NEWS 22 BHARAT

पिज्जा डिलीवरी के दौरान विवाद, डिलीवरी बॉय ने ग्राहक को पीटा, जान से मारने की धमकी

Raipur के कोटा इलाके में ऑनलाइन पिज्जा ऑर्डर करना एक युवक के लिए मुसीबत बन गया। डिलीवरी के लिए पहुंचे दो युवकों ने लोकेशन सही नहीं बताने का आरोप लगाते हुए ग्राहक के साथ मारपीट कर दी। पीड़ित लोकेश्वर सिंह ठाकुर के अनुसार, उन्होंने रविवार रात करीब 12:30 बजे Domino’s Pizza से दो पिज्जा ऑर्डर किए थे। डिलीवरी के दौरान डिलीवरी बॉय ने रास्ता समझने के लिए फोन किया, लेकिन बातचीत के दौरान दोनों के बीच हल्की कहासुनी हो गई। कुछ देर बाद जब डिलीवरी बॉय उनके घर पहुंचे और पेमेंट लेने के बाद अचानक भड़क गए। उन्होंने आरोप लगाया कि गलत लोकेशन देने की वजह से उन्हें परेशानी हुई। विवाद बढ़ने पर दोनों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। शिकायत के मुताबिक, विरोध करने पर आरोपियों ने युवक पर लात-घूंसे बरसाए और गाड़ी की चाबी से सिर पर हमला कर दिया। इस हमले में पीड़ित के सिर और हाथ में चोटें आई हैं। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित ने Amanaka Police Station में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस अब उन मोबाइल नंबरों की जांच कर रही है जिनसे कॉल किया गया था और फूड डिलीवरी कंपनी से भी आरोपियों की जानकारी मांगी गई है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

पिज्जा डिलीवरी के दौरान विवाद, डिलीवरी बॉय ने ग्राहक को पीटा, जान से मारने की धमकी Read Post »

Chhattisgarh, Raipur, Top News

रायपुर में नशे में ड्राइव कर रहे युवक ने पुलिस को दी धमकी, खुद को प्रदेश पदाधिकारी बताया

Raipur में नशे की हालत में कार चला रहे एक प्रभावशाली युवक का पुलिस से विवाद का मामला सामने आया है। 28 मार्च की रात तेलीबांधा थाना क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस ने राजू मित्रा को रोककर जांच की, जिसमें उसके शराब सेवन की पुष्टि हुई। जांच के दौरान जब पुलिस ने गाड़ी की चाबी मांगी, तो युवक ने खुद को एक राजनीतिक संगठन का प्रदेश पदाधिकारी बताते हुए पुलिसकर्मियों को धमकाना शुरू कर दिया। उसने कहा कि मामूली चालान कर छोड़ देना चाहिए था और चेतावनी दी कि इसका अंजाम भुगतना पड़ेगा। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि मौके पर निरीक्षक स्तर के अधिकारी मौजूद थे और कमिश्नरेट के निर्देश पर शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा था। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए युवक की कार जब्त कर ली। सोशल मीडिया पर आरोपी की कई तस्वीरें राजनीतिक नेताओं के साथ भी वायरल हो रही हैं। उसकी प्रोफाइल में खुद को हिंदू जागरण मंच दुर्ग का जिलाध्यक्ष बताया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इसी अभियान के तहत एक ही रात में 137 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई। वहीं जनवरी 2026 से अब तक करीब 1400 नशे में वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई की जा चुकी है।

रायपुर में नशे में ड्राइव कर रहे युवक ने पुलिस को दी धमकी, खुद को प्रदेश पदाधिकारी बताया Read Post »

Chhattisgarh, Crime, Political, Raipur, State, Top News

दुर्ग में बकरा चोरी का खुलासा: CCTV से पकड़े गए आरोपी, काटकर बेच दिया मांस

दुर्ग जिले के उतई थाना क्षेत्र में बकरा चोरी के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ग्राम जोरातराई में हुई इस घटना का खुलासा सीसीटीवी फुटेज के जरिए हुआ, जिसमें आरोपी दोपहिया वाहन से बकरा ले जाते हुए नजर आए। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल की गई स्कूटी, धारदार हथियार, नकदी और वारदात के समय पहने गए कपड़े बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद शफी (50) और ओमप्रकाश वर्मा (35) के रूप में हुई है, जो रूआबांधा इलाके के रहने वाले हैं। मामले की शुरुआत तब हुई जब ग्राम जोरातराई के निवासी बन्नी अली ने 25 मार्च को उतई थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 24 मार्च की रात उनके घर से दो बकरे गायब हो गए थे। जांच के दौरान घर के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें दो लोग स्कूटी से बकरा ले जाते दिखे। इसी आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने आर्थिक फायदा उठाने के लिए इस वारदात को अंजाम दिया। वे पहले स्कूटी से इलाके में घूमकर रेकी करते थे और मौका मिलते ही बकरा चोरी कर लेते थे। बाद में बकरों को काटकर बेच दिया और उससे मिली रकम खर्च कर दी।

दुर्ग में बकरा चोरी का खुलासा: CCTV से पकड़े गए आरोपी, काटकर बेच दिया मांस Read Post »

Chhattisgarh, Crime, DURG-RAIPUR, Top News

मस्तूरी के स्कूल में शिक्षक का जन्मदिन अनोखे अंदाज में मनाया, न्योता भोज में जुटे ग्रामीण

मस्तूरी क्षेत्र के शासकीय प्राथमिक शाला फदहा, संकुल सरवानी में पदस्थ शिक्षक गौरव निर्णेजक का जन्मदिन विद्यालय परिसर में विशेष रूप से मनाया गया। इस अवसर पर न्योता भोज का आयोजन किया गया, जिसमें स्कूल स्टाफ और ग्रामीणों ने मिलकर भाग लिया। कार्यक्रम में संस्था प्रमुख कुमारी मार्को, संतोषी सिदार और विजय प्रधान के साथ-साथ मनोहर सिंह मार्को, रंजीत मरावी, राधेश्याम गोस्वामी, सुमन फूलगुरिया और अंजली मरकाम उपस्थित रहे। इसके अलावा विद्यालय के रसोइयों और गांव के कई लोग भी कार्यक्रम में शामिल हुए। सभी ने मिलकर शिक्षक गौरव निर्णेजक को जन्मदिन की बधाई दी और उनके अच्छे स्वास्थ्य व उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस आयोजन के दौरान स्कूल में आपसी सहयोग और अपनत्व का माहौल देखने को मिला, जिसने इस अवसर को खास बना दिया।

मस्तूरी के स्कूल में शिक्षक का जन्मदिन अनोखे अंदाज में मनाया, न्योता भोज में जुटे ग्रामीण Read Post »

Bilaspur, Chhattisgarh, Education, State, Top News

तखतपुर में बर्ड फ्लू का खतरा बढ़ा: सड़क किनारे फेंकी मिलीं मृत मुर्गियां, संक्रमण की आशंका

बिलासपुर के बाद अब तखतपुर क्षेत्र में भी बर्ड फ्लू का खतरा बढ़ने लगा है। रविवार सुबह तखतपुर-नगोई बाईपास रोड पर बड़ी संख्या में मृत मुर्गियों से भरी बोरियां पाई गईं, जिन्हें खुले में छोड़ दिया गया था। इससे आसपास दुर्गंध फैल रही है और संक्रमण का जोखिम भी बढ़ गया है। बताया जा रहा है कि मुख्य सड़क से कुछ दूरी पर इन मुर्गियों को लावारिस हालत में फेंका गया था। सुबह टहलने निकले लोगों ने जब यह देखा तो हैरान रह गए। स्थानीय लोगों के अनुसार, आवारा कुत्ते इन मृत मुर्गियों को नोचकर खा रहे हैं और उन्हें सड़कों तक घसीट रहे हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि अगर ये मुर्गियां बर्ड फ्लू से संक्रमित हैं, तो कुत्तों और अन्य पक्षियों के जरिए वायरस तेजी से आसपास के रिहायशी इलाकों में फैल सकता है, जिससे स्थिति और गंभीर हो सकती है। इस घटना का असर स्थानीय पोल्ट्री व्यवसाय पर भी पड़ रहा है। तखतपुर और आसपास के क्षेत्रों में कई बड़े मुर्गी फार्म संचालित हैं। आमतौर पर नवरात्रि के बाद चिकन की मांग बढ़ती है, लेकिन इस समय बर्ड फ्लू की आशंका से कारोबार प्रभावित हो सकता है। मृत मुर्गियों को खुले में फेंके जाने की इस घटना से मांस उपभोक्ताओं के बीच भी भय का माहौल बन गया है।

तखतपुर में बर्ड फ्लू का खतरा बढ़ा: सड़क किनारे फेंकी मिलीं मृत मुर्गियां, संक्रमण की आशंका Read Post »

Bilaspur, Chhattisgarh, GOVERNMENT, Health, State, Top News

रायपुर में दो गुटों के बीच झड़प: बाइक टक्कर के बाद हिंसा, आधा दर्जन घायल, इलाके में तनाव

राजधानी रायपुर के मोमिनपारा और बढ़ईपारा इलाके में शनिवार को दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हो गई। इस झड़प में दोनों पक्षों के करीब छह लोग घायल हो गए, जिससे पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने मौके पर अतिरिक्त बल तैनात किया है। घटना आजाद चौक थाना क्षेत्र की है। पुलिस के अनुसार, विवाद की शुरुआत एक मामूली सड़क हादसे से हुई, जब बढ़ईपारा के कुछ नाबालिग लड़कों की बाइक मोमिनपारा के युवकों से टकरा गई। इस बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो जल्द ही बड़े झगड़े में बदल गई और दोनों पक्षों के अन्य लोग भी इसमें शामिल हो गए। बताया जा रहा है कि एक पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे तीन युवकों के सिर में गंभीर चोट आई। इसके जवाब में दूसरे पक्ष ने धारदार हथियारों का इस्तेमाल किया, जिसमें कई लोग घायल हो गए। पुलिस अब इस मामले में शामिल आरोपियों की तलाश कर रही है। गौरतलब है कि पिछले 15 दिनों के भीतर यह दूसरी बार है जब इन इलाकों में इस तरह का विवाद हुआ है। इससे पहले मौदहापारा में चाकूबाजी की घटना के बाद भी तनाव की स्थिति बनी थी। फिलहाल इलाके में पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है।

रायपुर में दो गुटों के बीच झड़प: बाइक टक्कर के बाद हिंसा, आधा दर्जन घायल, इलाके में तनाव Read Post »

Accident, Chhattisgarh, Raipur, State, Top News

विष्णु देव साय का सख्त निर्देश: सिलेंडर की कमी की अफवाह फैलाने वालों पर केस, साइबर सेल रखेगा नजर

प्रदेश में गैस सिलेंडर और पेट्रोल की कमी को लेकर सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक खबरों को लेकर सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि इस तरह की अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत कार्रवाई की जाए। इस काम के लिए नवा रायपुर स्थित साइबर मुख्यालय को निगरानी की जिम्मेदारी दी गई है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर पेट्रोल, डीजल और गैस से जुड़े सभी मैसेज पर नजर रखी जाएगी और गलत जानकारी फैलाने वालों के खिलाफ सीधे केस दर्ज होगा। इसी के साथ प्रशासन ने गैस सिलेंडरों की जमाखोरी पर भी कार्रवाई शुरू कर दी है। अलग-अलग जगहों पर छापेमारी के दौरान होटल, ढाबों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से 3800 से ज्यादा सिलेंडर जब्त किए गए हैं, जिनका उपयोग घरेलू गैस के रूप में किया जा रहा था। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश में पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस और उर्वरकों की कोई कमी नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह पर भरोसा न करें। साथ ही अधिकारियों को जरूरी वस्तुओं की आपूर्ति सुचारू बनाए रखने और सही जानकारी जनता तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार ने जमाखोरी और कालाबाजारी पर भी कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। पेट्रोल पंप और गैस एजेंसियों की नियमित निगरानी की जाएगी, जबकि अस्पताल, छात्रावास और रेलवे जैसे संस्थानों में गैस सप्लाई सुनिश्चित करने को कहा गया है। इसके अलावा, आम जनता की शिकायतों के लिए 1800-233-3663 टोल फ्री नंबर जारी किया गया है, जहां गैस सप्लाई में दिक्कत या अधिक कीमत वसूली की शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।

विष्णु देव साय का सख्त निर्देश: सिलेंडर की कमी की अफवाह फैलाने वालों पर केस, साइबर सेल रखेगा नजर Read Post »

Chhattisgarh, GOVERNMENT, Political, Raipur, Top News

तीन राज्यों की पड़ताल में खुलासा: डिपोर्ट के बाद भी लौट रहे बांग्लादेशी, सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

भारत-बांग्लादेश सीमा पर बढ़ते तनाव के बीच एक जांच में सामने आया है कि डिपोर्ट किए जाने के बाद भी कई बांग्लादेशी नागरिक दोबारा भारत में प्रवेश करने में सफल हो रहे हैं। एक मामले में दिनाजपुर निवासी सद्दाम शेख को छत्तीसगढ़ और ओडिशा पुलिस ने दो बार असम बॉर्डर से वापस भेजा, लेकिन इसके बावजूद वह फिर भारत लौट आया और अलग-अलग राज्यों में छिपकर रहने लगा। जांच के दौरान पता चला कि सद्दाम कई वर्षों से देश के अलग-अलग हिस्सों—जैसे बेंगलुरु, हैदराबाद, गोवा, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, ओडिशा और छत्तीसगढ़—में लगातार ठिकाने बदलता रहा। हाल ही में उसके ओडिशा के बोरीगुम्मा इलाके में छिपे होने की जानकारी मिली थी। सद्दाम ने कोंडागांव की एक स्थानीय युवती से शादी भी की है, जिससे उसका एक बच्चा है। रिपोर्ट के मुताबिक, वह फेरीवाले के रूप में संपर्क बनाकर स्थानीय लड़कियों को झांसे में लेता था, बाद में शादी कर उन्हें छोड़कर फरार हो जाता था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, छत्तीसगढ़ के कई जिलों—कोंडागांव, जगदलपुर, सुकमा और महासमुंद—में ऐसे लोगों के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज हैं। पिछले एक साल में रायपुर, राजनांदगांव, रायगढ़ और मोहला-मानपुर में करीब 30 संदिग्धों को पकड़कर उनकी पहचान बांग्लादेशी नागरिकों के रूप में हुई, जिन्हें बाद में असम सीमा के जरिए डिपोर्ट किया गया। जांच में यह भी सामने आया कि अधिकतर घुसपैठ पश्चिम बंगाल सीमा के जरिए हो रही है। ये लोग भारत में आकर छोटे-मोटे काम करते हैं, लेकिन कुछ मामलों में चोरी और अन्य अपराधों में भी शामिल पाए गए हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि सीमा की भौगोलिक जटिलताओं, फेंसिंग की कमी और आबादी की नजदीकी के कारण घुसपैठ को पूरी तरह रोक पाना चुनौतीपूर्ण है। इसके लिए केंद्र और राज्य सरकारों के बीच बेहतर समन्वय और कड़ी निगरानी जरूरी है।

तीन राज्यों की पड़ताल में खुलासा: डिपोर्ट के बाद भी लौट रहे बांग्लादेशी, सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल Read Post »

Chhattisgarh, Raipur, State, Top News

रायपुर में पुलिस कस्टडी से 3 नाबालिग फरार: चलती गाड़ी से कूदे, एक पकड़ाया, दो अब भी लापता

राजधानी रायपुर में पुलिस कस्टडी से तीन नाबालिगों के फरार होने का मामला सामने आया है। चोरी के आरोप में पकड़े गए ये नाबालिग पुलिस की चलती गाड़ी से कूदकर भाग निकले। पुलिस ने पीछा कर एक को पकड़ लिया, जबकि दो अन्य अंधेरे और संकरी गलियों का फायदा उठाकर फरार हो गए। घटना बीरगांव क्षेत्र के शुभम मार्ट के पास की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, उरला थाना की पुरानी गाड़ी खराब होने के कारण शनिवार को नई बोलेरो वाहन की व्यवस्था की गई थी, जिसमें 16 से 17 साल के तीन नाबालिगों को बाल न्यायालय ले जाया जा रहा था। बताया जा रहा है कि गाड़ी का दरवाजा बाहर से लॉक था, लेकिन अंदर से बिना चाबी के खुल जा रहा था। रास्ते में एक नाबालिग ने दरवाजा जांचा, जो आसानी से खुल गया। इसके बाद उसने अन्य साथियों को इशारा किया और तीनों चलती गाड़ी से कूदकर भाग निकले। जैसे ही नाबालिग कूदे, ड्राइवर ने तुरंत ब्रेक लगाया और पुलिसकर्मी उनके पीछे दौड़े, लेकिन आरोपी बीरगांव की घनी बस्तियों में घुसकर नजरों से ओझल हो गए। पुलिस ने घेराबंदी कर एक को पकड़ लिया, जबकि दो की तलाश जारी है। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों ने इलाके में नाकेबंदी करवाई, लेकिन अब तक फरार नाबालिगों का कोई सुराग नहीं मिला है। यह घटना पुलिस सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है। इससे पहले भी कई मामलों में आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो चुके हैं, जिनमें अस्पताल, कोर्ट और थाने से भागने की घटनाएं शामिल हैं।

रायपुर में पुलिस कस्टडी से 3 नाबालिग फरार: चलती गाड़ी से कूदे, एक पकड़ाया, दो अब भी लापता Read Post »

Chhattisgarh, Raipur, State, Top News, urla

दीपक बैज का आरोप: राज्य की आर्थिक स्थिति कमजोर, भुगतान में देरी से विकास कार्य प्रभावित

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने राज्य सरकार की वित्तीय स्थिति को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि सरकार की आर्थिक हालत कमजोर हो गई है, जिसके चलते विकास कार्यों की गति धीमी पड़ गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार छोटे-छोटे भुगतान भी समय पर नहीं कर पा रही है। उदाहरण देते हुए उन्होंने बताया कि लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के एक ठेकेदार ने भुगतान नहीं मिलने से परेशान होकर 30 मार्च को विभागीय कार्यालय के सामने आत्मदाह की चेतावनी दी है। बैज ने कहा कि यह समस्या केवल एक विभाग तक सीमित नहीं है, बल्कि कई विभागों में इसी तरह की स्थिति बनी हुई है। फंड की कमी के कारण कई निर्माण और विकास कार्य अधूरे हैं, जिससे आम लोगों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। भुगतान में देरी से ठेकेदारों में नाराजगी बढ़ रही है और कई प्रोजेक्ट रुकने की कगार पर हैं। सरगुजा जिले में जल जीवन मिशन के तहत काम करने वाले ठेकेदार रजनी कांत अग्रवाल ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर बताया कि उन्होंने अंबिकापुर सब-डिविजन में काम एक साल पहले पूरा कर लिया था, लेकिन अब तक पूरा भुगतान नहीं हुआ है। ठेकेदार ने आरोप लगाया कि करीब 65 लाख रुपए के काम के बदले अब तक केवल 22 लाख रुपए ही मिले हैं। साथ ही उन्होंने यह भी दावा किया कि विभाग के एक अधिकारी द्वारा कमीशन की मांग की जा रही है और कमीशन नहीं देने पर बिल पास नहीं किया जा रहा। ठेकेदार ने 30 मार्च को दोपहर 1 बजे पीएचई कार्यालय के सामने आत्मदाह करने की चेतावनी दी है।

दीपक बैज का आरोप: राज्य की आर्थिक स्थिति कमजोर, भुगतान में देरी से विकास कार्य प्रभावित Read Post »

Chhattisgarh, GOVERNMENT, Political, Raipur, State, Top News
Scroll to Top