Top News

खमतराई के सीतला तालाब में फिर सनसनी: समोसा बेचने वाले अर्जुन यादव का शव संदिग्ध हालात में मिला, जेब से शराब की बोतल बरामद

रायपुर। राजधानी रायपुर के खमतराई इलाके में शुक्रवार सुबह एक बार फिर सनसनी फैल गई, जब सीतला तालाब में एक युवक का शव तैरता हुआ मिला। सुबह-सुबह स्थानीय लोगों ने जब शव को देखा, तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची खमतराई पुलिस ने शव को तालाब से बाहर निकलवाया और उसकी पहचान अर्जुन यादव के रूप में की। जानकारी के मुताबिक, अर्जुन यादव खमतराई क्षेत्र में ही लालू नामक व्यक्ति की दुकान में समोसा बेचने का काम करता था। पुलिस ने जब शव की तलाशी ली, तो अर्जुन की जेब से शराब की एक बोतल मिली। इस वजह से मौत का मामला संदिग्ध लग रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और अब मौत के सही कारणों की जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, अर्जुन को गुरुवार देर रात तक दुकान के पास देखा गया था। सुबह जब लोगों ने तालाब में लाश देखी, तो इलाके में हड़कंप मच गया। यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। गौर करने वाली बात यह है कि सीतला तालाब में इससे पहले भी इस तरह की कई घटनाएं हो चुकी हैं। पिछले कुछ महीनों में दो से तीन बार यहां से शव बरामद किए जा चुके हैं। लगातार हो रही इन घटनाओं ने इलाके के लोगों में डर और नाराजगी दोनों पैदा कर दिए हैं। खमतराई थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि युवक की मौत डूबने से हुई या किसी और वजह से। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है और आसपास के CCTV फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। (Source: News22 Bharat)

खमतराई के सीतला तालाब में फिर सनसनी: समोसा बेचने वाले अर्जुन यादव का शव संदिग्ध हालात में मिला, जेब से शराब की बोतल बरामद Read Post »

Chhattisgarh, Raipur, Top News

गुरुवार से बीएलओ करेंगे फुल फील्ड वर्क: फार्म देर से मिलने से पहले दिन केवल 10% मतदाताओं तक पहुंच

रायपुर। प्रदेश में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की शुरुआत मंगलवार से हो गई है। हालांकि पहले दिन कई जगहों पर बीएलओ को फार्म देर से मिलने की वजह से अभियान की रफ्तार धीमी रही। अनुमान के मुताबिक केवल 10% बीएलओ ही फील्ड पर उतर सके। इन बीएलओ ने भी महज 10-12 घरों तक ही पहुंच बनाई, क्योंकि मतदाता सूची को क्रमवार जमाने और संबंधित घर ढूंढने में काफी समय लग गया। बुधवार को गुरु नानक जयंती की छुट्टी के चलते अब पूरा अभियान गुरुवार से गति पकड़ने की उम्मीद है। यह प्रक्रिया 4 दिसंबर तक चलेगी। बीएलओ को एक पेज का फार्म दिया गया है, जिसमें मतदाताओं से व्यक्तिगत जानकारी ली जाएगी। इस वर्ष 2003 की मतदाता सूची को आधार मानकर मिलान किया जा रहा है। 22 सालों में जो मतदाता अन्य जगह शिफ्ट हुए हैं या परिसीमन के चलते बूथ बदले हैं, उनका विवरण अपडेट किया जाएगा। बीएलओ बोले — “समझ न आए तो छोड़ दो, मैं फिर आऊंगी” राजातालाब नई बस्ती में मंगलवार शाम करीब 4:30 बजे बीएलओ सुनीला फ्रैंक्लिन हाथ में फार्म लेकर घर-घर जाती दिखीं। उन्होंने मतदाताओं से कहा — “जिसका फार्म है, वह रंगीन फोटो, आधार नंबर, मोबाइल और जन्मतिथि लिख दे। जो समझ न आए, उसे छोड़ देना, मैं वापस आऊंगी।” फ्रैंक्लिन ने बताया कि वे फार्म स्कैन भी करती हैं ताकि सिस्टम में अपडेट रहे। फार्म स्कैन होते ही एप में नाम रेड से ब्लू हो जाता है, और दोबारा स्कैन करने पर ग्रीन — यानी प्रक्रिया पूरी। 15 वर्षों से बीएलओ ड्यूटी निभा रहीं सुनीला फ्रैंक्लिन की इलाके में अच्छी पहचान है। पूरे प्रदेश में इसी तरह अनुभवी शिक्षकों को यह जिम्मेदारी दी गई है ताकि पुनरीक्षण कार्य सुचारू रूप से चले। घर बंद मिलने पर नोटिस चिपकाएंगे बीएलओ यदि किसी घर पर ताला मिला तो बीएलओ वहां नोटिस चिपकाकर तीन बार विज़िट करेंगे। तीसरी बार भी घर बंद मिलने पर वे रिपोर्ट आयोग को सौंप देंगे।

गुरुवार से बीएलओ करेंगे फुल फील्ड वर्क: फार्म देर से मिलने से पहले दिन केवल 10% मतदाताओं तक पहुंच Read Post »

Chhattisgarh, State, Top News

छत्तीसगढ़ में नई पहल: प्रधानमंत्री आवास के साथ अब मुख्यमंत्री गृह प्रवेश सम्मान योजना, तय समय में घर पूरा करने पर मिलेगा बोनस

छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी 2.0) के साथ एक नई पहल की है — मुख्यमंत्री गृह प्रवेश सम्मान योजना। इस योजना के तहत यदि कोई लाभार्थी 18 महीने के भीतर अपना घर पूरा करता है, तो उसे राज्य सरकार की ओर से ₹32,850 का बोनस मिलेगा। इसके लिए सरकार ने ₹100 करोड़ का बजट भी स्वीकृत कर दिया है। मुख्यमंत्री की इस पहल का उद्देश्य शहरी गरीबों और महिलाओं के स्वामित्व वाले पक्के मकानों को बढ़ावा देना है। राज्य के 141 नगरीय निकायों में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 11,282 मकान बनाए जाने हैं, जिनकी मंजूरी केंद्र सरकार ने 15 अक्टूबर को दी थी। इस योजना से छत्तीसगढ़ सरकार का लक्ष्य है कि हर पात्र परिवार को अपना पक्का घर मिले, जिससे राज्य “हर घर पक्का घर” के लक्ष्य के करीब पहुंचे। योजना के तहत आर्थिक सहायता प्रधानमंत्री आवास योजना में पहले से ही ₹2.5 लाख की सहायता राशि का प्रावधान है — अब मुख्यमंत्री गृह प्रवेश सम्मान योजना से अतिरिक्त ₹32,850 मिलेंगे, बशर्ते मकान का निर्माण 18 महीने के भीतर पूरा हो। चार चरणों में मिलेगी राशि योजना की राशि सीधे हितग्राहियों के खाते में चार किस्तों में भेजी जाएगी — प्रत्येक चरण की राशि जारी करने से पहले 70% फंड उपयोग की रिपोर्ट और उपयोगिता प्रमाण पत्र देना अनिवार्य होगा। बिल्डिंग परमिशन अनिवार्य शर्त घर बनाने के लिए बिल्डिंग परमिशन केवल नगरीय निकाय द्वारा जारी की जाएगी। इसकी एक प्रति सूडा (राज्य शहरी विकास अभिकरण) को भेजना जरूरी होगा।मकान का कॉरपेट एरिया 30 से 45 वर्ग मीटर के बीच होना चाहिए, अन्यथा राशि जारी नहीं की जाएगी।

छत्तीसगढ़ में नई पहल: प्रधानमंत्री आवास के साथ अब मुख्यमंत्री गृह प्रवेश सम्मान योजना, तय समय में घर पूरा करने पर मिलेगा बोनस Read Post »

Chhattisgarh, Raipur, State, Top News

बिहार चुनाव में दिखेगा छत्तीसगढ़ मॉडल: 250 कार्यकर्ताओं की टीम पहुंची प्रचार में, 55 नेताओं ने संभाली कमान

रायपुर/पटना।बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण की वोटिंग 6 नवंबर को होने वाली है। दिलचस्प बात यह है कि चुनाव भले बिहार में हो, लेकिन इसकी तैयारी छत्तीसगढ़ में पिछले आठ महीनों से चल रही थी।एक भारत श्रेष्ठ भारत अभियान के तहत भाजपा ने छत्तीसगढ़ के उन 8 जिलों—रायपुर, दुर्ग-भिलाई, बिलासपुर, रायगढ़, जशपुर, अंबिकापुर, कोरबा और मनेंद्रगढ़-चिरमिरी—में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए, जहां बिहार मूल के लोगों की बड़ी आबादी रहती है। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य था बिहार के मतदाताओं तक “छत्तीसगढ़ मॉडल” की सफलता पहुंचाना। लोगों को बताया गया कि भाजपा की सरकार बनने पर बिहार का विकास छत्तीसगढ़ की तरह तेज़ी से कैसे हो सकता है। बिहार पहुंचे छत्तीसगढ़ के 250 प्रचारक इस अभियान के तहत 250 स्थानीय स्वयंसेवक तैयार किए गए जो अब बिहार जाकर भाजपा के समर्थन में प्रचार कर रहे हैं। ये लोग गांव-गांव जाकर मतदाताओं से संवाद कर रहे हैं और “विकसित बिहार” का संदेश दे रहे हैं। भाजपा संगठन ने भी बिहार में पूरी रणनीति के साथ डेरा डाला है। छत्तीसगढ़ भाजपा नेताओं की बड़ी जिम्मेदारी भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव, मुख्य प्रवक्ता संतोष पांडेय, और हेमंत पाणिग्रही समेत कई वरिष्ठ नेता बिहार में सक्रिय हैं।सीजीएमएससी के अध्यक्ष दीपक महस्के सोशल मीडिया कैंपेन की कमान संभाले हुए हैं।वहीं, नान अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव को सिवान, गोपालगंज और छपरा जिलों का जिम्मा दिया गया है।अपेक्स बैंक अध्यक्ष केदारनाथ गुप्ता पश्चिम और पूर्वी चंपारण की 21 विधानसभा सीटों का नेतृत्व कर रहे हैं। ‘महतारी वंदन’ से ‘नई उद्योग नीति’ तक चर्चा में छत्तीसगढ़ मॉडल छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार बनने के बाद शुरू की गई योजनाएं जैसे महतारी वंदन योजना, नई उद्योग नीति, और गरीबों के लिए आवास योजनाएं—इन सबका प्रचार बिहार में जोरों से किया जा रहा है।नेताओं का दावा है कि एनडीए की सरकार बनने के बाद राज्य और केंद्र का समन्वय विकास को नई दिशा देता है। उदाहरण के तौर पर बताया जा रहा है कि पीएम आवास योजना में कांग्रेस शासन के दौरान रुके मकानों का निर्माण भाजपा सरकार आने के बाद तेजी से हुआ। मंत्री और विधायक भी मैदान में बिहार चुनाव प्रचार में छत्तीसगढ़ के कई मंत्री और विधायक सक्रिय हैं।गजेंद्र यादव और लखनलाल देवांगन को बिहार चुनाव की कमान सौंपी गई है।मुख्यमंत्री की दो सभाएं पहले ही वहां आयोजित की जा चुकी हैं, जबकि उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा भी लगातार प्रचार में जुटे हैं।इसके अलावा विधायक सुशांत शुक्ला और भावना बोहरा भी लगातार बिहार में रहकर भाजपा प्रत्याशियों के लिए जनसंपर्क कर रहे हैं।

बिहार चुनाव में दिखेगा छत्तीसगढ़ मॉडल: 250 कार्यकर्ताओं की टीम पहुंची प्रचार में, 55 नेताओं ने संभाली कमान Read Post »

Chhattisgarh, Raipur, Top News

20 नवंबर को छत्तीसगढ़ आएंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू:अंबिकापुर में जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में होंगी शामिल; मंत्री की निगरानी में तैयारी शुरू

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 20 नवंबर को छत्तीसगढ़ दौरे पर आएंगी। वे अंबिकापुर में आयोजित भगवान बिरसा मुंडा जयंती के अवसर पर होने वाले जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। उनके आगमन को लेकर प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस वर्ष जनजातीय गौरव दिवस छत्तीसगढ़ में विशेष भव्यता के साथ मनाया जाएगा। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती हर साल 15 नवंबर को पूरे देश में जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाई जाती है। अंबिकापुर में दो दिवसीय भव्य आयोजन जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर 19 और 20 नवंबर को अंबिकापुर के पीजी कॉलेज मैदान में दो दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।इस कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की उपस्थिति होगी, जो प्रदेश के आदिवासी समाज के प्रतिनिधियों और नागरिकों से सीधे संवाद करेंगी। मंत्री नेताम की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर 3 नवंबर को नवा रायपुर में आदिम जाति विकास मंत्री रामविचार नेताम की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई।बैठक में प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, आयुक्त डॉ. सारांश मित्तर, संयुक्त सचिव बी.एस. राजपूत, अपर संचालक संजय गौड़, नोडल अधिकारी गायत्री नेताम और अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।सरगुजा संभाग के सभी जिलों के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में जुड़े। जनजातीय संस्कृति की झलक पेश करने के निर्देश मंत्री नेताम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ की समृद्ध जनजातीय परंपराएं, लोककला, नृत्य और संगीत की झलक अवश्य दिखनी चाहिए।उन्होंने कहा कि आयोजन ऐसा हो जो प्रदेश की जनजातीय अस्मिता, गौरव और संस्कृति को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाए। पीएम मोदी की पहल से शुरू हुआ जनजातीय गौरव दिवस प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के अवसर पर, बिहार के जमुई में आयोजित समारोह में 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की थी।इसी अवसर पर उन्होंने बिरसा मुंडा के सम्मान में स्मारक सिक्का और डाक टिकट भी जारी किया था। अंबिकापुर में दिखेगी जनजातीय परंपराओं की भव्यता अंबिकापुर में होने वाला यह आयोजन न केवल छत्तीसगढ़ के जनजातीय समुदायों की संस्कृति और पहचान को उजागर करेगा, बल्कि पूरे देश में प्रदेश की लोक कला और परंपराओं की गूंज पहुंचाएगा।राज्य सरकार और प्रशासन इस कार्यक्रम को ऐतिहासिक और यादगार बनाने की दिशा में जुटे हुए हैं।

20 नवंबर को छत्तीसगढ़ आएंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू:अंबिकापुर में जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में होंगी शामिल; मंत्री की निगरानी में तैयारी शुरू Read Post »

Chhattisgarh, Political, Raipur, Top News

नवा रायपुर एयर शो में उमड़ी भीड़: 5 किमी लंबा जाम, फाइटर जेट्स दिखा रहे आसमान में दमदार करतब

छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के मौके पर नवा रायपुर के सेंध तालाब के ऊपर आज भारतीय वायुसेना की सूर्यकिरण एयरोबेटिक टीम ने जबरदस्त एयर शो का आयोजन किया। कार्यक्रम सुबह 10:40 बजे से शुरू होकर दोपहर 12 बजे तक चलेगा। इस दौरान हजारों की भीड़ जुटी और तेलीबांधा से सेंध लेक रोड तक करीब 5 किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। यहां तक कि वीआईपी वाहन भी इस जाम में फंसे नजर आए। इस शानदार शो में 9 हॉक एमके-132 फाइटर जेट्स ने एक साथ आसमान में उड़ान भरते हुए ‘बॉम्ब बर्स्ट’, ‘हार्ट इन द स्काई’ और ‘एरोहेड’ जैसी आकर्षक फॉर्मेशन पेश कीं। शो की कमान ग्रुप कैप्टन अजय दशरथी के हाथों में टीम का नेतृत्व ग्रुप कैप्टन अजय दशरथी कर रहे हैं, जिन्होंने बताया कि ऐसे शो को सफल बनाने में अनुशासन और टीमवर्क की बड़ी भूमिका होती है। वे अब तक 50 से अधिक एयर शो कर चुके हैं। छत्तीसगढ़ के ही स्क्वॉड्रन लीडर गौरव पटेल, जो महासमुंद जिले से हैं, भी इस टीम का हिस्सा हैं। उन्होंने कहा— “यह मेरे लिए गर्व का क्षण है कि मैं अपनी ही धरती पर उड़ान भर रहा हूं। जब हमारे जेट आसमान में तिरंगा बनाते हैं, तो अपने आप देशभक्ति की भावना जाग जाती है।” ‘वॉयस ऑफ द स्काई’ होंगी फ्लाइट लेफ्टिनेंट कंवल संधू एयर शो के दौरान कमेंट्री की जिम्मेदारी फ्लाइट लेफ्टिनेंट कंवल संधू निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि वे चाहती हैं छत्तीसगढ़ की बेटियां समझें कि महिला होना कमजोरी नहीं, बल्कि शक्ति है।कंवल संधू दर्शकों और उड़ते विमानों के बीच सेतु बनेंगी ताकि लोगों तक हर रोमांचक पल की जानकारी पहुंच सके। फ्लाइट्स री-शेड्यूल, रनवे 2 घंटे बंद एयर शो के चलते रायपुर एयरपोर्ट में सुबह 10:40 से दोपहर 12 बजे तक नो-फ्लाइंग जोन लागू किया गया। इस दौरान किसी भी फ्लाइट की लैंडिंग या टेकऑफ नहीं हुई। दिल्ली, लखनऊ, भुवनेश्वर और हैदराबाद जाने वाली कुल 5 उड़ानें री-शेड्यूल की गई हैं। हॉक एमके-132 जेट्स से हुआ प्रदर्शन इस शो में इस्तेमाल किए गए हॉक एमके-132 जेट्स अत्याधुनिक ट्रेनर एयरक्राफ्ट हैं। ये जेट्स प्रशिक्षण के साथ-साथ युद्ध के समय भी सक्षम हैं, जिनमें 30 मिमी तोप और मिसाइलें लगाने की क्षमता होती है। फ्री एंट्री और बस सुविधा आम नागरिकों के लिए एयर शो में फ्री एंट्री रखी गई है। साथ ही रायपुर शहर से नवा रायपुर राज्योत्सव स्थल तक आने-जाने के लिए 4 और 5 नवंबर को फ्री बस सेवा भी उपलब्ध कराई गई है।बसें सुबह 7 बजे से दोपहर 1 बजे तक और शाम 4 बजे से रात 10 बजे तक विभिन्न स्थानों से चलेंगी — जिनमें रायपुर रेलवे स्टेशन, तेलीबांधा चौक, साइंस कॉलेज और भाठागांव बस स्टैंड शामिल हैं।

नवा रायपुर एयर शो में उमड़ी भीड़: 5 किमी लंबा जाम, फाइटर जेट्स दिखा रहे आसमान में दमदार करतब Read Post »

Chhattisgarh, Raipur, Top News, Uncategorized

SIR को लेकर BJP की रणनीतिक बैठक आज: शिव प्रकाश रायपुर में लेंगे बैठक, CM, मंत्री, सांसद और विधायक रहेंगे मौजूद

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मतदाता सूची के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) प्रक्रिया की शुरुआत के अगले ही दिन बीजेपी ने इस पर रणनीति बनाने के लिए अहम बैठक बुलाई है। बैठक बुधवार को रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित होगी। इसमें पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री और प्रदेश प्रभारी शिव प्रकाश शामिल होंगे। बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, राज्य सरकार के सभी मंत्री, सांसद, विधायक, जिलाध्यक्ष और वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। पार्टी का मुख्य उद्देश्य SIR प्रक्रिया की जानकारी कार्यकर्ताओं तक पहुंचाना और मतदाता सत्यापन अभियान में जनता की सहायता के लिए कार्यकर्ताओं को तैयार करना है। कांग्रेस भ्रम फैला रही, BJP करेगी जवाबी जनजागरण भाजपा के प्रदेश महामंत्री नवीन मार्कंडेय ने बताया कि कांग्रेस, SIR प्रक्रिया को लेकर जनता में गलतफहमियां फैला रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा जनता को सही जानकारी देगी और कांग्रेस के दुष्प्रचार का जवाब देगी।मार्कंडेय के अनुसार, “देश के 12 राज्यों में चुनाव आयोग ने SIR प्रक्रिया लागू की है, और भाजपा इस पूरे अभियान में जनता की मदद के लिए सक्रिय भूमिका निभाएगी।” शिव प्रकाश देंगे दिशा-निर्देश पार्टी सूत्रों के मुताबिक, बैठक में शिव प्रकाश विस्तार से बताएंगे कि SIR सर्वे के दौरान कार्यकर्ताओं को मतदाताओं के नाम जोड़ने, त्रुटियां सुधारने और डुप्लीकेट नाम हटाने में कैसे सहयोग करना है।इसके अलावा, पार्टी जल्द ही एक राज्यव्यापी जनजागरण अभियान शुरू करेगी ताकि हर पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में जोड़ा जा सके। नेताओं को सौंपी जाएगी जिम्मेदारी बीजेपी SIR के प्रति जन-जागरूकता फैलाने की जिम्मेदारी अपने मंत्री, सांसद और विधायकों को देगी। पार्टी नेताओं को जनता के बीच जाकर SIR प्रक्रिया के फायदे और उद्देश्य समझाने का निर्देश दिया जाएगा।शिव प्रकाश बुधवार सुबह दिल्ली से रायपुर पहुंचेंगे और दोपहर में प्रदेश पदाधिकारियों के साथ बैठक कर आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करेंगे।

SIR को लेकर BJP की रणनीतिक बैठक आज: शिव प्रकाश रायपुर में लेंगे बैठक, CM, मंत्री, सांसद और विधायक रहेंगे मौजूद Read Post »

Chhattisgarh, Raipur, Top News

छत्तीसगढ़ में आज से वोटर लिस्ट वेरिफिकेशन की शुरुआत: 27 हजार BLO घर-घर करेंगे सर्वे, 95% मतदाताओं को नहीं दिखाने पड़ेंगे दस्तावेज

त्तीसगढ़ में मंगलवार से वोटर लिस्ट सत्यापन अभियान (Special Intensive Revision – SIR) की शुरुआत हो गई है। बिहार मॉडल पर चलने वाली इस प्रक्रिया के तहत प्रदेश में मतदाता सूची को अपडेट किया जाएगा। इसमें नए वोटरों के नाम जोड़े जाएंगे और गलत या निष्क्रिय नाम हटाए जाएंगे। राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (CEO) यशवंत कुमार ने बताया कि सत्यापन अभियान 4 नवंबर से 4 दिसंबर 2025 तक चलेगा। इस दौरान प्रदेश के 27,199 बूथ स्तर अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर मतदाताओं की जानकारी की जांच करेंगे। सिर्फ 5% लोगों को ही दिखाने होंगे दस्तावेज सीईओ के अनुसार, लगभग 94-95% मतदाताओं का डेटा पहले से मौजूद है, इसलिए केवल 5-6% लोगों को ही पहचान संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत करने की आवश्यकता होगी। जिन मतदाताओं का नाम 2003 के SIR में था, उन्हें दोबारा दस्तावेज देने की जरूरत नहीं है। अगर किसी मतदाता को सत्यापन में कोई दिक्कत आती है तो वह हेल्पलाइन नंबर 1950 पर कॉल कर सहायता प्राप्त कर सकता है। BLO तीन बार जाएंगे घर हर BLO अपने क्षेत्र में प्रत्येक परिवार से संपर्क करेगा और आवश्यकता होने पर तीन बार तक घर जाएगा। वे प्रत्येक परिवार से गणना प्रपत्र फॉर्म भरवाएंगे, जिसमें मतदाता की व्यक्तिगत जानकारी और पात्रता की पुष्टि होगी। 9 दिसंबर को मसौदा सूची जारी होगी सत्यापन कार्य पूरा होने के बाद 9 दिसंबर 2025 को मसौदा मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।इसके बाद 8 जनवरी 2026 तक लोग अपने नाम में सुधार या किसी त्रुटि पर आपत्ति दर्ज करा सकेंगे।अंतिम मतदाता सूची 7 फरवरी 2026 को जारी होगी, जो आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनावों के लिए आधार बनेगी। 71% वोटरों का मिलान पूरा अब तक राज्य के 71% मतदाताओं का डेटा सत्यापित किया जा चुका है। सीईओ ने बताया कि एन्यूमरेशन फेज पूरा होते-होते यह आंकड़ा 94 से 95% तक पहुंचने की उम्मीद है।उन्होंने यह भी बताया कि 2003 के बाद कई मतदाता अपने निवास स्थान बदल चुके हैं, विशेषकर विवाहित महिलाएं, जिनका अब नए केंद्रों से डेटा मिलान किया जा रहा है। मतदाताओं की संख्या 2.11 करोड़ 1 जनवरी 2025 तक छत्तीसगढ़ में कुल 2 करोड़ 11 लाख 5 हजार 391 मतदाता हैं। इनमें राज्य में लिंगानुपात 1024 है, जो राष्ट्रीय औसत से अधिक है। SIR सत्यापन के लिए मान्य दस्तावेज मतदाता सत्यापन के दौरान नीचे दिए गए दस्तावेजों में से कोई भी मान्य होगा – राजनीतिक दलों से सहयोग की अपील सीईओ यशवंत कुमार ने राजनीतिक दलों से अपील की है कि वे अपने बूथ स्तरीय एजेंट (BLA) के माध्यम से आयोग की टीम को सहयोग करें ताकि पात्र नागरिकों के नाम जोड़े जा सकें और मृत या स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाए जा सकें।

छत्तीसगढ़ में आज से वोटर लिस्ट वेरिफिकेशन की शुरुआत: 27 हजार BLO घर-घर करेंगे सर्वे, 95% मतदाताओं को नहीं दिखाने पड़ेंगे दस्तावेज Read Post »

Chhattisgarh, Raipur, Top News

हाईकोर्ट ने रोहित और वीरेंद्र तोमर की अग्रिम जमानत खारिज की: पत्नियों और भतीजे को मिली राहत, पुलिस पर आर्गेनाइज क्राइम में परिवार को फंसाने का आरोप

छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा की बेंच ने रायपुर में सूदखोरी और ब्लैकमेलिंग के आरोपों से जुड़े मामले में हिस्ट्रीशीटर रोहित तोमर और वीरेंद्र तोमर की अग्रिम जमानत याचिका को खारिज कर दिया है। वहीं, कोर्ट ने उनकी पत्नियों और भतीजे को अग्रिम जमानत प्रदान की है। सरकारी पक्ष ने कोर्ट में दलील दी कि दोनों भाइयों का आपराधिक इतिहास लंबा है और उन पर करीब 16 मामले दर्ज हैं। पुलिस छापेमारी के दौरान उनके ठिकाने से ब्लैंक चेकबुक, हथियार और कारतूस बरामद किए गए। साथ ही, वे बिना लाइसेंस सूदखोरी का कारोबार करते पाए गए थे। सरकारी तर्कों पर सहमति जताते हुए कोर्ट ने कहा कि अपराध की गंभीरता को देखते हुए अग्रिम जमानत नहीं दी जा सकती। पत्नियों और भतीजे को कोर्ट से राहत हाईकोर्ट ने तोमर बंधुओं की पत्नियों और भतीजे को अग्रिम जमानत मंजूर की है। उन्होंने अपनी याचिका में कहा था कि पुलिस साधारण मारपीट के केस को आर्गेनाइज क्राइम में बदलकर पूरे परिवार को फंसा रही है। पूर्व महाधिवक्ता सतीश चंद वर्मा की ओर से दायर याचिका में कहा गया कि पुलिस ने पुराने ऋण मामलों में जबरन परिवार को शामिल कर फर्जी केस बनाए हैं। अदालत ने इस पर विचार करते हुए कहा कि पत्नी और अन्य परिवारजन के खिलाफ गंभीर आपराधिक साक्ष्य नहीं हैं, इसलिए उन्हें अग्रिम जमानत दी जाती है। रायपुर में चल रहा सूदखोरी और ब्लैकमेलिंग का मामला रायपुर के तेलीबांधा और पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में रोहित तोमर और वीरेंद्र तोमर पर सूदखोरी और धमकी के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस की कार्रवाई में उनके घर से कैश, चेक और जमीन के दस्तावेज भी जब्त किए गए। जांच के बाद पुलिस ने कहा कि मामला आर्गेनाइज क्राइम से जुड़ा है। दोनों भाइयों पर 7 अलग-अलग FIR दर्ज की गई हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए रायपुर पुलिस ने इनाम की घोषणा की है। हिस्ट्रीशीटर तोमर बंधु अब भी फरार पुलिस के अनुसार, रोहित तोमर ने अपनी पत्नी भावना के नाम पर ऑफिस खोलकर सूदखोरी का धंधा चलाया। प्रॉपर्टी डीलर दशमीत चावला से मारपीट के बाद जब उसके खिलाफ FIR दर्ज हुई, तब से दोनों भाई फरार हैं। पुलिस की कई टीमें छत्तीसगढ़ के बाहर भी छापेमारी कर चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। अपराध रिकॉर्ड लंबा, ‘गोल्डन मैन’ नाम से मशहूर पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, रोहित तोमर को रायपुर का निगरानी गुंडा बदमाश घोषित किया गया है। उसके खिलाफ तेलीबांधा, पुरानी बस्ती, राजेंद्र नगर, कोतवाली और गुढ़ियारी थानों में 9 से अधिक केस दर्ज हैं। वह इलाके में ‘गोल्डन मैन’ के नाम से जाना जाता था और सामाजिक रसूख बनाए रखने के लिए समय-समय पर कार्यक्रमों में हिस्सा लेता था। पीड़ितों में अब जागा आत्मविश्वास पुलिस की सख्त कार्रवाई के बाद कई पुराने पीड़ित सामने आए हैं। पहले आरोपी भाइयों के खौफ के कारण लोग शिकायत दर्ज नहीं करा पा रहे थे, लेकिन अब पुलिस की पहल से पीड़ित थानों तक पहुंच रहे हैं।

हाईकोर्ट ने रोहित और वीरेंद्र तोमर की अग्रिम जमानत खारिज की: पत्नियों और भतीजे को मिली राहत, पुलिस पर आर्गेनाइज क्राइम में परिवार को फंसाने का आरोप Read Post »

Chhattisgarh, State, Top News

सरेंडर नक्सली भूपति का बयान: कहा- गद्दार नहीं, हालात ने बदलने पर किया आत्मसमर्पण; संगठन में बढ़ा वैचारिक संकट

छत्तीसगढ़ के कुख्यात और डेढ़ करोड़ के इनामी नक्सली मोजुल्ला वेणुगोपाल राव उर्फ भूपति ने आत्मसमर्पण के बाद एक वीडियो जारी किया है। वीडियो में भूपति ने कहा कि संगठन के कुछ लोग उन्हें गद्दार कह रहे हैं, लेकिन वह गद्दार नहीं हैं। उन्होंने कहा कि आज परिस्थितियां बदल चुकी हैं, इसलिए अपने 60 साथियों के साथ हथियार डालने का निर्णय लिया। भूपति ने कहा कि नक्सली संगठन में अब भी कई साथी सत्ता और इलाके पर कब्जे के लिए संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन इस रास्ते ने हमें जनता से दूर कर दिया है। यह साबित करता है कि हिंसा का रास्ता नाकाम रहा है। हमने अपने साथियों को खोने के बाद सरेंडर करने का फैसला लिया। अब हम जनता के बीच रहकर, लोकतांत्रिक तरीके से उनके लिए काम करना चाहते हैं। भूपति ने साथियों से भी सरेंडर की अपील की भूपति ने नक्सल संगठन में मौजूद अपने साथियों से हिंसा छोड़कर मुख्यधारा में लौटने की अपील की। उन्होंने कहा, “हमने कई साथियों को खोया है, इसलिए बदलाव जरूरी है। सेंट्रल कमेटी स्थिति समझ रही है, लेकिन बदलाव को लेकर तैयार नहीं है। अब समय बंदूक छोड़ने और जनता के बीच आने का है।” भूपति ने अपने साथियों से संपर्क के लिए एक नंबर 8856038533 जारी किया है। साथ ही, सरेंडर नक्सली रूपेश का नंबर 6267138163 भी साझा किया है ताकि जो नक्सली हिंसा छोड़ना चाहें, वे संपर्क कर सकें। “अब लोकतंत्र के दायरे में रहकर करेंगे काम” भूपति ने कहा कि छत्तीसगढ़ में नेता रूपेश के साथ सैकड़ों नक्सलियों ने भी हिंसा छोड़ दी है। अब हम कानून के दायरे में रहकर जनता के बीच काम करेंगे। उन्होंने स्वीकार किया कि संगठन के अंदर वैचारिक संकट गहराता जा रहा है और बंदूक से नहीं बल्कि विचारों से लड़ाई लड़ी जानी चाहिए। रूपेश ने भी माओवाद संगठन पर उठाए सवाल भूपति के आत्मसमर्पण के बाद सेंट्रल कमेटी मेंबर रूपेश ने भी सरकार के सामने हथियार डाले और एक वीडियो जारी किया। रूपेश ने कहा कि महासचिव बसवा राजू संघर्ष विराम चाहते थे, लेकिन उनके एनकाउंटर के बाद पार्टी की दिशा भटक गई। उन्होंने कहा कि पार्टी अब साथियों की सुरक्षा और भविष्य को लेकर गंभीर नहीं है। नक्सल संगठन ने बताया “गद्दार” दरअसल, 17 अक्टूबर को जगदलपुर में 210 नक्सलियों ने पुलिस के सामने सरेंडर किया था। इनमें 1 करोड़ का इनामी सीसी मेंबर रूपेश भी शामिल था। इसके बाद नक्सल संगठन ने अभय के नाम से एक पर्चा जारी कर इन सरेंडर नक्सलियों को गद्दार करार दिया था।

सरेंडर नक्सली भूपति का बयान: कहा- गद्दार नहीं, हालात ने बदलने पर किया आत्मसमर्पण; संगठन में बढ़ा वैचारिक संकट Read Post »

Chhattisgarh, Top News
Scroll to Top