Chhattisgarh

धमतरी पुलिस को मिली हाईटेक ताकत, 12 नए डायल-112 ईआरवी वाहन हुए शुरू

छत्तीसगढ़ के Dhamtari जिले में पुलिस की आपातकालीन सेवाओं को और मजबूत बनाने के लिए हाईटेक डायल-112 और ईआरवी (Emergency Response Vehicle) वाहनों की शुरुआत की गई। पुलिस लाइन रूद्री में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक Suraj Singh Parihar, महापौर Ramu Rohra और जिला पंचायत अध्यक्ष Arun Sarwa ने हरी झंडी दिखाकर इन वाहनों को रवाना किया। जिले को कुल 12 नए हाईटेक डायल-112 ईआरवी वाहन मिले हैं, जिन्हें अलग-अलग थाना क्षेत्रों में तैनात किया जाएगा। ये वाहन 24 घंटे सक्रिय रहेंगे और सड़क दुर्घटना, महिला अपराध, मारपीट, विवाद और अन्य आपात स्थितियों में तुरंत पुलिस सहायता उपलब्ध कराएंगे। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने ईआरवी वाहनों की कार्यप्रणाली, रिस्पांस सिस्टम और आपातकालीन हालात में त्वरित कार्रवाई से जुड़ी जानकारी साझा की। बताया गया कि इन वाहनों के जरिए घटनास्थल तक कम समय में पहुंचकर बेहतर पुलिसिंग सुनिश्चित की जाएगी। पुलिस अधीक्षक Suraj Singh Parihar ने कहा कि डायल-112 सेवा आम लोगों की सुरक्षा और भरोसे का महत्वपूर्ण माध्यम बन चुकी है। उन्होंने कहा कि हर शिकायत पर संवेदनशीलता और तेजी से कार्रवाई करना पुलिस की प्राथमिकता है। इन आधुनिक वाहनों में GPS ट्रैकिंग, PTZ कैमरा, डैश कैमरा और मोबाइल डेटा टर्मिनल जैसी सुविधाएं दी गई हैं। इससे पुलिस कंट्रोल रूम और फील्ड टीम के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा और घटनाओं पर तेजी से प्रतिक्रिया दी जा सकेगी।

धमतरी पुलिस को मिली हाईटेक ताकत, 12 नए डायल-112 ईआरवी वाहन हुए शुरू Read Post »

dhamtari, GOVERNMENT, State, Top News

रायपुर के होटल में बुजुर्ग की संदिग्ध मौत, कमरे में बेड पर मिला शव; पुलिस जांच में जुटी

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के गंज थाना क्षेत्र स्थित फाफाडीह के Ranjit Hotel में एक बुजुर्ग व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। होटल के कमरे में बुजुर्ग का शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार मृतक बिहार के पटना से रायपुर आया था और होटल में ठहरा हुआ था। देर रात होटल स्टाफ को कमरे से कोई हलचल नहीं दिखाई दी। जब कर्मचारियों ने कमरे की जांच की, तो बुजुर्ग व्यक्ति बेड पर अचेत अवस्था में पड़ा मिला। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और 112 की मदद से बुजुर्ग को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए मेकाहारा अस्पताल भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में पुलिस हार्ट अटैक की आशंका जता रही है, लेकिन मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस ने होटल के कमरे को सील कर दिया है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि मौत से कुछ समय पहले बुजुर्ग ने होटल रिसेप्शन पर फोन कर पानी मंगवाया था। इसके बाद वह अपने कमरे में चला गया। काफी देर तक कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर होटल स्टाफ ने दरवाजा खोलकर देखा, जहां वह बेहोश मिला। पुलिस होटल के CCTV फुटेज खंगाल रही है और होटल स्टाफ से पूछताछ भी कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि घटना के समय कमरे में किसी की आवाजाही हुई थी या नहीं। फिलहाल मामले में मर्ग कायम कर जांच जारी है।

रायपुर के होटल में बुजुर्ग की संदिग्ध मौत, कमरे में बेड पर मिला शव; पुलिस जांच में जुटी Read Post »

Crime, Raipur

बिलासपुर में पंजाब से मंगाई जा रही थी ड्रग्स, ट्रांसपोर्टर समेत 2 तस्कर गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में पंजाब से प्रतिबंधित ड्रग्स मंगाकर बेचने वाले दो आरोपियों को ACCU और चकरभाठा पुलिस की टीम ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में एक ट्रांसपोर्ट कारोबारी भी शामिल है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 2.60 लाख रुपए कीमत की 26 ग्राम MDMA ड्रग्स बरामद की है। जानकारी के मुताबिक, पुलिस को लंबे समय से चकरभाठा इलाके में सूखे नशे के कारोबार की सूचना मिल रही थी। इसके बाद सिविल लाइन CSP निमितेश सिंह के निर्देश पर ACCU और चकरभाठा पुलिस संदिग्धों पर नजर रख रही थी। मंगलवार देर रात मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम रहंगी के खोलीभाटा मैदान में एक संदिग्ध कार खड़ी है, जिसमें दो युवक भारी मात्रा में नशीला पदार्थ लेकर ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही कार सवार आरोपी भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन टीम ने चारों ओर से घेरकर उन्हें पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से 26.05 ग्राम चमकीला नशीला पाउडर बरामद हुआ, जिसे जांच में MDMA ड्रग्स पाया गया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी Chandresh Balecha ट्रांसपोर्ट का कारोबार करता है और उसने अपने नेटवर्क के जरिए पंजाब बॉर्डर के तस्करों से संपर्क कर ड्रग्स मंगाई थी। इसके बाद वह Mahesh Verma के साथ मिलकर इसे ऊंची कीमत में बेचने की तैयारी कर रहा था। दोनों कुछ ग्राहकों से सौदा भी तय कर चुके थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से ड्रग्स, एक कार समेत करीब 13 लाख रुपए का सामान जब्त किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

बिलासपुर में पंजाब से मंगाई जा रही थी ड्रग्स, ट्रांसपोर्टर समेत 2 तस्कर गिरफ्तार Read Post »

Bilaspur, Crime

रेलवे नौकरी में फिटनेस सर्टिफिकेट दिलाने के नाम पर 5 लाख रिश्वत की मांग, CBI ने 2 को भेजा जेल

रेलवे भर्ती में मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट दिलाने के नाम पर रिश्वत मांगने के मामले में CBI ने रेलवे के दो कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में रेलवे में असिस्टेंट स्पोर्ट्स सेक्रेट्री के पद पर कार्यरत इंटरनेशनल बॉडी बिल्डिंग रेफरी बी. राजशेखर राव और उनकी स्टूडेंट वेटलिफ्टर रामा लक्ष्मी शामिल हैं। CBI की जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने एक महिला उम्मीदवार से रेलवे में नौकरी दिलाने और मेडिकल में फिट घोषित कराने के बदले 5 लाख रुपए की मांग की थी। आरोप था कि पैसे नहीं देने पर मेडिकल टेस्ट में फेल कर देने की धमकी दी गई थी। मंगलवार को पुलिस रिमांड खत्म होने के बाद दोनों आरोपियों को रायपुर की स्पेशल कोर्ट में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उन्हें 1 जून तक न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। जांच एजेंसियों के मुताबिक, आरोपी रामा लक्ष्मी ने राजशेखर राव के कहने पर उम्मीदवार वंशिका से पैसों की मांग की थी। अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में असली मास्टरमाइंड की भूमिका की भी जांच जारी है और आगे और खुलासे हो सकते हैं। CBI के वकील प्रशांत बाजपेयी के अनुसार, आरोपियों ने उम्मीदवार पर दबाव बनाते हुए कहा था कि यदि रकम नहीं दी गई तो उसे मेडिकल परीक्षण में अनफिट कर दिया जाएगा। वहीं पैसे देने पर उसे TTI पोस्ट के लिए फिटनेस सर्टिफिकेट जारी कराने का भरोसा दिया गया था। जांच में यह भी सामने आया कि राजशेखर राव ने सीधे संपर्क करने के बजाय अपनी स्टूडेंट रामा लक्ष्मी को माध्यम बनाया था। बताया जा रहा है कि इसके बदले उसे रकम का हिस्सा देने की बात भी कही गई थी। मामले में शिकायत मिलने के बाद CBI ने कार्रवाई करते हुए 16 मई को दुर्ग के न्यू पुलिस लाइन स्थित घर से बी. राजशेखर राव को गिरफ्तार किया। वहीं रामा लक्ष्मी को रायपुर DRM ऑफिस से हिरासत में लिया गया। छापेमारी के दौरान दोनों आरोपियों के ठिकानों से लाखों रुपए नकद मिलने की भी जानकारी सामने आई है। हालांकि एजेंसी ने बरामद रकम का आधिकारिक खुलासा नहीं किया है।

रेलवे नौकरी में फिटनेस सर्टिफिकेट दिलाने के नाम पर 5 लाख रिश्वत की मांग, CBI ने 2 को भेजा जेल Read Post »

Crime, Raipur, State, Top News

ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में छत्तीसगढ़ बंद: 18 हजार मेडिकल स्टोर बंद, कई शहरों में प्रदर्शन

देशभर में ऑनलाइन दवा बिक्री के खिलाफ आज केमिस्ट संगठनों ने बड़ा विरोध प्रदर्शन किया। छत्तीसगढ़ में इसका व्यापक असर देखने को मिला, जहां करीब 18 हजार मेडिकल स्टोर बंद रहे। इसमें थोक और रिटेल दोनों तरह की दवा दुकानें शामिल हैं। राजधानी रायपुर और बिलासपुर में सुबह से ही मेडिकल स्टोर बंद नजर आए। सरगुजा में दवा व्यापारियों ने बाइक रैली निकालकर ऑनलाइन फार्मेसी का विरोध किया। इस दौरान अपोलो फार्मेसी के सामने प्रदर्शन और नारेबाजी की गई। रैली शहर के कई प्रमुख चौकों से होकर घड़ी चौक तक पहुंची। बस्तर जिले में भी हड़ताल का असर दिखाई दिया। जिले की लगभग 300 मेडिकल दुकानें और जगदलपुर शहर की करीब 120 दुकानें बंद रहीं। हालांकि मरीजों की परेशानी को देखते हुए कई संचालकों ने ऑनलाइन संपर्क नंबर जारी किए हैं। वहीं महारानी अस्पताल के सामने विरोध प्रदर्शन भी किया गया। रायगढ़ में लगभग 760 मेडिकल स्टोर बंद रहे। दवा व्यापारियों ने रामनिवास टॉकीज चौक पर प्रदर्शन कर ऑनलाइन दवा बिक्री के खिलाफ आवाज उठाई। इमरजेंसी जरूरतों के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए। दवा व्यापारियों का कहना है कि ऑनलाइन कंपनियां भारी डिस्काउंट देकर छोटे मेडिकल स्टोर्स के कारोबार को नुकसान पहुंचा रही हैं। इस आंदोलन को व्यापारिक संगठन CAIT, चेंबर ऑफ कॉमर्स और कांग्रेस के चिकित्सा प्रकोष्ठ का भी समर्थन मिला है। CAIT के राष्ट्रीय वाइस चेयरमैन अमर पारवानी ने कहा कि यह सिर्फ दवा व्यापार का मामला नहीं, बल्कि छोटे व्यापारियों और स्थानीय बाजार व्यवस्था को बचाने की लड़ाई है। वहीं डिस्ट्रिक्ट केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष विनय कृपलानी ने कहा कि ऑनलाइन फार्मेसी के कारण छोटे दुकानदारों का व्यापार लगातार प्रभावित हो रहा है। इधर छत्तीसगढ़ खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने मरीजों को परेशानी से बचाने के लिए जरूरी दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए हैं। जनऔषधि केंद्रों, सरकारी अस्पतालों, धन्वंतरी मेडिकल स्टोर्स और अन्य मेडिकल दुकानों के जरिए लोगों को दवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि जरूरत से ज्यादा दवाओं का स्टॉक न करें।

ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में छत्तीसगढ़ बंद: 18 हजार मेडिकल स्टोर बंद, कई शहरों में प्रदर्शन Read Post »

protest, Raipur, State, Top News

16 साल पुराने कर्मचारी ने ज्वैलर्स से पार किए 2 करोड़ के गहने, CCTV में कैद हुई करतूत

रायपुर के सदर बाजार स्थित मशहूर ज्वैलरी शोरूम मनोहरमल एंड कंपनी ज्वैलर्स में करोड़ों की चोरी का मामला सामने आया है। हैरानी की बात यह है कि चोरी किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि शोरूम में पिछले 16 वर्षों से काम कर रहे कर्मचारी ने ही की। जानकारी के अनुसार कारोबारी सुरेश भंसाली ने पुरानी बस्ती थाना में शिकायत दर्ज कराई है। आरोपी कर्मचारी सूरज साहू पर रोजाना डिस्प्ले में रखे सोने के गहनों को वापस लॉकर में सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी थी। बताया जा रहा है कि 9 अप्रैल 2026 को दुकान बंद करते समय आरोपी ने जेवरों को लॉकर में जमा करने के बजाय अपने पास रख लिया। शुरुआत में किसी को इसकी भनक नहीं लगी, लेकिन 13 अप्रैल को स्टॉक चेकिंग के दौरान करीब 1495 ग्राम 670 मिलीग्राम सोना गायब पाया गया। इसके बाद शोरूम में लगे CCTV कैमरों की जांच की गई, जिसमें शाम करीब 4:21 बजे सूरज साहू गहनों को अपने साथ ले जाते नजर आया। चोरी हुए जेवरों की कीमत बाजार भाव के अनुसार लगभग 2 करोड़ रुपए बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गबन का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी फरार बताया जा रहा है और उसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों और CCTV फुटेज के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।

16 साल पुराने कर्मचारी ने ज्वैलर्स से पार किए 2 करोड़ के गहने, CCTV में कैद हुई करतूत Read Post »

Crime, Raipur

सक्ति जिले के 24 मेधावी छात्रों ने किया एयरपोर्ट भ्रमण, विमानन क्षेत्र की जानकारी से बढ़ा उत्साह

Sakti जिले के 24 मेधावी विद्यार्थियों को शैक्षणिक भ्रमण के तहत एयरपोर्ट का दौरा कराया गया। यह पहल छात्रों के सर्वांगीण विकास, ज्ञानवर्धन और भविष्य में करियर जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से की गई। इस कार्यक्रम का आयोजन जिला प्रशासन और जिला पंचायत के मार्गदर्शन में किया गया। मुख्य कार्यपालन अधिकारी वासु जैन के निर्देशन में चयनित छात्रों को विशेष रूप से इस भ्रमण का अवसर प्रदान किया गया। छात्रों के चयन के लिए जिला स्तरीय सामान्य ज्ञान और एप्टीट्यूड टेस्ट परीक्षा आयोजित की गई थी, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 24 विद्यार्थियों को चुना गया। चयनित छात्रों को बस के माध्यम से रायपुर स्थित स्वामी विवेकानंद विमानतल माना ले जाया गया। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को विमान संचालन, एयरक्राफ्ट की कार्यप्रणाली और आधुनिक उड्डयन प्रणाली की जानकारी दी गई। कई छात्रों ने फाइटर प्लेन और कॉकपिट से जुड़ी तकनीकी प्रक्रियाओं को समझकर उत्साह व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान विमानन क्षेत्र से जुड़े सामान्य ज्ञान पर आधारित प्रश्नोत्तरी भी आयोजित की गई, जिसमें सही उत्तर देने वाले छात्रों को प्रोत्साहन स्वरूप उपहार दिए गए। इस शैक्षणिक यात्रा ने छात्रों को न केवल तकनीकी जानकारी दी, बल्कि उनके भविष्य के करियर विकल्पों को लेकर भी नई प्रेरणा प्रदान की। कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों ने जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया।

सक्ति जिले के 24 मेधावी छात्रों ने किया एयरपोर्ट भ्रमण, विमानन क्षेत्र की जानकारी से बढ़ा उत्साह Read Post »

Education, GOVERNMENT, Raipur

बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई: 8 महिला समेत 11 तस्कर गिरफ्तार, 104 किलो गांजा जब्त

Bilaspur में पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल ने दो अलग-अलग कार्रवाइयों में बड़ी मात्रा में गांजा जब्त कर 11 तस्करों को गिरफ्तार किया है। कुल मिलाकर 104 किलो से अधिक गांजा पकड़ा गया, जिसकी कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है। पहली कार्रवाई में ACCU और सरकंडा थाना पुलिस ने रेलवे स्टेशन के पास घेराबंदी कर 8 महिला तस्करों को गिरफ्तार किया। ये महिलाएं दो इलेक्ट्रिक ऑटो में सवार थीं और ओडिशा से ट्रेन के जरिए कपड़ों की गठरियों के बीच छिपाकर गांजा लेकर आई थीं। पुलिस के अनुसार, सूचना मिलने के बाद सीपत रोड की ओर जा रहे दोनों ऑटो को रोका गया। तलाशी के दौरान 8 बोरियों और कपड़ों के गट्ठरों में छिपाए गए लगभग 90 किलो गांजे के 86 पैकेट बरामद हुए। गिरफ्तार सभी महिलाएं मटियारी गांव की रहने वाली बताई गई हैं। पूछताछ में उन्होंने खुद को मजदूरी के लिए बाहर जाने वाला बताया था, लेकिन जांच में गांजा तस्करी का खुलासा हुआ। पुलिस ने सभी के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और पूरे नेटवर्क की जांच जारी है। दूसरी कार्रवाई में रेलवे सुरक्षा बल (GRP) ने भी तीन तस्करों को पकड़ा है, जो महाराष्ट्र से ट्रेन के जरिए गांजा लेकर आ रहे थे। तलाशी के दौरान उनके पास से करीब 14.5 किलो गांजा बरामद हुआ। तीनों आरोपियों की पहचान महाराष्ट्र के अमरावती निवासी के रूप में हुई है। उन्हें प्लेटफॉर्म पर निगरानी के दौरान गिरफ्तार किया गया और बाद में न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। पुलिस का मानना है कि दोनों मामलों में अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क सक्रिय है, जिसमें ओडिशा और महाराष्ट्र से गांजे की सप्लाई छत्तीसगढ़ में की जा रही थी। फिलहाल पूरे रैकेट और सप्लायर नेटवर्क की जांच जारी है।

बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई: 8 महिला समेत 11 तस्कर गिरफ्तार, 104 किलो गांजा जब्त Read Post »

Bilaspur, Crime

कैनाल रोड 2.0 से बढ़ी चिंता: सड़क चौड़ीकरण के सर्वे के बाद 1500 परिवारों को घर टूटने का डर

Raipur में प्रस्तावित कैनाल रोड 2.0 परियोजना को लेकर चार वार्डों के हजारों परिवारों में चिंता और असमंजस का माहौल बन गया है। वार्ड नंबर 58, 59, 60 और 61 के करीब 1300 से 1500 परिवारों को आशंका है कि सड़क चौड़ीकरण की योजना के चलते उनके घर प्रभावित हो सकते हैं। इसी चिंता को लेकर बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी नगर निगम मुख्यालय पहुंचे और नेता प्रतिपक्ष से मुलाकात कर अपनी परेशानियां साझा कीं। लोगों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से नगर निगम की टीम इलाके में घर-घर जाकर सर्वे कर रही है। इस दौरान मकानों की लंबाई, चौड़ाई और गहराई की माप ली जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार कई जगह कर्मचारियों ने घरों के भीतर जाकर भी नाप-जोख की और मकान से जुड़े दस्तावेज लेकर दफ्तर आने के लिए कहा। रहवासियों का दावा है कि कर्मचारियों ने बताया कि यह प्रक्रिया “कैनाल रोड 2.0” योजना के तहत सड़क चौड़ीकरण के लिए की जा रही है। सर्वे के बाद इलाके में डर का माहौल बन गया है। लोगों का कहना है कि उन्हें समझ नहीं आ रहा कि उनके मकान सुरक्षित रहेंगे या तोड़ दिए जाएंगे। कई परिवार वर्षों से यहां रह रहे हैं और उनका पूरा जीवन इसी इलाके में बीता है। ऐसे में अचानक शुरू हुए सर्वे ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय निवासियों ने यह भी आरोप लगाया कि वे इस मामले को लेकर महापौर से भी मिल चुके हैं, लेकिन उन्हें अब तक कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला। डर और अनिश्चितता की वजह से कई लोग मानसिक तनाव में हैं और नियमित कामकाज भी प्रभावित हो रहा है। रहवासियों का कहना है कि कभी घर के सामने हिस्से की माप ली जा रही है तो कभी कर्मचारियों द्वारा घर के अंदर जाकर सर्वे किया जा रहा है, जिससे पूरे इलाके में दहशत जैसी स्थिति बन गई है। मामले पर नेता प्रतिपक्ष Akash Tiwari ने लोगों को भरोसा दिलाया है कि किसी भी परिवार को बेघर नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि जरूरत पड़ी तो लोगों के घर बचाने के लिए हर स्तर पर संघर्ष किया जाएगा।

कैनाल रोड 2.0 से बढ़ी चिंता: सड़क चौड़ीकरण के सर्वे के बाद 1500 परिवारों को घर टूटने का डर Read Post »

GOVERNMENT, protest, Raipur

रायपुर में फिर बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम, 4 दिन में दूसरी बार महंगाई का झटका

रायपुर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में मंगलवार को एक बार फिर बढ़ोतरी दर्ज की गई। तेल कंपनियों ने दोनों ईंधनों के दाम में करीब 90 पैसे प्रति लीटर की वृद्धि की है। इससे पहले 15 मई को भी पेट्रोल और डीजल के दाम में 3-3 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई थी। लगातार दूसरी बार कीमत बढ़ने से आम लोगों पर महंगाई का अतिरिक्त बोझ पड़ने वाला है। राजधानी रायपुर में अब पेट्रोल की कीमत लगभग 104.32 रुपए प्रति लीटर और डीजल की कीमत करीब 97.38 रुपए प्रति लीटर पहुंच गई है। डीजल महंगा होने का असर केवल वाहन चालकों तक सीमित नहीं रहेगा। ट्रांसपोर्ट खर्च बढ़ने से दूसरे राज्यों से आने वाली सब्जियां, फल, राशन और अन्य जरूरी सामान भी महंगे हो सकते हैं। खेती-किसानी में इस्तेमाल होने वाले ट्रैक्टर और पंपिंग सेट की लागत बढ़ने की संभावना है। इसके अलावा बस, ऑटो और स्कूल वाहनों के किराए में भी बढ़ोतरी हो सकती है। इधर रायगढ़ जिले के खरसिया क्षेत्र में खाद्य विभाग की टीम ने अनियमितता और नियमों के उल्लंघन के आरोप में वंदना पेट्रोल पंप को सील कर दिया है। विभाग को स्टॉक में गड़बड़ी की शिकायत मिली थी, जिसके बाद कार्रवाई की गई। इससे पहले ईंधन की कीमत बढ़ने और सप्लाई प्रभावित होने की अफवाहों के चलते रायपुर समेत प्रदेश के कई शहरों में पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें लग गई थीं। लोग जरूरत से ज्यादा पेट्रोल-डीजल भरवाने लगे थे, जिससे कई जगहों पर पंपों पर दबाव बढ़ गया था। हालांकि फिलहाल स्थिति सामान्य बताई जा रही है। ईंधन संकट और ब्लैक मार्केटिंग की आशंका को देखते हुए प्रशासन भी सतर्क हो गया है। रायपुर कलेक्टर कार्यालय की ओर से शिकायत दर्ज कराने के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं। यदि कहीं अधिक कीमत वसूली या अवैध बिक्री की जानकारी मिले तो लोग 9977222564, 9977222574, 9977222584 और 9977222594 पर शिकायत कर सकते हैं। भारत अपनी जरूरत का अधिकांश कच्चा तेल विदेशों से आयात करता है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्रूड ऑयल की कीमत, डॉलर के मुकाबले रुपए की स्थिति, रिफाइनिंग खर्च, केंद्र सरकार की एक्साइज ड्यूटी, डीलर कमीशन और राज्य सरकार के वैट को जोड़ने के बाद पेट्रोल और डीजल की अंतिम कीमत तय होती है। विशेषज्ञों के अनुसार अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी इस बढ़ोतरी की मुख्य वजह है। ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के बाद क्रूड ऑयल की कीमत 70 डॉलर प्रति बैरल से बढ़कर 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गई है। इसी दबाव के चलते तेल कंपनियों ने कीमतों में बढ़ोतरी की है। आने वाले दिनों में यदि अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेजी जारी रहती है तो ईंधन की कीमतों में और इजाफा हो सकता है।

रायपुर में फिर बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम, 4 दिन में दूसरी बार महंगाई का झटका Read Post »

Raipur, State, Top News
Scroll to Top