रायपुर: तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आई महिला पत्रकार, हालत नाजुक

राजधानी रायपुर के तेलीबांधा इलाके में बुधवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी सवार महिला पत्रकार को कुचल दिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल हुईं गायत्री सिंह की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। उन्हें कमल विहार स्थित वीवाई हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां इलाज जारी है। जानकारी के मुताबिक, 18 दिसंबर की रात करीब साढ़े 9 बजे गायत्री सिंह स्कूटी से घर लौट रही थीं। इसी दौरान सड़क पार करते समय एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक का पहिया उनके पैरों पर चढ़ गया, जिससे दोनों पैरों में गंभीर चोटें आईं। डॉक्टरों के अनुसार, जिस पैर पर ट्रक का पहिया चढ़ा था, उसे सर्जरी के जरिए हटाने की तैयारी की जा रही है। वहीं दूसरे पैर में भी ब्लड सर्कुलेशन नहीं होने की स्थिति बनी हुई है, जिसे लेकर चिकित्सक लगातार निगरानी कर रहे हैं। फिलहाल गायत्री को 48 घंटे ऑब्जर्वेशन में रखा गया है। तेलीबांधा थाना प्रभारी अविनाश सिंह ने बताया कि हादसे के बाद घायल महिला को पहले मेकाहारा के कैजुअल्टी ट्रॉमा यूनिट में ले जाया गया, इसके बाद उन्हें निजी अस्पताल में शिफ्ट किया गया। घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि आरोपी चालक की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक की रफ्तार काफी तेज थी और लापरवाही के चलते यह हादसा हुआ। इस घटना को लेकर परिवार के साथ-साथ मीडिया जगत में भी गहरी चिंता और आक्रोश है। सभी ने दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

रायपुर: तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आई महिला पत्रकार, हालत नाजुक Read Post »

Accident, Chhattisgarh, Raipur, Top News