June 2026

सिलतरा इंडस्ट्रियल एरिया में रायपुर ग्रामीण पुलिस की बड़ी जांच कार्रवाई, श्रमिकों और किरायेदारों का हुआ सत्यापन

रायपुर ग्रामीण पुलिस ने सिलतरा औद्योगिक क्षेत्र में शनिवार को व्यापक सत्यापन और जांच अभियान चलाया। इस विशेष अभियान के तहत श्रमिक बस्तियों, किराए के मकानों और विभिन्न औद्योगिक इकाइयों में रहने वाले लोगों के दस्तावेजों की जांच की गई। पुलिस का उद्देश्य क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना और बाहरी राज्यों से आकर छिपने वाले संदिग्ध व्यक्तियों एवं अपराधियों पर नजर रखना था। यह अभियान रायपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर संचालित किया गया, जिसमें थाना धरसीवा और चौकी सिलतरा की संयुक्त टीमों ने भाग लिया। जांच के दौरान उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, झारखंड, पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश और राजस्थान सहित विभिन्न राज्यों से आए श्रमिकों के पहचान दस्तावेजों का सत्यापन किया गया। पुलिस ने आधार कार्ड, पहचान पत्र और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की बारीकी से जांच की। इसके साथ ही मकान मालिकों को किरायेदारों की पूरी जानकारी सुरक्षित रखने और पुलिस सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करने के लिए जागरूक किया गया। अधिकारियों ने क्षेत्र में रहने वाले लोगों को किसी भी प्रकार की गैरकानूनी गतिविधियों से दूर रहने की सलाह दी और अपराधियों को शरण देने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी। डीएसपी वीरेंद्र चतुर्वेदी ने बताया कि अभियान के दौरान कोई भी संदिग्ध रोहिंग्या या बांग्लादेशी नागरिक नहीं मिला। पुलिस का कहना है कि औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षा और अपराध नियंत्रण को लेकर लगातार निगरानी जारी रहेगी। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस अथवा डायल-112 पर दें, ताकि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखी जा सके।

सिलतरा इंडस्ट्रियल एरिया में रायपुर ग्रामीण पुलिस की बड़ी जांच कार्रवाई, श्रमिकों और किरायेदारों का हुआ सत्यापन Read Post »

raipur

बिजली दर बढ़ोतरी के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, भाजपा सरकार पर जनता को लूटने का आरोप

रायपुर। छत्तीसगढ़ में बिजली दरों में हुई बढ़ोतरी के विरोध में कांग्रेस ने प्रदेशभर में प्रदर्शन कर भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। रायपुर, बिलासपुर और कोंडागांव सहित कई जिलों में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बिजली विभाग के कार्यालयों का घेराव किया और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। रायपुर के डंगनिया स्थित बिजली कार्यालय के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगाड़ा बजाकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान जिलाध्यक्ष कुमार मेनन ने भाजपा सरकार पर आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार जनता से पैसे वसूलकर चुनावी योजनाओं का खर्च निकालना चाहती है। बिलासपुर में कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव ने कहा कि भाजपा सरकार उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने का काम कर रही है, जबकि आम जनता लगातार महंगाई और बढ़ती बिजली दरों से परेशान है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को विधानसभा में भी प्रमुखता से उठाया जाएगा। पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने आरोप लगाया कि बिजली दरों में बढ़ोतरी एक सोची-समझी रणनीति का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि सरकार स्मार्ट मीटर और अन्य योजनाओं को बढ़ावा देने के लिए आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त बोझ डाल रही है। इस बीच, कोंडागांव में प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी। छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत नियामक आयोग (CSERC) ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए नई बिजली दरों को मंजूरी दी है। नई दरों के अनुसार घरेलू उपभोक्ताओं के लिए बिजली 30 से 50 पैसे प्रति यूनिट तक महंगी होगी, जबकि व्यावसायिक उपभोक्ताओं के लिए 20 से 40 पैसे प्रति यूनिट तक वृद्धि की गई है। कृषि पंपों की बिजली दर में भी 40 पैसे प्रति यूनिट की बढ़ोतरी की गई है। नई बिजली दरें 1 जुलाई 2026 से लागू होंगी। आयोग का कहना है कि बिजली बिल हाफ योजना के तहत 400 यूनिट तक खपत करने वाले अधिकांश घरेलू उपभोक्ताओं पर इसका असर सीमित रहेगा।

बिजली दर बढ़ोतरी के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, भाजपा सरकार पर जनता को लूटने का आरोप Read Post »

Bilaspur, protest, Raipur

भिलाई आ रहे हैं सोनू सूद, 27 जून को होगा SSCC Annual Meet 2026 का भव्य आयोजन

भिलाई। समाज सेवा और मानवता के कार्यों के लिए देशभर में पहचान बना चुके अभिनेता एवं समाजसेवी सोनू सूद 27 जून 2026 को भिलाई पहुंचेंगे। उनके आगमन को लेकर सोनू सूद चैरिटी क्लब भिलाई द्वारा आयोजित SSCC Annual Meet 2026 की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। क्लब की प्रमुख दीक्षा नागदेवे ने बताया कि यह आयोजन केवल एक वार्षिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सेवा, सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी को समर्पित एक विशेष पहल है। पिछले दो वर्षों से क्लब दुर्ग-भिलाई क्षेत्र में जरूरतमंद और वंचित लोगों की सहायता के लिए विभिन्न सामाजिक गतिविधियां संचालित कर रहा है। इस बहुप्रतीक्षित कार्यक्रम में सोनू सूद की विशेष उपस्थिति रहेगी, जिससे क्लब के सदस्यों और क्षेत्र के लोगों में उत्साह का माहौल है। आयोजन समिति के अनुसार, कार्यक्रम में समाज सेवा से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा के साथ-साथ सामाजिक कार्यों को बढ़ावा देने के लिए विशेष पहल की जाएगी। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए क्लब की 60 से अधिक सदस्यों की टीम सक्रिय रूप से कार्य कर रही है। कई स्वयंसेवक और सामाजिक कार्यकर्ता आयोजन की तैयारियों में जुटे हुए हैं। आयोजन समिति ने सामाजिक संस्थाओं, व्यापारिक प्रतिष्ठानों और सेवा कार्यों में रुचि रखने वाले नागरिकों से इस आयोजन से जुड़ने और सहयोग करने की अपील की है।

भिलाई आ रहे हैं सोनू सूद, 27 जून को होगा SSCC Annual Meet 2026 का भव्य आयोजन Read Post »

Bhilai / Durg, Entertainment, State, Top News

गृह मंत्रालय और विधि मंत्रालय की अहम बैठक में शामिल हुए सांसद बृजमोहन अग्रवाल, संवैधानिक संशोधन विधेयकों पर रखे सुझाव

रायपुर/नई दिल्ली। रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने नई दिल्ली में आयोजित संयुक्त संसदीय समिति (JPC) की महत्वपूर्ण बैठक में भाग लिया। यह बैठक संविधान (130वां संशोधन) विधेयक, 2025, जम्मू-कश्मीर पुनर्गठन (संशोधन) विधेयक, 2025 तथा संघ राज्य क्षेत्र (संशोधन) विधेयक, 2025 के अध्ययन दौरे के तहत आयोजित की गई थी। सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने बताया कि बैठक के दौरान गृह मंत्रालय, विधि एवं न्याय मंत्रालय तथा दिल्ली सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विभिन्न विधेयकों के प्रावधानों और उनके प्रभावों पर विस्तृत चर्चा हुई। इस दौरान उन्होंने अपने सुझाव और विचार भी समिति के समक्ष रखे। बैठक में राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालयों (NLUs), बार एसोसिएशन, न्यायिक अकादमी, नीति अनुसंधान संस्थानों और नागरिक समाज के प्रतिनिधियों के साथ भी संवाद किया गया। विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों की राय और सुझावों को भी समिति ने गंभीरता से सुना। बैठक में समिति की अध्यक्ष सांसद अपराजिता सारंगी सहित सांसद अनुराग सिंह ठाकुर, बृजलाल, मनन कुमार मिश्रा, उज्ज्वल देवराव निकम, असदुद्दीन ओवैसी तथा अन्य सदस्य और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा विधायी प्रक्रियाओं को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से इस तरह की चर्चाएं महत्वपूर्ण हैं।

गृह मंत्रालय और विधि मंत्रालय की अहम बैठक में शामिल हुए सांसद बृजमोहन अग्रवाल, संवैधानिक संशोधन विधेयकों पर रखे सुझाव Read Post »

GOVERNMENT, Raipur

रायपुर एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टला: एयर इंडिया विमान से टकराया पक्षी, 2 घंटे प्रभावित रहीं उड़ानें

रायपुर एयरपोर्ट पर शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया, जब दिल्ली से रायपुर आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट लैंडिंग के दौरान पक्षी से टकरा गई। घटना के बाद विमान की सुरक्षा जांच की गई, जिसके चलते एयरपोर्ट संचालन कुछ समय के लिए प्रभावित रहा। एयरपोर्ट अथॉरिटी के अनुसार, विमान की सुरक्षित लैंडिंग के बाद सभी आवश्यक स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) पूरे किए गए। जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद विमान को उसके अगले गंतव्य के लिए रवाना किया गया। बर्ड हिट की घटना के कारण रायपुर एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाली कई फ्लाइटें लगभग दो घंटे की देरी से संचालित हुईं। यात्रियों को एयरपोर्ट पर इंतजार करना पड़ा, हालांकि सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए अधिकारियों ने सभी जरूरी जांच पूरी की। गौरतलब है कि दो महीने पहले भी रायपुर एयरपोर्ट पर एक बंदर रनवे पर पहुंच गया था। उस समय लखनऊ से आ रही इंडिगो फ्लाइट की लैंडिंग के दौरान स्थिति बनी थी, लेकिन समय रहते रनवे खाली कराकर बड़ा हादसा टाल दिया गया था। विशेषज्ञों के अनुसार, दुनिया भर में हर दिन औसतन 34 बर्ड हिट की घटनाएं दर्ज होती हैं। हालांकि अधिकांश मामलों में विमान को कोई बड़ा नुकसान नहीं पहुंचता, लेकिन सुरक्षा कारणों से हर घटना की गंभीरता से जांच की जाती है। एयरपोर्ट प्रशासन पक्षियों को रनवे से दूर रखने के लिए स्पीकर सिस्टम, लेजर गन और अन्य आधुनिक तकनीकों का उपयोग करता है ताकि विमान संचालन सुरक्षित बना रहे।

रायपुर एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टला: एयर इंडिया विमान से टकराया पक्षी, 2 घंटे प्रभावित रहीं उड़ानें Read Post »

Raipur

कोरिया में रेत कारोबार विवाद बना खूनी संघर्ष: भाजपा नेता समेत 3 की मौत, फॉर्च्यूनर में जिंदा जलाने का आरोप

छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में रेत कारोबार को लेकर चल रहे विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। सोनहत थाना क्षेत्र के नौगई गांव में भाजपा के पूर्व जनपद पंचायत अध्यक्ष भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह की कथित रूप से जिंदा जलाकर हत्या कर दी गई। इस हमले में कुल तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। जानकारी के अनुसार, रेत घाट के संचालन को लेकर दो पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। आरोप है कि देर रात कुछ लोगों ने लल्ला सिंह की फॉर्च्यूनर कार को आगे और पीछे हाईवा वाहन लगाकर रोक दिया। इसके बाद वाहन पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी गई। घटना के दौरान कार में भरत सिंह, नागेंद्र सिंह, विरेंद्र सिंह और अन्य लोग सवार थे। भरत सिंह आग की चपेट में आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि अन्य लोग किसी तरह वाहन से बाहर निकलने में सफल रहे। आरोप है कि बाहर निकलने के बाद उन पर धारदार हथियारों और लाठियों से हमला किया गया। हमले में विरेंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उनके गले पर फरसे से वार किया गया था। इलाज के दौरान अंबिकापुर के एक निजी अस्पताल में उनकी मौत हो गई। वहीं 80 प्रतिशत तक झुलसे नागेंद्र सिंह ने रायपुर ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। घटना में मयंक सिंह और योगेंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों का उपचार जारी है। पुलिस ने मामले में 7 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। अक्षत त्रिपाठी, विशाल त्रिपाठी, सत्यप्रकाश त्रिपाठी और मनोज त्रिपाठी समेत 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने घटना को गंभीर बताते हुए कहा है कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं मृतक के परिजनों ने मामले की सीबीआई जांच और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। बताया जा रहा है कि रेत घाट को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले भी विवाद हो चुका था और इसी तनाव के चलते यह हिंसक घटना सामने आई।

कोरिया में रेत कारोबार विवाद बना खूनी संघर्ष: भाजपा नेता समेत 3 की मौत, फॉर्च्यूनर में जिंदा जलाने का आरोप Read Post »

Crime, koriya, Political, State, Top News

रायपुर में नशे में वाहन चलाने वाले 50 चालकों पर कार्रवाई, ट्रैफिक पुलिस का विशेष अभियान

रायपुर। सड़क सुरक्षा को लेकर रायपुर ट्रैफिक पुलिस लगातार सख्त रुख अपनाए हुए है। इसी कड़ी में शहर के विभिन्न इलाकों में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान नशे की हालत में वाहन चला रहे 50 चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। पुलिस ने प्रमुख चौक-चौराहों और व्यस्त मार्गों पर बैरिकेडिंग कर वाहनों की जांच की। जांच के दौरान ब्रेथ एनालाइजर से परीक्षण में कई चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए। नियमों का उल्लंघन करने वाले सभी चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई। अधिकारियों के अनुसार, ड्रंक एंड ड्राइव सड़क दुर्घटनाओं का एक प्रमुख कारण है। इसी वजह से यातायात पुलिस द्वारा लगातार विशेष अभियान चलाकर ऐसे वाहन चालकों पर निगरानी रखी जा रही है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि शराब पीने के बाद वाहन न चलाएं और यातायात नियमों का पालन करें। यातायात विभाग ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी ताकि सड़क हादसों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

रायपुर में नशे में वाहन चलाने वाले 50 चालकों पर कार्रवाई, ट्रैफिक पुलिस का विशेष अभियान Read Post »

GOVERNMENT

वायुसेना के विशेष विमान से जगदलपुर पहुंचे NEET-UG 2026 री-एग्जाम के प्रश्नपत्र

जगदलपुर। 21 जून को आयोजित होने वाली NEET-UG 2026 री-एग्जाम की को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में भारतीय वायुसेना के विशेष विमान के जरिए परीक्षा के प्रश्नपत्र पहुंचाए गए। प्रश्नपत्रों को सीलबंद बक्सों में बेहद कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच विमान से उतारा गया। इसके बाद उन्हें सुरक्षा बलों की निगरानी में सीधे निर्धारित स्ट्रॉन्ग रूम तक पहुंचाया गया। पूरे प्रक्रिया के दौरान गोपनीयता और सुरक्षा मानकों का विशेष रूप से पालन किया गया ताकि किसी भी तरह की अनियमितता या लापरवाही की गुंजाइश न रहे। गौरतलब है कि पिछले कुछ वर्षों में पेपर लीक की घटनाओं के सामने आने के बाद इस बार परीक्षा संचालन एजेंसियां और प्रशासन अतिरिक्त सतर्कता बरत रहे हैं। इस बीच नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने NEET-UG 2026 री-एग्जाम के लिए एडमिट कार्ड भी जारी कर दिए हैं। अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपने आवेदन संख्या और पासवर्ड की मदद से प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि एडमिट कार्ड डाउनलोड करने से पहले अपने बैंक खाते की जानकारी भी सत्यापित कर लें, जिससे रिफंड प्रक्रिया में किसी प्रकार की समस्या न आए।

वायुसेना के विशेष विमान से जगदलपुर पहुंचे NEET-UG 2026 री-एग्जाम के प्रश्नपत्र Read Post »

GOVERNMENT, JAGDALPUR

CCPL-3 Champion: बिलासपुर बुल्स ने जीता खिताब, फाइनल में रायगढ़ लायंस को 7 विकेट से हराया

रायपुर। छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग (CCPL) सीजन-3 का खिताब बिलासपुर बुल्स ने अपने नाम कर लिया है। रविवार को शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में बिलासपुर बुल्स ने रायगढ़ लायंस को 7 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। मुकाबले में बिलासपुर बुल्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए रायगढ़ लायंस की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 160 रन बनाए। टीम की ओर से नयन चव्हाण ने सर्वाधिक 41 रन बनाए, जबकि संगीत सोनी ने 32, आलोक साहू ने 25 और दीपक यादव ने 22 रन का योगदान दिया। बिलासपुर बुल्स के गेंदबाजों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। भारत गोंडवानी ने 3 विकेट हासिल किए, जबकि वरुण सिंह भुई और मोहित राउत ने 2-2 विकेट लेकर विपक्षी टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचने से रोका। 161 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बिलासपुर बुल्स की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। टीम ने केवल 16.3 ओवर में 3 विकेट खोकर 164 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। विकल्प तिवारी और पवन परनाते ने 29-29 रन बनाए, जबकि आयुष पांडे ने 33 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। रायगढ़ लायंस की ओर से प्रवीण कुमार यादव और शुभम अग्रवाल को एक-एक विकेट मिला, लेकिन उनकी कोशिशें टीम को जीत दिलाने के लिए पर्याप्त नहीं रहीं। फाइनल मुकाबले में शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 महत्वपूर्ण विकेट लेने वाले भारत गोंडवानी को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। बिलासपुर बुल्स ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया और बिना कोई मैच गंवाए CCPL सीजन-3 का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया।

CCPL-3 Champion: बिलासपुर बुल्स ने जीता खिताब, फाइनल में रायगढ़ लायंस को 7 विकेट से हराया Read Post »

Raipur, Sports, State, Top News

छत्तीसगढ़ में 5 दिन तेज आंधी-बारिश का अलर्ट, बस्तर से जल्द होगी मानसून की एंट्री

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में अगले पांच दिनों तक गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। साथ ही दक्षिण छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में अगले चार से पांच दिनों के भीतर दक्षिण-पश्चिम मानसून के पहुंचने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार कुछ स्थानों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं तथा बिजली गिरने की भी आशंका है। पिछले 24 घंटों के दौरान दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मुंगेली में सबसे अधिक वर्षा दर्ज की गई, जहां 50 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। वहीं, कबीरधाम (कवर्धा) में 10 मिमी बारिश हुई। बारिश के प्रभाव से उत्तर छत्तीसगढ़ के अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की कमी आई है। दूसरी ओर रायपुर और दुर्ग संभाग सहित मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में तापमान में 1 से 2 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। राजधानी रायपुर में सुबह से ही बादलों का डेरा बना हुआ है। मौसम विभाग का अनुमान है कि शहर में दिन के दौरान गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इसके अलावा धूलभरी आंधी चलने की भी संभावना है। रायपुर का अधिकतम तापमान करीब 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

छत्तीसगढ़ में 5 दिन तेज आंधी-बारिश का अलर्ट, बस्तर से जल्द होगी मानसून की एंट्री Read Post »

Raipur, State, Top News, weather
Scroll to Top