बिलासपुर में कोचिंग स्टाफ की गुंडागर्दी: ट्यूटर को बीच सड़क पर पीटा, पत्नी बच्चे को लेकर बचाने की करती रही कोशिश — वीडियो वायरल
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर में एक ट्यूटर और उसकी पत्नी के साथ आचार्य इंस्टीट्यूट के स्टाफ द्वारा सरेआम मारपीट करने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। विवाद का कारण सिर्फ इतना था कि ट्यूटर ने कोचिंग सेंटर के सामने पम्पलेट बांटे, जिससे नाराज होकर इंस्टीट्यूट के दो स्टाफ ने उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। पम्पलेट बांटने पर शुरू हुआ विवाद जानकारी के अनुसार, क्रांति नगर निवासी अभय अग्रवाल अपनी पत्नी सेफाली कला मौर्य के साथ बच्चों को घर पर कोचिंग पढ़ाते हैं। 6 नवंबर को दोनों अपने दो साल के बच्चे को साथ लेकर सीएमडी कॉलेज के पास अपनी कोचिंग का प्रचार करने पहुंचे थे। जब वे आचार्य इंस्टीट्यूट के सामने पम्पलेट बांट रहे थे, तभी वहां मौजूद दो टीचर — आदिल और सर्वेश — उनसे बहस करने लगे। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ने ट्यूटर को गालियां देते हुए मारपीट शुरू कर दी। पत्नी अपने मासूम बच्चे को गोद में लेकर पति को बचाने की कोशिश करती रही, लेकिन आरोपियों ने उसकी एक न सुनी। FIR दर्ज, पुलिस ने शुरू की जांच पीड़ित ट्यूटर अभय अग्रवाल ने इस मामले की शिकायत तारबाहर थाने में दर्ज कराई है। टीआई कृष्णचंद सिदार ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मारपीट और धमकी देने का केस दर्ज किया गया है। पुलिस अब दोनों की तलाश में जुटी है। वायरल वीडियो में दिखी हिंसा सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दोनों आरोपी शिक्षक ट्यूटर को गाली-गलौज करते हुए थप्पड़ और मुक्के मारते हुए दिखाई दे रहे हैं। इसी दौरान अभय की पत्नी बच्चे को लेकर बीच-बचाव करती दिखती है, जबकि आरोपी स्टाफ उसे भी धमकाते हैं। कोचिंग सेंटर्स की बढ़ती प्रतिस्पर्धा से उपजा विवाद शहर में दर्जनों कोचिंग सेंटर्स एक-दूसरे से छात्रों को आकर्षित करने की होड़ में लगे हुए हैं। मार्केटिंग और प्रचार-प्रसार को लेकर कई बार कोचिंग संचालकों के बीच टकराव की स्थिति बनती रहती है। बताया जा रहा है कि इस घटना के पीछे भी यही प्रतिस्पर्धा एक बड़ी वजह है। वहीं, शहर में कोचिंग संस्थानों के संचालन को लेकर प्रशासन की कोई ठोस निगरानी नहीं है, जिसके कारण ऐसे विवाद लगातार सामने आ रहे हैं।










