Crime

रायपुर में युवती के फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी, 5 लाख की मांग; आरोपी के खिलाफ केस दर्ज

रायपुर में एक युवती के कथित अश्लील फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर पैसे मांगने का मामला सामने आया है। आरोपी ने युवती की मां से 5 लाख रुपए की मांग की और पैसे नहीं देने पर परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। पीड़िता की शिकायत पर सिटी कोतवाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह घटना शहर के टैगोर नगर क्षेत्र की बताई जा रही है। यहां एक निजी अपार्टमेंट में रहने वाली महिला ने पुलिस को बताया कि 5 मार्च की रात करीब 10 बजे वह पुजारी पार्क के पीछे अपने पालतू कुत्ते को टहलाने गई थीं। इसी दौरान बैजनाथपारा निवासी हार्दिक जैन वहां पहुंचा और उनसे बातचीत करते हुए धमकाने लगा। महिला के अनुसार आरोपी ने दावा किया कि उसके पास उनकी बेटी के आपत्तिजनक फोटो और वीडियो हैं। उसने कहा कि अगर परिवार की भलाई चाहती हैं तो 5 लाख रुपए दे दें, नहीं तो वह इन तस्वीरों और वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा। अचानक मिली इस धमकी से महिला घबरा गईं। उन्होंने उससे सवाल किए तो आसपास कुछ लोग इकट्ठा हो गए, जिसके बाद आरोपी मौके से भाग गया। पीड़िता ने यह भी बताया कि अगले दिन 6 मार्च की दोपहर करीब 4 बजे आरोपी ने उन्हें फोन कर दोबारा धमकी दी। इस बार उसने पैसे नहीं देने पर उनके पति को चाकू मारने और उनकी बेटी को घर से उठाने की धमकी दी। लगातार मिल रही धमकियों से महिला और उनका परिवार काफी डरे हुए हैं। इसके बाद उन्होंने सिटी कोतवाली थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। इस मामले में कोतवाली थाना प्रभारी सतीश ठाकुर ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

रायपुर में युवती के फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी, 5 लाख की मांग; आरोपी के खिलाफ केस दर्ज Read Post »

Chhattisgarh, Crime, Raipur, Top News

रायपुर में महिला समेत दो आरोपी गांजा तस्करी करते गिरफ्तार, 6 किलो से ज्यादा गांजा और एक्टिवा जब्त

रायपुर पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में एक महिला सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 6.140 किलोग्राम गांजा और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक एक्टिवा स्कूटी बरामद की गई है। जब्त किए गए सामान की कुल कीमत करीब 3.57 लाख रुपए बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार महिला की पहचान माधुरी जैन उर्फ डॉली (37) के रूप में हुई है, जो खमतराई थाना क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटर उदय जैन की पत्नी है। उदय जैन फिलहाल नारकोटिक एक्ट से जुड़े एक मामले में जेल में बंद है। वहीं दूसरे आरोपी का नाम कृष्ण साहू (18) है, जो रायपुर के सन्यासी पारा इलाके का निवासी है। इस कार्रवाई को पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (मध्य) उमेश प्रसाद गुप्ता के निर्देशन में अंजाम दिया गया। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और तेलीबांधा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मिलकर आरोपियों को पकड़ा। मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई पुलिस को 7 मार्च को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि एक महिला और एक युवक एक्टिवा से आरंग की तरफ से रायपुर की ओर आ रहे हैं और उनके बैग में गांजा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने आरंग-रायपुर रिंग रोड पर एक कार शोरूम के पास नाकेबंदी कर दी। कुछ देर बाद मुखबिर के बताए हुलिए से मिलती-जुलती एक्टिवा वहां पहुंची। पुलिस ने वाहन रोकने का संकेत दिया, लेकिन चालक ने भागने की कोशिश की। इसके बाद पुलिस टीम ने पीछा कर दोनों को घेराबंदी कर पकड़ लिया। बैग की तलाशी में मिला गांजा पुलिस द्वारा तलाशी लेने पर आरोपियों के बैग से 6.140 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने गांजा और एक्टिवा (CG-04-NY-9483) को जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। सिंडिकेट के अन्य सदस्यों की तलाश पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी महिला गांजा कहां से लेकर आई थी और इस तस्करी में और कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस पूरे सिंडिकेट का पता लगाने और इसमें शामिल अन्य आरोपियों को पकड़ने के प्रयास में जुटी हुई है।

रायपुर में महिला समेत दो आरोपी गांजा तस्करी करते गिरफ्तार, 6 किलो से ज्यादा गांजा और एक्टिवा जब्त Read Post »

Chhattisgarh, Crime, Raipur, Top News

छत्तीसगढ़ के 400 बच्चे अब भी लापता, देशभर में 33 हजार से ज्यादा केस; लड़कियों की संख्या अधिक

देश में बच्चों के लापता होने के मामले लगातार चिंता का विषय बने हुए हैं। महिला एवं बाल विकास मंत्रालय की ‘मिसिंग चिल्ड्रन’ रिपोर्ट के अनुसार, छत्तीसगढ़ से अब भी 400 बच्चे लापता हैं, जिनका अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। रिपोर्ट में बताया गया है कि 1 जनवरी 2025 से 31 जनवरी 2026 के बीच देशभर में कुल 33,577 बच्चों के लापता होने के मामले सामने आए। इनमें से 7,777 बच्चों का अब तक पता नहीं चल सका है, जबकि बाकी बच्चों को पुलिस और प्रशासन ने ढूंढ लिया है। इसी अवधि में छत्तीसगढ़ से कुल 982 बच्चों के लापता होने की जानकारी सामने आई। इनमें से 582 बच्चों को बरामद कर लिया गया है, लेकिन 400 बच्चे अभी भी लापता हैं। लापता बच्चों के मामलों में छत्तीसगढ़ देश में छठे स्थान पर है। रिपोर्ट के मुताबिक, प्रदेश में सबसे अधिक 14 से 17 वर्ष आयु वर्ग के बच्चे लापता हुए हैं। इनमें लड़कियों की संख्या लड़कों की तुलना में ज्यादा बताई गई है, जो एक गंभीर चिंता का विषय माना जा रहा है। पश्चिम बंगाल में सबसे ज्यादा मामले रिपोर्ट के अनुसार, बच्चों के लापता होने के मामलों में पश्चिम बंगाल देश में पहले स्थान पर है। यहां कुल 19,145 बच्चे लापता हुए। इनमें से 15,465 बच्चों को खोज लिया गया, जबकि 3,680 बच्चे अब भी नहीं मिल सके हैं। इसके बाद मध्य प्रदेश दूसरे स्थान पर है, जहां इस अवधि में 4,256 बच्चे लापता हुए। इनमें से 1,059 बच्चों का अब तक कोई पता नहीं चल पाया है। कुछ राज्यों में दर्ज नहीं हुए मामले रिपोर्ट के अनुसार, नागालैंड, अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर, त्रिपुरा, गुजरात, लक्षद्वीप और दादरा एवं नगर हवेली में इस अवधि के दौरान बच्चों के लापता होने की कोई शिकायत दर्ज नहीं की गई है।

छत्तीसगढ़ के 400 बच्चे अब भी लापता, देशभर में 33 हजार से ज्यादा केस; लड़कियों की संख्या अधिक Read Post »

Bhilai / Durg, Bilaspur, Chhattisgarh, Crime, Political, Raipur, Top News

रायपुर में गर्भवती इंटीरियर डिजाइनर से मारपीट, डॉग रेस्क्यू टीम पर थप्पड़ और मोबाइल छीनने का आरोप

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पालतू कुत्ते की देखभाल को लेकर हुए विवाद में एक गर्भवती महिला के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि खुद को पशु प्रेमी रेस्क्यू संस्था की सदस्य बताने वाली महिलाओं ने बीच सड़क महिला को थप्पड़ मारा, उसकी टी-शर्ट खींची और धक्का दिया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दो महिलाएं गर्भवती से मारपीट करती दिखाई दे रही हैं। यह पूरा मामला रायपुर के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। पीड़िता गुरप्रीत कौर, जो भिलाई के नेहरू नगर की रहने वाली हैं और इंटीरियर डिजाइनिंग का काम करती हैं, ने रेस्क्यू संस्था की सदस्य किरण घनश्याम आहूजा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, 27 फरवरी को गुरप्रीत कौर रायपुर के भाठागांव इलाके में स्थित कृष्णा होटल में ठहरी हुई थीं। उनके साथ दो पालतू कुत्ते भी थे। किसी निजी काम से बाहर जाने के दौरान उन्होंने अपने दोनों डॉग होटल में ही छोड़ दिए थे। दोपहर करीब डेढ़ बजे जब गुरप्रीत होटल वापस पहुंचीं, तब वहां खुद को पशु प्रेमी संस्था की पदाधिकारी बताने वाली किरण आहूजा और उनकी टीम मौजूद थी। आरोप है कि उन्होंने गुरप्रीत पर कुत्तों की सही तरीके से देखभाल न करने का आरोप लगाते हुए बहस शुरू कर दी। इसी दौरान किरण आहूजा ने गुरप्रीत को थप्पड़ मार दिया। पीड़िता का आरोप है कि जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो संस्था की एक अन्य महिला सदस्य भी आगे आई और उसने भी उन्हें थप्पड़ मार दिया। इतना ही नहीं, उनकी टी-शर्ट खींचकर धक्का दिया गया। इसके बाद संस्था के सदस्यों ने उनके पालतू कुत्ते और मोबाइल फोन भी अपने साथ ले लिए। गुरप्रीत कौर का कहना है कि विवाद के दौरान संस्था के लोगों ने उन पर अपने डॉग्स को मारने का आरोप लगाया और उन्हें अपने साथ ले जाने का दबाव बनाया। मना करने पर उनके पालतू कुत्तों को जबरन अपने साथ ले जाया गया और अब तक वापस नहीं किया गया है। घटना के बाद पीड़िता ने पुरानी बस्ती थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 27 फरवरी को ही आवेदन दिया गया था और पिछले कई दिनों से वह थाने के चक्कर लगा रही हैं। इस मामले में पुरानी बस्ती थाना प्रभारी शील आदित्य सिंह का कहना है कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर किरण आहूजा के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज भी सामने आए हैं और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

रायपुर में गर्भवती इंटीरियर डिजाइनर से मारपीट, डॉग रेस्क्यू टीम पर थप्पड़ और मोबाइल छीनने का आरोप Read Post »

Accident, Chhattisgarh, Crime, Raipur, Tech

रायपुर में 14 लाख का गांजा बरामद, इंटरस्टेट तस्कर गिरफ्तार; बैग में भरकर बेचने की फिराक में था आरोपी

राजधानी रायपुर में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 28.621 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया है, जिसकी बाजार कीमत करीब 14.41 लाख रुपये बताई जा रही है। यह कार्रवाई कबीर नगर थाना क्षेत्र में की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सीतानगर गोगांव रोड स्थित अविनाश आशियाना के पीछे भाठा इलाके में एक युवक ट्रॉली बैग में बड़ी मात्रा में गांजा लेकर खड़ा है और उसे बेचने की तैयारी कर रहा है। सूचना मिलते ही एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और कबीर नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर दी। पुलिस टीम ने संदेह के आधार पर युवक को पकड़कर उसके ट्रॉली बैग की तलाशी ली। तलाशी के दौरान बैग से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। इसके साथ ही आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अविनाश अग्रहरी बताया, जो उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले का रहने वाला है। आरोपी से पूछताछ जारी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कबीर नगर थाना में अपराध क्रमांक 60/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(C) के अंतर्गत मामला दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसे किन लोगों को सप्लाई किया जाना था। जांच एजेंसियां फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक के आधार पर इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही हैं। 2026 में अब तक की कार्रवाई पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 16 अलग-अलग मामलों में 34 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इन मामलों में 185 किलोग्राम से अधिक गांजा, करीब 2.05 लाख रुपये नकद, 2 चारपहिया वाहन और 9 मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।

रायपुर में 14 लाख का गांजा बरामद, इंटरस्टेट तस्कर गिरफ्तार; बैग में भरकर बेचने की फिराक में था आरोपी Read Post »

Chhattisgarh, Crime, Raipur, Top News

रायपुर: खारून रेलवे कॉलोनी में युवक की खून से सनी लाश मिली, हत्या की आशंका; CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

राजधानी रायपुर में गुरुवार सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई। खारून रेलवे कॉलोनी इलाके में एक युवक का शव खून से लथपथ हालत में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। यह पूरा मामला गंज थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक सुबह कुछ लोगों ने रेलवे कॉलोनी के भीतर एक युवक को जमीन पर खून से सना हुआ पड़ा देखा। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान राजा साहू के रूप में हुई है, जो चुना भट्टी इलाके का निवासी बताया जा रहा है। घटनास्थल के आसपास जमीन पर खून के धब्बे भी पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलने के बाद गंज थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और पूरे इलाके का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है। जांच के दौरान आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि घटना से जुड़ा कोई सुराग मिल सके। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो पाएगा। पुलिस का कहना है कि सभी संभावित एंगल से जांच जारी है और जल्द ही मामले का खुलासा करने की कोशिश की जा रही है।

रायपुर: खारून रेलवे कॉलोनी में युवक की खून से सनी लाश मिली, हत्या की आशंका; CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस Read Post »

Chhattisgarh, Crime, Raipur, Top News

रायपुर पासपोर्ट कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी, ई-मेल से मचा हड़कंप

रायपुर की राजधानी क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया जब पासपोर्ट कार्यालय को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली। घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया और तत्काल सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। ई-मेल में 12 बम लगाने का दावा पुलिस के अनुसार सोमवार सुबह पासपोर्ट कार्यालय की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर एक संदेश प्राप्त हुआ। मेल भेजने वाले ने स्वयं को तमिलनाडु का निवासी बताया और लिखा कि उसकी बात न पुलिस सुन रही है और न ही उसे न्यायालय से राहत मिल रही है। अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए उसने दोपहर तक कार्यालय को 12 बमों से उड़ाने की धमकी दी। परिसर खाली कराया गया, बम और डॉग स्क्वाड की जांच धमकी भरा मेल मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे परिसर को खाली करवा लिया गया। एहतियात के तौर पर बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वाड को भी बुलाया गया। पूरे भवन और आसपास के इलाके की सघन तलाशी ली गई। जांच में नहीं मिला कोई विस्फोटक लंबी जांच के बाद परिसर में किसी प्रकार का विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। अधिकारियों का कहना है कि मामला प्रथम दृष्टया शरारत या फर्जी धमकी का प्रतीत होता है, लेकिन इसे गंभीरता से लिया जा रहा है। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ धमकी देने और अफवाह फैलाने की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। ई-मेल आईडी और आईपी एड्रेस के आधार पर आरोपी की पहचान करने की प्रक्रिया जारी है।

रायपुर पासपोर्ट कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी, ई-मेल से मचा हड़कंप Read Post »

Chhattisgarh, Crime, Political, Raipur, Top News

दिन में फ्लैग मार्च, रात में दोस्त की हत्या: जामुल में युवक की लोहे की रॉड से हत्या, आरोपी गिरफ्तार

होली के मद्देनजर दिन में पुलिस द्वारा फ्लैग मार्च और सख्ती के बावजूद दुर्ग जिले के जामुल थाना क्षेत्र में देर रात एक युवक की उसके ही दोस्त ने हत्या कर दी। घटना रावणभाठा संगम चौक के पास की है। पुलिस ने आरोपी को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। मृतक की पहचान हेमंत साहू उर्फ भूरु (19) के रूप में हुई है, जबकि आरोपी उसका दोस्त आशीष साहू (25) बताया गया है। घर से बुलाकर ले गया, फिर किया हमला हेमंत एक निजी कंपनी में कार्यरत था। सोमवार रात वह ड्यूटी से घर लौटा था। इसी दौरान आशीष उसे घर से बुलाकर अपने साथ ले गया। दोनों पहले भी साथ बैठकर शराब पीते थे। बताया जा रहा है कि एक मार्च को दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसे उस समय दोस्तों ने शांत करा दिया था। लेकिन आरोपी ने उसी बात को लेकर मन में रंजिश रखी हुई थी। पार्टी के बाद पीछे से किया वार रात करीब 11 बजे दोनों पार्टी से लौट रहे थे। मोहल्ले के पास पहुंचते ही आरोपी ने पीछे से बाइक के शॉकब (लोहे की रॉड) से हेमंत के सिर पर जोरदार हमला कर दिया। कई वार किए जाने से वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। सिर से अधिक खून बहने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना स्थल के पास ही होलिका दहन की तैयारी चल रही थी, लेकिन हमला इतना अचानक हुआ कि लोग संभल नहीं सके। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। अस्पताल में मृत घोषित स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सुपेला अस्पताल भेजा गया। 10 घंटे में आरोपी गिरफ्तार एएसपी मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि शुरुआती जांच में शराब के दौरान हुए विवाद की बात सामने आई है। मृतक की मां की शिकायत पर मामला दर्ज कर पुलिस ने आरोपी को 10 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड भी बरामद कर ली गई है। दिन में 900 जवान तैनात, फिर भी वारदात होली को देखते हुए जिले में 900 पुलिस जवानों की ड्यूटी लगाई गई है। 73 पेट्रोलिंग टीमें सक्रिय हैं और 25 स्थानों पर नाकाबंदी की गई है। दिन में फ्लैग मार्च भी निकाला गया था। इसके बावजूद भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में हत्या की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

दिन में फ्लैग मार्च, रात में दोस्त की हत्या: जामुल में युवक की लोहे की रॉड से हत्या, आरोपी गिरफ्तार Read Post »

Bhilai / Durg, Chhattisgarh, Crime, Raipur, Top News

शादी से इनकार के बाद युवती ने की आत्महत्या, प्रेमी गिरफ्तार; बिलासपुर की घटना

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक युवती ने कथित रूप से शादी से इनकार किए जाने के बाद अपने प्रेमी के घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना मस्तूरी थाना क्षेत्र की मल्हार चौकी के अंतर्गत हुई। पुलिस ने मामले में आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, मल्हार क्षेत्र की युवती का ग्राम धनगवा निवासी राजू लहरिया (33) के साथ प्रेम संबंध था। युवती शादी के लिए दबाव बना रही थी, लेकिन युवक टालमटोल कर रहा था। 24 फरवरी को युवती उसके घर पहुंची। आरोप है कि उसी दौरान युवक ने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। बाद में जब युवती ने विवाह की बात दोहराई, तो युवक ने मना कर दिया और घर छोड़कर चला गया। बताया जा रहा है कि उसने फोन उठाना भी बंद कर दिया था। मानसिक तनाव में आई युवती 26 फरवरी की रात घर में ही रुकी रही। रात में उसने कमरे के रोशनदान में दुपट्टा बांधकर फांसी लगा ली। सुबह जब दरवाजा नहीं खुला तो परिजनों ने खिड़की से झांककर देखा, जहां वह फंदे से लटकी मिली। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। युवती के परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने और दुष्कर्म से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया। जांच के दौरान आरोपी राजू लहरिया फरार हो गया था और बिलासपुर के सरकंडा इलाके में छिपा हुआ था। पुलिस ने एक मार्च को दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले की जांच जारी है।

शादी से इनकार के बाद युवती ने की आत्महत्या, प्रेमी गिरफ्तार; बिलासपुर की घटना Read Post »

Bilaspur, Chhattisgarh, Crime, Top News

फिल्म सिटी के लिए कट रहे 50 साल पुराने पेड़, 150 से अधिक पेड़ ढहे, 1500 और चिन्हित

नवा रायपुर के माना-तूता क्षेत्र में प्रस्तावित फिल्म सिटी परियोजना को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। करीब 96 एकड़ जमीन पर बनने वाली इस फिल्म सिटी के लिए अब तक 150 से अधिक पुराने पेड़ काटे जा चुके हैं, जबकि लगभग 1500 और पेड़ों की कटाई की तैयारी बताई जा रही है। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, इन पेड़ों को 1980 के दशक में बड़े पैमाने पर लगाया गया था। लगभग पांच हजार पौधों से विकसित हुआ यह हरित क्षेत्र अब एक घना मानव निर्मित वन बन चुका है। ग्रामीणों का कहना है कि नवा रायपुर में पर्याप्त खाली जमीन उपलब्ध है, ऐसे में हरे-भरे पेड़ों को काटकर निर्माण कार्य करना उचित नहीं है। वे लगातार इसका विरोध कर रहे हैं। राजनीतिक विरोध भी तेज कांग्रेस ने भी इस मुद्दे को लेकर आंदोलन शुरू किया है। कांग्रेस नेता पंकज शर्मा ने कहा कि पार्टी फिल्म सिटी के निर्माण के खिलाफ नहीं है, लेकिन पर्यावरण को नुकसान पहुंचाकर विकास स्वीकार्य नहीं है। उनका सुझाव है कि सरकार वैकल्पिक जमीन पर इस परियोजना को स्थापित करे। पेड़ों के स्थानांतरण की मांग छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष मोना सेन ने भी कहा कि कोशिश होनी चाहिए कि पेड़ों की कटाई टाली जाए। जहां संभव हो, पेड़ों को स्थानांतरित कर संरक्षित किया जाए ताकि पर्यावरण संतुलन बना रहे। फिल्म सिटी परियोजना जहां राज्य के मनोरंजन उद्योग के विकास की दिशा में अहम मानी जा रही है, वहीं पर्यावरण संरक्षण को लेकर उठ रहे सवालों ने इस योजना को विवादों में ला दिया है।

फिल्म सिटी के लिए कट रहे 50 साल पुराने पेड़, 150 से अधिक पेड़ ढहे, 1500 और चिन्हित Read Post »

Accident, Chhattisgarh, Crime, Health, Raipur, Top News
Scroll to Top