Raipur

भीषण गर्मी में खराब खाना बेचने वालों पर प्रशासन सख्त, शहर की 12 से ज्यादा दुकानों में छापा

राजधानी में बढ़ती गर्मी के बीच खराब और एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री बेचने वालों के खिलाफ प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद बुधवार को खाद्य एवं औषधि विभाग की टीम ने शहर में एक साथ 12 से ज्यादा दुकानों, बेकरी, कैंटीन और पानी बनाने वाली यूनिट्स पर छापेमारी की। जांच के दौरान टीम ने तीन अस्पताल कैंटीन, पांच पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर निर्माता और विक्रेता फर्मों के साथ ही छह आइसक्रीम विक्रेताओं की जांच की। कई जगहों से खाद्य सामग्री के सैंपल लिए गए, जिन्हें जांच के लिए लैब भेजा गया है। अधिकारियों ने कार्रवाई के दौरान करीब 5 किलो एक्सपायर्ड ब्रेड मौके पर ही नष्ट करवाई। वहीं दो फर्मों को सुधार सूचना नोटिस जारी किया गया है। अस्पताल कैंटीनों में साफ-सफाई की खराब व्यवस्था देखकर अधिकारी नाराज नजर आए। सभी संचालकों को साफ चेतावनी दी गई है कि गंदगी या खराब खाद्य सामग्री मिलने पर भारी जुर्माना लगाया जाएगा। प्रशासन के अनुसार, भीषण गर्मी के कारण कुल्फी, आइसक्रीम, जूस और अन्य ठंडी चीजों की मांग तेजी से बढ़ी है। अधिक मुनाफा कमाने के लिए कई दुकानदार गुणवत्ता से समझौता कर रहे हैं और खराब सामग्री या अस्वच्छ पानी का इस्तेमाल कर रहे हैं। ऐसी खाद्य सामग्री के सेवन से लोगों में उल्टी, दस्त और फूड प्वाइजनिंग जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं। खासतौर पर बच्चों के स्वास्थ्य पर इसका ज्यादा असर पड़ रहा है। कई दुकानों में पुराने केक, पेस्ट्री और नाश्ते की चीजों को फ्रिज में रखकर दोबारा बेचे जाने की शिकायतें भी मिली हैं। प्रशासन ने साफ किया है कि इस तरह की लापरवाही रोकने के लिए अभियान लगातार चलाया जाएगा, जो जून तक जारी रहेगा।

भीषण गर्मी में खराब खाना बेचने वालों पर प्रशासन सख्त, शहर की 12 से ज्यादा दुकानों में छापा Read Post »

Chhattisgarh, GOVERNMENT, Health, Raipur, State, Top News

रायपुर में महिला से चेन लूटने वाला आरोपी गिरफ्तार, चोरी का सोना खरीदने वाला सुनार भी पकड़ा गया

राजधानी रायपुर के खम्हारडीह थाना क्षेत्र में महिला से सोने की चेन लूटने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामले में चोरी की चेन खरीदने वाले सुनार को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है। आरोपियों तक पहुंचने के लिए पुलिस ने पांच दिनों में करीब 150 CCTV फुटेज की जांच की। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान तिल्दा नेवरा निवासी विवेक उर्फ छोटू के रूप में हुई है, जबकि चोरी का सोना खरीदने वाले सुनार का नाम प्रशांत उर्फ संतु केशरवानी बताया गया है। घटना 29 अप्रैल 2026 की सुबह करीब 6:40 बजे की है। पीड़िता हेमलता वैध अपने घर के बाहर पानी का नल लगाने निकली थीं। इसी दौरान बाइक सवार एक नाबालिग उनके गले से सोने की चेन झपटकर फरार हो गया। घटना के बाद खम्हारडीह थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी मयंक गुर्जर, स्मृतिक राजनाला और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश मरकाम के निर्देशन में विशेष टीम बनाई गई। प्रशिक्षु आईपीएस डॉ. मानसी साकोरे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के करीब 150 CCTV फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों और वाहन संबंधी जानकारी के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची। पूछताछ में विवेक उर्फ छोटू ने वारदात कबूल करते हुए बताया कि उसने लूटी गई चेन प्रशांत उर्फ संतु केशरवानी को बेच दी थी। इसके बाद पुलिस ने सुनार को भी गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने चेन को गलाने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 16 ग्राम सोना, 1.5 लाख रुपए नकद और घटना में इस्तेमाल बाइक जब्त की है। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई कर रही है।

रायपुर में महिला से चेन लूटने वाला आरोपी गिरफ्तार, चोरी का सोना खरीदने वाला सुनार भी पकड़ा गया Read Post »

Chhattisgarh, Crime, GOVERNMENT, Raipur, State, Top News

छात्र संघ चुनाव की बहाली को लेकर NSUI का CM हाउस घेराव आज, बीजेपी-कांग्रेस दोनों ने जताया समर्थन

रायपुर में छात्र संघ चुनाव की बहाली की मांग को लेकर आज 7 मई को NSUI शाम 4 बजे मुख्यमंत्री निवास का घेराव करेगी। इस मुद्दे पर प्रदेश की राजनीति से जुड़े वरिष्ठ नेताओं और युवा नेताओं ने अपनी राय रखी। दिलचस्प बात यह रही कि भाजपा और कांग्रेस दोनों ही छात्र संघ चुनाव के समर्थन में नजर आए, हालांकि चुनाव नहीं होने को लेकर दोनों दलों ने एक-दूसरे पर सवाल भी उठाए। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और रायपुर के पूर्व महापौर प्रमोद दुबे ने कहा कि छात्र संघ चुनाव नेतृत्व तैयार करने की पहली पाठशाला होते हैं। उनके मुताबिक विश्वविद्यालय और कॉलेजों में होने वाले चुनाव युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया, संगठन क्षमता और प्रशासनिक समझ विकसित करने का अवसर देते हैं। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश के कई बड़े नेता छात्र राजनीति से निकलकर आगे आए हैं। कांग्रेस शासनकाल में चुनाव नहीं होने के सवाल पर प्रमोद दुबे ने कहा कि सरकार तैयार थी, लेकिन कोरोना महामारी के कारण परिस्थितियां अनुकूल नहीं थीं। वहीं भाजपा के वरिष्ठ नेता मृत्युंजय दुबे ने भी छात्र संघ चुनाव को जरूरी बताया। उन्होंने कहा कि कॉलेजों में छात्रों की समस्याओं को निर्वाचित प्रतिनिधि बेहतर तरीके से प्रशासन तक पहुंचा सकते हैं। उनके अनुसार 18 साल का युवा जब देश के जनप्रतिनिधि चुन सकता है, तो उसे अपने कॉलेज में भी प्रतिनिधि चुनने का अधिकार मिलना चाहिए। हालांकि मृत्युंजय दुबे ने कांग्रेस और NSUI पर सवाल उठाते हुए कहा कि भूपेश बघेल सरकार के दौरान भी चुनाव बंद रहे, तब संगठन ने इस मुद्दे पर ज्यादा आवाज नहीं उठाई। भाजयुमो के पूर्व प्रदेश मंत्री और PTRSU के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष प्रखर मिश्रा ने कहा कि छात्र संघ चुनाव गरीब और मध्यमवर्गीय युवाओं को राजनीति में आगे आने का मौका देते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्र राजनीति में ABVP के प्रभाव के कारण अब NSUI चुनाव की मांग को राजनीतिक मुद्दा बना रही है। इस पर पलटवार करते हुए NSUI जिलाध्यक्ष शांतनु झा ने कहा कि 2019 से 2022 तक कोरोना महामारी के चलते छात्र संगठन चुनाव नहीं हो सके। उन्होंने दावा किया कि यदि कांग्रेस सरकार दोबारा बनती, तो चुनाव जरूर कराए जाते। उन्होंने कहा कि NSUI लगातार छात्र हित में आंदोलन कर रही है और अब भी चुनाव कराने की मांग पर अड़ी हुई है।

छात्र संघ चुनाव की बहाली को लेकर NSUI का CM हाउस घेराव आज, बीजेपी-कांग्रेस दोनों ने जताया समर्थन Read Post »

Chhattisgarh, GOVERNMENT, Political, Raipur, State, Top News

मंत्रालय में नौकरी दिलाने के नाम पर 23 लाख की ठगी, फर्जी जॉइनिंग लेटर देकर दंपती फरार

रायपुर में सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर 23 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। कारोबारी आकाश साहू ने एक दंपती पर मंत्रालय में पहचान होने का दावा कर पैसे लेने और फर्जी नियुक्ति पत्र देने का आरोप लगाया है। मामले में डीडी नगर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित आकाश साहू रायपुरा स्थित शिवोम विहार कॉलोनी का रहने वाला है और वाहन खरीदी-बिक्री का कारोबार करता है। उसने पुलिस को बताया कि करीब दो साल पहले उसकी पहचान जितेंद्र बघेल के माध्यम से विश्वनाथ गुप्ता उर्फ विष्णु गुप्ता से हुई थी। आरोपी खुद को नेताओं और वरिष्ठ अधिकारियों का करीबी बताकर मंत्रालय में नौकरी लगवाने का भरोसा देता था। शिकायत के मुताबिक, अगस्त 2024 में आरोपी ने आकाश साहू को नवा रायपुर मंत्रालय बुलाया, जहां उसकी मुलाकात आरोपी की पत्नी चंदा गुप्ता से हुई। दोनों ने जल संसाधन विभाग और मंत्रालय में कंप्यूटर ऑपरेटर समेत अन्य पदों पर भर्ती कराने की बात कही। इसके बाद पीड़ित ने अपनी पत्नी रेशमी साहू और रिश्तेदार शेषनारायण साहू व रविशंकर साहू के दस्तावेज जमा कराए। आरोपियों ने अलग-अलग तारीखों में फोन-पे और नकद के जरिए करीब 23 लाख रुपए ले लिए। दिसंबर 2024 में आरोपियों ने मोबाइल पर कथित नियुक्ति पत्र भेजा, जबकि जनवरी 2025 में व्हाट्सएप के जरिए इम्प्लॉय आईडी भेजी गई। जब पीड़ित अपने परिजनों के साथ मंत्रालय पहुंचा, तब अधिकारियों ने जांच में दस्तावेजों को फर्जी बताया। पीड़ित के अनुसार, जब उसने आरोपियों से जवाब मांगा तो उन्होंने मंत्रालय में छापा पड़ने का बहाना बनाकर कुछ समय इंतजार करने को कहा। बाद में आरोपियों के मोबाइल बंद आने लगे। आकाश साहू जब आरोपी के पत्थलगांव स्थित घर पहुंचा तो वहां उसकी पत्नी मिली, जिसने पैसे लौटाने का भरोसा दिया। तय समय बीतने के बाद भी रकम वापस नहीं की गई, जिसके बाद पीड़ित ने डीडी नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच जारी है और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

मंत्रालय में नौकरी दिलाने के नाम पर 23 लाख की ठगी, फर्जी जॉइनिंग लेटर देकर दंपती फरार Read Post »

Chhattisgarh, Crime, Cyber Crime, Raipur, Top News

रायपुर के रावाभाठा में संदिग्ध विस्फोटक सामग्री बरामद, कांग्रेस नेता के रिश्तेदार से पूछताछ की तैयारी

राजधानी रायपुर के रावाभाठा इलाके में एक मकान से संदिग्ध विस्फोटक सामग्री मिलने के बाद हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर नॉर्थ थाना पुलिस, बम स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मामला रविशंकर शुक्ल वार्ड नंबर-13 का बताया जा रहा है। पुलिस को मौके से बैटरी, वायर, एयरगन, केमिकल से भरी दो बोतलें और डेटोनेटर जैसी सामग्री बरामद हुई है। डीसीपी नॉर्थ मयंक गुर्जर ने बताया कि बरामद सामान की जांच की जा रही है और पूरे मामले का खुलासा जांच पूरी होने के बाद किया जाएगा। जानकारी के मुताबिक, यह मकान मितानिन पुष्पा साहू का है। बुधवार शाम बीरगांव निवासी विनय देवांगन एक बैग लेकर वहां पहुंचा था। उसने बैग को घर में रखने के लिए कहा और बाद में लेने की बात कहकर चला गया। बैग पर शक होने के बाद पुष्पा साहू ने वार्ड पार्षद अश्वनी यादव को इसकी जानकारी दी। अगली सुबह पार्षद स्थानीय लोगों के साथ घर पहुंचे और बैग की जांच की। बैग खोलने पर उसमें एयरगन और संदिग्ध विस्फोटक सामग्री जैसी चीजें मिलीं। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस, बम स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई। घटना के बाद आसपास के लोगों में डर का माहौल है। पुलिस अब विनय देवांगन से पूछताछ की तैयारी कर रही है। बताया जा रहा है कि वह एक कांग्रेस नेता का रिश्तेदार है। फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज खंगाल रही है और मामले से जुड़े लोगों से पूछताछ जारी है।

रायपुर के रावाभाठा में संदिग्ध विस्फोटक सामग्री बरामद, कांग्रेस नेता के रिश्तेदार से पूछताछ की तैयारी Read Post »

Chhattisgarh, Crime, Raipur, State, Top News

रायपुर में ऑनलाइन सट्टा सिंडिकेट का भंडाफोड़, नमन जग्गी-आयुष जैन समेत 3 गिरफ्तार

राजधानी Raipur में पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नमन जग्गी, आयुष जैन और मोहम्मद सरफराज को गिरफ्तार किया है। इनकी निशानदेही पर पुलिस ने 9 अन्य संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। मामला Telibandha थाना क्षेत्र का है और पुलिस जल्द पूरे नेटवर्क का खुलासा कर सकती है। जांच में सामने आया है कि आरोपी संगठित तरीके से ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे थे। वे “तीन पैनल 777” नाम से अलग-अलग वेबसाइट और पैनल चलाते थे, जिनके जरिए मास्टर आईडी बनाकर खिलाड़ियों को जोड़ा जाता था। यह नेटवर्क सोशल मीडिया और मैसेजिंग ऐप्स के माध्यम से तेजी से फैलाया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से सट्टा-पट्टी, मोबाइल फोन, लैपटॉप समेत कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए हैं। इसके अलावा करोड़ों रुपए के लेनदेन से जुड़े दस्तावेज भी बरामद हुए हैं, जिनकी जांच जारी है। प्रारंभिक जांच में यह भी संकेत मिले हैं कि इस सट्टा नेटवर्क के तार शहर के कुछ बड़े कारोबारियों और सर्राफा व्यापारियों से जुड़े हो सकते हैं। पुलिस इस एंगल पर भी जांच कर रही है और आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियों की संभावना जताई जा रही है। पुलिस ने इस मामले में 2 कार, 5 मोबाइल फोन और करीब 6 हजार रुपए नकद भी जब्त किए हैं। फिलहाल पूरे मामले की गहन जांच जारी है। इससे पहले 17 अप्रैल को रायपुर पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा सिंडिकेट के कथित मास्टरमाइंड बाबू खेमानी को मुंबई से गिरफ्तार किया था। जांच में सामने आया कि वह हाई-प्रोफाइल लोगों को टारगेट कर ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क से जोड़ता था। जांच एजेंसियां अब इस पूरे नेटवर्क के देश और विदेश तक फैले कनेक्शन की पड़ताल कर रही हैं।

रायपुर में ऑनलाइन सट्टा सिंडिकेट का भंडाफोड़, नमन जग्गी-आयुष जैन समेत 3 गिरफ्तार Read Post »

Chhattisgarh, Crime, Raipur, State, Tech, Top News

छत्तीसगढ़ में पीजी कोर्स में भी लागू होगी NEP, पाठ्यक्रम में जुड़ेगी भारतीय ज्ञान परंपरा

छत्तीसगढ़ में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। स्नातक (यूजी) के बाद अब स्नातकोत्तर (पीजी) पाठ्यक्रमों में भी राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) लागू करने की तैयारी तेज हो गई है। राज्य का उच्च शिक्षा विभाग इस दिशा में तेजी से काम कर रहा है और नए पाठ्यक्रम में भारतीय ज्ञान परंपरा को भी शामिल किया जाएगा। पिछले शैक्षणिक सत्र में रायपुर के साइंस कॉलेज जैसे स्वायत्त संस्थानों और विश्वविद्यालयों के पीजी कोर्स में NEP लागू किया जा चुका है। इसके सकारात्मक परिणाम सामने आने के बाद अब इसे प्रदेश के अन्य शासकीय और निजी कॉलेजों में भी विस्तार देने की योजना बनाई जा रही है। नई शिक्षा व्यवस्था के तहत पीजी पाठ्यक्रमों को अधिक लचीला और रोजगारपरक बनाया जाएगा। इसमें मल्टीडिसिप्लिनरी शिक्षा, क्रेडिट आधारित सिस्टम और फ्लेक्सिबल एंट्री-एग्जिट जैसे प्रावधान शामिल होंगे। उच्च शिक्षा विभाग के अनुसार, प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में इसे चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा। इसके लिए पाठ्यक्रमों में बदलाव, शिक्षकों का प्रशिक्षण और प्रशासनिक तैयारियां की जा रही हैं। वर्तमान में प्रदेश में 9 शासकीय विश्वविद्यालय हैं, जिनसे सैकड़ों शासकीय और निजी कॉलेज संबद्ध हैं, जिनमें ऑटोनोमस कॉलेज भी शामिल हैं। 7 मई को होगी अहम समीक्षा बैठक:उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा 7 मई को विभागीय समीक्षा बैठक लेंगे। इस बैठक में पीजी पाठ्यक्रमों में NEP लागू करने सहित 17 प्रमुख मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। बैठक में शिक्षक भर्ती, शैक्षणिक कैलेंडर और कॉलेजों में ऑनलाइन उपस्थिति जैसे विषय भी शामिल होंगे। क्या है भारतीय ज्ञान परंपरा:भारतीय ज्ञान परंपरा भारत की प्राचीन बौद्धिक धरोहर है, जिसमें गणित, खगोल विज्ञान, आयुर्वेद, दर्शन और धातु विज्ञान जैसे विषय शामिल हैं। इसका उद्देश्य पारंपरिक ज्ञान को आधुनिक शिक्षा के साथ जोड़ना है, ताकि छात्र अपनी जड़ों से जुड़ सकें और समकालीन चुनौतियों का समाधान खोज सकें। यूजीसी के दिशा-निर्देशों के तहत इसे पीजी पाठ्यक्रम में शामिल करने का मकसद छात्रों में नैतिक मूल्यों का विकास करना और उन्हें प्राचीन भारतीय ज्ञान से परिचित कराना है। इसके जरिए छात्र कौटिल्य के अर्थशास्त्र से लेकर वैदिक गणित जैसे विषयों का व्यावहारिक ज्ञान हासिल कर सकेंगे।

छत्तीसगढ़ में पीजी कोर्स में भी लागू होगी NEP, पाठ्यक्रम में जुड़ेगी भारतीय ज्ञान परंपरा Read Post »

Chhattisgarh, Education, GOVERNMENT, Raipur, Top News

रायपुर कलेक्ट्रेट पार्किंग में अवैध वसूली का खुलासा, बिना टेंडर चल रहा खेल

रायपुर कलेक्ट्रेट परिसर की मल्टीलेवल पार्किंग में अवैध वसूली और संदिग्ध गतिविधियों का मामला सामने आया है। शिकायत मिलने के बाद नगर निगम की उड़नदस्ता टीम और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए छापेमारी की। जांच में पाया गया कि पार्किंग के लिए कोई वैध टेंडर जारी नहीं किया गया था, इसके बावजूद यहां शुल्क वसूला जा रहा था। कार्रवाई के दौरान यह सामने आया कि पार्किंग का संचालन भले ही नगर निगम के पास है, लेकिन वसूली निजी लोगों द्वारा की जा रही थी। मौके पर बिना सीरियल नंबर और बिना सील की पर्चियों के जरिए पैसे वसूले जा रहे थे। कुछ मामलों में क्यूआर कोड के माध्यम से निजी खातों में भुगतान लिया जा रहा था, जिसकी जांच जारी है। छापेमारी के दौरान टीम को कई संदिग्ध दस्तावेज भी मिले। इनमें पूर्व ठेकेदार मोहम्मद शोएब के नाम पर मासिक पास से जुड़े कागजात और एक आर्म्स लाइसेंस मिला, जिस पर किसी प्रकार की आधिकारिक मुहर नहीं थी। पुलिस ने इन दस्तावेजों को जब्त कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। मामले में लापरवाही सामने आने पर निगम के चार कर्मचारियों को नोटिस जारी किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों के अनुसार, पहले यहां पार्किंग निशुल्क थी, लेकिन पिछले कुछ महीनों से दोपहिया और चारपहिया वाहनों से जबरन शुल्क वसूला जा रहा है। कई बार विरोध करने पर बहस की स्थिति भी बन जाती है। बताया जा रहा है कि यह पार्किंग पहले भी विवादों में रह चुकी है, जहां अवैध गतिविधियों और अव्यवस्था की शिकायतें सामने आती रही हैं। हालिया कार्रवाई के बाद पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।

रायपुर कलेक्ट्रेट पार्किंग में अवैध वसूली का खुलासा, बिना टेंडर चल रहा खेल Read Post »

Chhattisgarh, Raipur, State, Top News

छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस चुनाव की तैयारी तेज, सदस्यता अभियान से होगी शुरुआत

छत्तीसगढ़ में भारतीय युवा कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव को लेकर हलचल तेज हो गई है। प्रदेश अध्यक्ष, जिला अध्यक्ष समेत कई अहम पदों के लिए नई टीम के गठन की प्रक्रिया जल्द शुरू होने वाली है। मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा का कार्यकाल तीन साल से अधिक हो चुका है, जिसके चलते अब संगठन में बदलाव की तैयारी चल रही है। चुनावी प्रक्रिया से पहले मई और जून में सदस्यता अभियान चलाया जाएगा, जो पूरे चुनाव की नींव होगा। इस बार सदस्यता शुल्क को बढ़ाकर 75 रुपए कर दिया गया है, जो पहले 50 रुपए था। संगठन का उद्देश्य ज्यादा से ज्यादा युवाओं को जोड़ना है। इस बार चुनाव प्रक्रिया को और पारदर्शी बनाने के लिए डिजिटल सिस्टम अपनाया जाएगा। सदस्यता से लेकर वोटिंग तक की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होगी। साथ ही चुनाव को ब्लॉक स्तर तक आयोजित किया जाएगा। भारतीय युवा कांग्रेस की इलेक्शन टीम जल्द रायपुर पहुंचकर इसकी निगरानी करेगी। चुनाव दो चरणों में संपन्न होगा। पहले मतदान कराया जाएगा, उसके बाद उम्मीदवारों का इंटरव्यू लिया जाएगा। अंतिम फैसला वरिष्ठ नेतृत्व द्वारा किया जाएगा। अध्यक्ष पद के लिए उम्र भी महत्वपूर्ण मापदंड होगी, जिसमें 1989, 1990 और 1991 आयु वर्ग के उम्मीदवारों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पिछले चुनाव में 11 लाख से अधिक सदस्य जुड़े थे, और इस बार इससे भी ज्यादा संख्या में युवाओं के शामिल होने की उम्मीद जताई जा रही है। प्रदेशभर में दावेदार सक्रिय हो गए हैं। संभावित उम्मीदवारों में अनिमेष सिंह, हनी बग्गा, शैलेंद्र बंजारे, हर्षिता बघेल, मनहण वर्मा, सत्येंद्र चेलक और प्रशांत बोगड़े के नाम सामने आ रहे हैं। वहीं भावेश शुक्ला, आदिल खेरानी, आदित्य भगत, निखिल कांत साहू और संदीप वोरा भी प्रमुख दावेदारों में शामिल बताए जा रहे हैं। कुल मिलाकर, इस बार का चुनाव संगठन के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जहां सदस्यता अभियान, डिजिटल वोटिंग और नए चेहरों की एंट्री मुकाबले को रोचक बना सकती है।

छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस चुनाव की तैयारी तेज, सदस्यता अभियान से होगी शुरुआत Read Post »

Chhattisgarh, Political, Raipur, State, Top News

रायपुर में ज्वैलर्स मैनेजर से 1 करोड़ की लूट, तलवार से हमला कर बदमाश जेवरात लेकर फरार

रायपुर के खरोरा थाना क्षेत्र में सराफा कारोबारी के मैनेजर से करीब 1 करोड़ रुपए की बड़ी लूट की घटना सामने आई है। बाइक सवार बदमाशों ने तलवार से हमला कर सोने-चांदी से भरा बैग छीन लिया और मौके से फरार हो गए। घायल मैनेजर को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, पीड़ित टीकाराम शर्मा ‘महावीर ज्वैलर्स’ में मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। ज्वैलर्स की खरोरा इलाके में दो शाखाएं हैं। मंगलवार शाम टीकाराम एक ब्रांच से दूसरे ब्रांच में जेवरात लेकर जा रहे थे। इसी दौरान शाम करीब 7 बजे तिल्दाडीह मोड़ के पास आंधी और बारिश के कारण वे रुक गए। मौसम सामान्य होने पर जैसे ही वे आगे बढ़े, तभी बाइक सवार 2 से 3 बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया। आरोपियों ने तलवार से उनके सिर पर वार किया और जेवरात से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित ने ज्वैलर्स प्रबंधन को सूचना दी। वहीं स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना मिलते ही खरोरा थाना पुलिस, क्राइम ब्रांच और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने इलाके में नाकेबंदी कर दी है और संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में यह वारदात सुनियोजित लग रही है, क्योंकि आरोपियों को मैनेजर के रूट और समय की पहले से जानकारी होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले की हर पहलू से जांच जारी है।

रायपुर में ज्वैलर्स मैनेजर से 1 करोड़ की लूट, तलवार से हमला कर बदमाश जेवरात लेकर फरार Read Post »

Chhattisgarh, Crime, Raipur, State, Top News
Scroll to Top