NEWS 22 BHARAT

20 नवंबर को छत्तीसगढ़ आएंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू:अंबिकापुर में जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में होंगी शामिल; मंत्री की निगरानी में तैयारी शुरू

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 20 नवंबर को छत्तीसगढ़ दौरे पर आएंगी। वे अंबिकापुर में आयोजित भगवान बिरसा मुंडा जयंती के अवसर पर होने वाले जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। उनके आगमन को लेकर प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस वर्ष जनजातीय गौरव दिवस छत्तीसगढ़ में विशेष भव्यता के साथ मनाया जाएगा। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती हर साल 15 नवंबर को पूरे देश में जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाई जाती है। अंबिकापुर में दो दिवसीय भव्य आयोजन जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर 19 और 20 नवंबर को अंबिकापुर के पीजी कॉलेज मैदान में दो दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।इस कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की उपस्थिति होगी, जो प्रदेश के आदिवासी समाज के प्रतिनिधियों और नागरिकों से सीधे संवाद करेंगी। मंत्री नेताम की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर 3 नवंबर को नवा रायपुर में आदिम जाति विकास मंत्री रामविचार नेताम की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई।बैठक में प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, आयुक्त डॉ. सारांश मित्तर, संयुक्त सचिव बी.एस. राजपूत, अपर संचालक संजय गौड़, नोडल अधिकारी गायत्री नेताम और अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।सरगुजा संभाग के सभी जिलों के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में जुड़े। जनजातीय संस्कृति की झलक पेश करने के निर्देश मंत्री नेताम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ की समृद्ध जनजातीय परंपराएं, लोककला, नृत्य और संगीत की झलक अवश्य दिखनी चाहिए।उन्होंने कहा कि आयोजन ऐसा हो जो प्रदेश की जनजातीय अस्मिता, गौरव और संस्कृति को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाए। पीएम मोदी की पहल से शुरू हुआ जनजातीय गौरव दिवस प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के अवसर पर, बिहार के जमुई में आयोजित समारोह में 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की थी।इसी अवसर पर उन्होंने बिरसा मुंडा के सम्मान में स्मारक सिक्का और डाक टिकट भी जारी किया था। अंबिकापुर में दिखेगी जनजातीय परंपराओं की भव्यता अंबिकापुर में होने वाला यह आयोजन न केवल छत्तीसगढ़ के जनजातीय समुदायों की संस्कृति और पहचान को उजागर करेगा, बल्कि पूरे देश में प्रदेश की लोक कला और परंपराओं की गूंज पहुंचाएगा।राज्य सरकार और प्रशासन इस कार्यक्रम को ऐतिहासिक और यादगार बनाने की दिशा में जुटे हुए हैं।

20 नवंबर को छत्तीसगढ़ आएंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू:अंबिकापुर में जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में होंगी शामिल; मंत्री की निगरानी में तैयारी शुरू Read Post »

Chhattisgarh, Political, Raipur, Top News

स्पा सेंटर डकैती कांड में एक और आरोपी गिरफ्तार: कारोबारी से ATM में निकलवाए थे पैसे, पुलिस ने सिमगा से पकड़ा

राजधानी रायपुर के चर्चित कल्चरल वेलनेस स्पा सेंटर डकैती कांड में पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। न्यू राजेंद्र नगर थाना पुलिस ने फरार आरोपी प्रथम अग्रवाल (32 वर्ष) को सिमगा से गिरफ्तार किया है। आरोपी से घटना में इस्तेमाल की गई बाइक और मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। बता दें कि यह वारदात 25 अक्टूबर की रात हुई थी, जब स्पा सेंटर में घुसकर आरोपियों ने संचालक और कर्मचारियों को बंधक बनाया था। उन्होंने गल्ले से 20 हजार रुपए नगद लूटे और कारोबारी को धमकाकर ATM से 50 हजार रुपए नगद और क्रेडिट कार्ड स्वाइप कर 50 हजार रुपए और निकलवाए थे। इस तरह कुल 1.20 लाख रुपए की डकैती को अंजाम दिया गया। आठ आरोपियों ने मिलकर दिया था वारदात को अंजाम पुलिस के अनुसार, 26 अक्टूबर की रात करीब 8 बजे आठ अज्ञात आरोपियों ने न्यू राजेंद्र नगर स्थित कल्चरल वेलनेस स्पा सेंटर में धावा बोला था। आरोपियों ने कर्मचारियों से मारपीट कर उन्हें बंधक बनाया और सेंटर का CCTV DVR भी साथ ले गए, ताकि वारदात के सबूत मिटाए जा सकें। अब तक चार आरोपी चढ़े पुलिस के हत्थे इस मामले में पुलिस पहले ही तीन आरोपियों—धनराज चौधरी उर्फ हनी, गुरविंदर सिंह और नवजोत सिंह भामरा—को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। अब चौथा आरोपी प्रथम अग्रवाल भी पकड़ में आ गया है। थाना प्रभारी के अनुसार, सटीक सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने सिमगा में दबिश दी और आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने अपराध में शामिल होने की बात स्वीकार की है। बाकी फरार आरोपियों की तलाश जारी पुलिस ने बताया कि बाकी फरार आरोपियों की पहचान हो चुकी है और जल्द उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा। DVR की बरामदगी और बाकी आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है।थाना प्रभारी ने कहा कि — “किसी भी आरोपी को छोड़ा नहीं जाएगा। सभी को जल्द जेल की सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा।”

स्पा सेंटर डकैती कांड में एक और आरोपी गिरफ्तार: कारोबारी से ATM में निकलवाए थे पैसे, पुलिस ने सिमगा से पकड़ा Read Post »

Chhattisgarh, Crime, Raipur

नवा रायपुर एयर शो में उमड़ी भीड़: 5 किमी लंबा जाम, फाइटर जेट्स दिखा रहे आसमान में दमदार करतब

छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के मौके पर नवा रायपुर के सेंध तालाब के ऊपर आज भारतीय वायुसेना की सूर्यकिरण एयरोबेटिक टीम ने जबरदस्त एयर शो का आयोजन किया। कार्यक्रम सुबह 10:40 बजे से शुरू होकर दोपहर 12 बजे तक चलेगा। इस दौरान हजारों की भीड़ जुटी और तेलीबांधा से सेंध लेक रोड तक करीब 5 किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। यहां तक कि वीआईपी वाहन भी इस जाम में फंसे नजर आए। इस शानदार शो में 9 हॉक एमके-132 फाइटर जेट्स ने एक साथ आसमान में उड़ान भरते हुए ‘बॉम्ब बर्स्ट’, ‘हार्ट इन द स्काई’ और ‘एरोहेड’ जैसी आकर्षक फॉर्मेशन पेश कीं। शो की कमान ग्रुप कैप्टन अजय दशरथी के हाथों में टीम का नेतृत्व ग्रुप कैप्टन अजय दशरथी कर रहे हैं, जिन्होंने बताया कि ऐसे शो को सफल बनाने में अनुशासन और टीमवर्क की बड़ी भूमिका होती है। वे अब तक 50 से अधिक एयर शो कर चुके हैं। छत्तीसगढ़ के ही स्क्वॉड्रन लीडर गौरव पटेल, जो महासमुंद जिले से हैं, भी इस टीम का हिस्सा हैं। उन्होंने कहा— “यह मेरे लिए गर्व का क्षण है कि मैं अपनी ही धरती पर उड़ान भर रहा हूं। जब हमारे जेट आसमान में तिरंगा बनाते हैं, तो अपने आप देशभक्ति की भावना जाग जाती है।” ‘वॉयस ऑफ द स्काई’ होंगी फ्लाइट लेफ्टिनेंट कंवल संधू एयर शो के दौरान कमेंट्री की जिम्मेदारी फ्लाइट लेफ्टिनेंट कंवल संधू निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि वे चाहती हैं छत्तीसगढ़ की बेटियां समझें कि महिला होना कमजोरी नहीं, बल्कि शक्ति है।कंवल संधू दर्शकों और उड़ते विमानों के बीच सेतु बनेंगी ताकि लोगों तक हर रोमांचक पल की जानकारी पहुंच सके। फ्लाइट्स री-शेड्यूल, रनवे 2 घंटे बंद एयर शो के चलते रायपुर एयरपोर्ट में सुबह 10:40 से दोपहर 12 बजे तक नो-फ्लाइंग जोन लागू किया गया। इस दौरान किसी भी फ्लाइट की लैंडिंग या टेकऑफ नहीं हुई। दिल्ली, लखनऊ, भुवनेश्वर और हैदराबाद जाने वाली कुल 5 उड़ानें री-शेड्यूल की गई हैं। हॉक एमके-132 जेट्स से हुआ प्रदर्शन इस शो में इस्तेमाल किए गए हॉक एमके-132 जेट्स अत्याधुनिक ट्रेनर एयरक्राफ्ट हैं। ये जेट्स प्रशिक्षण के साथ-साथ युद्ध के समय भी सक्षम हैं, जिनमें 30 मिमी तोप और मिसाइलें लगाने की क्षमता होती है। फ्री एंट्री और बस सुविधा आम नागरिकों के लिए एयर शो में फ्री एंट्री रखी गई है। साथ ही रायपुर शहर से नवा रायपुर राज्योत्सव स्थल तक आने-जाने के लिए 4 और 5 नवंबर को फ्री बस सेवा भी उपलब्ध कराई गई है।बसें सुबह 7 बजे से दोपहर 1 बजे तक और शाम 4 बजे से रात 10 बजे तक विभिन्न स्थानों से चलेंगी — जिनमें रायपुर रेलवे स्टेशन, तेलीबांधा चौक, साइंस कॉलेज और भाठागांव बस स्टैंड शामिल हैं।

नवा रायपुर एयर शो में उमड़ी भीड़: 5 किमी लंबा जाम, फाइटर जेट्स दिखा रहे आसमान में दमदार करतब Read Post »

Chhattisgarh, Raipur, Top News, Uncategorized

छत्तीसगढ़ में 15 नवंबर से धान खरीदी पर संकट के बादल: कंप्यूटर ऑपरेटर और कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर, 17 नवंबर से शुरू हो सकती खरीदी

छत्तीसगढ़ में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू करने की तैयारी की जा रही है, लेकिन इस बार खरीदी प्रक्रिया पर संकट मंडरा रहा है। राज्यभर में सहकारी समितियों के कर्मचारी और कंप्यूटर ऑपरेटर सोमवार (3 नवंबर) से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं।उनका कहना है कि जब तक चार सूत्रीय मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक वे काम पर नहीं लौटेंगे। हड़ताल के साथ-साथ 15 और 16 नवंबर को शनिवार और रविवार के अवकाश होने से खरीदी प्रक्रिया पर संशय और गहरा गया है। हड़ताल और अवकाश से टल सकती खरीदी की तारीख राज्य सरकार ने 15 नवंबर से धान खरीदी की घोषणा की है, लेकिन यह तारीख शनिवार होने के कारण सवालों के घेरे में है। अगले दिन रविवार है, जिससे खरीदी का वास्तविक प्रारंभ सोमवार, 17 नवंबर से ही संभव माना जा रहा है।दूसरी ओर, कर्मचारियों की हड़ताल ने प्रशासन को मुश्किल में डाल दिया है। बिना कर्मचारियों और ऑपरेटरों के टोकन प्रक्रिया, डेटा एंट्री और पंजीयन कार्य प्रभावित हो सकता है। कर्मचारियों ने कहा – जब तक मांगें नहीं मानी जाएंगी, टोकन जारी नहीं होंगे सहकारी समितियों के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी है कि जब तक सरकार उनकी मांगें नहीं मानती, वे टोकन नहीं काटेंगे। कर्मचारियों का कहना है कि वे वर्षों से लंबित वेतन, कमीशन और पेनाल्टी राशि सहित चार प्रमुख मुद्दों पर संघर्ष कर रहे हैं।उनका आरोप है कि कई बार ज्ञापन देने और आंदोलन करने के बावजूद सरकार ने ठोस कदम नहीं उठाया है। बिलासपुर में हड़ताल की शुरुआत, रैली और नारेबाजी सोमवार को छत्तीसगढ़ सहकारी समिति कर्मचारी संघ और समर्थन मूल्य धान खरीदी कंप्यूटर ऑपरेटर संघ ने बिलासपुर के कोन्हेर गार्डन से अनिश्चितकालीन हड़ताल की शुरुआत की।कर्मचारियों ने नारेबाजी करते हुए कहा कि उनकी मांगें सालों से लंबित हैं। 24 अक्टूबर को जिला स्तर पर और 28 अक्टूबर को संभाग स्तर पर प्रदर्शन के बाद भी सरकार ने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया, इसलिए अब वे अनिश्चितकालीन हड़ताल के रास्ते पर हैं। कर्मचारियों की प्रमुख मांगें प्रशासन का दावा – तय तारीख पर खरीदी की तैयारी जारी जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रभात मिश्रा ने बताया कि जिन किसानों का पंजीयन पूरा हो गया है, उनसे शासन के निर्देशों के अनुसार धान की खरीदी की जाएगी। उन्होंने कहा कि हड़ताल के बावजूद जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां जारी रखी हैं और खरीदी में कोई बड़ी बाधा नहीं आने दी जाएगी।

छत्तीसगढ़ में 15 नवंबर से धान खरीदी पर संकट के बादल: कंप्यूटर ऑपरेटर और कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर, 17 नवंबर से शुरू हो सकती खरीदी Read Post »

Bilashpur, Chhattisgarh

केस लड़ते-लड़ते प्यार में पड़ा वकील: महिला को तलाक दिलाने के बाद किया दुष्कर्म, शादी से मुकरा तो पहुंचा जेल

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक वकील पर अपने ही मुवक्किल के साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। सरकंडा इलाके की रहने वाली महिला का केस लड़ते-लड़ते वकील ने उससे नजदीकियां बढ़ाईं। पहले उसने महिला को उसके पति से तलाक दिलाया, फिर शादी का वादा करके संबंध बनाए। बाद में जब महिला ने शादी के लिए दबाव बनाया, तो वकील ने इंकार कर दिया और मारपीट भी की। महिला की शिकायत पर आरोपी वकील को गिरफ्तार कर लिया गया है। तलाक केस के दौरान हुआ वकील से प्रेम संबंध पुलिस के अनुसार, 26 वर्षीय पीड़िता का विवाह कुछ साल पहले हुआ था, लेकिन पति के साथ उसका रिश्ता खराब था। आए दिन झगड़ों और मारपीट से परेशान होकर उसने तलाक के लिए न्यायालय में याचिका दाखिल की।वर्ष 2025 में महिला ने अपने केस की पैरवी के लिए सरकंडा क्षेत्र के लतेल बाड़ा निवासी वकील पवन अवस्थी को नियुक्त किया। कोर्ट में केस चलने के दौरान दोनों के बीच लगातार मुलाकातें होती रहीं और इसी दौरान वकील ने महिला से प्रेम का इजहार किया। शादी का झांसा देकर बनाए संबंध महिला के अनुसार, वकील ने बताया कि उसकी भी अपनी पत्नी से नहीं बनती और वह जल्द ही तलाक लेकर उससे शादी करेगा। इस भरोसे पर महिला ने उस पर विश्वास किया, जिसके बाद दोनों के बीच शारीरिक संबंध बने। लेकिन तलाक का मामला खत्म होने के बाद वकील का रवैया बदल गया। शादी के दबाव पर की मारपीट जब महिला ने शादी के लिए जोर दिया, तो वकील ने टालमटोल शुरू कर दी। बाद में उसने साफ तौर पर शादी से इनकार कर दिया। इस दौरान उसने महिला से झगड़ा किया, उसका मोबाइल फोन तोड़ दिया और मारपीट की।इसके बाद परेशान होकर महिला ने 2 नवंबर को सरकंडा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने वकील के खिलाफ दुष्कर्म, मारपीट और धमकी के तहत मामला दर्ज किया और 3 नवंबर को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस जांच जारी फिलहाल सरकंडा पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और पूरे मामले की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी बयान दर्ज कर केस को कोर्ट में प्रस्तुत किया जाएगा।

केस लड़ते-लड़ते प्यार में पड़ा वकील: महिला को तलाक दिलाने के बाद किया दुष्कर्म, शादी से मुकरा तो पहुंचा जेल Read Post »

Bilashpur, Chhattisgarh, Crime

रायपुर में नाबालिग की हत्या से मचा बवाल: जुआ खेलने से इंकार पर चाकू से हमला, कॉलोनी में तनाव

रायपुर के कचना इलाके की बीएसयूपी कॉलोनी रविवार शाम उस वक्त दहशत में आ गई जब 15 साल के नाबालिग की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव फैल गया। भीड़ ने आरोपी के घर को घेर लिया और आगजनी की कोशिश की। पुलिस ने हालात संभालने के लिए इलाके में भारी बल तैनात किया है। जुआ खेलने से मना किया, तो कर दी हत्या जानकारी के अनुसार, रविवार शाम करीब 7 बजे विवेक तांड़ी (16) अपने बड़े भाई सुमीत तांड़ी (22) के साथ बाजार जा रहा था। रास्ते में कॉलोनी निवासी कृष्ण देवार नगराहा उर्फ तोडू (22) मिला और विवेक से जुआ खेलने की जिद करने लगा। विवेक के मना करने पर कृष्ण भड़क गया और चाकू निकालकर विवेक पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।बीच-बचाव करने पहुंचे सुमीत पर भी हमला किया गया, जिससे उसके हाथ में चोट आई। दोनों भाइयों को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान विवेक की मौत हो गई। आरोपी पहले भी खेल चुका था जुआ, हार से था नाराज पुलिस जांच में पता चला कि कॉलोनी में पिछले कई दिनों से त्योहारों के दौरान जुआ खेला जा रहा था। शनिवार की रात हुए खेल में विवेक और सुमीत ने पैसा जीता था, जबकि कृष्ण हार गया था। इसी रंजिश में उसने अगली शाम विवेक पर हमला कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, लेकिन बाद में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। हत्या के बाद कॉलोनी में भड़का गुस्सा विवेक की मौत की खबर फैलते ही कॉलोनी के लोगों में गुस्सा भड़क उठा। भीड़ ने आरोपी के घर को घेर लिया और बाहर रखे सामान में आग लगा दी। मौके पर पहुंची पुलिस को भीड़ ने घेर लिया और आरोपी को सौंपने की मांग की। सोमवार रात तक इलाके में तनाव बना रहा, जिसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल को तैनात किया गया। राजधानी में बढ़ रहे हैं हत्या के मामले रायपुर में बीते एक महीने में कई हत्या की घटनाएं सामने आई हैं — लगातार बढ़ती वारदातों से राजधानी की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

रायपुर में नाबालिग की हत्या से मचा बवाल: जुआ खेलने से इंकार पर चाकू से हमला, कॉलोनी में तनाव Read Post »

Chhattisgarh, Crime, Raipur

नक्सलियों पर अंतिम वार की तैयारी: बस्तर के 50 गांवों में चलेगा स्पेशल ऑपरेशन, जवानों की छुट्टियां रद्द

छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित इलाकों में अब सुरक्षाबलों ने निर्णायक अभियान की तैयारी शुरू कर दी है। सुकमा, बीजापुर, कांकेर और नारायणपुर जिलों के कई इलाकों में नक्सली गतिविधियों को खत्म करने के लिए फोर्स अब पूरे संगठन के सफाए के मिशन पर काम कर रही है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के मिशन 2026 के तहत नक्सलवाद के पूर्ण उन्मूलन की तय समयसीमा में अब सिर्फ पांच महीने बचे हैं। ऐसे में सुरक्षा एजेंसियां बस्तर के 50 चुनिंदा गांवों को फोकस एरिया बनाकर बड़े पैमाने पर ऑपरेशन शुरू करने जा रही हैं। बीजापुर से होगी शुरुआत, 10 टीमें मैदान में उतरेंगी सूत्रों के अनुसार, इस निर्णायक ऑपरेशन की शुरुआत बीजापुर जिले से होगी। इसके लिए डीआरजी (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व ग्रुप) के जवानों की 10 से अधिक टीमें तैयार की गई हैं, जिनमें नारायणपुर, दंतेवाड़ा, बस्तर और सुकमा के जवान शामिल हैं।इन टीमों की छुट्टियां तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी गई हैं और उन्हें अगले आदेश तक फील्ड ड्यूटी पर बने रहने के निर्देश दिए गए हैं। अबूझमाड़ जैसे बड़े ऑपरेशन की फिर तैयारी हाल के महीनों में फोर्स ने अबूझमाड़ और कर्रेगुट्टा में सफल अभियानों को अंजाम दिया था। अबूझमाड़ में नक्सली संगठन के महासचिव बसवा राजू के एनकाउंटर के बाद यह अभियान सबसे बड़ी सफलता माना गया था।वहीं कर्रेगुट्टा में कुख्यात नक्सली हिड़मा को पकड़ने की कोशिश के दौरान उसके 31 साथियों को ढेर किया गया था। अब फोर्स उसी स्तर का एक और व्यापक अभियान लॉन्च करने की तैयारी में है। केंद्र और राज्य दोनों स्तर पर निगरानी जानकारी के मुताबिक, इस ऑपरेशन की जानकारी केंद्रीय गृह मंत्रालय के साथ साझा की गई है और दोनों स्तरों से इसकी बारीकी से निगरानी की जा रही है। हालांकि, फिलहाल अधिकारियों ने आधिकारिक तौर पर किसी नए ऑपरेशन की पुष्टि नहीं की है।

नक्सलियों पर अंतिम वार की तैयारी: बस्तर के 50 गांवों में चलेगा स्पेशल ऑपरेशन, जवानों की छुट्टियां रद्द Read Post »

Chhattisgarh, Raipur, State

बिना सर्टिफिकेट चल रहीं लाखों गाड़ियां: रायपुर में 30% वाहनों के पास नहीं है पीयूसी कार्ड, जांच व्यवस्था ठप

रायपुर में हर साल वाहनों की संख्या तेजी से बढ़ रही है, लेकिन प्रदूषण जांच प्रणाली उसी अनुपात में कमजोर पड़ती जा रही है। राजधानी में फिलहाल 20 लाख से अधिक वाहन रजिस्टर्ड हैं, जिनमें से लगभग 30% के पास प्रदूषण नियंत्रण (PUC) सर्टिफिकेट नहीं है। नियमों के मुताबिक हर वाहन को एक साल में कम से कम एक बार प्रदूषण जांच कराना जरूरी है, लेकिन आरटीओ और ट्रैफिक विभाग की ओर से अब जांच अभियान लगभग बंद हो गया है। इस कारण वाहन मालिक भी लापरवाह हो गए हैं। पिछले दो साल में रायपुर में केवल ढाई लाख वाहनों ने ही पीयूसी सर्टिफिकेट बनवाया है, जिसमें अधिकतर संख्या चार पहिया वाहनों की है। भारी वाहनों में सख्ती, दोपहिया सबसे पीछे राज्य के बाहर जाने वाले मालवाहक वाहन पीयूसी कार्ड इसलिए बनवा रहे हैं क्योंकि बॉर्डर पर इसकी जांच होती है और सर्टिफिकेट नहीं होने पर भारी जुर्माना लगता है। वहीं, शहर में चलने वाले दोपहिया वाहन मालिक इस नियम को नजरअंदाज कर रहे हैं। जुर्माना 1 हजार से 10 हजार तक मोटर व्हीकल एक्ट के अनुसार, पीयूसी कार्ड नहीं होने पर वाहन मालिकों पर 1,000 से लेकर 10,000 रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है। गंभीर मामलों में लाइसेंस निलंबन और कानूनी कार्रवाई का भी प्रावधान है। रिपोर्ट में बड़ा खुलासा: आधुनिक वाहनों से भी प्रदूषण जारी अंतरराष्ट्रीय स्वच्छ परिवहन परिषद (ICCT) की रिपोर्ट के अनुसार, नए इंजन वाले वाहनों से भी ग्रीन हाउस गैसों में खास कमी नहीं आई है। डीजल इंजन कार्बन और सल्फर उत्सर्जन को बढ़ा रहे हैं। पीयूसी जांच भी सूक्ष्म कण (PM 2.5) और गैसीय उत्सर्जन का पूरा आकलन नहीं कर पाती। 15 साल पुरानी गाड़ियां भी ले रहीं परमिट रायपुर में करीब तीन लाख वाहन 15 साल से अधिक पुराने हैं, जिनमें से अधिकांश के पास पीयूसी कार्ड नहीं है। हैरानी की बात यह है कि ऐसी गाड़ियों को भी परमिट जारी किए जा रहे हैं। अधिकांश पेट्रोल पंपों ने अब तक प्रदूषण जांच केंद्र नहीं खोले हैं, जबकि नियमों के अनुसार उन्हें ऐसा करना अनिवार्य है। दिल्ली और राजस्थान जैसे राज्यों में 15 साल पुराने वाहनों पर सख्ती है और उन्हें ईंधन देने पर रोक है, लेकिन छत्तीसगढ़ में इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। यही कारण है कि प्रदूषण जांच व्यवस्था यहां केवल कागजों तक सीमित रह गई है।

बिना सर्टिफिकेट चल रहीं लाखों गाड़ियां: रायपुर में 30% वाहनों के पास नहीं है पीयूसी कार्ड, जांच व्यवस्था ठप Read Post »

Chhattisgarh, Raipur, State

SIR को लेकर BJP की रणनीतिक बैठक आज: शिव प्रकाश रायपुर में लेंगे बैठक, CM, मंत्री, सांसद और विधायक रहेंगे मौजूद

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मतदाता सूची के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) प्रक्रिया की शुरुआत के अगले ही दिन बीजेपी ने इस पर रणनीति बनाने के लिए अहम बैठक बुलाई है। बैठक बुधवार को रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित होगी। इसमें पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री और प्रदेश प्रभारी शिव प्रकाश शामिल होंगे। बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, राज्य सरकार के सभी मंत्री, सांसद, विधायक, जिलाध्यक्ष और वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। पार्टी का मुख्य उद्देश्य SIR प्रक्रिया की जानकारी कार्यकर्ताओं तक पहुंचाना और मतदाता सत्यापन अभियान में जनता की सहायता के लिए कार्यकर्ताओं को तैयार करना है। कांग्रेस भ्रम फैला रही, BJP करेगी जवाबी जनजागरण भाजपा के प्रदेश महामंत्री नवीन मार्कंडेय ने बताया कि कांग्रेस, SIR प्रक्रिया को लेकर जनता में गलतफहमियां फैला रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा जनता को सही जानकारी देगी और कांग्रेस के दुष्प्रचार का जवाब देगी।मार्कंडेय के अनुसार, “देश के 12 राज्यों में चुनाव आयोग ने SIR प्रक्रिया लागू की है, और भाजपा इस पूरे अभियान में जनता की मदद के लिए सक्रिय भूमिका निभाएगी।” शिव प्रकाश देंगे दिशा-निर्देश पार्टी सूत्रों के मुताबिक, बैठक में शिव प्रकाश विस्तार से बताएंगे कि SIR सर्वे के दौरान कार्यकर्ताओं को मतदाताओं के नाम जोड़ने, त्रुटियां सुधारने और डुप्लीकेट नाम हटाने में कैसे सहयोग करना है।इसके अलावा, पार्टी जल्द ही एक राज्यव्यापी जनजागरण अभियान शुरू करेगी ताकि हर पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में जोड़ा जा सके। नेताओं को सौंपी जाएगी जिम्मेदारी बीजेपी SIR के प्रति जन-जागरूकता फैलाने की जिम्मेदारी अपने मंत्री, सांसद और विधायकों को देगी। पार्टी नेताओं को जनता के बीच जाकर SIR प्रक्रिया के फायदे और उद्देश्य समझाने का निर्देश दिया जाएगा।शिव प्रकाश बुधवार सुबह दिल्ली से रायपुर पहुंचेंगे और दोपहर में प्रदेश पदाधिकारियों के साथ बैठक कर आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करेंगे।

SIR को लेकर BJP की रणनीतिक बैठक आज: शिव प्रकाश रायपुर में लेंगे बैठक, CM, मंत्री, सांसद और विधायक रहेंगे मौजूद Read Post »

Chhattisgarh, Raipur, Top News

उपभोक्ता आयोग के लेखा अधिकारी पर लाखों के गबन का आरोप: 9 साल बाद खुलासा, अधीक्षक की शिकायत पर FIR दर्ज

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य उपभोक्ता आयोग कार्यालय में पदस्थ एक पूर्व लेखा अधिकारी पर सरकारी धन के गबन का मामला सामने आया है। आरोपी अधिकारी ने वर्ष 2017 में विभागीय राशि में हेराफेरी करते हुए लगभग 3 लाख 98 हजार 553 रुपए का गबन किया था। करीब 9 साल बाद इस वित्तीय अनियमितता का खुलासा हुआ, जिसके बाद अब देवेंद्र नगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। 2017 में किया गया था गबन पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी का नाम विनोद साहू है, जो उस समय राज्य उपभोक्ता आयोग में लेखा प्रभारी के पद पर पदस्थ था।जांच में यह सामने आया कि उसने 7 सितंबर 2017 को विभागीय खातों से रकम निकालकर अपने निजी बैंक खाते में ट्रांसफर कर दी थी। इस लेन-देन को उसने विभागीय भुगतान के रूप में दर्ज किया था ताकि गड़बड़ी का पता न चले। अधीक्षक की शिकायत पर मामला दर्ज उपभोक्ता आयोग के अधीक्षक जे.आर. निराला ने इस पूरे मामले की शिकायत देवेंद्र नगर थाने में दर्ज कराई। अधीक्षक ने बताया कि जब विभागीय खातों की जांच कराई गई, तब ट्रांजेक्शन में गड़बड़ी पाई गई। इसके बाद एक आंतरिक जांच समिति का गठन किया गया, जिसने सभी तथ्यों की पुष्टि की। जांच समिति ने पाई गड़बड़ी सही समिति की रिपोर्ट में पाया गया कि आरोपी ने कई किश्तों में सरकारी राशि को अपने व्यक्तिगत खाते में ट्रांसफर किया है। जांच के निष्कर्षों के आधार पर अधीक्षक ने आरोपी के खिलाफ अमानत में ख्यानत और धोखाधड़ी (धारा 406, 420 IPC) के तहत कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने अधीक्षक की शिकायत पर FIR दर्ज कर ली है और आगे की जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल आरोपी की भूमिका और अन्य संबंधित वित्तीय लेन-देन की जांच की जा रही है।

उपभोक्ता आयोग के लेखा अधिकारी पर लाखों के गबन का आरोप: 9 साल बाद खुलासा, अधीक्षक की शिकायत पर FIR दर्ज Read Post »

Chhattisgarh, Raipur, State
Scroll to Top