Bilaspur news

बिलासपुर में पंजाब से मंगाई जा रही थी ड्रग्स, ट्रांसपोर्टर समेत 2 तस्कर गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में पंजाब से प्रतिबंधित ड्रग्स मंगाकर बेचने वाले दो आरोपियों को ACCU और चकरभाठा पुलिस की टीम ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में एक ट्रांसपोर्ट कारोबारी भी शामिल है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 2.60 लाख रुपए कीमत की 26 ग्राम MDMA ड्रग्स बरामद की है। जानकारी के मुताबिक, पुलिस को लंबे समय से चकरभाठा इलाके में सूखे नशे के कारोबार की सूचना मिल रही थी। इसके बाद सिविल लाइन CSP निमितेश सिंह के निर्देश पर ACCU और चकरभाठा पुलिस संदिग्धों पर नजर रख रही थी। मंगलवार देर रात मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम रहंगी के खोलीभाटा मैदान में एक संदिग्ध कार खड़ी है, जिसमें दो युवक भारी मात्रा में नशीला पदार्थ लेकर ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही कार सवार आरोपी भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन टीम ने चारों ओर से घेरकर उन्हें पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से 26.05 ग्राम चमकीला नशीला पाउडर बरामद हुआ, जिसे जांच में MDMA ड्रग्स पाया गया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी Chandresh Balecha ट्रांसपोर्ट का कारोबार करता है और उसने अपने नेटवर्क के जरिए पंजाब बॉर्डर के तस्करों से संपर्क कर ड्रग्स मंगाई थी। इसके बाद वह Mahesh Verma के साथ मिलकर इसे ऊंची कीमत में बेचने की तैयारी कर रहा था। दोनों कुछ ग्राहकों से सौदा भी तय कर चुके थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से ड्रग्स, एक कार समेत करीब 13 लाख रुपए का सामान जब्त किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

बिलासपुर में पंजाब से मंगाई जा रही थी ड्रग्स, ट्रांसपोर्टर समेत 2 तस्कर गिरफ्तार Read Post »

Bilaspur, Crime

ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में छत्तीसगढ़ बंद: 18 हजार मेडिकल स्टोर बंद, कई शहरों में प्रदर्शन

देशभर में ऑनलाइन दवा बिक्री के खिलाफ आज केमिस्ट संगठनों ने बड़ा विरोध प्रदर्शन किया। छत्तीसगढ़ में इसका व्यापक असर देखने को मिला, जहां करीब 18 हजार मेडिकल स्टोर बंद रहे। इसमें थोक और रिटेल दोनों तरह की दवा दुकानें शामिल हैं। राजधानी रायपुर और बिलासपुर में सुबह से ही मेडिकल स्टोर बंद नजर आए। सरगुजा में दवा व्यापारियों ने बाइक रैली निकालकर ऑनलाइन फार्मेसी का विरोध किया। इस दौरान अपोलो फार्मेसी के सामने प्रदर्शन और नारेबाजी की गई। रैली शहर के कई प्रमुख चौकों से होकर घड़ी चौक तक पहुंची। बस्तर जिले में भी हड़ताल का असर दिखाई दिया। जिले की लगभग 300 मेडिकल दुकानें और जगदलपुर शहर की करीब 120 दुकानें बंद रहीं। हालांकि मरीजों की परेशानी को देखते हुए कई संचालकों ने ऑनलाइन संपर्क नंबर जारी किए हैं। वहीं महारानी अस्पताल के सामने विरोध प्रदर्शन भी किया गया। रायगढ़ में लगभग 760 मेडिकल स्टोर बंद रहे। दवा व्यापारियों ने रामनिवास टॉकीज चौक पर प्रदर्शन कर ऑनलाइन दवा बिक्री के खिलाफ आवाज उठाई। इमरजेंसी जरूरतों के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए। दवा व्यापारियों का कहना है कि ऑनलाइन कंपनियां भारी डिस्काउंट देकर छोटे मेडिकल स्टोर्स के कारोबार को नुकसान पहुंचा रही हैं। इस आंदोलन को व्यापारिक संगठन CAIT, चेंबर ऑफ कॉमर्स और कांग्रेस के चिकित्सा प्रकोष्ठ का भी समर्थन मिला है। CAIT के राष्ट्रीय वाइस चेयरमैन अमर पारवानी ने कहा कि यह सिर्फ दवा व्यापार का मामला नहीं, बल्कि छोटे व्यापारियों और स्थानीय बाजार व्यवस्था को बचाने की लड़ाई है। वहीं डिस्ट्रिक्ट केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष विनय कृपलानी ने कहा कि ऑनलाइन फार्मेसी के कारण छोटे दुकानदारों का व्यापार लगातार प्रभावित हो रहा है। इधर छत्तीसगढ़ खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने मरीजों को परेशानी से बचाने के लिए जरूरी दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए हैं। जनऔषधि केंद्रों, सरकारी अस्पतालों, धन्वंतरी मेडिकल स्टोर्स और अन्य मेडिकल दुकानों के जरिए लोगों को दवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि जरूरत से ज्यादा दवाओं का स्टॉक न करें।

ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में छत्तीसगढ़ बंद: 18 हजार मेडिकल स्टोर बंद, कई शहरों में प्रदर्शन Read Post »

protest, Raipur, State, Top News

बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई: 8 महिला समेत 11 तस्कर गिरफ्तार, 104 किलो गांजा जब्त

Bilaspur में पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल ने दो अलग-अलग कार्रवाइयों में बड़ी मात्रा में गांजा जब्त कर 11 तस्करों को गिरफ्तार किया है। कुल मिलाकर 104 किलो से अधिक गांजा पकड़ा गया, जिसकी कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है। पहली कार्रवाई में ACCU और सरकंडा थाना पुलिस ने रेलवे स्टेशन के पास घेराबंदी कर 8 महिला तस्करों को गिरफ्तार किया। ये महिलाएं दो इलेक्ट्रिक ऑटो में सवार थीं और ओडिशा से ट्रेन के जरिए कपड़ों की गठरियों के बीच छिपाकर गांजा लेकर आई थीं। पुलिस के अनुसार, सूचना मिलने के बाद सीपत रोड की ओर जा रहे दोनों ऑटो को रोका गया। तलाशी के दौरान 8 बोरियों और कपड़ों के गट्ठरों में छिपाए गए लगभग 90 किलो गांजे के 86 पैकेट बरामद हुए। गिरफ्तार सभी महिलाएं मटियारी गांव की रहने वाली बताई गई हैं। पूछताछ में उन्होंने खुद को मजदूरी के लिए बाहर जाने वाला बताया था, लेकिन जांच में गांजा तस्करी का खुलासा हुआ। पुलिस ने सभी के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और पूरे नेटवर्क की जांच जारी है। दूसरी कार्रवाई में रेलवे सुरक्षा बल (GRP) ने भी तीन तस्करों को पकड़ा है, जो महाराष्ट्र से ट्रेन के जरिए गांजा लेकर आ रहे थे। तलाशी के दौरान उनके पास से करीब 14.5 किलो गांजा बरामद हुआ। तीनों आरोपियों की पहचान महाराष्ट्र के अमरावती निवासी के रूप में हुई है। उन्हें प्लेटफॉर्म पर निगरानी के दौरान गिरफ्तार किया गया और बाद में न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। पुलिस का मानना है कि दोनों मामलों में अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क सक्रिय है, जिसमें ओडिशा और महाराष्ट्र से गांजे की सप्लाई छत्तीसगढ़ में की जा रही थी। फिलहाल पूरे रैकेट और सप्लायर नेटवर्क की जांच जारी है।

बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई: 8 महिला समेत 11 तस्कर गिरफ्तार, 104 किलो गांजा जब्त Read Post »

Bilaspur, Crime

बिलासपुर डैम हादसा: बच्चे को बचाने उतरे युवक की डूबने से मौत

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में डैम में एक बच्चे को बचाने के दौरान एक युवक की डूबने से मौत हो गई। यह घटना रतनपुर थाना क्षेत्र के लछनपुर स्थित चचई डैम की है। जानकारी के अनुसार, जरहाभाठा क्षेत्र से करीब 10-15 युवक रविवार को पिकनिक मनाने डैम पहुंचे थे। कुछ युवक पानी में नहा रहे थे, तभी एक बच्चा अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। यह देखकर 20 साल का धीरज रात्रे तुरंत उसे बचाने के लिए पानी में कूद गया। उसने बच्चे को पकड़कर सुरक्षित बाहर निकाल दिया, लेकिन खुद पानी से बाहर नहीं निकल सका और डूब गया। पानी की गहराई और तेज बहाव के कारण वह डैम से बाहर नहीं आ पाया। इसके बाद वहां अफरा-तफरी मच गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर रतनपुर और कोटा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू शुरू किया गया। करीब दो घंटे की तलाश के बाद धीरज का शव पानी से बाहर निकाला गया। जिस बच्चे को बचाया गया, वह सुरक्षित बताया जा रहा है। घटना के बाद मृतक के परिवार में शोक का माहौल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है।

बिलासपुर डैम हादसा: बच्चे को बचाने उतरे युवक की डूबने से मौत Read Post »

Accident, Bilaspur, Top News

बिलासपुर में युवकों पर लाठी-रॉड से हमला, पेट्रोल पंप ऑफिस में घुसकर की बेरहमी से पिटाई

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में दो युवकों की बेरहमी से पिटाई का मामला सामने आया है। इस घटना का CCTV वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में कुछ युवक लाठी-डंडे और लोहे की रॉड लेकर हमला करते दिखाई दे रहे हैं। दोनों घायल युवकों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामला पचपेड़ी थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, विवाद बाइक टक्कर के बाद शुरू हुआ। पीड़ित युवकों ने एक बाइक सवार को धीरे गाड़ी चलाने के लिए कहा था। इसी बात से नाराज होकर आरोपी अपने साथियों के साथ वापस आया और हमला कर दिया। पुलिस ने बताया कि प्रभाकर मार्शल अपने दोस्तों निमेश राय और दिलेश्वर मार्शल के साथ गांव में एक कार्यक्रम की सूचना देने निकला था। इसी दौरान पेट्रोल पंप के पास उनकी बाइक को तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों पक्षों में बहस हो गई। आरोप है कि बादल जांगड़े नाम के युवक ने पहले गाली-गलौज की, फिर बेल्ट से मारपीट शुरू कर दी। कुछ देर बाद उसके साथी भी वहां पहुंच गए और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट से बचने के लिए एक युवक पेट्रोल पंप के ऑफिस में भाग गया, लेकिन आरोपी वहां भी पहुंच गए और उसके साथ मारपीट करते रहे। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। CCTV वीडियो के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बिलासपुर में युवकों पर लाठी-रॉड से हमला, पेट्रोल पंप ऑफिस में घुसकर की बेरहमी से पिटाई Read Post »

Bilaspur, Crime, State, Top News

तोरवा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 10 फरार वारंटी गिरफ्तार कर भेजे गए जेल

Bilaspur के तोरवा थाना पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर 10 फरार वारंटियों को गिरफ्तार किया है। ये सभी आरोपी जमानत पर रिहा होने के बाद भी लगातार न्यायालय में पेश नहीं हो रहे थे, जिसके चलते कोर्ट ने उनके खिलाफ वारंट जारी किया था। शनिवार को पुलिस ने शहर के अलग-अलग इलाकों में छापेमार कार्रवाई कर इन आरोपियों को पकड़ा। कार्रवाई के दौरान 8 गैर-जमानती और 2 जमानती वारंट तामील किए गए। गिरफ्तारी के बाद सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी पहले अलग-अलग मामलों में जेल जा चुके थे और बाद में उन्हें सशर्त जमानत दी गई थी। लेकिन जमानत की शर्तों का पालन न करने और कोर्ट में अनुपस्थित रहने के कारण उनके खिलाफ वारंट जारी किया गया था। गिरफ्तार आरोपियों में देवरीडीह, देवरीखुर्द, तोरवा बस्ती और आसपास के क्षेत्रों के निवासी शामिल हैं। इनमें अमर ध्रुव, रोहित ध्रुव, देवेंद्र सिंह ठाकुर, छोटू उर्फ रितेश रजक, अल्हा रजक, प्रकाश दास, अमर रजक, विशाल ध्रुव और संजय केंवट सहित अन्य नाम शामिल हैं। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान में तोरवा पुलिस ने फरार वारंटियों की लगातार तलाश कर यह कार्रवाई पूरी की।

तोरवा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 10 फरार वारंटी गिरफ्तार कर भेजे गए जेल Read Post »

Bilaspur

बिलासपुर के पास कोयला लदी मालगाड़ी में लगी आग, रेलवे प्रशासन में मचा हड़कंप

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में उस समय हड़कंप मच गया, जब कोयले से भरी एक मालगाड़ी के वैगन में अचानक आग लग गई। यह घटना गतौरा रेलवे स्टेशन के पास की बताई जा रही है। आग लगने की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन और दमकल विभाग तुरंत हरकत में आ गया। जानकारी के अनुसार, मालगाड़ी बिलासपुर की ओर आ रही थी। इसी दौरान ट्रेन के एक वैगन से धुआं और आग की लपटें निकलती दिखाई दीं। स्थिति गंभीर होते देख रेलवे कर्मचारियों ने तत्काल ट्रेन को गतौरा स्टेशन के पास रोक दिया और इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को दी गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाने की कोशिश जारी रही। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि भीषण गर्मी और अत्यधिक तापमान के कारण कोयले में आग लगी हो सकती है। हालांकि आग लगने के सही कारणों का पता लगाने के लिए रेलवे प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। इस घटना के चलते कुछ समय के लिए रेल परिचालन भी प्रभावित होने की जानकारी सामने आई है। सुरक्षा के मद्देनजर आसपास के ट्रैक और वैगनों की जांच की गई ताकि किसी बड़े हादसे को रोका जा सके। गनीमत रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जल्द ही परिचालन सामान्य कर दिया जाएगा। फिलहाल रेलवे प्रशासन आग लगने के कारणों और संभावित नुकसान का आकलन करने में जुटा हुआ है।

बिलासपुर के पास कोयला लदी मालगाड़ी में लगी आग, रेलवे प्रशासन में मचा हड़कंप Read Post »

Accident, Bilaspur, State, Top News

बिलासपुर में कबाड़ दुकान से मिला 18 किलो चांदी का पार्सल, 2400 ग्राम गायब, कबाड़ी फरार

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां वीआईपी कुरियर के जरिए भेजा गया सराफा कारोबारी का 18 किलो चांदी का पार्सल कबाड़ दुकान से बरामद हुआ, लेकिन उसमें से 2400 ग्राम चांदी गायब पाई गई। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, सदर बाजार स्थित प्रतिमा ज्वेलर्स के मालिक ने राजकोट से लगभग 28 किलो चांदी की ज्वेलरी मंगाई थी, जिसे दो अलग-अलग पैकेट में लॉजिस्टिक के जरिए रायपुर भेजा गया था। इसके बाद रायपुर से वीआईपी कुरियर कंपनी के माध्यम से दोनों पार्सल बिलासपुर पहुंचाए गए। 9 अप्रैल की सुबह कुरियर ब्वॉय पार्सल लेकर निकला था, लेकिन रास्ते में एक पार्सल संदिग्ध परिस्थितियों में गिर गया। बाद में कारोबारी को केवल 10 किलो का एक पार्सल ही मिला, जबकि दूसरा 18 किलो का पार्सल लापता हो गया। शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसी दौरान पुराना बस स्टैंड क्षेत्र स्थित राजीव प्लाजा के पास एक दुकान के एडवांस कैमरे में फुटेज मिला, जिसमें कबाड़ दुकान के सामने पार्सल गिरता हुआ दिखाई दिया। यह कैमरा लगभग 300 मीटर दूर होने के बावजूद स्पष्ट रिकॉर्डिंग कर रहा था। पुलिस ने कबाड़ दुकान पर दबिश देकर पार्सल बरामद किया, लेकिन जांच में पाया गया कि उसमें से 2400 ग्राम चांदी गायब है। पूछताछ में सामने आया कि कबाड़ दुकान संचालक छोटू पांडेय मौके से फरार हो गया है और उसी पर चांदी लेकर भागने का शक जताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

बिलासपुर में कबाड़ दुकान से मिला 18 किलो चांदी का पार्सल, 2400 ग्राम गायब, कबाड़ी फरार Read Post »

Bilaspur, Top News

बिलासपुर में आवारा कुत्ते का हमला: दो मासूम बच्चों की आंखों पर गंभीर चोट, सर्जरी से बचाई गई रोशनी

बिलासपुर जिले में आवारा कुत्ते के हमले में दो छोटे बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। हमले में बच्चों के चेहरे, आंखों और पलकों पर गहरी चोटें आईं। दोनों का इलाज सिम्स अस्पताल में किया गया, जहां डॉक्टरों ने जटिल सर्जरी कर उनकी आंखों की रोशनी बचाई। डॉक्टरों ने इसे कैटेगरी-3 डॉग बाइट का मामला बताया है, जिसमें रेबीज संक्रमण का खतरा काफी अधिक रहता है। घटना बिल्हा विकासखंड के बटोरी गांव की है। बताया जा रहा है कि दो साल का एक लड़का और दो साल की एक बच्ची घर के बाहर खेल रहे थे, तभी एक आवारा कुत्ते ने अचानक उन पर हमला कर दिया। कुत्ते ने बच्चों के चेहरे और आंखों के आसपास बुरी तरह काट लिया। घटना के बाद परिजन तुरंत दोनों बच्चों को Chhattisgarh Institute of Medical Sciences लेकर पहुंचे। जांच में डॉक्टरों ने पाया कि बच्चों की पलकों और आंखों के आसपास गंभीर जख्म हैं। संक्रमण के खतरे को देखते हुए तत्काल घावों की सफाई की गई और बच्चों को एंटी-रेबीज वैक्सीन (ARV) तथा रेबीज इम्युनोग्लोबुलिन (RIG) दिया गया। आंखों और पलकों को गंभीर नुकसान पहुंचने के कारण डॉक्टरों ने तुरंत ‘अर्जेंट लिड रिपेयर सर्जरी’ की। ऑपरेशन के दौरान क्षतिग्रस्त हिस्सों को सावधानीपूर्वक ठीक किया गया, ताकि आंखों की संरचना और रोशनी सुरक्षित रखी जा सके। फिलहाल दोनों बच्चों की हालत स्थिर बताई जा रही है और वे डॉक्टरों की निगरानी में हैं। इस जटिल इलाज में नेत्र रोग विशेषज्ञ Prabha Sonwani, Sanjay Choudhary, Aarti, Aniket के साथ निश्चेतना विभाग की Yasha Tiwari और Dropati समेत मेडिकल टीम शामिल रही। सिम्स के अधिष्ठाता Ramanesh Murti ने कहा कि कुत्ते के काटने जैसे मामलों में समय पर इलाज बेहद जरूरी होता है। थोड़ी भी लापरवाही मरीज की जान के लिए खतरा बन सकती है। वहीं मेडिकल सुपरिटेंडेंट Lakhan Singh ने लोगों से अपील की कि डॉग बाइट के मामलों में घरेलू इलाज या अंधविश्वास के बजाय तुरंत अस्पताल जाकर इलाज कराएं। विशेषज्ञों ने बताया कि रेबीज संक्रमित जानवर के काटने, खरोंच या लार के संपर्क से फैलने वाली बेहद खतरनाक बीमारी है। समय पर इलाज नहीं मिलने पर मरीज में पानी से डर लगना, सांस लेने में परेशानी, मानसिक भ्रम और लकवा जैसे गंभीर लक्षण दिखाई दे सकते हैं। इस घटना के बाद स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने नगर निगम और प्रशासन से आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या पर नियंत्रण, नसबंदी अभियान और रेबीज जागरूकता कार्यक्रम तेज करने की मांग की है। नगर निगम कमिश्नर Prakash Kumar Sarve ने बताया कि आवारा कुत्तों की नसबंदी के लिए घुरू-अमेरी क्षेत्र में सेंटर संचालित किया जा रहा है। पिछले साल इस अभियान पर करीब 80 लाख रुपए खर्च किए गए और 6100 कुत्तों की नसबंदी की गई। वहीं बीते दो महीनों में 680 आवारा कुत्तों की नसबंदी की जा चुकी है।

बिलासपुर में आवारा कुत्ते का हमला: दो मासूम बच्चों की आंखों पर गंभीर चोट, सर्जरी से बचाई गई रोशनी Read Post »

Accident, Bilaspur, Chhattisgarh, GOVERNMENT, Health, State, Top News

12वीं हिंदी पेपर लीक का मास्टरमाइंड गिरफ्तार: NSUI नेता पर 3 हजार में प्रश्नपत्र बेचने का आरोप

छत्तीसगढ़ बोर्ड की 12वीं हिंदी परीक्षा के पेपर लीक मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। रायपुर क्राइम ब्रांच और कोतवाली थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मामले के मुख्य आरोपी वेणु उर्फ वेणु जंघेल को बिलासपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर छात्रों से पैसे लेकर प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने और सबूत मिटाने की कोशिश करने का आरोप है। पूछताछ के बाद उसे कोर्ट में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, माध्यमिक शिक्षा मंडल की 12वीं हिंदी परीक्षा का पेपर सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कोतवाली थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच टीम गठित की गई थी। जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि पेपर लीक से जुड़े लोग मोबाइल चैट और सोशल मीडिया रिकॉर्ड समेत डिजिटल साक्ष्य मिटाने में जुटे हुए हैं। इसके बाद साइबर एक्सपर्ट्स की मदद से डिलीट किए गए डेटा को रिकवर किया गया। पुलिस ने करीब 50 से अधिक छात्रों और संदिग्ध लोगों से पूछताछ की, जिसके बाद मुख्य आरोपी तक पहुंचा जा सका। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी छात्रों से 3 हजार रुपए लेकर प्रश्नपत्र उपलब्ध कराता था। आरोपी बेमेतरा जिले के ग्राम बरसरा का रहने वाला है और रायपुर के गोकुल नगर इलाके में रह रहा था। मामला सामने आने के बाद से वह फरार था। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी ने मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सबूत नष्ट करने की कोशिश भी की थी। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर 5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। तकनीकी निगरानी, डिजिटल ट्रैकिंग और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने उसे बिलासपुर से गिरफ्तार किया। चार दिन की रिमांड के दौरान आरोपी से पेपर लीक नेटवर्क, पैसों के लेन-देन और अन्य लोगों की संलिप्तता को लेकर पूछताछ की गई। पुलिस का कहना है कि मामले में और लोगों की भूमिका सामने आ सकती है और जल्द ही अन्य गिरफ्तारियां भी हो सकती हैं। कोतवाली थाना प्रभारी Satish Thakur ने आरोपी की गिरफ्तारी और जेल भेजे जाने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पूछताछ में कई अहम जानकारियां मिली हैं, जिनकी जांच जारी है।

12वीं हिंदी पेपर लीक का मास्टरमाइंड गिरफ्तार: NSUI नेता पर 3 हजार में प्रश्नपत्र बेचने का आरोप Read Post »

Bilaspur, Chhattisgarh, Education, NSUI, Raipur, State, Top News
Scroll to Top