ganja smuggling

UP में गांजा तस्करों की तलाश में गई रायपुर पुलिस पर हमला, ग्रामीणों ने चोर समझकर की पिटाई

उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में गांजा तस्करी के आरोपियों की तलाश में पहुंची रायपुर पुलिस की टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। सादे कपड़ों में कार्रवाई कर रही टीम को ग्रामीणों ने चोर समझ लिया और मारपीट शुरू कर दी। घटना में एक पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि अन्य जवानों ने किसी तरह खुद को सुरक्षित बचाया। जानकारी के अनुसार रायपुर के गंज थाना क्षेत्र की पुलिस टीम गांजा तस्करी के एक मामले में आरोपियों की तलाश करते हुए कौशांबी जिले के ईचौली गांव पहुंची थी। टीम स्थानीय पुलिस की मदद से आकाश, शिवम और एक अन्य आरोपी की तलाश कर रही थी। बताया जा रहा है कि पुलिस ने पहले एक आरोपी आकाश को हिरासत में ले लिया था। इसके बाद जब टीम दूसरे आरोपी शिवम को पकड़ने उसके घर पहुंची, तो उसने खुद को बचाने के लिए जोर-जोर से “चोर-चोर” चिल्लाना शुरू कर दिया। आरोपी के शोर मचाते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में होने के कारण ग्रामीण उन्हें पहचान नहीं सके और उन्हें चोर समझ बैठे। देखते ही देखते भीड़ ने पुलिस टीम को घेर लिया और धक्का-मुक्की के साथ मारपीट शुरू कर दी। हमले में पुलिसकर्मी जगदेव प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर और हाथ में चोटें आई हैं। वहीं अन्य पुलिसकर्मी किसी तरह वहां से निकलकर सुरक्षित स्थान तक पहुंचने में सफल रहे। घटना की सूचना मिलने के बाद कोखराज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। घायल पुलिसकर्मी को तत्काल जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। कौशांबी की अपर पुलिस अधीक्षक अमिता सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि रायपुर पुलिस ने स्थानीय पुलिस की सहायता से एक आरोपी को पकड़ा था। हालांकि दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के दौरान स्थानीय पुलिस को पूरी जानकारी दिए बिना कार्रवाई किए जाने के कारण भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो गई। पुलिस ने मामले में अब तक पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। साथ ही हमले में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है। पूरे मामले की जांच जारी है।

UP में गांजा तस्करों की तलाश में गई रायपुर पुलिस पर हमला, ग्रामीणों ने चोर समझकर की पिटाई Read Post »

Accident, Crime, State, Top News, uttar pradesh

15 किलो गांजा तस्करी मामले में युवक को 7 साल की सजा, 1 लाख का जुर्माना

शहर के गंज थाना क्षेत्र में गांजा तस्करी के एक मामले में अदालत ने आरोपी को दोषी करार देते हुए सख्त सजा सुनाई है। स्टेशन चौक गेट नंबर-2 के पास 15 किलो से अधिक गांजा के साथ पकड़े गए युवक को विशेष न्यायालय ने 7 साल के सश्रम कारावास और 1 लाख रुपये के जुर्माने की सजा दी है। पुलिस के अनुसार 21 जून 2024 को गंज थाना के सहायक उपनिरीक्षक शंकर साहू पेट्रोलिंग पर थे। इसी दौरान उन्हें मुखबिर से सूचना मिली कि दो युवक काले बैग में गांजा लेकर स्टेशन चौक के पास बेचने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान आरोपी विकास पांडे के पास से तीन पैकेट में कुल 15 किलो 70 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर ही गांजा की तौल कर उसे जब्त किया और सील कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। जब्त किए गए नमूनों को जांच के लिए एफएसएल रायपुर भेजा गया, जहां रिपोर्ट में गांजा होने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कोर्ट में चालान पेश किया। मामले की सुनवाई पूरी होने के बाद विशेष न्यायाधीश (एनडीपीएस एक्ट) किरण थवाईत ने आरोपी को धारा 20(b)(ii)(B) के तहत दोषी पाया और 7 साल के सश्रम कारावास के साथ 1 लाख रुपये का अर्थदंड लगाया। जुर्माना नहीं भरने की स्थिति में आरोपी को 1 साल की अतिरिक्त सजा भुगतनी होगी।

15 किलो गांजा तस्करी मामले में युवक को 7 साल की सजा, 1 लाख का जुर्माना Read Post »

Chhattisgarh, Crime, Raipur, Top News

रायपुर में ड्रग्स नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई: कूरियर से मंगाई कोकीन के साथ युवक गिरफ्तार, गांजा तस्करी में महिला समेत 2 पकड़े गए

राजधानी में पार्सल के जरिए पहुंच रही नशे की खेप, दो अलग-अलग मामलों में पुलिस ने बड़ी मात्रा में ड्रग्स बरामद किए राजधानी रायपुर में नशे के कारोबार पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। देवेंद्र नगर इलाके में एक युवक को कूरियर से मंगाई गई कोकीन के साथ पकड़ा गया, जबकि गंज थाना क्षेत्र में गांजा तस्करी करते महिला समेत दो लोगों को दबोचा गया। जांच एजेंसियां अब पूरे ड्रग नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुट गई हैं। (विस्तार से) रायपुर पुलिस ने नशीले पदार्थों के खिलाफ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए देवेंद्र नगर थाना क्षेत्र में एक युवक को कोकीन की सप्लाई करते गिरफ्तार किया है। आरोपी ने ड्रग्स कूरियर के जरिए मंगवाई थी, जिससे शहर में सक्रिय ड्रग सिंडिकेट के नए तरीके का खुलासा हुआ है। कूरियर से मंगाई गई कोकीन पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि देवेंद्र नगर सेक्टर-5 इलाके में ड्रग्स की खेप पहुंचने वाली है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर कृष्ण गोपाल अग्रवाल (28) को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 4.55 ग्राम कोकीन बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 30 हजार रुपये बताई जा रही है। गिरफ्तारी के समय आरोपी अपनी कार में मौजूद था। पुलिस ने कोकीन के साथ उसकी लग्जरी कार और मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ड्रग्स पार्सल सर्विस के जरिए रायपुर भेजी गई थी। पुलिस अब कूरियर कंपनी, भेजने वाले और संभावित रिसीवर की जानकारी जुटा रही है ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके। जांच एजेंसियों की नजरों से बचने के नए तरीके पुलिस के अनुसार ड्रग तस्कर अब सीधे सप्लाई की बजाय पार्सल सेवाओं का इस्तेमाल कर रहे हैं, जिससे पहचान छिपाना आसान हो जाता है। यह तरीका कानून प्रवर्तन एजेंसियों के लिए नई चुनौती बनता जा रहा है। गांजा तस्करी करते महिला समेत दो गिरफ्तार इधर गंज थाना पुलिस ने भी नशीले पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक महिला और पुरुष तस्कर को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी स्टेशन रोड स्थित राजपूताना होटल के सामने गांजे की खेप खपाने की फिराक में थे। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर कैलाश कुशवाहा (40) और पूजा पटेल (30) को पकड़ा। तलाशी लेने पर उनके पिट्ठू बैग से 5 किलो 260 ग्राम गांजा बरामद हुआ। बरामद गांजे की कीमत लगभग 2 लाख 62 हजार 500 रुपये आंकी गई है। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है कि यह खेप कहां से लाई गई और किसे सप्लाई की जानी थी। निष्कर्ष रायपुर में ड्रग्स तस्करी के मामलों में बढ़ती सक्रियता पुलिस और प्रशासन के लिए चिंता का विषय बनती जा रही है। कूरियर के माध्यम से नशे की खेप पहुंचना शहर में संगठित ड्रग नेटवर्क की मौजूदगी की ओर संकेत करता है। पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और जल्द ही पूरे गिरोह का खुलासा किया जाएगा।

रायपुर में ड्रग्स नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई: कूरियर से मंगाई कोकीन के साथ युवक गिरफ्तार, गांजा तस्करी में महिला समेत 2 पकड़े गए Read Post »

Chhattisgarh, Crime, Raipur

रायपुर में गांजा तस्करी मामले में 6 दोषियों को 10-10 साल की सजा

कालीबाड़ी चौक से 10 किलो गांजा बरामद, एनडीपीएस कोर्ट का सख्त फैसला रायपुर की एनडीपीएस कोर्ट ने गांजा तस्करी के एक बड़े मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए 6 आरोपियों को 10-10 वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। यह मामला दिसंबर 2024 का है, जब रायपुर पुलिस ने कालीबाड़ी चौक इलाके से गांजा बेचते हुए तीन युवकों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया था। पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपियों के पास से कुल 10 किलो गांजा बरामद किया गया था। तलाशी के समय किसी भी आरोपी के पास गांजा रखने या बेचने से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं पाए गए थे। कैसे हुआ खुलासा विशेष न्यायाधीश किरण थवाईत ने यह फैसला पुलिस द्वारा की गई ठोस विवेचना, बरामदगी और एफएसएल रिपोर्ट के आधार पर सुनाया। विशेष लोक अभियोजक भुवनलाल साहू के अनुसार, 7 दिसंबर 2024 को थाना कोतवाली रायपुर के सहायक उपनिरीक्षक को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कालीबाड़ी चौक क्षेत्र में तीन युवक बैग में गांजा रखकर ग्राहकों की तलाश कर रहे हैं। सूचना को रोजनामचा में दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट के सभी कानूनी प्रावधानों का पालन करते हुए स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में पुलिस टीम ने घेराबंदी की और तीनों संदिग्धों को पकड़ लिया। इतनी मात्रा में मिला गांजा तलाशी के दौरान गणेश बागर्ती के पास से 4 किलो, विक्रम शाह से 4 किलो और अनिल उर्फ अली जुल्फेकार से 2 किलो गांजा बरामद हुआ। इस तरह कुल 10 किलो गांजा जब्त किया गया। तीनों के पास किसी प्रकार का वैध दस्तावेज नहीं था। जांच में सामने आया पूरा नेटवर्क आरोपियों के मेमोरण्डम कथन के आधार पर पुलिस ने प्रियवंत कुम्हार को गिरफ्तार किया, जिसके कब्जे से 6 किलो 800 ग्राम गांजा बरामद किया गया। इसके बाद जांच आगे बढ़ी तो गांजा तस्करी की पूरी सप्लाई चेन का खुलासा हुआ। पूछताछ में सामने आया कि रवि साहू इस अवैध नेटवर्क का मुख्य संचालक था। पुलिस ने रवि साहू के पास से 1 किलो 200 ग्राम गांजा बरामद किया। वहीं संजय उर्फ लेंडी को गांजा सप्लाई और बिक्री में सहयोग करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। एफएसएल रायपुर की रिपोर्ट में सभी जब्त नमूने गांजा पाए गए, जिसकी पुष्टि हुई। कोर्ट का सख्त निर्णय पुलिस ने सभी 6 आरोपियों के खिलाफ धारा 20(बी) और 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत आरोप पत्र दाखिल किया था। सुनवाई पूरी होने के बाद कोर्ट ने गणेश बागर्ती, विक्रम शाह, अनिल उर्फ अली जुल्फेकार, प्रियवंत कुम्हार, रवि साहू और संजय उर्फ लेंडी को दोषी करार देते हुए प्रत्येक को 10-10 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई।

रायपुर में गांजा तस्करी मामले में 6 दोषियों को 10-10 साल की सजा Read Post »

Chhattisgarh, Crime, Raipur, Top News
Scroll to Top