Crime

रायपुर: जानलेवा हमले के मामले में फरार आरोपी आयुष ठाकुर गिरफ्तार, खमतराई पुलिस ने तीन महीने बाद दबोचा

रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की खमतराई थाना पुलिस ने जानलेवा हमले के एक मामले में करीब तीन महीने से फरार चल रहे आरोपी आयुष ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर सन्यासीपारा तालाब के पास से पकड़कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, यह मामला 18 मई 2026 का है, जब खमतराई थाना क्षेत्र की आरव्हीएच कॉलोनी स्थित बालाजी चौक के पास पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक विवाद हुआ था। इस घटना में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में शिकायत दर्ज कराई थी। पहले पक्ष की शिकायत के अनुसार, पीयूष ठाकुर और दक्ष बेहरा के बीच विवाद चल रहा था। इसी दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे जीवन बघेल और अनिकेत डोंगरे पर आयुष ठाकुर ने कथित रूप से चाकू से हमला कर दिया, जिससे जीवन बघेल के सीने और दोनों हाथों में गंभीर चोटें आईं। इस मामले में खमतराई थाने में हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया। वहीं दूसरे पक्ष की शिकायत में आरोप लगाया गया कि जीवन बघेल, मुकेश डोंगरे और अनिकेत डोंगरे ने पुरानी रंजिश के चलते पीयूष ठाकुर पर धारदार हथियार से हमला कर उसके सिर, माथे और पीठ पर चोट पहुंचाई। इस मामले में भी हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत अलग प्रकरण दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने दोनों मामलों में शामिल अन्य आरोपियों पीयूष ठाकुर, जीवन बघेल और मुकेश डोंगरे को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। हालांकि आयुष ठाकुर घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था। पुलिस ने उसकी तलाश के लिए लगातार प्रयास किए और तकनीकी इनपुट के आधार पर उसके सन्यासीपारा तालाब के पास छिपे होने की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी आयुष ठाकुर (20 वर्ष), निवासी धनलक्ष्मी नगर, भनपुरी, थाना खमतराई, के खिलाफ पहले से भी हत्या के प्रयास, मारपीट, आर्म्स एक्ट और प्रतिबंधात्मक धाराओं समेत कुल छह आपराधिक मामले दर्ज हैं।

रायपुर: जानलेवा हमले के मामले में फरार आरोपी आयुष ठाकुर गिरफ्तार, खमतराई पुलिस ने तीन महीने बाद दबोचा Read Post »

Crime, Raipur

रायपुर के पेट्रोल पंप पर युवक पर हमला, पुरानी रंजिश में लाठी-डंडों से मारपीट; दो आरोपी गिरफ्तार

रायपुर के विधानसभा थाना क्षेत्र स्थित सड्डू के चावला पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भरवाने पहुंचे एक युवक पर पुरानी रंजिश के चलते हमला कर दिया गया। पांच युवकों ने मिलकर लाठी-डंडों से मारपीट की, जिससे युवक के सिर और हाथ में गंभीर चोटें आईं। पूरी घटना पेट्रोल पंप में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। जानकारी के अनुसार, घायल युवक गुलाम पेट्रोल भरवाने के लिए पंप पहुंचा था। इसी दौरान उसकी मुलाकात सड्डू के रहने वाले दो युवकों से हुई। दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर कहासुनी हुई, जिसके बाद आरोपियों ने अपने अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया और सभी ने मिलकर युवक पर हमला कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को इलाज के लिए मेकाहारा अस्पताल भेजा। इसके बाद विधानसभा थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने घटना के लगभग तीन घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। विधानसभा सीएसपी वीरेंद्र चतुर्वेदी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हमला पुरानी रंजिश का परिणाम सामने आया है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और शेष आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।

रायपुर के पेट्रोल पंप पर युवक पर हमला, पुरानी रंजिश में लाठी-डंडों से मारपीट; दो आरोपी गिरफ्तार Read Post »

Crime, Raipur

सिलतरा पुलिस की कार्रवाई: अवैध शराब के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, 96 पाव देशी शराब और बाइक जब्त

रायपुर ग्रामीण। सिलतरा थाना पुलिस ने अवैध शराब के परिवहन और बिक्री की तैयारी कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 96 पाव देशी प्लेन शराब, एक दोपहिया वाहन और नगदी जब्त की है। मामले में छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस अधीक्षक रायपुर (ग्रामीण) श्रीमती श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा, उप पुलिस अधीक्षक माना लम्बोदर पटेल तथा थाना प्रभारी उप निरीक्षक राजेन्द्र सिंह कँवर के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस को 2 अगस्त 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति काले रंग की मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 CR 1487 से अवैध देशी शराब लेकर सिलतरा क्षेत्र में बिक्री के उद्देश्य से पहुंचने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन को रोका और तलाशी ली। पूछताछ में आरोपियों की पहचान धर्मेन्द्र मौर्य (32 वर्ष), वर्तमान निवासी पारधी पारा, ग्राम कूरा, थाना धरसींवा तथा राकेश पारधी (25 वर्ष), निवासी पारधी पारा, ग्राम कूरा, थाना धरसींवा के रूप में हुई। तलाशी के दौरान सफेद प्लास्टिक की बोरी से 96 पाव देशी प्लेन शराब (कुल 17.280 लीटर) बरामद की गई। साथ ही शराब परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई। आरोपियों से शराब परिवहन या बिक्री संबंधी कोई वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर उनके खिलाफ धारा 34(2), छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने जब्त शराब का नमूना सुरक्षित रख लिया है और मामले की आगे की वैधानिक जांच जारी है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक राजेन्द्र सिंह कँवर, प्रधान आरक्षक विजेन्द्र कुमार, प्रधान आरक्षक जितेंद्र मिश्रा, आरक्षक प्रेमप्रकाश चनाप सहित थाना सिलतरा का पुलिस स्टाफ शामिल रहा।

सिलतरा पुलिस की कार्रवाई: अवैध शराब के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, 96 पाव देशी शराब और बाइक जब्त Read Post »

Crime, Raipur

रायपुर में देर रात बर्थडे पार्टी में हंगामा, पुलिस से धक्का-मुक्की करने वाले 7 आरोपी गिरफ्तार

रायपुर के गांधी नगर स्थित कालीबाड़ी इलाके में देर रात जन्मदिन की पार्टी के दौरान तेज आवाज में साउंड सिस्टम बजाकर हंगामा करना कुछ लोगों को भारी पड़ गया। पुलिस ने सार्वजनिक शांति भंग करने और ड्यूटी पर तैनात जवानों के साथ अभद्रता करने के आरोप में 7 लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में 4 युवक और 3 युवतियां शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, रविवार तड़के करीब 3 बजे थाना कोतवाली को सूचना मिली कि गांधी नगर कालीबाड़ी क्षेत्र में एक मकान की छत पर जन्मदिन की पार्टी चल रही है, जहां तेज आवाज में साउंड सिस्टम बजाकर आसपास के लोगों को परेशान किया जा रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पार्टी में मौजूद लोगों को समझाइश देकर साउंड सिस्टम बंद कराया। कुछ समय बाद उसी स्थान से फिर तेज आवाज में संगीत बजने की शिकायत मिली। पुलिस दोबारा पहुंची और साउंड सिस्टम बंद कराने का प्रयास किया। इस दौरान वहां मौजूद युवक-युवतियों ने पुलिसकर्मियों के साथ कथित रूप से धक्का-मुक्की की, अभद्र भाषा का प्रयोग किया, जान से मारने की धमकी दी और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई। घटना में कुछ पुलिसकर्मियों को चोट भी आई। मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई, जिसके बाद थाना कोतवाली में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत गैर-जमानती अपराध दर्ज किया गया। पुलिस ने सभी 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि देर रात सार्वजनिक स्थानों पर शांति भंग करना, तेज आवाज में साउंड सिस्टम बजाना, नशे की हालत में उत्पात मचाना या पुलिस एवं अन्य शासकीय कर्मचारियों के कार्य में बाधा डालना गंभीर अपराध है। ऐसे मामलों में रायपुर पुलिस सख्त कार्रवाई कर रही है और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ आगे भी कठोर कदम उठाए जाएंगे।

रायपुर में देर रात बर्थडे पार्टी में हंगामा, पुलिस से धक्का-मुक्की करने वाले 7 आरोपी गिरफ्तार Read Post »

Crime, Raipur, State, Top News

रायपुर में युवती ने लगाया पहचान छिपाकर शादी का आरोप, धर्म परिवर्तन के दबाव और प्रताड़ना की शिकायत

रायपुर में एक युवती ने युवक पर अपनी पहचान छिपाकर प्रेम संबंध बनाने, शादी करने और बाद में धर्म परिवर्तन के लिए दबाव डालने का आरोप लगाया है। युवती की शिकायत के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है। यह मामला पंडरी थाना क्षेत्र से जुड़ा है। पीड़िता के अनुसार, उसकी मुलाकात इंस्टाग्राम पर खुद को “सोनू” बताने वाले युवक से हुई थी। दोनों के बीच बातचीत के बाद संबंध बने और बाद में शादी हुई। युवती का आरोप है कि शादी के बाद उसे पता चला कि युवक का नाम “सुफरान” है और उसने पहले अपनी धार्मिक पहचान छिपाई थी। युवती ने आरोप लगाया है कि शादी के बाद उस पर बुर्का पहनने, नमाज पढ़ने, आधार कार्ड में नाम बदलवाने और धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाया गया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और मंदिर जाने तथा हिंदू त्योहार मनाने से रोका गया। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि ससुराल पक्ष ने उसके हाथ पर बने टैटू को मिटाने के लिए उसे जलाने और एसिड जैसी सामग्री से रगड़ने की कोशिश की। युवती ने यह भी दावा किया कि बेटे के जन्म के दिन उसे फिनाइल पिलाई गई थी। पीड़िता का कहना है कि बाद में आरोपी एक अन्य मामले में जेल चला गया। जेल से बाहर आने के बाद उसने फिर साथ रहने का दबाव बनाया और मना करने पर सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक पोस्ट करने तथा जान से मारने की धमकी दी। युवती ने 7 जुलाई 2026 को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई और अपनी व अपने बच्चे की सुरक्षा के साथ न्याय की मांग की है। वहीं, आरोपी पक्ष ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए कहा है कि युवती ने अपनी इच्छा से शादी की थी और उस पर किसी प्रकार का धर्म परिवर्तन का दबाव नहीं बनाया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

रायपुर में युवती ने लगाया पहचान छिपाकर शादी का आरोप, धर्म परिवर्तन के दबाव और प्रताड़ना की शिकायत Read Post »

Crime, Raipur, Religion

रायपुर सेंट्रल जेल में नशा पहुंचाने की नई साजिश नाकाम, प्याज और साबुन में छिपाई जा रही थी प्रतिबंधित सामग्री

रायपुर की केंद्रीय जेल में बंदियों तक नशीले पदार्थ और प्रतिबंधित सामग्री पहुंचाने के लिए अपनाए जा रहे नए तरीकों का खुलासा हुआ है। पिछले महीने मुलाकात के दौरान कुछ परिजनों ने दैनिक उपयोग की वस्तुओं के भीतर नशीली सामग्री छिपाकर जेल के अंदर पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन जेल प्रशासन की कड़ी जांच और सुरक्षा व्यवस्था के चलते सभी प्रयास विफल हो गए। जेल प्रशासन के अनुसार, तलाशी के दौरान कई चौंकाने वाले मामले सामने आए। कुछ लोगों ने प्याज के अंदर गांजे की पुड़िया छिपाकर भेजने की कोशिश की, जबकि साबुन की टिकिया को खोखला कर उसमें नशीली गोलियां और अन्य प्रतिबंधित सामग्री रखी गई थी। इसके अलावा सीलबंद बिस्किट के पैकेटों से भी छेड़छाड़ कर उनमें नशीली टैबलेट छिपाने का मामला सामने आया। जांच में पाया गया कि सामान को इस तरह दोबारा पैक किया जाता था कि पहली नजर में किसी तरह की छेड़छाड़ दिखाई नहीं देती थी। हालांकि, सघन जांच के दौरान सभी प्रतिबंधित सामग्री जब्त कर ली गई और संबंधित मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की गई। लगातार ऐसे मामले सामने आने के बाद जेल प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने का फैसला लिया है। अब बंदियों के दैनिक उपयोग की कुछ चयनित वस्तुएं फिलहाल केवल जेल कैंटीन के माध्यम से ही उपलब्ध कराई जाएंगी। यह व्यवस्था अस्थायी रूप से लागू की गई है ताकि प्रतिबंधित सामग्री के प्रवेश पर प्रभावी रोक लगाई जा सके। जेल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अन्य स्वीकृत वस्तुएं पहले की तरह नियमों के अनुसार परिजन उपलब्ध करा सकेंगे। साथ ही कैंटीन में मिलने वाली सभी वस्तुएं गुणवत्तापूर्ण होंगी और उनकी कीमत बाजार से कम रखी जाएगी, जिससे बंदियों के परिजनों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ न पड़े।

रायपुर सेंट्रल जेल में नशा पहुंचाने की नई साजिश नाकाम, प्याज और साबुन में छिपाई जा रही थी प्रतिबंधित सामग्री Read Post »

Crime, Raipur

भिलाई में पिकअप हटाने की बात पर खूनी हमला, युवक वेंटिलेटर पर; 4 आरोपी गिरफ्तार

भिलाई-3 के डबरापारा में रास्ते से पिकअप हटाने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। दो पक्षों के बीच हुई कहासुनी के बाद लोहे की रॉड, हॉकी स्टिक, डंडों और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया गया। इस हमले में कई लोग घायल हुए, जिनमें नीलेश साहू की हालत बेहद गंभीर है। उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया है, जबकि तेजराम उर्फ तेजा साहू का आईसीयू में इलाज चल रहा है। घटना पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए सोहन वर्मा (31), मोहन वर्मा (43), रामगोपाल वर्मा (72) और राजा राजपूत (22) को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल लोहे की जैक रॉड और हॉकी स्टिक भी बरामद की गई है। पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, बुधवार रात करीब 11 बजे पूजा साहू अपने परिवार के साथ कार से घर लौट रही थीं। डबरापारा पुल के नीचे एक पिकअप वाहन सड़क पर खड़ा था, जिससे रास्ता बाधित हो गया। परिवार ने पिकअप चालक से वाहन हटाने को कहा, लेकिन इसी बात पर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि कुछ ही देर में सोहन वर्मा के साथ उसके परिजन और अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद गाली-गलौज शुरू हुई और देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने नीलेश साहू और तेजराम साहू पर लोहे की रॉड से सिर और पैरों पर हमला किया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। बीच-बचाव करने पहुंचीं महिलाओं के साथ भी मारपीट की गई। परिवार का आरोप है कि महिलाओं के साथ अभद्रता की गई और उन्हें भी डंडों तथा हाथ-मुक्कों से पीटा गया, जिससे उन्हें चोटें आईं। घायलों को पहले शास्त्री अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत में नीलेश साहू को वेंटिलेटर पर रखा गया। तेजराम साहू का आईसीयू में उपचार जारी है, जबकि अन्य घायलों का भी इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुरानी भिलाई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

भिलाई में पिकअप हटाने की बात पर खूनी हमला, युवक वेंटिलेटर पर; 4 आरोपी गिरफ्तार Read Post »

Bhilai / Durg, Crime

बिलासपुर में चाकूबाजी का VIDEO सामने आया, दोस्त को बचाने पहुंचे युवक पर हमला, दो घायल

बिलासपुर। शहर के तोरवा थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात दो गुटों के बीच जमकर विवाद और मारपीट के बाद चाकूबाजी की घटना सामने आई है। इस घटना में दो युवक घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोनों पक्षों के बीच मारपीट होती दिखाई दे रही है। जानकारी के अनुसार, हेमूनगर इलाके में देर रात दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ था। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों गुटों के बीच जमकर मारपीट होने लगी। इसी दौरान अपने दोस्त को बचाने पहुंचे अमन सिन्हा पर कुछ युवकों ने हमला कर दिया। घायल युवक के अनुसार, वह विवाद शांत कराने और अपने दोस्त को बचाने के लिए मौके पर पहुंचा था, लेकिन आरोपियों ने उसे घेर लिया और पहले मारपीट की। इसके बाद धारदार हथियार से हमला कर उसके चेहरे और गाल पर चोट पहुंचाई। इस हमले में अमन सिन्हा समेत एक अन्य युवक घायल हुआ है। दोनों को मौके पर मौजूद लोगों ने अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलने के बाद तोरवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

बिलासपुर में चाकूबाजी का VIDEO सामने आया, दोस्त को बचाने पहुंचे युवक पर हमला, दो घायल Read Post »

Bilaspur, Crime

इमरजेंसी कॉल के बहाने मोबाइल लूटने वाला गिरोह गिरफ्तार, 48 घंटे में 6 आरोपी पकड़े गए

बिलासपुर। कोटा पुलिस ने राहगीरों को इमरजेंसी कॉल करने के बहाने रोककर मोबाइल लूटने वाले गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने वारदात के 48 घंटे के भीतर छह आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटा गया मोबाइल और घटना में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद कर ली है। पुलिस के अनुसार, जोगीपुर निवासी 19 वर्षीय योगेश यादव ने 24 जुलाई को कोटा थाने में मोबाइल लूट की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 23 जुलाई की रात करीब 10:30 बजे वह अपने साथी के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सूरजपुर पुल के पास कुछ युवकों ने इमरजेंसी कॉल करने की बात कहकर उन्हें रोका। जैसे ही योगेश ने कॉल के लिए मोबाइल निकाला, आरोपियों ने अचानक झपट्टा मारकर फोन छीन लिया। इसके बाद उनकी बाइक को धक्का देकर गिराया और सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और पीड़ित द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर आरोपियों की पहचान की। पुलिस ने राकेश उर्फ टार्जन पोर्ते, दिव्यांशु उर्फ कोल और तुषार साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में तीनों आरोपियों ने अपने अन्य साथियों अभय यादव, सुरेश पोर्ते और राहुल उर्फ भोला पोर्ते के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी राकेश पोर्ते के पास से लूटा गया मोबाइल और घटना में इस्तेमाल की गई हीरो स्प्लेंडर बाइक बरामद की है। सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में राकेश उर्फ टार्जन पोर्ते (19), दिव्यांशु उर्फ कोल (20), तुषार साहू (25), अभय यादव (19), सुरेश पोर्ते (18) और राहुल उर्फ भोला पोर्ते (19) शामिल हैं। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

इमरजेंसी कॉल के बहाने मोबाइल लूटने वाला गिरोह गिरफ्तार, 48 घंटे में 6 आरोपी पकड़े गए Read Post »

Bilaspur, Crime

मनरेगा घोटाले में EOW की बड़ी कार्रवाई, पूर्व जिला पंचायत CEO समेत 8 अधिकारियों के खिलाफ 6 हजार पन्नों की चार्जशीट

कांकेर। छत्तीसगढ़ में करीब 18 साल पुराने कथित मनरेगा घोटाले मामले में राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) ने बड़ी कार्रवाई की है। EOW ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की विशेष अदालत कांकेर में तत्कालीन जिला पंचायत CEO समेत 8 अधिकारियों के खिलाफ करीब 6 हजार पन्नों का चालान पेश किया है। यह मामला वर्ष 2006-07 और 2007-08 के दौरान मनरेगा योजना के तहत 8 ग्राम पंचायतों में सामग्री खरीदी से जुड़ा है। जांच में करीब 1 करोड़ 69 लाख 14 हजार 247 रुपए की वित्तीय अनियमितता सामने आने का दावा किया गया है। EOW की जांच के अनुसार, तत्कालीन जिला पंचायत CEO केपी देवांगन पर आरोप है कि उन्होंने नियमों की अनदेखी करते हुए जिला स्तर से सामग्री की केंद्रीकृत खरीदी कराई। जबकि नियमानुसार खरीद प्रक्रिया जनपद पंचायत और ग्राम पंचायत स्तर से की जानी थी। जांच में फ्लेक्सी बोर्ड, मस्टर रोल सत्यापन पत्रक, रोजगार गारंटी योजना से जुड़े दस्तावेज, रजिस्टर और अन्य सामग्री की खरीदी में निर्धारित प्रक्रिया का पालन नहीं किए जाने की बात सामने आई है। इस मामले में तत्कालीन जिला पंचायत CEO केपी देवांगन के अलावा 7 जनपद पंचायत CEO को भी आरोपी बनाया गया है। आरोपियों में राधाकांत कर, गोवर्धन गजबल्ला, परदेशी राम मरकाम, भारत राम नेताम, रामकिशुन ध्रुव, जीआर ठाकुर और संवालदास बघेल शामिल हैं। EOW ने आरोपियों के खिलाफ IPC की धारा 120-B, 409 और 420 के साथ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की है। जांच एजेंसी का आरोप है कि सरकारी खरीद नियमों का उल्लंघन कर शासकीय राशि का गलत उपयोग किया गया। EOW के मुताबिक, मुख्य आरोपी केपी देवांगन के खिलाफ पहले भी भ्रष्टाचार और पद के दुरुपयोग से जुड़े मामले दर्ज हैं। इनमें चयन प्रक्रिया में गड़बड़ी और सरकारी धन के कथित दुरुपयोग से जुड़े मामले शामिल हैं।

मनरेगा घोटाले में EOW की बड़ी कार्रवाई, पूर्व जिला पंचायत CEO समेत 8 अधिकारियों के खिलाफ 6 हजार पन्नों की चार्जशीट Read Post »

Crime, Kanker
Scroll to Top