच और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। बताया जा रहा है कि रेत घाट को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले भी विवाद हो चुका था और इसी तनाव के चलते यह हिंसक घटना सामने आई।

कोरिया में रेत कारोबार विवाद बना खूनी संघर्ष: भाजपा नेता समेत 3 की मौत, फॉर्च्यूनर में जिंदा जलाने का आरोप Read Post »

Crime, koriya, Political, State, Top News

CCPL-3 Champion: बिलासपुर बुल्स ने जीता खिताब, फाइनल में रायगढ़ लायंस को 7 विकेट से हराया

रायपुर। छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग (CCPL) सीजन-3 का खिताब बिलासपुर बुल्स ने अपने नाम कर लिया है। रविवार को शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में बिलासपुर बुल्स ने रायगढ़ लायंस को 7 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। मुकाबले में बिलासपुर बुल्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए रायगढ़ लायंस की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 160 रन बनाए। टीम की ओर से नयन चव्हाण ने सर्वाधिक 41 रन बनाए, जबकि संगीत सोनी ने 32, आलोक साहू ने 25 और दीपक यादव ने 22 रन का योगदान दिया। बिलासपुर बुल्स के गेंदबाजों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। भारत गोंडवानी ने 3 विकेट हासिल किए, जबकि वरुण सिंह भुई और मोहित राउत ने 2-2 विकेट लेकर विपक्षी टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचने से रोका। 161 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बिलासपुर बुल्स की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। टीम ने केवल 16.3 ओवर में 3 विकेट खोकर 164 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। विकल्प तिवारी और पवन परनाते ने 29-29 रन बनाए, जबकि आयुष पांडे ने 33 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। रायगढ़ लायंस की ओर से प्रवीण कुमार यादव और शुभम अग्रवाल को एक-एक विकेट मिला, लेकिन उनकी कोशिशें टीम को जीत दिलाने के लिए पर्याप्त नहीं रहीं। फाइनल मुकाबले में शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 महत्वपूर्ण विकेट लेने वाले भारत गोंडवानी को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। बिलासपुर बुल्स ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया और बिना कोई मैच गंवाए CCPL सीजन-3 का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया।

CCPL-3 Champion: बिलासपुर बुल्स ने जीता खिताब, फाइनल में रायगढ़ लायंस को 7 विकेट से हराया Read Post »

Raipur, Sports, State, Top News

छत्तीसगढ़ में 5 दिन तेज आंधी-बारिश का अलर्ट, बस्तर से जल्द होगी मानसून की एंट्री

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में अगले पांच दिनों तक गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। साथ ही दक्षिण छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में अगले चार से पांच दिनों के भीतर दक्षिण-पश्चिम मानसून के पहुंचने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार कुछ स्थानों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं तथा बिजली गिरने की भी आशंका है। पिछले 24 घंटों के दौरान दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मुंगेली में सबसे अधिक वर्षा दर्ज की गई, जहां 50 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। वहीं, कबीरधाम (कवर्धा) में 10 मिमी बारिश हुई। बारिश के प्रभाव से उत्तर छत्तीसगढ़ के अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की कमी आई है। दूसरी ओर रायपुर और दुर्ग संभाग सहित मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में तापमान में 1 से 2 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। राजधानी रायपुर में सुबह से ही बादलों का डेरा बना हुआ है। मौसम विभाग का अनुमान है कि शहर में दिन के दौरान गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इसके अलावा धूलभरी आंधी चलने की भी संभावना है। रायपुर का अधिकतम तापमान करीब 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

छत्तीसगढ़ में 5 दिन तेज आंधी-बारिश का अलर्ट, बस्तर से जल्द होगी मानसून की एंट्री Read Post »

Raipur, State, Top News, weather

किराये पर लिया ट्रेलर बेचकर 5.20 लाख हड़पे, रायगढ़ पुलिस ने शातिर ठग को दबोचा

रायगढ़। कोतरारोड़ पुलिस ने ट्रेलर वाहन को किराये पर लेकर उसे बेच देने के सनसनीखेज धोखाधड़ी मामले का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी सुदामा प्रधान उर्फ छोटू को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने फर्जी पहचान का सहारा लेकर वाहन मालिक का विश्वास जीता और ट्रेलर को अपने कब्जे में लेने के बाद उसे रायपुर में बेच दिया। मामले की शिकायत गोरखा निवासी हरदीप सिंह ने दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि करीब दो वर्ष पहले एक व्यक्ति ने फोन कर स्वयं को राकेश डनसेना बताया और ट्रेलर वाहन किराये पर लेने की इच्छा जताई। बातचीत के बाद दोनों पक्षों के बीच 80 हजार रुपये प्रतिमाह किराया तय हुआ और 7 नवंबर 2024 को किरायानामा तैयार किया गया। भरोसा दिलाने के लिए आरोपी ने एचडीएफसी बैंक का हस्ताक्षरयुक्त ब्लैंक चेक भी दिया था। वाहन लेने के कुछ समय बाद आरोपी का मोबाइल बंद हो गया। न तो वाहन का किराया मिला और न ही ट्रेलर वापस किया गया। संदेह होने पर वाहन मालिक ने स्वयं जांच की, जिसमें सामने आया कि राकेश डनसेना के नाम से पहचान बताने वाला व्यक्ति वास्तव में सुदामा प्रधान उर्फ छोटू है। शिकायत के आधार पर कोतरारोड़ थाना में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश तेज की और मुखबिर की सूचना पर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथी गुरप्रीत सिंह के साथ मिलकर ट्रेलर वाहन को किराये पर लेकर बेचने की साजिश रची थी। योजना के तहत फर्जी नाम से किरायानामा तैयार कराया गया और वाहन मालिक को भरोसे में लिया गया। इसके बाद ट्रेलर वाहन क्रमांक CG 15 AC 4476 को रायपुर ले जाकर बेच दिया गया। आरोपी ने पुलिस को बताया कि रायपुर के गुढ़ियारी क्षेत्र में वाहन को हार्स और ट्राला सहित 5 लाख 20 हजार रुपये में बेच दिया गया था। बिक्री से मिली राशि दोनों आरोपियों ने आपस में बांट ली थी। आरोपी के हिस्से में मिली रकम में से केवल 15 हजार रुपये शेष होना बताया गया है। जांच के दौरान पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि संबंधित ट्रेलर को रायपुर स्थित एक डिस्पोजल गोदाम में काटकर नष्ट कर दिया गया है। वहीं मामले का दूसरा आरोपी गुरप्रीत सिंह अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी ने पूछताछ में वाहन और मोबाइल चोरी की कुछ अन्य घटनाओं में भी संलिप्तता स्वीकार की है, जिनकी अलग से जांच की जा रही है। फिलहाल आरोपी सुदामा प्रधान उर्फ छोटू को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

किराये पर लिया ट्रेलर बेचकर 5.20 लाख हड़पे, रायगढ़ पुलिस ने शातिर ठग को दबोचा Read Post »

GOVERNMENT, Raigarh

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रशिक्षु IAS अधिकारियों को दिया जनसेवा और सुशासन का मंत्र

रायपुर। मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai से राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के तीन प्रशिक्षु अधिकारियों ने शिष्टाचार भेंट कर मार्गदर्शन प्राप्त किया। ये अधिकारी वर्तमान में निमोरा स्थित छत्तीसगढ़ प्रशासन अकादमी में प्रशिक्षण ले रहे हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को उनकी उपलब्धि पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रशासनिक सेवा समाज और शासन के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी है। उन्होंने कहा कि एक प्रशासनिक अधिकारी के फैसलों का सीधा प्रभाव आम लोगों के जीवन पर पड़ता है, इसलिए हर निर्णय में जनहित और पारदर्शिता को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने प्रशिक्षु अधिकारियों को सलाह दी कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन संवेदनशीलता, निष्पक्षता और ईमानदारी के साथ करें। साथ ही लोगों के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझें और समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं। प्रशिक्षु अधिकारियों ने मुख्यमंत्री के साथ बातचीत के दौरान अपने प्रशिक्षण अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विविधता, जनजातीय परंपराएं और यहां के लोगों का अपनापन उन्हें बेहद प्रभावित कर रहा है। अधिकारियों ने बताया कि प्रशासनिक सेवा के माध्यम से समाज के विकास में योगदान देना उनके लिए सम्मान और जिम्मेदारी दोनों है। इस अवसर पर अधिकारियों ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की तैयारी, प्रशिक्षण के दौरान सामने आई चुनौतियों और प्रेरणादायक अनुभवों पर भी चर्चा की। मुख्यमंत्री ने अपने सार्वजनिक जीवन के अनुभव साझा करते हुए उन्हें निरंतर सीखने, जमीनी स्तर से जुड़े रहने और मानवीय दृष्टिकोण के साथ कार्य करने की प्रेरणा दी। उल्लेखनीय है कि प्रशिक्षु IAS अधिकारी गोकुल आर. के., वी. यशवंत नायक और ईशांत जायसवाल को छत्तीसगढ़ कैडर आवंटित हुआ है। जिला प्रशिक्षण के लिए रवाना होने से पहले उन्होंने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रशिक्षु IAS अधिकारियों को दिया जनसेवा और सुशासन का मंत्र Read Post »

Political, Raipur

मॉडिफाइड बुलेट साइलेंसर पर ट्रैफिक पुलिस की सख्ती, नियम तोड़ने वालों पर 5 हजार रुपए का जुर्माना

रायपुर में ट्रैफिक पुलिस ने मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर तेज आवाज करने वाले बुलेट और अन्य दोपहिया वाहन चालकों के खिलाफ विशेष अभियान शुरू किया है। इस कार्रवाई के तहत नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर 5 हजार रुपए तक का जुर्माना लगाया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मॉडिफाइड साइलेंसर से निकलने वाली अत्यधिक आवाज न केवल ध्वनि प्रदूषण बढ़ाती है, बल्कि आम नागरिकों, बुजुर्गों, मरीजों और छात्रों के लिए भी परेशानी का कारण बनती है। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद ट्रैफिक पुलिस ने जांच अभियान तेज कर दिया है। चेकिंग के दौरान जिन वाहनों में अवैध रूप से बदले गए साइलेंसर पाए जा रहे हैं, उनके खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है। वाहन मालिकों को मूल (स्टैंडर्ड) साइलेंसर लगाने के निर्देश भी दिए जा रहे हैं। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और किसी भी प्रकार के अवैध मॉडिफिकेशन से बचें। अधिकारियों का कहना है कि शहर में ध्वनि प्रदूषण को नियंत्रित करने और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। ट्रैफिक विभाग ने स्पष्ट किया है कि मॉडिफाइड साइलेंसर लगाना नियमों के विरुद्ध है और ऐसे मामलों में जुर्माने के साथ अन्य कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है।

मॉडिफाइड बुलेट साइलेंसर पर ट्रैफिक पुलिस की सख्ती, नियम तोड़ने वालों पर 5 हजार रुपए का जुर्माना Read Post »

Raipur

रायपुर में भारत-अमेरिका व्यापार संबंधों के मूल्यांकन पर संगोष्ठी, विशेषज्ञों ने आर्थिक अवसरों और चुनौतियों पर की चर्चा

रायपुर में भारत और अमेरिका के बीच बढ़ते व्यापारिक संबंधों तथा उनके आर्थिक प्रभावों पर केंद्रित एक महत्वपूर्ण संगोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम का विषय “भारत-अमेरिका व्यापार संबंधों का मूल्यांकन” रहा, जिसमें व्यापार, उद्योग, शिक्षा और नीति निर्माण से जुड़े विशेषज्ञों ने भाग लिया। बैठक में दोनों देशों के बीच बढ़ते द्विपक्षीय व्यापार, निवेश के अवसर, वैश्विक आर्थिक परिस्थितियों और संभावित व्यापार समझौतों पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच व्यापारिक सहयोग लगातार मजबूत हो रहा है, जिससे उद्योग, तकनीक, कृषि और सेवा क्षेत्र में नए अवसर पैदा हो रहे हैं। विशेषज्ञों ने इस बात पर भी जोर दिया कि बदलते वैश्विक आर्थिक परिदृश्य में भारत के लिए अमेरिकी बाजार महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। साथ ही उन्होंने व्यापारिक चुनौतियों, शुल्क नीतियों, निर्यात प्रतिस्पर्धा और निवेश संबंधी मुद्दों पर भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम में यह मत सामने आया कि भारत-अमेरिका व्यापारिक साझेदारी को और मजबूत बनाने के लिए उद्योगों को वैश्विक मानकों के अनुरूप तैयार करना होगा। इससे रोजगार सृजन, निवेश वृद्धि और आर्थिक विकास को नई गति मिल सकती है। प्रतिभागियों ने व्यापारिक सहयोग को बढ़ाने, नई तकनीकों को अपनाने और निर्यात क्षमता को मजबूत करने की आवश्यकता पर बल दिया। संगोष्ठी के दौरान छात्रों, शोधकर्ताओं और उद्योग प्रतिनिधियों ने भी अपने प्रश्न और सुझाव साझा किए।

रायपुर में भारत-अमेरिका व्यापार संबंधों के मूल्यांकन पर संगोष्ठी, विशेषज्ञों ने आर्थिक अवसरों और चुनौतियों पर की चर्चा Read Post »

GOVERNMENT, Raipur

रायपुर में 4 साल के मासूम की हत्या: मां के प्रेमी ने तकिए से दबाकर ली जान, 7 महीने बाद गिरफ्तार

रायपुर में चार साल के एक मासूम बच्चे की हत्या के मामले में पुलिस ने सात महीने बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि बच्चे की मां के प्रेमी ने रिश्ते में बाधा बनने पर उसकी जान ले ली। घटना आमानाका थाना क्षेत्र की है। पुलिस के अनुसार, आरोपी जयदीप सिंह का बच्चे की मां के साथ प्रेम संबंध था। महिला अपने पति से अलग रह रही थी और आरोपी का उसके घर आना-जाना था। जांच में सामने आया कि आरोपी बच्चे को अपने संबंधों में रुकावट मानता था। 1 नवंबर 2025 को चार वर्षीय मयंक मिश्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की सूचना मिली थी। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जांच में मामला संदिग्ध मौत का माना गया, लेकिन पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि बच्चे की मौत दम घुटने से हुई थी। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि घटना के समय आरोपी और बच्चे की मां दोनों घर में मौजूद थे। आरोप है कि किसी बात को लेकर नाराज होकर आरोपी ने बच्चे का मुंह और नाक तकिए से दबा दिया, जिससे उसकी सांस रुक गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया और ट्रक चालक होने के कारण लगातार अलग-अलग राज्यों में घूमता रहा। पुलिस ने उसकी तलाश के लिए विशेष टीम गठित की और तकनीकी साक्ष्यों के साथ मुखबिरों की मदद से उसकी गतिविधियों पर नजर रखी। लगातार प्रयासों के बाद 10 जून 2026 को पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान उसने अपराध स्वीकार कर लिया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने टाटीबंध निवासी 27 वर्षीय जयदीप सिंह को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

रायपुर में 4 साल के मासूम की हत्या: मां के प्रेमी ने तकिए से दबाकर ली जान, 7 महीने बाद गिरफ्तार Read Post »

Crime, Raipur, State, Top News
Scroll to Top