NEWS 22 BHARAT

अफेयर के शक में युवक ने की प्रेमिका की हत्या, दुर्ग में किराए के कमरे में गला घोंटा

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने अपनी प्रेमिका की गला दबाकर हत्या कर दी। युवक को शक था कि उसकी गर्लफ्रेंड का किसी अन्य व्यक्ति के साथ संबंध है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जो इतना बढ़ गया कि आरोपी ने गुस्से में आकर उसकी जान ले ली। मृतका की पहचान 26 वर्षीय युवती के रूप में हुई है, जो खैरागढ़ जिले की रहने वाली थी और दुर्ग में पढ़ाई कर रही थी। वहीं आरोपी युवक बालोद जिले का निवासी है। दोनों की मुलाकात पढ़ाई के दौरान हुई थी और वे बी.एड की पढ़ाई कर रहे थे। घटना पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर आरोपी अपनी प्रेमिका को अपने किराए के कमरे में लेकर गया, जहां फिर से दोनों के बीच विवाद हुआ। इसी दौरान आरोपी ने युवती का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी ने खुद डायल-112 पर फोन कर पुलिस को बुलाया और बताया कि युवती बेहोश हो गई है। मौके पर पहुंची टीम ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण सबूत जुटाए हैं। मामले में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है। परिजनों के अनुसार, युवती हाल ही में अपने गांव गई थी और एक दिन पहले ही दुर्ग लौटी थी। परिवार को आरोपी के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। घटना की सूचना मिलने के बाद परिवार दुर्ग पहुंचा और आरोपी के लिए कड़ी सजा की मांग की है।

अफेयर के शक में युवक ने की प्रेमिका की हत्या, दुर्ग में किराए के कमरे में गला घोंटा Read Post »

Bhilai / Durg, Chhattisgarh, Crime, Top News

रायगढ़ में सड़क हादसा: ट्रेलर की चपेट में आई आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की मौत, मुआवजे की मांग पर चक्काजाम

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में दर्दनाक सड़क हादसे में एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की मौके पर ही मौत हो गई। महिला अपने पति और बच्चे के साथ स्कूटी से जा रही थी, तभी तेज रफ्तार ट्रेलर ने पीछे से टक्कर मार दी। यह घटना भूपदेवपुर थाना क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार ग्राम टूंड्री रामपुर निवासी 33 वर्षीय उमा राठिया शुक्रवार सुबह अपने परिवार के साथ सिंघनपुर जा रही थी। इसी दौरान लापरवाही से चलाए जा रहे ट्रेलर ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में उमा राठिया ट्रेलर के पहिए के नीचे आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उसका पति और बच्चा सड़क पर दूर जा गिरे, जिससे उन्हें हल्की चोटें आई हैं। घटना के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया। हादसे की खबर मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और आक्रोश जताया। मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े रहे। भूपदेवपुर थाना प्रभारी संजय नाग के अनुसार पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और हालात को संभालने का प्रयास किया गया। फिलहाल फरार ट्रेलर चालक की तलाश जारी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

रायगढ़ में सड़क हादसा: ट्रेलर की चपेट में आई आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की मौत, मुआवजे की मांग पर चक्काजाम Read Post »

Accident, Chhattisgarh, Raigarh, Top News

रायपुर में चिट्टा के साथ युवक गिरफ्तार, अस्पताल के पास बेचने की फिराक में था तस्कर

रायपुर में नशे के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत राजेंद्र नगर थाना पुलिस ने एक युवक को चिट्टा (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से करीब 7 ग्राम मादक पदार्थ बरामद किया गया है, जिसकी कीमत लगभग 28 हजार रुपए बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान सौरव ठाकुर के रूप में हुई है। उसे उस समय पकड़ा गया जब वह मेडिसाइन अस्पताल के पास संदिग्ध हालत में घूम रहा था और नशा बेचने की फिराक में था। न्यू राजेंद्र नगर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक इलाके में चिट्टा बेचने की तैयारी कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर कार्रवाई की और आरोपी को मौके से पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से चिट्टा बरामद हुआ, जिसके बाद उसे हिरासत में लेकर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपी से पूछताछ की जा रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वह नशीला पदार्थ कहां से लाता था और किन लोगों को सप्लाई करता था। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।

रायपुर में चिट्टा के साथ युवक गिरफ्तार, अस्पताल के पास बेचने की फिराक में था तस्कर Read Post »

Chhattisgarh, Crime, Raipur, State, Top News

बिलासपुर के मजदूरों को पुणे में बंधक बनाकर पीटा, इलाज के पैसे मांगने पर ठेकेदार ने की मारपीट

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के एक मजदूर परिवार के साथ महाराष्ट्र के पुणे में मारपीट और बंधक बनाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि लेबर ठेकेदार ने अपने साथियों के साथ मिलकर मजदूरों को बुरी तरह पीटा, जिसमें कई लोगों के सिर फट गए। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जानकारी के अनुसार, पुणे निवासी ठेकेदार भुवनेश्वर राय और सुरेंद्र राय नवंबर 2025 में बिलासपुर पहुंचे थे। उन्होंने पचपेड़ी थाना क्षेत्र के सुकुलकारी गांव के संतोष महिलांगे, उनकी पत्नी और अन्य रिश्तेदारों को काम दिलाने का झांसा दिया। कुछ एडवांस पैसे देकर सभी को अपने साथ पुणे के चांदे गांव ले गए, जहां उनसे मजदूरी कराई जा रही थी। परिवार के अनुसार, जब एक गर्भवती महिला के इलाज के लिए पैसों की जरूरत पड़ी और उन्होंने ठेकेदार से रकम मांगी, तो उसने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर ठेकेदार और उसके साथियों ने मजदूरों के साथ बेरहमी से मारपीट की। पीड़ितों का कहना है कि इस दौरान संतोष महिलांगे को जबरन बंधक बना लिया गया। डर के माहौल में परिवार के कुछ सदस्य वहां से भागकर बिलासपुर पहुंचे और एसएसपी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने अपने परिजन को सुरक्षित वापस लाने की गुहार लगाई है। पीड़ित परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि स्थानीय पुलिस में शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई। अब बिलासपुर पुलिस और प्रशासन महाराष्ट्र पुलिस के संपर्क में हैं और बंधक बनाए गए मजदूर को सुरक्षित वापस लाने की कोशिश की जा रही है। वायरल वीडियो में ठेकेदार और उसके सहयोगी मजदूरों के साथ मारपीट करते और उन्हें धमकाते नजर आ रहे हैं। इसी वीडियो के आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान और लोकेशन ट्रेस करने में जुटी है। पुलिस की सलाह पर पीड़ित परिवार ने श्रम विभाग को भी मामले की जानकारी दे दी है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।

बिलासपुर के मजदूरों को पुणे में बंधक बनाकर पीटा, इलाज के पैसे मांगने पर ठेकेदार ने की मारपीट Read Post »

Bilaspur, Chhattisgarh, HARASSMENT, State, Top News, violence

बिलासपुर में 12 फरार आरोपियों पर इनाम घोषित, सूचना देने पर मिलेगा 5-5 हजार रुपए

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में पुलिस ने फरार आरोपियों के खिलाफ सख्ती बढ़ा दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों से फरार 12 आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए इनाम घोषित किया है। इन आरोपियों के बारे में पुख्ता सूचना देने वाले को 5-5 हजार रुपए का पुरस्कार दिया जाएगा। पुलिस के अनुसार ये आरोपी विभिन्न गंभीर अपराधों में शामिल हैं और लंबे समय से फरार चल रहे हैं। इनकी गिरफ्तारी के लिए जिले के सकरी, तोरवा, कोटा, तखतपुर और बिल्हा थाना क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। सकरी थाना क्षेत्र के आरोपी प्रशांत तिवारी (काठाकोनी) और रौनक धुर्वे (आसमा सिटी) भी सूची में शामिल हैं। वहीं तोरवा थाना क्षेत्र से मोनिस हटकेश्वर, वासू हटकेश्वर, हनी हटकेश्वर (बापूनगर निवासी), पवन कुमार यादव (जांजगीर-चांपा) और हिम बहादुर सोनार (सिलीगुड़ी, पश्चिम बंगाल) पर भी इनाम घोषित किया गया है। कोटा थाना क्षेत्र के आरोपी धार्मिक भाई सवन्नी (सूरत, गुजरात) और संतोष कुमार पोर्ते (कोरबा) भी फरार हैं। इसके अलावा तखतपुर थाना क्षेत्र के परमेश्वर वैष्णव और बिल्हा थाना क्षेत्र के गुरुजी उर्फ मेवालाल टंडन (मुंगेली) की जानकारी देने वालों को भी इनाम दिया जाएगा। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि इन आरोपियों के बारे में कोई भी जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। जानकारी देने के लिए पुलिस ने हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं, जिनमें बिलासपुर एसएसपी कार्यालय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, पुलिस कंट्रोल रूम और संबंधित थाना प्रभारियों के नंबर शामिल हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, बिलासपुर 07752-223330; अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, शहर बिलासपुर 9479193002; पुलिस नियंत्रण कक्ष, बिलासपुर 07758-228504 और 9479193099। इसके अतिरिक्त, थाना प्रभारी सकरी 9479191721, तोरवा 9479193021, कोटा 9479193028, तखतपुर 9479193027 और बिल्हा 9479193038 पर भी संपर्क किया जा सकता है।

बिलासपुर में 12 फरार आरोपियों पर इनाम घोषित, सूचना देने पर मिलेगा 5-5 हजार रुपए Read Post »

Bilaspur, Chhattisgarh, GOVERNMENT, State, Top News

बिलासपुर में तालाब में डूबने से युवक की मौत, पिकनिक के दौरान नहाते समय हादसा

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में पिकनिक मनाने गए एक युवक की तालाब में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने रातभर युवक की तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। बाद में गुरुवार को गोताखोरों की मदद से युवक का शव बरामद किया गया। यह घटना सकरी थाना क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार तिफरा निवासी 25 वर्षीय मोनू ध्रुव अपने दोस्तों के साथ बुधवार सुबह ललहीखार पिकनिक मनाने गया था। दोपहर में सभी ने मिलकर खाना बनाया और वहां शराब पार्टी भी की। शाम के समय खाना खाने के बाद सभी दोस्त सलमपुरी स्थित गोविंदा तालाब में बर्तन धोने पहुंचे। इसी दौरान मोनू नहाने के लिए तालाब में उतर गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तालाब की अधिक गहराई के कारण वे सफल नहीं हो सके। घटना से घबराकर उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर सकरी पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रात तक युवक की तलाश जारी रखी गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। अगले दिन सुबह फिर से सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। घंटों की खोजबीन के बाद गोताखोरों ने युवक का शव बरामद कर लिया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मर्ग कायम कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

बिलासपुर में तालाब में डूबने से युवक की मौत, पिकनिक के दौरान नहाते समय हादसा Read Post »

Accident, Bilaspur, Chhattisgarh, Top News

छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य विधेयक 2026 हाईकोर्ट में चुनौती, उम्रकैद के प्रावधान पर मसीही समाज ने उठाए सवाल

छत्तीसगढ़ में प्रस्तावित ‘धर्म स्वातंत्र्य विधेयक 2026’ को लेकर विवाद अब न्यायालय तक पहुंच गया है। मसीही समाज के प्रतिनिधि क्रिस्टोफर पॉल ने इस कानून के खिलाफ हाईकोर्ट में याचिका दायर कर इसके कई प्रावधानों को असंवैधानिक बताते हुए निरस्त करने की मांग की है। राज्य सरकार द्वारा लाए गए इस विधेयक में जबरन, लालच या धोखे से धर्मांतरण कराने पर सख्त सजा का प्रावधान किया गया है। कानून के अनुसार अवैध धर्मांतरण के मामलों में 10 साल से लेकर उम्रकैद तक की सजा दी जा सकती है। साथ ही बड़े पैमाने पर या संगठित तरीके से धर्म परिवर्तन कराने पर और कठोर दंड का उल्लेख किया गया है। याचिकाकर्ता क्रिस्टोफर पॉल का कहना है कि यह कानून भारतीय संविधान के अनुच्छेद 25 के तहत मिले धर्म की स्वतंत्रता के अधिकार का उल्लंघन करता है। उन्होंने विशेष रूप से उम्रकैद जैसी सजा को अनुचित और असंवैधानिक बताया है। याचिका में यह भी कहा गया है कि विधेयक में इस्तेमाल की गई कई परिभाषाएं स्पष्ट नहीं हैं, जिससे कानून के दुरुपयोग की संभावना बढ़ जाती है। इसके अलावा यह व्यक्तिगत निजता और आस्था की स्वतंत्रता में हस्तक्षेप करता है। मसीही समाज की ओर से यह आशंका भी जताई गई है कि इस कानून का उपयोग किसी विशेष समुदाय को निशाना बनाने के लिए किया जा सकता है। उनके अनुसार, कठोर सजा और अस्पष्ट शब्दावली के कारण उत्पीड़न का खतरा बढ़ सकता है। फिलहाल हाईकोर्ट में याचिका दाखिल हो चुकी है, लेकिन सुनवाई की तारीख अभी तय नहीं हुई है। राज्य सरकार का पक्ष है कि यह कानून धर्मांतरण को रोकने के लिए नहीं, बल्कि गैरकानूनी तरीकों जैसे दबाव, प्रलोभन और धोखाधड़ी के जरिए कराए जा रहे धर्म परिवर्तन पर नियंत्रण के उद्देश्य से लाया गया है। आंकड़ों के अनुसार, छत्तीसगढ़ की जनसंख्या 3 करोड़ से अधिक है, जिसमें विभिन्न धर्मों के लोग निवास करते हैं। राज्य में ईसाई समुदाय की भी उल्लेखनीय उपस्थिति है और यहां लगभग 900 चर्च बताए जाते हैं, खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में।

छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य विधेयक 2026 हाईकोर्ट में चुनौती, उम्रकैद के प्रावधान पर मसीही समाज ने उठाए सवाल Read Post »

Bilaspur, Chhattisgarh, GOVERNMENT, Religion

रायपुर उरला गांजा तस्करी केस: 4.80 क्विंटल मादक पदार्थ के साथ पकड़े गए 2 आरोपी, 20-20 साल की सजा

रायपुर के उरला इलाके में बड़ी मात्रा में गांजा तस्करी के मामले में कोर्ट ने कड़ा फैसला सुनाया है। विशेष न्यायाधीश (NDPS एक्ट) शैलेश शर्मा की अदालत ने दो आरोपियों को दोषी ठहराते हुए 20-20 साल के कठोर कारावास और 2-2 लाख रुपए जुर्माने की सजा सुनाई है। मामले में जानकारी देते हुए विशेष लोक अभियोजक स्वाति शर्मा ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि ओडिशा से नागपुर की ओर जा रहे एक ट्रक में भारी मात्रा में गांजा ले जाया जा रहा है। इसके बाद पुलिस ने सिक्स लेन कन्हेरा स्थित सांई निर्मल कंपनी के पास घेराबंदी कर वाहन को रोका। जांच के दौरान ट्रक चालक रंजन कुमार साहू और कंडक्टर मिट्ठू पदयाली से पूछताछ की गई। तलाशी लेने पर ट्रक में काजू के छिलकों के नीचे छिपाकर रखा गया 4.80 क्विंटल गांजा बरामद हुआ। पुलिस द्वारा जब आरोपियों से परिवहन से जुड़े वैध दस्तावेज मांगे गए तो वे कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। सुनवाई के बाद कोर्ट ने दोनों आरोपियों को दोषी मानते हुए सख्त सजा सुनाई। अदालत ने यह भी निर्देश दिया कि यदि आरोपी जुर्माना नहीं भरते हैं तो उन्हें 6-6 महीने की अतिरिक्त सजा भुगतनी होगी।

रायपुर उरला गांजा तस्करी केस: 4.80 क्विंटल मादक पदार्थ के साथ पकड़े गए 2 आरोपी, 20-20 साल की सजा Read Post »

Chhattisgarh, Crime, Top News, urla

सक्ति वेदांता प्लांट हादसा: अनिल अग्रवाल समेत 10 पर FIR, बॉयलर ब्लास्ट में 20 की मौत, लापरवाही उजागर

छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में वेदांता पावर प्लांट में हुए भीषण हादसे के बाद अब बड़ी कार्रवाई सामने आई है। इस मामले में कंपनी प्रबंधन के खिलाफ FIR दर्ज की गई है, जिसमें चेयरमैन अनिल अग्रवाल और प्लांट हेड देवेंद्र पटेल सहित 8 से 10 लोगों को आरोपी बनागया है। मामला डभरा थाने में दर्ज हुआ है। इस हादसे में अब तक 20 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 36 मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों में से 16 का इलाज अलग-अलग अस्पतालों में जारी है। मृतकों में छत्तीसगढ़ के अलावा उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के मजदूर शामिल हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि प्लांट में उत्पादन बढ़ाने की जल्दबाजी में गंभीर लापरवाही की गई। औद्योगिक सुरक्षा विभाग की जांच के अनुसार बॉयलर फर्नेस के अंदर अधिक मात्रा में फ्यूल जमा हो गया, जिससे अचानक दबाव बढ़ा और पाइप अपनी जगह से हट गया। इसी वजह से जोरदार विस्फोट हुआ। जांच रिपोर्ट में यह भी सामने आया कि मशीनों के रखरखाव और संचालन में भी लापरवाही बरती गई। चेतावनी संकेत मिलने के बावजूद काम नहीं रोका गया, जिससे हादसा और बड़ा हो गया। बताया गया कि 14 अप्रैल को दोपहर 2:33 बजे 2028 TPH क्षमता वाले वाटर ट्यूब बॉयलर में दबाव तेजी से बढ़ा। यह बढ़ोतरी 1 से 2 सेकंड के भीतर हुई, जिससे सिस्टम को नियंत्रित करना संभव नहीं रहा और अंदरूनी ब्लास्ट हो गया। इस विस्फोट की चपेट में बाहरी पाइपलाइन भी आ गई। जांच में यह भी खुलासा हुआ कि एक घंटे के भीतर उत्पादन को 350 मेगावाट से बढ़ाकर लगभग 590 मेगावाट तक कर दिया गया था, जिससे सिस्टम पर अत्यधिक दबाव पड़ा। इसके अलावा पीए फैन में खराबी, अधजले ईंधन का जमाव, पाइपिंग सिस्टम की विफलता और बैकअप सिस्टम का समय पर काम न करना भी हादसे की वजह बने। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी प्रफुल्ल ठाकुर के निर्देश पर एएसपी पंकज पटेल के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की गई है। वहीं कलेक्टर अमृत विकास टोपनो ने मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं, जिसकी रिपोर्ट 30 दिनों में पेश की जाएगी। जांच में यह देखा जाएगा कि हादसा कैसे हुआ, इसके लिए कौन जिम्मेदार है, तकनीकी या मानवीय कारण क्या थे, और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए क्या उपाय किए जाने चाहिए। घायलों का इलाज रायगढ़ और रायपुर के अस्पतालों में जारी है। वहीं मृतकों के परिजनों को पोस्टमॉर्टम के लिए परेशानियों का सामना भी करना पड़ा। इस बीच प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने मृतकों के परिजनों को 1-1 करोड़ रुपए और घायलों को 50-50 लाख रुपए मुआवजा देने की मांग की है।

सक्ति वेदांता प्लांट हादसा: अनिल अग्रवाल समेत 10 पर FIR, बॉयलर ब्लास्ट में 20 की मौत, लापरवाही उजागर Read Post »

Accident, Chhattisgarh, Crime, Raigarh, Top News

19 अप्रैल तक रायपुर-दुर्ग और बिलासपुर में हीट वेव का अलर्ट, तापमान में 3°C तक बढ़ोतरी के आसार

छत्तीसगढ़ में गर्मी लगातार तेज होती जा रही है। बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेशभर में अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ सकता है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ेगा। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले तीन दिनों तक तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की और बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद हल्की गिरावट की संभावना जरूर है, लेकिन इससे गर्मी से खास राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। प्रदेश के रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर संभाग के कई इलाकों में 19 अप्रैल तक लू चलने की चेतावनी जारी की गई है। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने और दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है। तेज गर्मी को देखते हुए स्कूलों में 20 अप्रैल से 15 जून तक ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित कर दिया गया है। फिलहाल पूरे राज्य में मौसम पूरी तरह शुष्क बना हुआ है और कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई है। मौसम से जुड़ा कोई सक्रिय सिस्टम नहीं होने के कारण आने वाले दिनों में भी बारिश के आसार नहीं हैं। बीते दिन प्रदेश में सबसे अधिक तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 19.6 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज हुआ। राजधानी रायपुर में भी लू चलने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान करीब 43 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि अगले दो दिनों तक प्रदेश में गर्म और शुष्क मौसम बना रहेगा और कुछ स्थानों पर हीट वेव की स्थिति बनी रह सकती है। फिलहाल लोगों को गर्मी से राहत मिलने के कोई संकेत नहीं हैं।

19 अप्रैल तक रायपुर-दुर्ग और बिलासपुर में हीट वेव का अलर्ट, तापमान में 3°C तक बढ़ोतरी के आसार Read Post »

Chhattisgarh, GOVERNMENT, Health, Raipur, State, Top News, weather
Scroll to Top