Insights and Updates on Current Affairs

रायपुर में रक्षाबंधन पर बीयर ऑफर को लेकर विवाद, बजरंग दल ने क्लब पहुंचकर जताई आपत्ति

रायपुर में रक्षाबंधन के मौके पर आयोजित होने वाले एक क्लब कार्यक्रम को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। अंबुजा मॉल स्थित द बीयर कैफे की ओर से 28 अगस्त को भाई-बहनों के लिए ‘सिब्लिंग्स कराओके नाइट’ आयोजित की जा रही है। कार्यक्रम के प्रचार पोस्टर में शाम 7 से 8 बजे तक ड्रिंक्स पर 1+1 ऑफर का भी उल्लेख किया गया है। क्लब के इस प्रचार को लेकर बजरंग दल ने आपत्ति जताई है। संगठन के कार्यकर्ता गुरुवार को अंबुजा मॉल पहुंचे और कार्यक्रम में शराब के ऑफर को लेकर विरोध दर्ज कराया। बजरंग दल का कहना है कि रक्षाबंधन भाई-बहन के पवित्र रिश्ते से जुड़ा पर्व है। ऐसे धार्मिक और पारिवारिक त्योहार को शराब या क्लब पार्टी के प्रचार से जोड़ना उचित नहीं है। संगठन ने क्लब के कार्यक्रम को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि त्योहार की गरिमा को ध्यान में रखते हुए इस तरह के ऑफर से बचना चाहिए। क्लब की ओर से सोशल मीडिया पर जारी पोस्टर में भाई-बहन के साथ कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की गई थी। पोस्टर के अनुसार ‘सिब्लिंग्स कराओके नाइट’ 28 अगस्त को शाम 7 बजे से रात 9 बजे तक आयोजित होगी। इसी दौरान शाम 7 से 8 बजे तक ड्रिंक्स पर 1+1 हैप्पी ऑवर ऑफर का उल्लेख किया गया है। विरोध के बाद बजरंग दल ने भी अपना पोस्टर जारी किया। इसमें रक्षाबंधन को शराब और क्लब से नहीं जोड़ने की अपील की गई है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि रक्षाबंधन के दिन इस तरह का आयोजन किया जाता है, तो वह अपने स्तर पर कार्रवाई कर सकता है। फिलहाल विवाद का केंद्र क्लब का रक्षाबंधन कार्यक्रम और उसमें दिए गए ड्रिंक्स ऑफर को लेकर संगठन की आपत्ति है। कार्यक्रम से जुड़ी जानकारी

रायपुर में रक्षाबंधन पर बीयर ऑफर को लेकर विवाद, बजरंग दल ने क्लब पहुंचकर जताई आपत्ति Read Post »

Raipur

सावन के अंतिम सोमवार पर सोमनाथ मंदिर में उमड़ा जनसैलाब, 30 हजार श्रद्धालुओं की सुरक्षा में तैनात रही पुलिस

तिल्दा-नेवरा, 25 अगस्त 2026। सावन के अंतिम सोमवार के मौके पर तिल्दा-नेवरा स्थित प्रसिद्ध सोमनाथ मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और कांवड़िए दर्शन के लिए पहुंचे। रविवार रात से शुरू हुआ श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला सोमवार देर रात तक चलता रहा। रायपुर समेत कवर्धा, गरियाबंद, बेमेतरा, बालोद और आसपास के इलाकों से भी बड़ी संख्या में लोग मंदिर पहुंचे। पुलिस के अनुसार, अंतिम सोमवार को मंदिर और आसपास के मेला क्षेत्र में करीब 25 से 30 हजार श्रद्धालुओं की मौजूदगी रही। भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस ने पहले से ही सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन की व्यापक व्यवस्था की थी। मारपीट की आशंका को देखते हुए करीब 100 कड़े जब्त भारी भीड़ के बीच किसी तरह के विवाद या मारपीट की स्थिति से निपटने के लिए पुलिस ने विशेष सतर्कता बरती। जांच के दौरान श्रद्धालुओं के हाथों में पहने हुए करीब 100 भारी कड़े जब्त किए गए। पुलिस का कहना है कि भीड़ में विवाद होने की स्थिति में ऐसे कड़े गंभीर चोट का कारण बन सकते हैं। इसी संभावना को देखते हुए एहतियात के तौर पर यह कार्रवाई की गई, ताकि मेले में किसी अप्रिय घटना की आशंका को कम किया जा सके। मंदिर और मेला क्षेत्र में कड़ी निगरानी श्रद्धालुओं की भारी संख्या को देखते हुए मंदिर परिसर, मेला क्षेत्र, पार्किंग स्थल, पहुंच मार्गों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था। पुलिस जवानों ने लगातार पेट्रोलिंग के साथ भीड़ की गतिविधियों पर नजर रखी। इसके अलावा संदिग्ध लोगों और बाहरी व्यक्तियों की जांच भी की गई। श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की आवाजाही को व्यवस्थित रखने के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें लगातार मौके पर मौजूद रहीं। वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में सुरक्षा व्यवस्था सुरक्षा व्यवस्था पुलिस अधीक्षक रायपुर ग्रामीण श्रीमती श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात श्री चंचल तिवारी के मार्गदर्शन में संचालित की गई। एसडीओपी विधानसभा श्री वीरेंद्र चतुर्वेदी के नेतृत्व में थाना प्रभारी तिल्दा-नेवरा श्री रमाकांत तिवारी और थाना प्रभारी धरसीवा श्री राजेंद्र दीवान सहित पुलिस बल ने मेला क्षेत्र की सुरक्षा संभाली। पुलिस टीमों ने मंदिर परिसर से लेकर पार्किंग और प्रमुख पहुंच मार्गों तक लगातार निगरानी रखी। यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए भी आवश्यक इंतजाम किए गए थे। देर रात तक पहुंचते रहे कांवड़िए सावन के अंतिम सोमवार पर अलग-अलग जिलों से बड़ी संख्या में कांवड़िए सोमनाथ मंदिर पहुंचे। कवर्धा, गरियाबंद, बेमेतरा और बालोद सहित आसपास के क्षेत्रों से आए कांवड़ियों की आवाजाही सोमवार देर रात तक जारी रही। भारी भीड़ के बावजूद पुलिस की लगातार निगरानी, पेट्रोलिंग और बेहतर समन्वय के चलते सोमनाथ मंदिर का मेला शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता दी।

सावन के अंतिम सोमवार पर सोमनाथ मंदिर में उमड़ा जनसैलाब, 30 हजार श्रद्धालुओं की सुरक्षा में तैनात रही पुलिस Read Post »

Raipur

घटनास्थल के फिंगरप्रिंट से अपराधियों तक पहुंचेगी पुलिस, रायपुर कमिश्नरेट में NAFIS ट्रेनिंग

रायपुर, 22 अगस्त 2026। अपराध की जांच को ज्यादा वैज्ञानिक और तकनीकी बनाने के लिए रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने फिंगरप्रिंट और राष्ट्रीय स्वचालित फिंगरप्रिंट पहचान प्रणाली (NAFIS) को लेकर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें रायपुर कमिश्नरेट और रायपुर ग्रामीण पुलिस के अधिकारी-कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। प्रशिक्षण कार्यक्रम यातायात मुख्यालय, कालीबाड़ी रायपुर के प्रथम तल पर आयोजित किया गया। फिंगरप्रिंट विशेषज्ञ अजय कुमार साहू ने नोडल अधिकारी एवं अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त पीताम्बर पटेल के मार्गदर्शन में पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षण दिया। घटनास्थल पर फिंगरप्रिंट की भूमिका प्रशिक्षण में बताया गया कि अपराधी घटनास्थल पर कई बार ऐसी निशानियां छोड़ जाता है, जो उसकी पहचान तक पहुंचने में अहम साबित हो सकती हैं। दरवाजे, खिड़की, कांच, वाहन, अलमारी और अन्य सतहों से मिले फिंगरप्रिंट को महत्वपूर्ण साक्ष्य के रूप में इस्तेमाल किया जा सकता है। पुलिसकर्मियों को चांस प्रिंट यानी अदृश्य, अधूरे या अस्पष्ट फिंगरप्रिंट को खोजने, विकसित करने, वैज्ञानिक तरीके से सुरक्षित करने और जांच के लिए भेजने की तकनीक समझाई गई। फिंगरप्रिंट किट के इस्तेमाल की जानकारी प्रशिक्षण के दौरान थानों में उपलब्ध फिंगरप्रिंट किट का सही तरीके से उपयोग करने की प्रक्रिया भी बताई गई। साथ ही घटनास्थल को सुरक्षित रखने, फिंगरप्रिंट को विकसित करने, उसे उठाने और सुरक्षित पैकिंग करने के व्यावहारिक तरीके सिखाए गए। NAFIS से डिजिटल मिलान राष्ट्रीय स्वचालित फिंगरप्रिंट पहचान प्रणाली यानी NAFIS के जरिए घटनास्थल से मिले फिंगरप्रिंट का उपलब्ध डिजिटल रिकॉर्ड से मिलान किया जा सकता है। इससे संदिग्ध की पहचान करने और उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड से जुड़ी जानकारी हासिल करने में पुलिस को मदद मिल सकती है। खासतौर पर दूसरे राज्यों से जुड़े अपराधियों की पहचान में यह तकनीक उपयोगी साबित हो सकती है। प्रशिक्षण में फिंगरप्रिंट के साथ-साथ DNA, CCTV और डिजिटल साक्ष्यों जैसी आधुनिक फॉरेंसिक तकनीकों के बेहतर इस्तेमाल पर भी जोर दिया गया। पुलिस के मुताबिक, इस प्रशिक्षण का उद्देश्य अपराध की विवेचना को ज्यादा वैज्ञानिक और सटीक बनाना है, ताकि घटनास्थल से मिले तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी की प्रक्रिया को तेज किया जा सके।

घटनास्थल के फिंगरप्रिंट से अपराधियों तक पहुंचेगी पुलिस, रायपुर कमिश्नरेट में NAFIS ट्रेनिंग Read Post »

Police, Raipur

फुंडहर गौठान में मृत गायें मिलने से हड़कंप, नेता प्रतिपक्ष ने व्यवस्था पर उठाए सवाल

रायपुर: फुंडहर स्थित गौठान में बारिश के बीच मृत गायों के शव पड़े मिलने का मामला सामने आया है। शनिवार को नगर निगम नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने जोन-9 के वार्ड-51 स्थित गौठान का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गौठान की व्यवस्थाओं को लेकर निगम प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाए। आकाश तिवारी के मुताबिक, गौठान की क्षमता करीब 260 से 280 गोवंश रखने की है, जबकि यहां 600 से ज्यादा गोवंश रखे गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षमता से अधिक पशु होने के कारण पर्याप्त जगह, चारा और पानी की व्यवस्था नहीं हो पा रही है। साथ ही पशुओं के इलाज के लिए भी पर्याप्त चिकित्सा सुविधा नहीं होने का दावा किया गया। निरीक्षण के दौरान गौठान में मृत गायों के शव पड़े होने पर भी नेता प्रतिपक्ष ने सवाल उठाए। उनका आरोप है कि बारिश के बीच मृत गोवंश का समय पर निस्तारण नहीं किया गया, जिससे गौठान की व्यवस्था और पशुओं की देखभाल पर सवाल खड़े हो रहे हैं। तिवारी ने कहा कि एक ओर सरकार गौ संरक्षण की बात करती है, वहीं दूसरी ओर गौठान में गोवंश की ऐसी स्थिति चिंता का विषय है। उन्होंने क्षमता से दोगुने से अधिक पशुओं को एक ही स्थान पर रखने के फैसले पर भी सवाल उठाया। नेता प्रतिपक्ष ने रायपुर के सभी नगर निगम गौठानों की जांच कराने, अतिरिक्त गोवंश को दूसरे गौठानों में शिफ्ट करने और पर्याप्त चारा, पानी, शेड, सफाई एवं पशु चिकित्सा की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। उन्होंने निगम प्रशासन को 7 दिन का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो कांग्रेस नगर निगम सदन से लेकर सड़क तक आंदोलन करेगी।

फुंडहर गौठान में मृत गायें मिलने से हड़कंप, नेता प्रतिपक्ष ने व्यवस्था पर उठाए सवाल Read Post »

Raipur

MBBS NEET मेरिट लिस्ट पर उठे सवाल, 9 अभ्यर्थियों के डोमिसाइल और कैटेगरी की जांच की मांग

रायपुर: छत्तीसगढ़ की MBBS NEET मेरिट लिस्ट को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। 9 अभ्यर्थियों के डोमिसाइल, जाति प्रमाण-पत्र और कैटेगरी से जुड़े दस्तावेजों पर सवाल उठाते हुए जांच की मांग की गई है। मामले को लेकर NSUI ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा है। शिकायतकर्ताओं ने पूरी मेरिट लिस्ट में शामिल अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का भी वेरिफिकेशन कराने की मांग की है। शिकायत में रिद्धि टांडी, मान्या साहू, नेविदिता मंडावी, आहाना बेथशीबा मसीह, लक्ष्य चौरे, आकांक्षा मारिया, शीतल, प्रिंसी एस. बल्लेवार और द्विज सिंह के दस्तावेजों को जांच के लिए सामने रखा गया है। कुछ मामलों में दो अलग-अलग राज्यों के डोमिसाइल से जुड़े दस्तावेज होने का दावा किया गया है, जबकि कुछ अभ्यर्थियों की जाति और कैटेगरी को लेकर सवाल उठाए गए हैं। एक मामले में 2025 में जनरल कैटेगरी और 2026 में ST कैटेगरी दर्ज होने का दावा भी किया गया है। हालांकि, अभी किसी भी अभ्यर्थी के खिलाफ कोई अनियमितता प्रमाणित नहीं हुई है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि उनका उद्देश्य किसी छात्र को दोषी ठहराना नहीं, बल्कि सक्षम अथॉरिटी से दस्तावेजों की निष्पक्ष जांच कराना है। NSUI के हेमंत पाल के मुताबिक, सामने रखे गए 9 मामले केवल उदाहरण हैं। पूरी मेरिट लिस्ट के दस्तावेजों की जांच होने पर अन्य विसंगतियां भी सामने आ सकती हैं। इसलिए सभी अभ्यर्थियों के डोमिसाइल, जाति प्रमाण-पत्र, कैटेगरी और आवेदन रिकॉर्ड का वेरिफिकेशन कराने की मांग की गई है। ज्ञापन में कहा गया है कि MBBS एडमिशन प्रक्रिया हजारों विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़ी है। यदि किसी अपात्र अभ्यर्थी को गलत दस्तावेज या कैटेगरी के आधार पर लाभ मिला है, तो उसका असर पात्र विद्यार्थियों पर पड़ सकता है। इसी वजह से समयबद्ध जांच और जरूरत पड़ने पर संशोधित मेरिट लिस्ट जारी करने की मांग की गई है।

MBBS NEET मेरिट लिस्ट पर उठे सवाल, 9 अभ्यर्थियों के डोमिसाइल और कैटेगरी की जांच की मांग Read Post »

Education, GOVERNMENT, Raipur

नाबालिग से दुष्कर्म और नवजात बिक्री मामले में एक और आरोपी गिरफ्तार

न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म, फर्जी दस्तावेजों के जरिए प्रसव कराने और नवजात शिशु की बिक्री से जुड़े मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने नाबालिग की उम्र बढ़ाकर और नाम बदलकर फर्जी आधार कार्ड तैयार करने में मदद की थी। इस मामले में अब तक कुल 9 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस के अनुसार, पहले गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और जांच के दौरान सामने आया कि महिला आरोपी पूनम सागरिया ने नाबालिग की वास्तविक उम्र छिपाने और नाम बदलने के लिए उसका आधार कार्ड पिंटू सिंह को दिया था। इसके बाद पिंटू सिंह ने मोबाइल ऐप की मदद से आधार कार्ड में नाम और उम्र में बदलाव कर फर्जी दस्तावेज तैयार किया। पुलिस ने जांच के बाद दलदल सिवनी क्षेत्र निवासी पिंटू सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने महिला आरोपी के कहने पर नाबालिग के आधार कार्ड में बदलाव करने और तैयार फर्जी आधार कार्ड वापस पूनम सागरिया को देने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया एक मोबाइल फोन जब्त किया है। पुलिस अब जब्त मोबाइल और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है। यह मामला न्यू राजेंद्र नगर थाने में अपराध क्रमांक 289/2026 के तहत दर्ज है। पुलिस ने मामले में बीएनएस, पॉक्सो एक्ट और जुवेनाइल जस्टिस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की है। पुलिस के मुताबिक, मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी। गिरफ्तार आरोपी: पिंटू सिंह, उम्र 30 वर्ष, निवासी द्वारिका विहार, शिव मंदिर के पास, दलदल सिवनी, थाना मोवा-पंडरी, रायपुर।

नाबालिग से दुष्कर्म और नवजात बिक्री मामले में एक और आरोपी गिरफ्तार Read Post »

Crime, Police Action, Raipur

वॉश एंड वॉश स्कैम का पर्दाफाश, 7 अंतरराज्यीय आरोपी गिरफ्तार

रायपुर पुलिस ने “वॉश एंड वॉश” यानी ब्लैक करेंसी स्कैम के जरिए करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त टीम ने पुणे के खंडाला स्थित एक रिसॉर्ट में कार्रवाई कर 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर रायपुर लाया गया है। पुलिस के मुताबिक, इस गिरोह ने वर्ष 2005 से अब तक देशभर में 100 से ज्यादा लोगों को ठगी का शिकार बनाया और अरबों रुपये ऐंठने की जानकारी सामने आई है। रायपुर में भी एक व्यक्ति से करीब 1.13 करोड़ रुपये की ठगी की गई थी। जांच के दौरान पहले गिरफ्तार दो महिला आरोपियों के मोबाइल फोन, चैट, संपर्क नंबर और सोशल मीडिया अकाउंट की जांच से गिरोह के अन्य सदस्यों की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम पुणे पहुंची और करीब एक सप्ताह तक निगरानी के बाद खंडाला के रिसॉर्ट में छापा मारा। पुलिस के अनुसार, मौके पर आरोपी एक व्यक्ति को रकम दोगुनी करने का लालच देकर ठगी कर रहे थे। पीड़ित करोड़ों रुपये लेकर रिसॉर्ट पहुंचा था। इसी दौरान पुलिस ने आरोपियों को रकम लेते हुए पकड़ लिया। कार्रवाई में 4 करोड़ रुपये से अधिक नकद, 17 मोबाइल फोन, नोट के आकार के काले कागज, कांच की प्लेटें, दस्तावेज और अन्य सामग्री जब्त की गई है। आरोपी खुद को प्रभावशाली लोगों और विदेशी निवेशकों से जुड़ा बताते थे। पीड़ितों को काले नोटों को विशेष केमिकल से असली मुद्रा में बदलने या रकम दोगुनी करने का झांसा दिया जाता था। इसके बाद केमिकल, विदेशी तकनीक, टेस्टिंग और फंड रिलीज जैसे बहानों से अलग-अलग किश्तों में पैसे लिए जाते थे। गिरोह के मुख्य सदस्यों में ज्ञान प्रकाश श्रीवास्तव उर्फ योगी, प्रवीण कुमार श्रीवास्तव उर्फ कैप्टन/शेट्टी/रेड्डी और मनोज कुमार श्रीवास्तव उर्फ बड़े सर बताए गए हैं। मामले में कुछ आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।

वॉश एंड वॉश स्कैम का पर्दाफाश, 7 अंतरराज्यीय आरोपी गिरफ्तार Read Post »

Police Action, Raipur, State, Top News

वंदे मातरम् को लेकर विजय शर्मा का कांग्रेस पर हमला, बोले- भाजपा विरोध में देश का विरोध न करें

दुर्ग में भाजपा कोर ग्रुप की बैठक के बाद छत्तीसगढ़ के गृहमंत्री विजय शर्मा ने वंदे मातरम्, नक्सलवाद और जेल में बंद नक्सल मामलों से जुड़े आरोपियों को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा। वंदे मातरम् के दो पैरा गाने के कांग्रेस के रुख पर उन्होंने कहा कि तुष्टीकरण के कारण पहले इसे सीमित किया गया था। उन्होंने कहा कि देश में जो व्यवस्था तय हुई है, उसका पूरा पालन होना चाहिए। विजय शर्मा ने कहा कि वंदे मातरम् और तिरंगा किसी राजनीतिक दल की संपत्ति नहीं हैं। भाजपा का विरोध करने के चक्कर में देश का विरोध नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि तिरंगा यात्रा किसी पार्टी की नहीं, बल्कि देश के नागरिकों की यात्रा है। दिमागी नक्सलवाद पर भी साधा निशाना नक्सलवाद के मुद्दे पर गृहमंत्री ने कहा कि नक्सल सिर्फ जंगलों में नहीं, बल्कि विचारों में भी हो सकता है। उन्होंने बस्तर में नक्सली हिंसा का जिक्र करते हुए कहा कि कई जवान और आम नागरिक हिंसा का शिकार हुए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को लेकर आलोचना करना लोकतंत्र का हिस्सा है, लेकिन राष्ट्रीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाना और हिंसा या अराजकता फैलाने की कोशिश स्वीकार नहीं की जाएगी। विजय शर्मा ने कहा कि सरकार ने जंगलों से नक्सलवाद को खत्म करने की दिशा में कार्रवाई की है और अगर किसी के दिमाग में नक्सली सोच है, तो उसे भी खत्म किया जाएगा। 1300 नक्सल मामलों की समीक्षा गृहमंत्री ने बताया कि लंबे समय से जेल में बंद करीब 1300 लोगों से जुड़े नक्सल मामलों की समीक्षा की जा रही है। मामलों को जनहानि, केंद्रीय कानून और अन्य कानूनी प्रावधानों के आधार पर अलग-अलग श्रेणियों में देखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि फिलहाल उन मामलों की समीक्षा की जा रही है, जिनमें जनहानि नहीं हुई और केंद्रीय कानून लागू नहीं हैं। सरकार इन प्रकरणों की कानूनी स्थिति का परीक्षण कर आगे की कार्रवाई पर विचार कर रही है।

वंदे मातरम् को लेकर विजय शर्मा का कांग्रेस पर हमला, बोले- भाजपा विरोध में देश का विरोध न करें Read Post »

Bhilai / Durg, Political

बिलासपुर-पेंड्रा NH-45 की बदहाली पर कांग्रेस का प्रदर्शन, सड़क पर धान रोपकर जताया विरोध

बिलासपुर से रतनपुर-केंदा-केंवची तक NH-45 की खराब हालत और कथित घटिया निर्माण के विरोध में कांग्रेस ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने गड्ढों और कीचड़ से भरी सड़क पर धान की रोपाई कर विरोध जताया। करीब दो घंटे चले धरने में सड़क निर्माण की उच्चस्तरीय जांच और जिम्मेदार ठेकेदार व अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की गई। बिलासपुर-रतनपुर से पेंड्रा-केंवची तक करीब 97 किलोमीटर सड़क का निर्माण लगभग 510 करोड़ रुपए की लागत से किया जा रहा है। बारिश के बाद कई हिस्सों में सड़क की स्थिति खराब हो गई है। नई बनी सड़क पर दरारें आने और कई जगह सड़क उखड़ने का आरोप लगाया गया है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि कुछ दरारों को मुरूम डालकर ढंक दिया गया। इसी मार्ग पर 2 अगस्त को करीब 35 साल पुराना पुल टूट गया था। इसके बाद कई जगह डायवर्सन बनाए गए, लेकिन बारिश के कारण ये रास्ते कीचड़ और दलदल में बदल गए। इससे यातायात प्रभावित है और कई किलोमीटर तक वाहनों की कतार लग रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार बिलासपुर से पेंड्रा का सामान्य तीन घंटे का सफर अब छह से आठ घंटे तक लग रहा है। विधायक अटल श्रीवास्तव ने आरोप लगाया कि सड़क पर गड्ढों और कीचड़ के कारण वाहन फंस रहे हैं और हादसों का खतरा बढ़ गया है। कांग्रेस ने सड़क की तत्काल मरम्मत, अधूरे निर्माण को जल्द पूरा कराने और गुणवत्ता की तकनीकी जांच की मांग की। प्रदर्शन के दौरान कोटा एसडीएम नितिन तिवारी, रतनपुर तहसीलदार और राष्ट्रीय राजमार्ग के कार्यपालन अभियंता मौके पर पहुंचे। कांग्रेस नेताओं ने कलेक्टर के नाम अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। विधायक ने चेतावनी दी कि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

बिलासपुर-पेंड्रा NH-45 की बदहाली पर कांग्रेस का प्रदर्शन, सड़क पर धान रोपकर जताया विरोध Read Post »

Bilaspur, protest, State, Top News

बिलाईगढ़ पुलिस ने जम्मू-कश्मीर से 2 नाबालिग बालिकाओं को किया बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार

बिलाईगढ़ पुलिस ने अलग-अलग मामलों में घर से लापता हुई दो नाबालिग बालिकाओं को जम्मू-कश्मीर से बरामद कर उनके परिजनों के सुपुर्द किया है। पुलिस ने दोनों मामलों में बालिकाओं को बहला-फुसलाकर ले जाने और उनके साथ दुष्कर्म के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक, पहला मामला 20 जनवरी 2026 का है। नाबालिग की मां ने बिलाईगढ़ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी बेटी घर से बिना बताए कहीं चली गई है और आशंका है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। दूसरे मामले में 23 मार्च 2026 को एक नाबालिग के पिता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी रात में घर से बिना बताए लापता हो गई है और किसी व्यक्ति द्वारा उसे बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका है। दोनों मामलों में अलग-अलग अपराध दर्ज कर पुलिस ने तलाश शुरू की। जांच के दौरान तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर की सूचना से पुलिस को दोनों बालिकाओं के जम्मू-कश्मीर में होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस अधीक्षक सारंगढ़ के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर दोनों को बरामद करने के लिए रवाना किया गया। पुलिस टीम ने पहली नाबालिग को जम्मू जिले के नागमणि क्षेत्र से आरोपी रोशन बंजारे के कब्जे से बरामद किया। वहीं दूसरी नाबालिग को जम्मू-कश्मीर के बड़गांव जिले के ओमपुरा क्षेत्र से आरोपी शिवा पटेल के कब्जे से बरामद किया गया। बिलाईगढ़ लाकर पूछताछ के दौरान दोनों बालिकाओं ने आरोपियों द्वारा बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने और मंदिर में शादी करने के बाद दुष्कर्म किए जाने की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। बरामद दोनों नाबालिग बालिकाओं को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। आरोपी

बिलाईगढ़ पुलिस ने जम्मू-कश्मीर से 2 नाबालिग बालिकाओं को किया बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार Read Post »

Chhattisgarh, Crime, Police Action, State, Top News
Scroll to Top