Chhattisgarh News

रायपुर में जमीन सौदे में 20 लाख की ठगी: दो बहनों पर बैंककर्मी से धोखाधड़ी का आरोप

राजधानी रायपुर में जमीन बिक्री के नाम पर 20 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। एक बैंककर्मी ने आरोप लगाया है कि बैरन बाजार स्थित भूखंड को बेचने का सौदा कर दो सगी बहनों ने एडवांस राशि ले ली, लेकिन तय समय के भीतर रजिस्ट्री नहीं कराई। पीड़ित का यह भी आरोप है कि अब उसे झूठे मामलों में फंसाने की धमकी दी जा रही है। यह मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जमीन सौदे का पूरा घटनाक्रम फाफाडीह स्थित स्टेट बैंक कॉलोनी निवासी बैंककर्मी विजय पटेल (44 वर्ष) ने पुलिस को बताया कि बैरन बाजार की रहने वाली शहनाज खान और शफिका खान से उन्होंने जमीन खरीदने का सौदा किया था। दोनों पक्षों के बीच बैरन बाजार रायपुर स्थित भूखंड क्रमांक 16/05 और 18/05 (कुल रकबा लगभग 2604 वर्गफुट) को 1 करोड़ 40 लाख रुपए में बेचने का एग्रीमेंट हुआ था। 20 लाख बयाना, फिर टालमटोल एग्रीमेंट के तहत 18 जुलाई 2025 को पीड़ित ने 20 लाख रुपए बयाना दिया था। इसमें 15 लाख रुपए नकद और 5 लाख रुपए चेक के माध्यम से दिए गए। समझौते के अनुसार तीन महीने के भीतर रजिस्ट्री कराना अनिवार्य था, लेकिन तय समय बीतने के बाद भी आरोपियों ने रजिस्ट्री नहीं कराई। पीड़ित का आरोप है कि वह लगातार संपर्क करता रहा, लेकिन हर बार उसे अलग-अलग बहानों से टाल दिया गया। कानूनी नोटिस के बाद भी नहीं पहुंचे रजिस्ट्री ऑफिस शक गहराने पर पीड़ित ने अपने वकील के माध्यम से 8 अक्टूबर 2025 को कानूनी नोटिस भेजा और 14 अक्टूबर को रजिस्ट्री कार्यालय में उपस्थित रहने की सूचना दी। तय तारीख को पीड़ित रजिस्ट्री ऑफिस पहुंचा, लेकिन आरोपी वहां नहीं आए। इस संबंध में फोटो और अन्य सबूत भी शिकायतकर्ता के पास मौजूद हैं। झूठे केस में फंसाने का आरोप पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया है कि शहनाज खान का बेटा सदफ रजिस्ट्री नहीं कराना चाहता और उल्टा उसे झूठे मामलों में फंसाने की धमकी दे रहा है। पुलिस ने दर्ज किया मामला कोतवाली थाना प्रभारी सतीश सिंह ने बताया कि बैंककर्मी की शिकायत पर दोनों महिलाओं के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

रायपुर में जमीन सौदे में 20 लाख की ठगी: दो बहनों पर बैंककर्मी से धोखाधड़ी का आरोप Read Post »

Chhattisgarh, Crime, Raipur, Top News, Uncategorized

रायपुर में आज IND vs NZ टी-20 मुकाबला: ट्रैफिक रूट जारी, नया रायपुर में भारी वाहनों की एंट्री बैन

रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आज भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी-20 इंटरनेशनल मुकाबला खेला जाएगा। मैच को लेकर शहर में उत्साह का माहौल है। दोनों टीमें गुरुवार को ही रायपुर पहुंच चुकी हैं। मैच देखने आने वाले दर्शकों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ट्रैफिक डायवर्जन प्लान जारी किया गया है। भीड़ और जाम से बचने के लिए नया रायपुर क्षेत्र में दोपहर 12 बजे से रात 1 बजे तक मध्यम और भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। एंट्री टाइम और नियमों में बदलाव छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ (CSCS) के अनुसार, मुकाबला शाम 7 बजे से शुरू होगा, जबकि दर्शकों के लिए स्टेडियम के गेट दोपहर 4 बजे खोल दिए जाएंगे।संघ ने स्पष्ट किया है कि पहली पारी समाप्त होने के बाद किसी भी दर्शक को स्टेडियम में प्रवेश नहीं मिलेगा। इसके अलावा, सुरक्षा के कड़े इंतजाम पिछले वनडे मैच के दौरान हुई अव्यवस्था से सबक लेते हुए इस बार सुरक्षा को और सख्त किया गया है। स्टेडियम के सभी गेट्स पर पुलिस, प्राइवेट गार्ड और CSCS स्टाफ की तिहरी निगरानी रहेगी। बाउंड्री लाइन पर भी बाउंसर्स तैनात किए जाएंगे, ताकि कोई दर्शक मैदान में प्रवेश न कर सके। 800 से 25 हजार तक टिकट, सभी 35 हजार बिके इस टी-20 मुकाबले के लिए टिकट की कीमत 800 रुपए से लेकर 25 हजार रुपए तक रखी गई थी। शुरुआत के तीन दिनों में टिकट बिक्री धीमी रही, लेकिन चौथे दिन सभी 35,000 टिकट पूरी तरह बिक गए। CSCS अध्यक्ष ने क्या कहा CSCS अध्यक्ष विजय शाह ने बताया कि पिछली बार सुरक्षा में कुछ कमियां रही थीं, जिस पर BCCI ने भी संज्ञान लिया था। इस बार सुरक्षा को लेकर पूरी तैयारी की गई है और किसी भी तरह की अव्यवस्था नहीं होने दी जाएगी। IND vs NZ टीम स्क्वॉड टीम इंडिया:सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल (उपकप्तान), रिंकू सिंह, जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, वॉशिंगटन सुंदर, ईशान किशन (विकेटकीपर) न्यूजीलैंड:मिचेल सैंटनर (कप्तान), माइकल ब्रेसवेल, मार्क चैपमैन, डेवोन कॉनवे, जैकब डफी, जैक फॉल्क्स, मैट हेनरी, काइल जैमीसन, बेवन जैकब्स, डेरिल मिचेल, जेम्स नीशम, ग्लेन फिलिप्स, रचिन रवींद्र, टिम रॉबिन्सन, ईश सोढ़ी

रायपुर में आज IND vs NZ टी-20 मुकाबला: ट्रैफिक रूट जारी, नया रायपुर में भारी वाहनों की एंट्री बैन Read Post »

Chhattisgarh, Sports, State, Top News

रायपुर साहित्य उत्सव की शुरुआत आज: 42 सत्र, 120 से ज्यादा साहित्यकार; आज होगा चर्चित नाटक ‘चाणक्य’ का मंचन

छत्तीसगढ़ की समृद्ध साहित्यिक और सांस्कृतिक विरासत को एक बड़ा मंच मिला है। अटल नगर नवा रायपुर स्थित पुरखौती मुक्तांगन में आज से रायपुर साहित्य उत्सव का शुभारंभ हो गया है। यह आयोजन 25 जनवरी तक तीन दिनों तक चलेगा, जिसमें साहित्य, संस्कृति, समाज और समकालीन मुद्दों पर व्यापक विमर्श होगा। उत्सव का उद्घाटन राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया। आयोजन में देश-प्रदेश से आए लेखक, कवि, बुद्धिजीवी और विचारक हिस्सा ले रहे हैं। आज होगा पद्मश्री मनोज जोशी का बहुचर्चित नाटक ‘चाणक्य’ साहित्य उत्सव के पहले दिन, आज शाम 7 बजे पद्मश्री से सम्मानित प्रसिद्ध अभिनेता मनोज जोशी द्वारा चर्चित नाटक ‘चाणक्य’ का मंचन किया जाएगा। इसके साथ ही बुक स्टॉल्स में साहित्य प्रेमियों की भीड़ देखने को मिलेगी। 3 दिन में 42 सत्र, 120 से अधिक नामचीन हस्तियां होंगी शामिल रायपुर साहित्य उत्सव में कुल 42 साहित्यिक और बौद्धिक सत्रों का आयोजन किया जा रहा है। इसमें देश और प्रदेश के करीब 120 ख्यातिप्राप्त लेखक, कवि, शिक्षाविद और विचारक शामिल होंगे। सत्रों में सामाजिक, सांस्कृतिक, साहित्यिक और बौद्धिक विषयों पर चर्चा की जाएगी। लेखिका एवं पत्रकार शिखा वार्ष्णेय, कवि कमलेश कमल, डॉ. गोपाल कमल और नवगीत के शिखर पुरुष डॉ. बुद्धिनाथ मिश्र अपनी रचनाओं की प्रस्तुति देंगे। ये प्रमुख साहित्यकार और रचनाकार भी रहेंगे मौजूद साहित्यिक चर्चाओं में मध्यप्रदेश साहित्य अकादमी के संचालक विकास दवे, लेखक अजय के. पांडे (यू आर माई बेस्ट वाइफ), उपन्यासकार इंदिरा दांगी, लेखिका सोनाली मिश्र, विदुषी जयश्री रॉय, फोटोग्राफर-लेखिका डॉ. कायनात काज़ी और लेखक-वक्ता अनिल पांडेय शामिल होंगे। छत्तीसगढ़ी कविता और लोकगीतों पर विशेष सत्र उत्सव में छत्तीसगढ़ी कविता और लोकगीतों के लिए अलग सत्र रखे गए हैं। इसमें कवि रामेश्वर वैष्णव, रामेश्वर शर्मा, मीर अली मीर, शशि सुरेंद्र दुबे और लोकगीत सत्र में डॉ. पी.सी. लाल यादव, शकुंतला तरार, बिहारीलाल साहू, डॉ. विनय कुमार पाठक अपनी प्रस्तुतियां देंगे। 10 हजार से ज्यादा पंजीकरण, स्थल पर भी होगा रजिस्ट्रेशन अब तक 10,000 से अधिक साहित्य प्रेमी रायपुर साहित्य उत्सव के लिए पंजीकरण करवा चुके हैं। जिनका पंजीकरण नहीं हुआ है, वे आयोजन स्थल पर भी रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। साहित्यकारों के नाम पर रखे गए मंडप उत्सव के विभिन्न मंडपों का नाम प्रतिष्ठित साहित्यकारों के नाम पर रखा गया है। मुख्य मंडप का नाम ज्ञानपीठ पुरस्कार से सम्मानित छत्तीसगढ़ के एकमात्र साहित्यकार स्व. विनोद कुमार शुक्ल के नाम पर रखा गया है। अन्य मंडप पं. श्यामलाल चतुर्वेदी, लाला जगदलपुरी और अनिरुद्ध नीरव के नाम पर होंगे। अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में विशेष काव्य-पाठ 24 जनवरी को पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में विशेष काव्य-पाठ का आयोजन होगा। इसमें डॉ. बुद्धिनाथ मिश्र, अजय सहाब, अमन अक्षर, डॉ. अंशु जोशी, त्रिलोकचंद्र महावर, हर्षराज हर्ष, डॉ. अजय पाठक और राहुल अवस्थी काव्य-पाठ करेंगे। GENZ, AI, पत्रकारिता और सिनेमा पर होगी चर्चा उत्सव में डिजिटल युग, GENZ और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे विषयों पर भी चर्चा होगी।‘डिजिटल युग के लेखक और पाठक’ और ‘उपनिषद से AI तक: साहित्य की यात्रा’ जैसे विषयों पर विशेष सत्र होंगे। पत्रकारिता, सिनेमा और टेलीविजन पर आयोजित सत्रों में अनुराग बसु, मनोज वर्मा, रुबिका लियाकत और हर्षवर्धन त्रिपाठी शामिल होंगे।

रायपुर साहित्य उत्सव की शुरुआत आज: 42 सत्र, 120 से ज्यादा साहित्यकार; आज होगा चर्चित नाटक ‘चाणक्य’ का मंचन Read Post »

Chhattisghar, Raipur, State, Top News

रायपुर रेप केस: 9 साल की बच्ची से दुष्कर्म के आरोपी की अवैध दुकान ढही, नगर निगम ने चलाया बुलडोजर

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में 9 साल की बच्ची से दुष्कर्म के आरोपी के खिलाफ सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की गई है। आरोपी अब्दुल सज्जाद अंसारी (65) की अवैध रूप से बनी दुकान को नगर निगम ने बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया है। आरोपी पर आरोप है कि उसने नाबालिग बच्ची के साथ लगातार पांच दिनों तक दुष्कर्म किया। यह मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। घटना सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। गिरफ्तारी के बाद नगर निगम प्रशासन ने भी आरोपी के अवैध निर्माण पर कार्रवाई की। चॉकलेट का लालच देकर बुलाता था घर पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ने 7 से 11 जनवरी के बीच अपने ही मोहल्ले में रहने वाली 9 साल की बच्ची को चॉकलेट और खाने-पीने की चीजों का लालच देकर कई बार अपने घर बुलाया। इसी दौरान उसने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। 12 जनवरी की सुबह बच्ची असहनीय दर्द के कारण रोती हुई जमीन पर पड़ी थी। जब उसकी चाची उसे नहलाने ले गई और दर्द की वजह पूछी, तब बच्ची ने पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन उसे लेकर थाने पहुंचे और मामला दर्ज कराया गया। धमकी देकर चुप रहने को कहता था आरोपी बच्ची ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि आरोपी हर बार गलत काम के बाद उसे धमकाता था कि अगर किसी को बताया तो मार देगा। इसी डर की वजह से वह कई दिनों तक चुप रही। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया और कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। अवैध निर्माण पर नगर निगम की कार्रवाई रेप के आरोपी के खिलाफ नगर निगम ने भी सख्त रुख अपनाया। रायपुर की मेयर मीनल चौबे के निर्देश पर आरोपी की दुकान को अवैध निर्माण मानते हुए नोटिस जारी किया गया था। 16 जनवरी को दुकान पर नोटिस चस्पा कर जवाब देने का समय दिया गया, लेकिन तय अवधि में कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इसके बाद नगर निगम की टीम ने बुलडोजर चलाकर दुकान को ढहा दिया। निगम अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की दुकान नगर निगम के नियमों का उल्लंघन कर बनाई गई थी। नगर निगम प्रशासन ने साफ किया है कि गंभीर अपराधों में शामिल लोगों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई की जा रही है और अवैध निर्माण पर किसी तरह की छूट नहीं दी जाएगी। रायपुर में बढ़ते अपराध चिंता का विषय रायपुर पुलिस द्वारा पेश किए गए वार्षिक अपराध आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2025 में जिले में कुल 15,896 अपराध दर्ज किए गए। इनमें 280 रेप के मामले सामने आए, जबकि 92 हत्याएं दर्ज की गईं। बीते तीन वर्षों में अपराध के मामलों में लगातार बढ़ोतरी देखी गई है। आंकड़ों के मुताबिक रायपुर में 543 चाकूबाजी की घटनाएं भी दर्ज हुई हैं। सबसे अधिक एफआईआर खमतराई थाना क्षेत्र में दर्ज की गईं, जहां एक साल में 1,013 मामले सामने आए।

रायपुर रेप केस: 9 साल की बच्ची से दुष्कर्म के आरोपी की अवैध दुकान ढही, नगर निगम ने चलाया बुलडोजर Read Post »

Chhattisgarh, Crime, Raipur, Top News

रायपुर में क्रिप्टो और शेयर ट्रेडिंग के नाम पर 1.35 करोड़ की ठगी

6वीं पास युवक ने 26 लोगों को बनाया शिकार, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार रायपुर में क्रिप्टो करेंसी और शेयर ट्रेडिंग में मुनाफे का झांसा देकर करोड़ों की ठगी करने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान कुलदीप भतपहरी के रूप में हुई है, जिसने खुद को शेयर मार्केट एक्सपर्ट बताकर 26 लोगों से करीब 1 करोड़ 35 लाख रुपए से अधिक की ठगी की। मामला मोवा-पंडरी थाना क्षेत्र का है। पीड़ितों की शिकायत के बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी को घेराबंदी कर पकड़ लिया। आरोपी की शैक्षणिक योग्यता महज 6वीं तक बताई जा रही है। ऐसे फंसाता था लोगों को पुलिस को दी गई शिकायत में पंडरी निवासी अमित दास ने बताया कि वर्ष 2021-22 के दौरान उनकी पहचान देवपुरी निवासी कुलदीप भतपहरी से हुई थी। आरोपी खुद को शेयर मार्केट, IPO, NSE, MSEI और CDSL से जुड़ा निवेश सलाहकार बताता था। उसने “मासिक के.बी. प्लान” के नाम से निवेश योजना बताकर अमित दास और उसके भाई से ऑनलाइन और नकद माध्यम से करीब 15.60 लाख रुपए ले लिए। शुरुआत में कुछ महीनों तक नियमित ब्याज की रकम दी गई, जिससे निवेशकों का भरोसा बढ़ता गया। इसके बाद कई अन्य लोग भी आरोपी के जाल में फंसते चले गए। दिसंबर 2024 में हुआ फरार दिसंबर 2024 में आरोपी अचानक संपर्क से बाहर हो गया। जब निवेशकों को पैसे वापस नहीं मिले, तब उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पंडरी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तारी पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण, मुखबिर तंत्र और लगातार दबिश के जरिए लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को एसीसीयू और पंडरी थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने कबूल किया कि उसने इसी तरीके से कुल 26 लोगों से 1.35 करोड़ रुपए से अधिक की ठगी की है। इलेक्ट्रॉनिक सामान जब्त पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक कंप्यूटर सिस्टम, एक लैपटॉप और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं, जिनका इस्तेमाल ठगी से जुड़े लेन-देन और संपर्क के लिए किया जा रहा था। पहले भी जा चुका है जेल पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी कुलदीप भतपहरी इससे पहले भी इसी तरह के ठगी के मामले में थाना टिकरापारा से जेल जा चुका है। पुलिस को आशंका है कि ठगी का नेटवर्क और भी बड़ा हो सकता है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले की गहन जांच की जा रही है।

रायपुर में क्रिप्टो और शेयर ट्रेडिंग के नाम पर 1.35 करोड़ की ठगी Read Post »

Chhattisgarh, Crime, Raipur, Top News

बलौदाबाजार में स्कॉर्पियो-ट्रेलर की भीषण भिड़ंत, 6 लोग घायल

रायपुर सत्संग में शामिल होने जा रहा था परिवार, टायर फटने से हुआ हादसा बलौदाबाजार जिले में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जहां स्कॉर्पियो और ट्रेलर की आमने-सामने टक्कर में 6 लोग घायल हो गए। इस दुर्घटना में 2 घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसा बलौदाबाजार–रायपुर मुख्य मार्ग पर मल्लिन नाला के पास डोटोपाड इलाके में हुआ। मामला लवन थाना क्षेत्र का है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कसडोल नगर के वार्ड क्रमांक 8 के रहने वाले पांच पुरुष और एक महिला स्कॉर्पियो वाहन में सवार होकर रायपुर में आयोजित एक सत्संग कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। सुबह करीब 8 बजे मल्लिन नाला के पास पहुंचते ही स्कॉर्पियो का अगला बायां टायर अचानक फट गया, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। नियंत्रण बिगड़ने के बाद स्कॉर्पियो सामने से आ रहे एक ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। चालक वाहन में फंसा, ग्रामीणों ने की मदद हादसे के बाद स्कॉर्पियो का चालक वाहन के अंदर फंस गया था। मौके पर मौजूद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए चालक को बाहर निकाला। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस और आपातकालीन सेवाओं को दी गई। सूचना मिलते ही लवन थाना पुलिस और 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों का अस्पताल में इलाज जारी सभी 6 घायलों को तुरंत बलौदाबाजार जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल 2 लोगों को बेहतर इलाज के लिए लवन स्थित उन्नत चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया है। अन्य 4 घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

बलौदाबाजार में स्कॉर्पियो-ट्रेलर की भीषण भिड़ंत, 6 लोग घायल Read Post »

Accident, Chhattisgarh, Raipur, Top News

रायपुर में गांजा तस्करी मामले में 6 दोषियों को 10-10 साल की सजा

कालीबाड़ी चौक से 10 किलो गांजा बरामद, एनडीपीएस कोर्ट का सख्त फैसला रायपुर की एनडीपीएस कोर्ट ने गांजा तस्करी के एक बड़े मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए 6 आरोपियों को 10-10 वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। यह मामला दिसंबर 2024 का है, जब रायपुर पुलिस ने कालीबाड़ी चौक इलाके से गांजा बेचते हुए तीन युवकों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया था। पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपियों के पास से कुल 10 किलो गांजा बरामद किया गया था। तलाशी के समय किसी भी आरोपी के पास गांजा रखने या बेचने से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं पाए गए थे। कैसे हुआ खुलासा विशेष न्यायाधीश किरण थवाईत ने यह फैसला पुलिस द्वारा की गई ठोस विवेचना, बरामदगी और एफएसएल रिपोर्ट के आधार पर सुनाया। विशेष लोक अभियोजक भुवनलाल साहू के अनुसार, 7 दिसंबर 2024 को थाना कोतवाली रायपुर के सहायक उपनिरीक्षक को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कालीबाड़ी चौक क्षेत्र में तीन युवक बैग में गांजा रखकर ग्राहकों की तलाश कर रहे हैं। सूचना को रोजनामचा में दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट के सभी कानूनी प्रावधानों का पालन करते हुए स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में पुलिस टीम ने घेराबंदी की और तीनों संदिग्धों को पकड़ लिया। इतनी मात्रा में मिला गांजा तलाशी के दौरान गणेश बागर्ती के पास से 4 किलो, विक्रम शाह से 4 किलो और अनिल उर्फ अली जुल्फेकार से 2 किलो गांजा बरामद हुआ। इस तरह कुल 10 किलो गांजा जब्त किया गया। तीनों के पास किसी प्रकार का वैध दस्तावेज नहीं था। जांच में सामने आया पूरा नेटवर्क आरोपियों के मेमोरण्डम कथन के आधार पर पुलिस ने प्रियवंत कुम्हार को गिरफ्तार किया, जिसके कब्जे से 6 किलो 800 ग्राम गांजा बरामद किया गया। इसके बाद जांच आगे बढ़ी तो गांजा तस्करी की पूरी सप्लाई चेन का खुलासा हुआ। पूछताछ में सामने आया कि रवि साहू इस अवैध नेटवर्क का मुख्य संचालक था। पुलिस ने रवि साहू के पास से 1 किलो 200 ग्राम गांजा बरामद किया। वहीं संजय उर्फ लेंडी को गांजा सप्लाई और बिक्री में सहयोग करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। एफएसएल रायपुर की रिपोर्ट में सभी जब्त नमूने गांजा पाए गए, जिसकी पुष्टि हुई। कोर्ट का सख्त निर्णय पुलिस ने सभी 6 आरोपियों के खिलाफ धारा 20(बी) और 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत आरोप पत्र दाखिल किया था। सुनवाई पूरी होने के बाद कोर्ट ने गणेश बागर्ती, विक्रम शाह, अनिल उर्फ अली जुल्फेकार, प्रियवंत कुम्हार, रवि साहू और संजय उर्फ लेंडी को दोषी करार देते हुए प्रत्येक को 10-10 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई।

रायपुर में गांजा तस्करी मामले में 6 दोषियों को 10-10 साल की सजा Read Post »

Chhattisgarh, Crime, Raipur, Top News

रायपुर में सेप्टिक टैंक के खुले गड्ढे में गिरने से 5 साल की बच्ची की मौत

मकान मालिक पर FIR, 2025 में ऐसे हादसों में 3 बच्चों की जा चुकी है जान रायपुर में एक दर्दनाक हादसे में 5 साल की बच्ची की जान चली गई। बाथरूम में खोदे गए सेप्टिक टैंक के खुले गड्ढे में गिरने से बच्ची की मौत हो गई। बच्ची की चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और उसे बाहर निकालकर निजी अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामला मोवा थाना क्षेत्र का है। मृत बच्ची की पहचान रिया महिलांग के रूप में हुई है। वह महासमुंद जिले के पटेवा गांव की रहने वाली थी और अपनी मौसी की गोदभराई कार्यक्रम में माता-पिता के साथ रायपुर आई थी। हादसे के वक्त वह टॉयलेट गई थी, जहां यह दुर्घटना हो गई। कैसे हुआ हादसा शनिवार दोपहर करीब 12:30 बजे रिया टॉयलेट गई थी। उस समय उसकी नानी भी पास में मौजूद थी, लेकिन पानी लाने के लिए बाहर चली गई। इसी दौरान बच्ची बाथरूम में पहुंची, जहां सेप्टिक टैंक के लिए खोदा गया गड्ढा बोरी से ढंका हुआ था। बच्ची का पैर बोरी में फंस गया और वह सीधे गड्ढे में गिर गई। आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद बच्ची को बाहर निकाला गया और तुरंत निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। लापरवाही का आरोप, मकान मालिक पर केस पुलिस के अनुसार, मकान मालिक जीवनलाल कुर्रे ने किराएदारों की शिकायत पर चार दिन पहले बाथरूम में टॉयलेट का गंदा पानी निकालने के लिए गड्ढा खुदवाया था। इसके बाद गड्ढे को सुरक्षित रूप से बंद करने के बजाय केवल एक बोरी से ढक दिया गया था। बाथरूम में दरवाजा भी नहीं था, जिससे जगह खुली हुई थी। परिजनों की शिकायत पर मकान मालिक के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। मौके पर जांच के दौरान यह भी सामने आया कि बाथरूम के बाहर एक और गड्ढा खोदा गया था, जिसे बिना ढके छोड़ दिया गया था। 2025 में ऐसे हादसों में 3 बच्चों की मौत रायपुर में खुले गड्ढों की वजह से बच्चों की जान जाने की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। प्रशासन और सुरक्षा पर सवाल लगातार हो रही इन घटनाओं ने खुले गड्ढों और निर्माण कार्यों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोग दोषियों पर सख्त कार्रवाई और भविष्य में ऐसी घटनाएं रोकने के लिए कड़े नियमों की मांग कर रहे हैं।

रायपुर में सेप्टिक टैंक के खुले गड्ढे में गिरने से 5 साल की बच्ची की मौत Read Post »

Accident, Chhattisgarh, Raipur, Top News

छत्तीसगढ़ में रविवार को ही क्यों बढ़ते हैं हिंदू-ईसाई टकराव?

पिछले 5 साल में 200 से ज्यादा विवाद, 19 जिले प्रभावित, बस्तर बना हॉटस्पॉट छत्तीसगढ़ में हिंदू और ईसाई समुदाय के बीच टकराव की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इन घटनाओं में एक समान पैटर्न देखने को मिलता है—धर्मांतरण, मतांतरण और प्रार्थना सभाएं। खास बात यह है कि अधिकांश विवाद रविवार के दिन ही होते हैं। इसी आशंका को देखते हुए पुलिस और प्रशासन शुक्रवार व शनिवार से ही हाई अलर्ट पर रहता है। भास्कर डिजिटल की पड़ताल में सामने आया कि बीते 5 वर्षों में प्रदेश में हिंदू-ईसाई समुदायों के बीच 200 से अधिक विवाद दर्ज किए गए हैं। इन मामलों में 60 से ज्यादा FIR हुई हैं। सबसे ज्यादा टकराव बस्तर संभाग सहित 19 जिलों में देखने को मिला है। इन घटनाओं में कांकेर में शव दफनाने को लेकर हिंसा, दुर्ग रेलवे स्टेशन से मिशनरी सिस्टर्स की गिरफ्तारी, रायपुर में धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के आरोप, बिलासपुर में प्रार्थना सभा की आड़ में धर्मांतरण जैसे कई मामले शामिल हैं। किन जिलों में सबसे ज्यादा विवाद छत्तीसगढ़ में ईसाई समाज की गतिविधियां 19 जिलों में अधिक सक्रिय बताई जाती हैं। इन इलाकों में चर्च और प्रार्थना सभाएं संचालित होती हैं, जिनमें कुछ पंजीकृत हैं तो कई घरों से संचालित हो रही हैं। इसी को लेकर धर्मांतरण और मतांतरण के आरोपों पर विवाद की स्थिति बनती है। सबसे ज्यादा तनाव बस्तर संभाग में देखने को मिला है। बस्तर, कोंडागांव, नारायणपुर, कांकेर और सुकमा जिले धर्मांतरण और अंतिम संस्कार (दफनाने) से जुड़े विवादों के प्रमुख केंद्र रहे हैं। इसके अलावा कोरबा, बलरामपुर, महासमुंद, दुर्ग और बिलासपुर में भी बार-बार टकराव हुआ है। वहीं सरगुजा और सूरजपुर में अपेक्षाकृत कम विवाद सामने आए हैं। रविवार को ही क्यों होती हैं घटनाएं दरअसल, रविवार को ईसाई समुदाय की प्रार्थना सभाएं आयोजित होती हैं। इनमें यीशु मसीह की आराधना, धार्मिक उपदेश और कथाएं सुनाई जाती हैं। इन सभाओं में कई बार हिंदू समुदाय के लोगों को भी आमंत्रित किया जाता है। अनेक मामलों में जब हिंदू संगठनों को इन सभाओं में धर्मांतरण की आशंका होती है, तो वे विरोध दर्ज कराने पहुंचते हैं। इसी दौरान दोनों पक्ष आमने-सामने आ जाते हैं और तनाव की स्थिति बन जाती है। कई बार पुलिस को अतिरिक्त बल तैनात कर हालात संभालने पड़ते हैं। वरिष्ठ पत्रकार की राय वरिष्ठ पत्रकार सुनील कुमार का कहना है कि हर रविवार को स्वतः दो समुदायों के बीच टकराव होना कहना सही नहीं है। उनके अनुसार, कुछ आक्रामक समूहों द्वारा दूसरे समुदायों की प्रार्थना सभाओं पर हमले की घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को स्वयं कानून के तहत कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि हालात न बिगड़ें। पिछले वर्षों की प्रमुख घटनाएं पिछले कुछ वर्षों में दुर्ग, रायपुर, बिलासपुर, कोरबा, बालोद और कांकेर जैसे जिलों में धर्मांतरण, प्रार्थना सभा, अवैध चर्च और अंतिम संस्कार को लेकर कई बड़े विवाद हुए। कई मामलों में पुलिस ने गिरफ्तारी की, FIR दर्ज हुई और प्रशासनिक कार्रवाई भी की गई। धर्मांतरण और मतांतरण क्या है धर्मांतरण का अर्थ है एक धर्म छोड़कर किसी अन्य धर्म को अपनाना। छत्तीसगढ़ में इसके लिए जिला प्रशासन को पूर्व सूचना देना अनिवार्य है।मतांतरण में व्यक्ति अपने विश्वास और आस्था में बदलाव करता है, लेकिन इसका सरकारी रिकॉर्ड आवश्यक नहीं होता। छत्तीसगढ़ का धार्मिक स्वतंत्रता कानून प्रदेश में छत्तीसगढ़ धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम, 1968 लागू है। इसके तहत जबरन, प्रलोभन या धोखे से धर्मांतरण कराना अपराध है। राज्य सरकार इसे और सख्त करने के लिए नया मसौदा तैयार कर रही है, जिसमें धर्म परिवर्तन से पहले और बाद में घोषणा और सत्यापन की प्रक्रिया को अनिवार्य किया जाएगा। राजनीतिक दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्र राज्य की 90 विधानसभा सीटों में से 19 सीटों पर ईसाई मतदाताओं की भूमिका अहम मानी जाती है। जशपुर जैसे जिलों में चुनावी परिणामों पर ईसाई मतदाताओं का प्रभाव निर्णायक माना जाता है।

छत्तीसगढ़ में रविवार को ही क्यों बढ़ते हैं हिंदू-ईसाई टकराव? Read Post »

Chhattisgarh, Raipur, Religion, Top News

रायपुर-आरंग NH-53 पर भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार हाईवा ने पिता-पुत्र और 6 साल के मासूम को कुचला, तीनों की मौत

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से आरंग को जोड़ने वाले नेशनल हाईवे-53 पर शुक्रवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार मुरुम लोड हाईवा ने बाइक सवार एक ही परिवार के तीन लोगों को रौंद दिया। हादसा इतना भीषण था कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि शव सड़क पर क्षत-विक्षत अवस्था में बिखर गए। मृतकों में एक 6 साल का मासूम बच्चा भी शामिल है। यह घटना आरंग थाना क्षेत्र के निसदा मोड़ के पास हुई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मछली पकड़ने निकले थे, रास्ते में हो गया हादसा प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरंग के बागेश्वर पारा निवासी श्रवण जलक्षत्री (40) और उनका बेटा मंगलू जलक्षत्री (28) शुक्रवार सुबह मछली पकड़ने के लिए घर से निकले थे। उनके साथ मंगलू का 6 वर्षीय बेटा तिलक जलक्षत्री भी मौजूद था। तीनों एक ही बाइक पर सवार थे। बताया जा रहा है कि बाइक रांग साइड से पुल की ओर जा रही थी। इसी दौरान महासमुंद की दिशा से आ रहा तेज रफ्तार मुरुम लोड हाईवा अनियंत्रित हो गया और सीधे बाइक सवारों को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद हाईवा का टायर चढ़ा, मौके पर मौत प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों बाइक से उछलकर सड़क पर गिर पड़े। इसके बाद हाईवा का टायर उनके ऊपर से गुजर गया, जिससे तीनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद सड़क पर खून फैल गया और शवों के कई हिस्से दूर-दूर तक बिखर गए। हादसे के बाद हाईवे पर चक्काजाम घटना के बाद हाईवा चालक मौके से फरार हो गया, हालांकि वाहन वहीं छोड़ दिया गया। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आक्रोश में आकर नेशनल हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों ने मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने और आरोपी चालक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। जाम के कारण हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस ने दर्ज किया मामला, आरोपी की तलाश जारी सूचना मिलने पर आरंग पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों व ग्रामीणों को समझाइश देकर चक्काजाम समाप्त कराया। पुलिस ने सड़क पर बिखरे शवों के अवशेषों को एकत्र कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। आरंग थाना पुलिस ने आरोपी हाईवा चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। दुर्घटनाग्रस्त हाईवा को जब्त कर लिया गया है, जबकि फरार चालक की तलाश की जा रही है।

रायपुर-आरंग NH-53 पर भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार हाईवा ने पिता-पुत्र और 6 साल के मासूम को कुचला, तीनों की मौत Read Post »

Accident, Chhattisgarh, Crime, Raigarh, Top News
Scroll to Top